Breaking News

मेडिकल कॉलेज में भर्ती मुख्तार अंसारी की हालत स्थिर, इलाज जारी

बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी की हालत इलाज के बाद स्थिर बताई जा रही है। इस बारे में मंगलवार को मेडिकल कॉलेज द्वारा हेल्थ बुलेटिन जारी की गई है। वहीं जेल प्रशासन द्वारा मुख्तार अंसारी के परिवार को भी जानकारी दी गई है, जिससे परिवार के लोग बांदा आ रहै हैं।

बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी द्वारा इधर कई महीने से लगातार कभी ब्लड प्रेशर बढ़ने, कभी शुगर से हालत बिगड़ने और बाराबंकी कोर्ट में वकील द्वारा मुख्तार अंसारी के खाने में विषाक्त पदार्थ मिलने की शिकायतें हो चुकी हैं। इन तमाम शिकायतों के कारण ही जेल के लगभग 11 अधिकारी निलंबित हो चुके हैं। जिससे मुख्तार अंसारी की सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य की विशेष निगरानी की जा रही है। सोमवार की रात अचानक तबीयत बिगड़ जाने पर अंसारी को पहले जिला अस्पताल लाया गया, फिर मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। जहां उनका सघन इलाज किया जा रहा है।

इस बारे में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर एस के कौशल ने बताया कि रात में मुख्तार अंसारी की तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज में तड़के 3.10 बजे भर्ती किया गया है। पिछले चार-पांच दिनों से उन्हें कब्ज की शिकायत है। जिसके कारण गैस नहीं पास हो पा रही है। इसी तकलीफ के कारण उनकी रात में तबीयत बिगड़ गई। जिसे इलाज के लिए यहां लाया गया है। इलाज के बाद अब पहले से स्थिति बेहतर है। खतरे की कोई बात नहीं है।

इधर जेल प्रशासन द्वारा मुख्तार अंसारी के बेटे उमर और अब्बास अंसारी को भी लिखित पत्र भेज कर मुख्तार के बीमार होने की जानकारी दी है, साथ ही परिजनों से मेडिकल कॉलेज पहुंचकर उनकी देखभाल करने को भी कहा है। इस बारे में मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल को भी जानकारी दी गई है। पता चला है कि पूरा परिवार यह जानकारी मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज आ रहा है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों बाराबंकी कोर्ट में एंबुलेंस के मामले में कोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान मुख्तार अंसारी पेश नहीं हुए, उनके स्थान पर उनके वकील ने कोर्ट में पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें आरोप लगाया गया था कि 19 मार्च को मुख्तार अंसारी के खाने में स्लो प्वाइजन दिया गया है। जिससे उनकी हालत बिगड़ रही है,उनकी जांच मेडिकल टीम से कराई जाए। मुख्तार अंसारी के इस आरोप पर कोर्ट ने मेडिकल जांच के आदेश दिए थे और जेल प्रशासन ने मुख्तार अंसारी की जांच की थी। डॉक्टर के पैनल ने जांच के बाद बताया था कि मुख्तार अंसारी इस समय रोजा पर रहते हैं। शाम को इफ्तार में खाना खाने से कब्ज की शिकायत रहती है। इधर रात में इसी बीमारी के चलते अंसारी की हालत बिगड़ी जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। इस बारे में मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी द्वारा फेसबुक में जानकारी दी गई है। मुख्तार अंसारी 7 अप्रैल 2021 से बांदा जेल में बंद हैं, उन्हें पंजाब की जेल से सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बांदा जेल में शिफ्ट किया गया था।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.