मीरजापुर। मड़िहान थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब मीरजापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग के किनारे जंगल में एक 10 वर्षीय किशोरी का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे देवरी कला गांव के कुनबिया मार जंगल में सड़क से महज 10 फीट की दूरी पर लोगों ने एक किशोरी का शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची मड़िहान पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को घेराबंदी कर शव को कब्जे में ले लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक भी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को हर पहलू की गहन जांच करने के निर्देश दिए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
किशोरी की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और देवरी जंगल क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि देवरी कला गांव के समीप जंगल में एक किशोरी का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।










