Breaking News

सपा के पूर्व सांसद देवेन्द्र यादव भाजपा में शामिल

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की उपस्थिति में रविवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व सांसद देवेन्द्र यादव बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ भाजपा परिवार में शामिल हुए। इसके साथ लखनऊ कैंट विधानसभा से बसपा के पूर्व प्रत्याशी अनिल पाण्डेय और लखनऊ के सपा नेता संदीप पाल ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

इस दौरान सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैय्या‘, प्रदेश सरकार के मंत्री जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह तथा प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे उपस्थित रहे।

भारत पूरे विश्व का नेतृत्व करने के लिए तैयार

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भाजपा परिवार में सभी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में चल रही विकास की यात्रा से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चलने वाली जनकल्याणकारी योजनाओं से विकसित भारत निर्माण का संकल्प पूर्ण हो रहा है। आज बदलता हुआ भारत पूरे विश्व का नेतृत्व करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि हमारी विचारधारा से जुड़कर पार्टी में शामिल हुए सभी लोग अबकी बार 400 पार के संकल्प को पूर्ण करने में सहभागी बनें और सेवा सुशासन एवं गरीब कल्याण के मार्ग पर मिलकर आगे बढ़ें।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा परिवार में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत है। उन्होंने कहा कि लोकसभा का चुनाव घोषित हो चुका है और हमें जुटकर पिछले चुनाव की अपेक्षा प्रत्येक बूथ पर 370 वोट बढ़ाने हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकासित भारत के संकल्प को पूर्ण करने के लिए मिलकर काम करना है और प्रदेश की सभी 80 सीटों पर भाजपा की बड़ी विजय में सहभागी बनना है। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने के साथ आप सभी को यह जिम्मेदारी लेकर घर जाना है कि अपने जनपद में पहुंचकर भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मोदी और योगी के नेतृत्व की भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.