– 16 जून को साक्ष्य व बयान दर्ज करेगी जांच अधिकारी
लखीमपुर खीरी। जिला कारागार में निरुद्ध विचाराधीन महिला बंदी अनीता (55) की इलाज के दौरान हुई मृत्यु के मामले में मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। अपर उपजिलाधिकारी अर्चना ओझा ने मंगलवार को जारी सार्वजनिक सूचना में घटना से संबंधित जानकारी रखने वाले व्यक्तियों से 16 जून को उपस्थित होकर अपना साक्ष्य एवं अभिकथन प्रस्तुत करने का आह्वान किया है।
उन्होंने बताया कि जानकारी अनीता आबकारी अधिनियम की धारा 60(2) के तहत दर्ज मुकदमे में 8 मई 2026 को जिला कारागार में निरुद्ध की गई थी। कारागार में रहते हुए उनकी तबीयत खराब होने पर जेल चिकित्साधिकारी ने उपचार किया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर 9 मई की शाम उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद सीवीए की आशंका व्यक्त करते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया।
केजीएमयू में भर्ती महिला बंदी का उपचार जारी था, जहां 11 मई को प्रातः 5:07 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम के आदेश पर मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है।
अपर उपजिलाधिकारी अर्चना ओझा ने बताया कि जांच के आदेश किए गए हैं। घटना के संबंध में जानकारी रखने वाले व्यक्ति 16 जून को पूर्वाह्न 11 बजे कलेक्ट्रेट स्थित न्यायालय कक्ष संख्या-22 में उपस्थित होकर अपना पक्ष, साक्ष्य अथवा अभिकथन प्रस्तुत कर सकते हैं।









