Breaking News

मॉस्को अटैकः हमलावरों की गिरफ्तारी का रूस का दावा, यूक्रेन का हमले में हाथ होने से इनकार

मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दावा किया है कि राजधानी मॉस्को के बाहरी इलाके के कॉन्सर्ट हॉल में शुक्रवार रात गोलीबारी करने वाले चारों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले में कम-से-कम 133 लोगों की मौत हो गई जबकि 140 लोग घायल हुए। इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि चार बंदूकधारियों को यूक्रेन की तरफ भागते हुए पकड़ा गया। जबकि यूक्रेन ने इस हमले में उसका हाथ होने से साफ इनकार किया है।

शनिवार को राष्ट्रपति पुतिन ने देश को संबोधित करते हुए 24 मार्च को राष्ट्रीय शोक की घोषणा की। पुतिन ने कहा कि हमलावरों ने यूक्रेन की तरफ भागने की कोशिश की। सभी को पकड़ लिया गया है, उन्हें कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने हमले को बर्बर आतंकी कृत्य करार दिया है।

हालांकि यूक्रेन ने हमले में हाथ होने से इनकार किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन मॉस्को के कॉन्सर्ट हॉल में हमले का आरोप उनके देश पर मढ़ना चाहते हैं। हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट के एक धड़े ने ली है।

बीते दो दशकों में रूस पर हुए इस सबसे बड़े हमले में रूस ने अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 4 हमलावर हैं और 7 लोग उनकी मददगार बताए गए हैं। रूस के पूर्व राष्ट्रपति और नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के डिप्टी चेयरपर्सन दिमित्री मेदवेदेव ने कहा कि रूस खून का बदला खून से लेगा।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात 22 मार्च को हमला उस समय हुआ जब क्रॉकस सिटी हॉल में प्रसिद्ध रूसी रॉक बैंड के कार्यक्रम में दर्शकों का बड़ा समूह वहां जमा था। सेना जैसी वर्दी पहने 4 आतंकियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, बम फेंके और फरार हो गए। आईएसआईएस-खुरासान ने हमले की जिम्मेदारी ली है।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.