बच्चे के लिए बिस्किट मांगने की बात पर ससुरालियों ने बहु को पीटा, पति, सास और ननद पर मुकदमा दर्ज

0
9

 

महोबा,। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में मानवता को शर्मशार करने का मामला सामने आया है, जहां भूख से रो रहे बच्चे के लिए बिस्किट मंगाना उसकी मां को महंगा पड़ गया। बिस्किट मंगाने से भड़की सास ने बेटे और बेटी के साथ मिलकर बहू की बेरहमी से पिटाई कर दी। प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने महोबा थाना पुलिस में प्रताड़ना को लेकर पति, सास व ननद पर जान से मारने की धमकी देने का शनिवार को आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कबरई कस्बा के मुहाल गांधीनगर निवासी ज्योति रैकवार ने बताया कि पति सुरेश कुमार, सास पार्वती व ननद रक्षा आए दिन उसे गालियां देकर प्रताड़ित करते हैं। विरोध करने पर घर से निकालने की धमकी देते हैं। आठ अप्रैल की शाम करीब सात बजे बच्चा भूख से रो रहा था, तो उसने पति से बिस्किट लाने को कह दिया। इसी बात लेकर ससुरालीजन भड़क गए और तीनों ने उसे डंडों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं हैं।

पीड़िता ने आरोप लगाते हुए कहा कि ससुरालियों द्वारा उसे मायके से खर्चा लाने के लिए प्रताड़ित किया जाता है। पीड़िता ने कहा कि इन लोगों के अनुसार यदि ससुराल में रहना है तो माता पिता से खर्चा लाना होगा। ऐसा नहीं किया तो घर में रहने नहीं दिया जाएगा। प्रताड़ना से परेशान हो महिला ने पुलिस को सूचना दे न्याय की गुहार लगाई है।

महोबा थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह ने बताया कि महिला का पति सुरेश, सास पार्वती और ननद रक्षा पर केस दर्ज किया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here