Blog

  • विधानसभा परिसर स्थित चिकित्सालय में विधायकों के लिए ”स्वास्थ्य परीक्षण शिविर” का उद्घाटन

    विधानसभा परिसर स्थित चिकित्सालय में विधायकों के लिए ”स्वास्थ्य परीक्षण शिविर” का उद्घाटन

    14 से 16 फरवरी, 2024 तक चलेगा ’’स्वास्थ्य परीक्षण शिविर’’

    रायपुर। विधानसभा परिसर स्थित ऐलोपैथिक चिकित्सालय में बुधवार को विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित तीन दिवसीय ’’स्वास्थ्य परीक्षण शिविर’’ का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण चिकित्सा शिक्षा मंत्री, श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल ने किया। इस अवसर पर मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायकगण, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा एवं स्वास्थ्य विभाग के सचिव भी उपस्थित थे।

    यह शिविर दिनांक 14 से 16 फरवरी, 2024 तक रहेगा। इस शिविर में पं. जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर के विभिन्न विशेषज्ञ एवं चिकित्सक पूर्वान्हः 11.00 बजे से अपरान्ह् 5.00 बजे के मध्य विधायकों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे।

    ’’स्वास्थ्य परीक्षण शिविर’’ के उद्घाटन अवसर पर मान. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण चिकित्सा शिक्षा मंत्री, श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल का स्वास्थ्य परीक्षण चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा किया गया।

    उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रतिवर्ष विधानसभा परिसर में बजट सत्र के दौरान समस्त सदस्यों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर का आयोजन किया जाता है। इस शिविर में ईसीजी, एक्सरे, सोनोग्राफी एवं पैथोलॉजी टेस्ट के साथ दन्त, ऑख, नाक, गला, हृदय रोग संबंधी विभिन्न विशेषज्ञ/ चिकित्सक उपस्थित रहकर विधायकों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण चिकित्सा शिक्षा मंत्री, श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल द्वारा विधानसभा चिकित्सालय के लिए ‘‘स्वास्थ्य कार्ड’’ का भी विमोचन किया ।

  • कन्या सुमंगला योजना में मिलेंगे 25 हजार रुपये : मुख्यमंत्री योगी

    कन्या सुमंगला योजना में मिलेंगे 25 हजार रुपये : मुख्यमंत्री योगी

    – अप्रैल से मिलेगी कन्या सुमंगला योजना की बढ़ी हुई धनराशि

    – सामूहिक विवाह समारोह में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री, नव दम्पतियों को दिया आशीर्वाद

    – 252 करोड़ रुपये की लागत वाली 91 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

    गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप डबल इंजन की सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सम्मान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। अब सरकार अप्रैल से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की धनराशि को प्रति लाभार्थी 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने जा रही है।

    मुख्यमंत्री योगी बसंत पंचमी के पर्व पर खाद कारखाना परिसर में एक हजार जोड़ों के मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 252 करोड़ रुपये की लागत वाली 91 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर 2014 में पीएम मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया। बेटी बचेगी तभी पढ़कर आगे बढ़ेगी और देश व समाज के लिए योगदान दे पाएगी। एक बेटी कुल खानदान को आगे बढ़ाने का काम करती है। बेटियों को बचाने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए आज केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में जब वह सीएम बने तो प्रदेश में यह समस्या आई कि बेटी को बचाने के लिए क्या और प्रयास करने चाहिए। इसके लिए पहला कार्यक्रम सुमंगला योजना का बनाया गया। इसमें बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक पढ़ाई की व्यवस्था की गई। इस योजना में सरकार अब तक 17 लाख से अधिक बेटियों को 15 हजार उपलब्ध करा चुकी है। अप्रैल से यह धनराशि बढ़कर 25 हजार हो जाएगी।

    सामूहिक विवाह योजना में तीन लाख से अधिक बेटियों के हाथ पीले

    मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वर्ष 2017 से अब तक तीन लाख से शादियां करा चुकी है। प्रति जोड़े विवाह पर 51 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 35 हजार रुपये कन्या के खाते में भेजे जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह सुखद है कि गरीब के साथ संपन्न परिवारों के बच्चे सामूहिक विवाह के कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।

