बरेली । उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली में भीषण गर्मी के बीच बुधवार रात बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। शहर के अलग-अलग इलाकों में ट्रांसफार्मरों में आग लगने और उनके फुंकने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। कोहाड़ापीर, करगैना और कैंट क्षेत्र में देर रात तक अफरातफरी का माहौल रहा।
सबसे बड़ी घटना कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप के पास हुई। रात करीब 11 बजे अचानक ट्रांसफार्मर में तेज धमाके के साथ आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास भगदड़ जैसे हालात बन गए। पेट्रोल पंप के नजदीक आग लगने से लोग दहशत में आ गए। सुरक्षा के लिहाज से कुछ देर के लिए रास्ते पर आवागमन भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जल चुका था। इसके बाद आसपास के करीब पांच हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
उधर करगैना की शांति विहार कॉलोनी में सड़क किनारे रखा अस्थायी ट्रॉली ट्रांसफार्मर देर रात आग की चपेट में आ गया। पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद बिजली विभाग की टीम काफी देर से पहुंची और सुबह तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। मुख्य अभियंता विद्युत निगम ज्ञान प्रकाश ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने और प्रभावित इलाकों में जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।









