भाजपा की नई प्रदेश टीम में वाराणसी का बढ़ा कद, दिलीप पटेल बने प्रदेश महामंत्री, शंकर गिरी प्रदेश उपाध्यक्ष

0
2

 

 

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के घोषित नई प्रदेश संगठनात्मक टीम में पार्टी के काशी क्षेत्र का सियासी कद और बढ़ गया है। प्रदेश के पार्टी नेतृत्व ने काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल को प्रदेश महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर पूर्वांचल के प्रति अपना विशेष विश्वास दिखाया है। वहीं, पूर्व प्रदेश मंत्री शंकर गिरी को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप कर उनका भी कद बढ़ा दिया है।

प्रदेश के पार्टी संगठन में यह नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं जब भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव और वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है। विशेष रूप से दिलीप पटेल की नियुक्ति को संगठन में उनके सफल कार्यकाल का प्रतिफल माना जा रहा है। काशी क्षेत्र के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता अभियान और विभिन्न चुनावों में पार्टी की मजबूती के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय, मधुर व्यवहार और राजनीतिक जीवन में स्वच्छ छवि को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन के भीतर इसे काशी क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। वहीं, लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे शंकर गिरी को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाकर भाजपा ने अनुभवी कार्यकर्त्ता पर भरोसा जताया है। संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता और पार्टी के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्रदान की गई है।

नई टीम की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रदेश के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देने के लिए होड़ मची है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ दयाशंकर मिश्र दयालु, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिला अध्यक्ष राम सकल पटेल, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ अवधेश सिंह, टी. राम, विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, शैलेन्द्र मिश्रा आदि नेताओं ने कहा कि यह टीम संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि दिलीप पटेल और शंकर गिरी जैसे अनुभवी एवं कर्मठ पदाधिकारियों के नेतृत्व में भाजपा संगठन न केवल और अधिक मजबूत होगा बल्कि आगामी चुनावों में नए कीर्तिमान भी स्थापित करेगा।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here