बरेली की तस्वीर 140 करोड़ से बदलेगी, 400 सड़कें बनेंगी, हाईटेक होगी सफाई व्यवस्था

0
5

 

बरेली । शहर के विकास को रफ्तार देने के लिए नगर निगम ने 140 करोड़ रुपये की बड़ी कार्ययोजना तैयार की है। इस राशि से शहर में करीब 400 छोटी-बड़ी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा, पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी और सफाई तंत्र को हाईटेक बनाया जाएगा।

शुक्रवार शाम मेयर कार्यालय में महापौर डॉ. उमेश गौतम की अध्यक्षता में हुई बैठक में 15वें वित्त आयोग और अवस्थापना निधि से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में 15वें वित्त आयोग के टाइड और अनटाइड मद में 37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए, जबकि अवस्थापना निधि से 105 करोड़ रुपये जारी किए गए। इन दोनों मदों से मिलने वाली धनराशि को शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में खर्च किया जाएगा।

नगर निगम के अनुसार सबसे ज्यादा जोर सड़क निर्माण और मरम्मत पर रहेगा। करीब 400 नई और जर्जर सड़कों का निर्माण व सुधार कराया जाएगा। इसके अलावा नाले और नालियों के निर्माण, चौड़ीकरण और सफाई पर भी खर्च किया जाएगा, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या कम हो सके।

Advertisement

शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नगर निगम नई हाईटेक कूड़ा मशीनें खरीदेगा। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को और प्रभावी बनाने के साथ नालों की सफाई के लिए रोबोटिक सिस्टम भी लागू किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे सफाई व्यवस्था तेज होगी और मैनुअल सफाई पर निर्भरता कम होगी।

पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए भी 17 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। जिन इलाकों में अभी तक सीवर लाइन और वाटर लाइन नहीं पहुंची है, वहां नई लाइनें बिछाई जाएंगी। इसके साथ ही पुराने क्षेत्रों में जर्जर पाइपलाइन बदलने और जलापूर्ति को बेहतर करने की भी योजना बनाई गई है।

नगर निगम ने हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए नए पार्कों के विकास और शहर में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने पर भी जोर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस योजना से शहर में यातायात, सफाई, जल निकासी और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप बरेली को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के लिए विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। तय समयसीमा में सभी कार्य पूरे कर वर्ष 2026 तक बरेली को हाइटेक सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here