    बाल विवाह, दहेज व तलाक की कुप्रथा अमानवीय

    मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक सदगृहस्थ के लिए विवाह भी एक संस्कार है और उस संस्कार से वह पैतृक परंपरा को आगे बढाने का कार्य करता है। सृष्टि की रचना, जीवन चक्र इसी से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि समय के अनुरूप विकृतियां भी आईं। कहीं बाल विवाह, दहेज तो कहीं तलाक जैसी कुप्रथाएं हैं। ये कुप्रथाएं आधी आबादी की विरोधी थीं। इनसे बचने के लिए बेटी हो ही न हों, इसके लिए तमाम कुत्सित प्रयास होने लगे।

    शपथ लें न दहेज लेंगे न देंगे, बाल विवाह भी नहीं करेंगे

    मुख्यमंत्री ने लोगों को संकल्प दिलाया कि बाल विवाह नहीं होने देना है। दहेज न लेना है, न देना है। तलाक जैसी कुप्रथाओं को सदैव के लिए समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा। ये कुप्रथाएं अमानवीय हैं, आधी आबादी का अपमान और उन पर अत्याचार हैं।

    आधी आबादी को हर संभव सहयोग करेगी सरकार

    मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी के साथ सरकार खड़ी है। उन्हें हर संभव सहयोग करेगी, प्रोत्साहन देगी। उन्होंने बताया कि आधी आबादी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए महिला स्वयंसेवी समूह संचालित हैं। व्यवस्था दी गई है कि किसी गांव में राशन कोटे का विवाद होगा तो वहां की महिला स्वयंसेवी समूह व्यवस्था संचालित करेगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 55 लाख गरीबों को पीएम आवास योजना से मकान दिए गए हैं, उनमें आधे से अधिक महिलाओं के नाम पर दिए गए हैं। पीएम स्वामित्व योजना में जिस जमीन पर मकान है, उसमें 90 लाख का मालिकाना हक महिलाओं के नाम पर दिया गया है। सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पीएम मोदी के विजन को आगे बढाने का कार्य कर रही है।

    माता सरस्वती कुपित होती हैं तो सिंहासन की बजाय निद्रासन मिलता है

    मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि आज बुद्धि और विवेक की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती के पूजन का दिन है। उनकी कृपा से प्राप्त विवेक से सारे कार्य हो जाते हैं। जबकि माता सरस्वती कुपित होती हैं तो कुंभकर्ण को सिंहासन की बजाय निद्रासन मिल जाता है। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी का पावन पर्व है। प्रकृति सौंदर्य के चरम की ओर अग्रसर है। इस मौके पर उन्होंने दाम्पत्य जीवन में प्रवेश कर रहे एक हजार जोड़ों को हृदय से बधाई देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि यदि किसी की व्यक्तिगत शादी होती तो व्यस्तता के कारण मैं शायद नहीं आ पाता। पर, आज आ गया हूं। यहां सबको रविकिशन जी का गाना सुनने को भी मिला।

    शुद्ध जल से स्वास्थ्य पर खर्च होगा कम

    मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सामूहिक विवाह के कार्यक्रम के साथ आज 252 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उपहार भी मिल रहा है। इसमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाढ़ बचाव, पेयजल के कार्य शामिल हैं। पेयजल की परियोजना से हर घर नल से शुद्ध जल मिलेगा। पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। शुद्ध जल से मनुष्य स्वस्थ होगा। बीमारियों से बचाव होगा और स्वास्थ्य पर खर्च बचेगा। मुख्यमंत्री ने सबको शुभकामनाएं देने के साथ ही कहा कि 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में रामलला अपने मंदिर में विराजमान हुए हैं। उनका आशीर्वाद भी सबको प्राप्त हो रहा है।

