Breaking News

संविधान और आरक्षण के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा इंडिया गठबंधन : महेन्द्र राजभर

2027 तक एक दर्जन कार्यकर्ताओं को विधानसभा में पहुंचाऊंगा : महेन्द्र राजभर

एसएसपी कार्यकर्ताओं के सूझबूझ और समर्पण से मिली चुनावों में सफलता

मऊ। यदि सच्ची श्रद्धा और निष्ठा से सही दिशा में प्रयास किया जाए तो सफलता प्राप्त करने में ईश्वर भी मदद करता है। सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विगत चुनावों में जिस सूझबूझ, ईमानदारी और समर्पण का परिचय दिया है वह सराहनीय है और एसएसपी पदाधिकारीयों और कार्यकर्ताओं के मेहनत का ही परिणाम है कि मात्र एक वर्ष के अंदर ही सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी ने पूरे प्रदेश एवं देश में अपनी सांगठनिक क्षमता का परचम लहराया है।


उक्त विचार है सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर के जो रविवार को मऊ जनपद के हिंदी भवन में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में पूरे प्रदेश से आए हुए पदाधिकारीयों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। श्री राजभर ने कहा कि संगठन में बहुत ही शक्ति होती है और दुनिया का कोई भी कार्य संगठित होकर बेहतरीन तरीके से किया जा सकता है।

हम सभी महाराजा सुहेलदेव जी के वंशज हैं राष्ट्र की रक्षा और वीरता हमारे खून की बूंद बूंद में समाहित है। हम सभी आज एक बार फिर संकल्प लें कि हम समाज के सौदागरों को उनकी असली औकात बताकर हर जगह उन्हें शिकस्त देंगे।
श्री राजभर ने कहा कि हम अपने समर्पित पदाधिकारीयों एवं कार्यकर्ताओं के साथ ही साथ संपूर्ण मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हैं कि आप सभी ने समय रहते धोखेबाजों को पहचान लिया और केवल मतलब के लिए इस्तेमाल करने वालों को इस चुनाव में मुंहतोड़ जवाब देकर उन्हें बैरन वापस कर दिया।

श्री राजभर ने कहा की यदि उत्तर प्रदेश की जनता समय रहते नहीं चेती होती और एक मजबूत विपक्ष नहीं बना होता तो सत्ता पक्ष संविधान बदलने की अपनी मंशा और आरक्षण समाप्त करने की मंशा में कामयाब हो गया होता। लेकिन इंडिया गठबंधन के तरफ से हम आप सभी को आश्वस्थ करते हैं कि इंडिया गठबंधन संविधान के साथ किसी भी तरह का छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा और आरक्षण की सुरक्षा के लिए पूरी मुस्तैदी से खड़ा रहेगा। श्री राजभर ने कहा एक नेता विपक्ष को जमीन में गाड़ने की धमकी दे रहा है, मिट्टी में मिलने की धमकी दे रहा है, मैं उसे नेता को आगाह करना चाहता हूं कि सबसे पहले तुम अपने गिरेबान में झांक कर देखो महेंद्र राजभर महाराजा सुहेलदेव राजभर जी का असली वंशज है और तुम्हारी बंदर घुड़की से डरने वाला नहीं है।


श्री राजभर ने अपने पदाधिकारीयों एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी लोग जनता के बीच में रहे जनता की समस्याओं और उनके दुख सुख में सहभागी बनें तो जनता भी बदले में आप सभी को इस तरह का सम्मान देगी। उन्होंने अपने पदाधिकारी से कहा कि यदि आप लोगों ने इसी तरह पूरी ताकत से हमारा साथ दिया तो 2027 तक सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के एक दर्जन कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश की विधानसभा में पहुंचाकर दम लूंगा।


राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉक्टर बलिराज राजभर ने कहा कि जनता ने बहुरूपियों को बेनकाब कर दिया है और सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर जी को निर्विवाद अपना नेता मान लिया है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर समाज की लड़ाई लगातार लड़ते रहेंगे और गरीबों का हक दिलाने के लिए हमेशा संघर्षरत रहेंगे। राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी की अनुमति से राष्ट्रीय कमेटी के लिए नाम आमंत्रित किया। जितने भी नाम आए उनको संकलित कर लिया गया तथा उपस्थित पदाधिकारीयों को यह बताया गया की इन नामों पर कोर कमेटी विचार करके तय करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को सौंपेगी।

श्री राजभर ने कहा कि राष्ट्रीय कमेटी की घोषणा प्रदेश की राजधानी लखनऊ में होगी। बैठक को मनोज राजभर, बङे लाल चौहन, अभयानन्दन वर्नवाल, मनोज चौधरी, अरविंद राजभर, रामआशीष यादव, चंद्रशेखर राजभर, लल्लन राजभर, बृजेश यादव, सुरेन्द्र पासवान आदि ने संबोधित किया। अवसर पर उपस्थित प्रमुख लोगों में रामप्रवेश राजभर, रामनिवास राजभर, विश्राम राजभर,गुजेश राजभर, निसार अहमद, प्रभु सिंह, विजय प्रकाश भारती, जगधारी राजभर,नीबुलाल भारती, लालमनी राजभर, मनीष कुमार राना, जेपी राजभर, शिव चन्द्र राजभर आदि लोग उपस्थित रहे।

अरविन्द राजभर बने सुहेलदेव सम्मान स्वाभिमान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष

मऊ। लोकसभा चुनाव के बाद भंग की गई प्रदेश कमेटी पर बैठक में विस्तृत चर्चा की गई। चर्चा के दौरान सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्य कमेटी के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द राजभर के नाम का प्रस्ताव आया जिसे सदन में करतल ध्वनि से समर्थन किया।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारीयों एवं कार्यकर्ताओं की सर्वसम्मति से अरविन्द राजभर को सुहेलदेव सम्मान स्वाभिमान पार्टी उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसकी घोषणा करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अपनी प्रदेश कमेटी की संरचना बनाकर एक माह में राष्ट्रीय कमेटी को सौंपेंगे।

राष्ट्रीय कमेटी में विचार विमर्श के पश्चात प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा राजधानी लखनऊ में की जाएगी तथा अगले प्रदेश की बैठक में प्रदेश की नव नियुक्त टीम का स्वागत समारोह किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जब तक पुनर्गठन नहीं होता है तब तक पूर्व की कमेटी कार्यवाहक के रूप में कार्य करती रहेगी।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरविंद राजभर पूर्व में पार्टी के युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्य कमेटी के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पूर्णकालिक के रूप में कार्य करने वाले नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को उपस्थित सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई दिया।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.