    मुख्यमंत्री ने 10 नवयुगलों को प्रमाण पत्र व उपहार दिया

    समाज कल्याण विभाग की तरफ से आयोजित इस समारोह में एक हजार जोड़े विवाह के पावन बंधन में बंधे। नवयुगलों में हिन्दू, मुस्लिम दोनों शामिल रहे। सभी नव दम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके सुखमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंच से दस नवयुगलों को प्रमाण पत्र और उपहार-शगुन किट भेंट किया। प्रमाण पत्र देने के दौरान मुख्यमंत्री ने जोड़ों से आत्मीय संवाद भी किया।

  • समाजवादी पार्टी से गठबंधन पर कृष्णा पटेल निर्णय करेगी : पल्लवी पटेल

    समाजवादी पार्टी से गठबंधन पर कृष्णा पटेल निर्णय करेगी : पल्लवी पटेल

    लखनऊ। अपना दल (कमेरावादी) की संगठनकर्ता और विधायक पल्लवी पटेल ने बुधवार को एक बयान देकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी। पल्लवी पटेल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से गठबंधन पर पार्टी अध्यक्ष कृष्णा पटेल निर्णय करेगी। उनके निर्णय के बाद लोकसभा सीटों पर निर्णय होगा।

    विधायक पल्लवी पटेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी में कथनी और करनी में फर्क होता जा रहा है। राज्यसभा सीट पर अखिलेश यादव ने कोई चर्चा नहीं की। तीन सीटों में जो चेहरे तय हुए, एक बार गठबंधन पार्टी से वार्ता नहीं हुई। इसके कारण वह समाजवादी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवारों को मतदान करने नहीं जायेगी।

    उन्होंने कहा कि मुसलमानों के हाथ से मतदान करा के समाजवादी पार्टी सीटें जीतते आयी है। आज उन्हीं मुसलमानों को दबाया जा रहा है। राज्यसभा सीट में किसी भी मुसलमान का नाम तय नहीं हुआ। अखिलेश यादव पीडीए की बात कर रहे हैं और अल्पसंख्यक के रुप में उन्हें नेता नहीं मिल रहा है।

  • बाबा साहब की प्रतिमा खंडित करने के मामले में मुकदमा दर्ज, अराजक तत्वों की तलाश जारी

    बाबा साहब की प्रतिमा खंडित करने के मामले में मुकदमा दर्ज, अराजक तत्वों की तलाश जारी

    कानपुर। जनपद के सचेंडी थाना क्षेत्र में हाईवे के पास के स्थित के.एस. इंटर कॉलेज के सामने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को मंगलवार की रात अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार सुबह सूचना पर सक्रिय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस उपायुक्त दिनेश द्विवेदी का कहना है कि इस सम्बन्ध में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।

    उन्होंने बताया कि सचेंडी में हाइवे के किनारे स्थित के.एस. इंटर कॉलेज परिसर में बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा है। मंगलवार रात अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा प्रतिमा को खंडित कर दी गई थी। जिससे स्थानीय लोगों में बुधवार सुबह देखते ही आक्रोश व्याप्त हो गया। घटना की सूचना पर सचेंडी थाने की पुलिस बल के साथ मैं खुद पहुंचा और पूरे प्रकरण के संबंध में जांच शुरू कर दी गई। घटनास्थल के आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अराजक तत्वों को चिन्हित करने के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई है। इस संबंध में शिकायतकर्ता से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को गिरफ्तार करके जेल भी भेजा जाएगा।

  • उप्र से भाजपा के सात उम्मीदवारों ने किया राज्यसभा के लिए नामांकन

    उप्र से भाजपा के सात उम्मीदवारों ने किया राज्यसभा के लिए नामांकन

    -मुख्यमंत्री योगी व वैजयंत जय पाण्डा नामांकन के समय रहे उपस्थित

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के सात राज्यसभा उम्मीदवारों ने बुधवार को विधान भवन पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। भाजपा की ओर से सुधांशु त्रिवेदी, अमरपाल मौर्य, डाॅ. संगीता बलवंत बिन्द, साधना सिंह, आर.पी.एन. सिंह, चौधरी तेजवीर सिंह और नवीन जैन ने नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी वैजयंत जय पाण्डा, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर व प्रदेश महामंत्री संजय राय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

    उत्तर प्रदेश भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी वैजयंत जय पाण्डा ने कहा कि भारत की पूरे विश्व में प्रशंसा हो रही है। तीसरी बार प्रचण्ड बहुमत से मोदी को प्रधानमंत्री बनायेंगे। उत्तर प्रदेश में 80 की 80 सीटों पर भाजपा विजय हासिल करेगी। भाजपा समाज के हर वर्ग से प्रतिनिधित्व व नेतृत्व कर रहा है। नामांकन के बाद सुधांशू त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का ध्यान रखती है। अबूधाबी में मंदिर का उद्घाटन हो रहा है। वहीं अमरपाल मौर्य ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता भी आगे बढ़ता है।

  • नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में राजा दशरथ का किरदार निभाएंगे अरुण गोविल

    नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में राजा दशरथ का किरदार निभाएंगे अरुण गोविल

    नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म ‘रामायण’ का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर प्रभु श्री राम का किरदार निभाएंगे, जबकि साउथ एक्ट्रेस साईं पल्लवी मां सीता के किरदार में नजर आएंगी। इस फिल्म को लेकर हर दिन नए-नए अपडेट सामने आ रहे हैं। रामानंद सागर के धारावाहिक ‘रामायण’ से घर-घर में मशहूर हुए अरुण गोविल की भी इस फिल्म में भी एंट्री हो गई है।

    हाल ही में ऐसी खबर आई थी कि अमिताभ बच्चन, राजा दशरथ का किरदार निभाएंगे लेकिन अब नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में अरुण गोविल की एंट्री हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अरुण गोविल ‘रामायण’ में राजा दशरथ का किरदार निभाते नजर आएंगे। इसलिए चर्चा है कि राम बनकर घर-घर में पहुंचने वाले अरुण गोविल अब दशरथ की भूमिका में नजर आएंगे।

    लोकप्रिय और बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर, साईं पल्लवी के साथ रकुल प्रीत सिंह ने अभिनय करेंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म में रकुल शूर्पणाखा के किरदार में नजर आएंगी। लारा दत्ता कैकेयी की भूमिका में नजर आएंगी। चर्चा है कि इस फिल्म में सनी देओल हनुमान का किरदार निभाएंगे। साउथ एक्टर यश ‘रामायण’ में रावण के किरदार में नजर आएंगे।

    फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाने के लिए रणबीर कपूर कड़ी मेहनत कर रहे हैं। जानकारी मिली है कि रणबीर ने इसके लिए नॉनवेज और शराब छोड़ दिया। चर्चा है कि राम के किरदार के लिए उन्हें खास ट्रेनिंग भी लेनी पड़ेगी। इस फिल्म की शूटिंग मार्च महीने से शुरू होगी।

  • राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने मुरुगन को फिर मप्र से बनाया उम्मीदवार, तीन नए लोगों को भी मौका

    राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने मुरुगन को फिर मप्र से बनाया उम्मीदवार, तीन नए लोगों को भी मौका

    – भाजपा ने उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया व बंसीलाल गुर्जर को भी मध्यप्रदेश से बनाया उम्मीदवार

    भोपाल। भाजपा ने तमिलनाडु प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री एल मुरुगन को मध्य प्रदेश से राज्यसभा में भेजने का निर्णय किया है। इसके अलावा भाजपा इस बार मप्र से तीन नए व्यक्तियों को राज्यसभा भेजने जा रही है। यह तीनों व्यक्ति लंबे समय से पार्टी के संगठन का काम संभाल रहे थे।

    बुधवार को भाजपा ने 27 फरवरी को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए दो राज्यों के पांच उम्मीदवार के नाम घोषित किए हैं। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की पांच रिक्त सीटों के लिए आगामी होना है। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को चार उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को मध्यप्रदेश से उम्मीदवार बनाया गया है।

    भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने राज्यसभा चुनाव के लिए एक और उम्मीदवारों की एक सूची जारी है। इनमें दो राज्यों के लिए पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन को मध्यप्रदेश और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ओडिशा से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा मध्यप्रदेश से अन्य तीन नामों में उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर शामिल हैं।

    गौरतलब है कि केन्द्रीय मंत्री एल मुरुगन पिछली बार भी मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजे गए थे। पार्टी ने अब उन्हें मध्य प्रदेश से दूसरी बार राज्यसभा भेजने की तैयारी की गई है। वहीं, तीन नए चेहरे हैं, जिन्हें पहली बार भाजपा राज्यसभा भेज रही है। जानकारों का कहना है कि जिन नए लोगों को मौका दिया जा रहा है, वे भले ही संसदीय राजनीति का अनुभव नहीं रखते, लेकिन लंबे अरसे से संगठन में योगदान देते रहे हैं। पार्टी की इसके पीछे यह रणनीति है कि ज्यादा से ज्यादा नए लोगों को मौका मिले और पुराने स्थापित चेहरों को लोकसभा चुनाव में उतारा जाए, जिससे चुनाव में माहौल बने और कठिन सीटों को भी आसानी से जीता जा सके।

    भाजपा के घोषित नए उम्मीदवारों की बात करें तो बंसीलाल गुर्जर भाजपा के किसान मोर्चे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। वह लंबे समय से संगठन की राजनीति करते रहे हैं। इसके अलावा उमेश नाथ महाराज संत हैं और उनके मध्य प्रदेश में बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। वहीं, माया नारोलिया प्रदेश के महिला मोर्चे की अध्यक्ष रही हैं और जाट समुदाय से आती हैं। वह प्रदेश के ही होशंगाबाद में नगरपालिका की अध्यक्ष भी रही हैं। उनका राजनीति में लंबा अनुभव है और संगठन के लिए खूब काम किया है। माना जा रहा है कि इसी के चलते उन्हें राज्यसभा भेजकर सम्मान दिया गया है।

    उल्लेखनीय है कि मप्र में राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार, 15 फरवरी को नामांकन करने की अंतिम तारीख है। इसके बाद 20 फरवरी तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर 27 फरवरी को मतदान होगा और इसी दिन शाम को पांच बजे मतगणना होगी।

  • संदेशखाली में हिन्दू महिलाओं पर अत्याचार को लेकर भाजपा ने ममता बनर्जी से मांगा इस्तीफा

    संदेशखाली में हिन्दू महिलाओं पर अत्याचार को लेकर भाजपा ने ममता बनर्जी से मांगा इस्तीफा

    नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में संदेशखाली में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार पर भारतीय जनता पार्टी ने ममता बनर्जी सरकार को घेरते हुए कई सवाल दागे। भाजपा ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के गुंडे महिलाओं के खिलाफ अत्याचार कर रहे हैं, जनजाति समाज से आने वाली महिलाओं की जमीनें छीनी जा रही हैं लेकिन वे कोई कदम नहीं उठा रही हैं। इस अराजकता और गुंडा राज को रोकने में नाकाम मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।

    बुधवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में गौरव भाटिया ने कहा कि एक तरफ केन्द्र सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने और उनके सशक्तीकरण के लिए कई कदम उठा रही है। पश्चिम बंगाल में महिलाएं असुरक्षित हैं। संदेशखाली की महिलाओं के साथ जो कुछ घट रहा है, उसके लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं। उन्होंने ममता बनर्जी से सवाल पूछा कि उन्हें हिन्दुओं से इतनी नफरत क्यों है? जनजाति समाज से इतनी नफरत क्यों है? टीएमसी के गुंडे महिलाओं का शोषण कर रहे हैं और आप चुप क्यों है?

    गौरव भाटिया ने कहा कि यह लड़ाई हर उस महिला की है, जिसने किसी भी पार्टी के लिए वोट क्यों न किया हो लेकिन उन्होंने संविधान में आस्था रखी। प्रदेश की सरकार को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। भाजपा अपनी पूरी ताकत से यह लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार हर उस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जो महिलाओं की मदद कर रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को भी पुलिस हिरासत में ले लिया गया। पीड़ित परिवार से मिलने गईं राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्यों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जनता सब देख रही है।

  • ‘सिंघम अगेन’ में अर्जुन कपूर का कातिलाना लुक वायरल

    ‘सिंघम अगेन’ में अर्जुन कपूर का कातिलाना लुक वायरल

    रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंघम अगेन’ को लेकर हर कोई उत्सुक है। एक बार फिर अजय देवगन बाजीराव सिंघम गैंगस्टर्स से हाथ मिलाने को तैयार है। इस फिल्म में इस बार दमदार स्टारकास्ट है और अजय देवगन मुख्य भूमिका में है। रोहित शेट्टी एक-एक कर के फिल्म के कलाकारों का परिचय करा रहे हैं। अब फिल्म से अर्जुन कपूर का कातिलाना लुक सबके सामने पेश किया है।

    ‘सिंघम अगेन’ में अर्जुन कपूर विलेन का किरदार निभाएंगे। रोहित शेट्टी ने अपना कातिलाना लुक सबके सामने ला दिया है। चेहरे पर खून और बढ़े हुए बालों के साथ अर्जुन कपूर भयानक अवतार में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा देखा जा सकता है कि उनका और रणवीर सिंह का आमना-सामना हुआ। दूसरी फोटो में वो सिम्बा यानी रणवीर सिंह के साथ आंखों में आंखें डालकर देख रहे हैं।

    रोहित शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर सिंघम अगेन के शैतान की इन फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘इंसान गलती करता है, और उसे उसकी सजा मिलती है लेकिन अब जो आएगा, वो शैतान है। पेश हैं सिंघम अगेन से अर्जुन कपूर का लुक।’ इस तरह उन्होंने अर्जुन कपूर के किरदार की पहली झलक पेश की।

    ‘सिंघम अगेन’ में अजय देवगन मुख्य भूमिका में है। इसके अलावा फिल्म में टाइगर श्रॉफ, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह, करीना कपूर जैसी दमदार स्टारकास्ट है। इस फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी ने किया है। यह फिल्म 15 अगस्त 2024 को रिलीज होने वाली है।

  • यासिन मलिक को फांसी की सजा पर दिल्ली हाई कोर्ट मई में करेगा सुनवाई

    यासिन मलिक को फांसी की सजा पर दिल्ली हाई कोर्ट मई में करेगा सुनवाई

    नई दिल्ली, 14 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली हाई कोर्ट ने हत्या और टेरर फंडिंग के मामले में दोषी करार दिए गए यासिन मलिक को फांसी की सजा पर सुनवाई टाल दी। हाई कोर्ट ने इस याचिका पर अगली सुनवाई मई में करने का आदेश दिया।

    दरअसल, इस मामले की सुनवाई करने वाली बेंच आज सुनवाई के लिए उपलब्ध नहीं थी, जिसकी वजह से सुनवाई टली है। हाई कोर्ट ने एनआईए की याचिका पर सुनवाई करते हुए 29 मई, 2023 को यासिन मलिक को नोटिस जारी किया था। सुनवाई के दौरान एनआईए की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने यासिन मलिक के ऊपर लगे आरोपों को सही पाया था। उन्होंने कहा था कि यह अजीब है कि कोई भी देश की अखंडता को तोड़ने की कोशिश करे और बाद में कहे कि मैं अपनी गलती मानता हूं और ट्रायल का सामना न करे। यह कानूनी रूप से सही नहीं है। एनआईए के पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि मलिक ने कश्मीर के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की।

    पटियाला हाउस कोर्ट ने 25 मई, 2022 को हत्या और टेरर फंडिंग के मामले में दोषी करार दिए गए यासिन मलिक को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। पटियाला हाउस कोर्ट ने यासिन मलिक पर यूएपीए की धारा 17 के तहत उम्रकैद और दस लाख रुपये का जुर्माना, धारा 18 के तहत दस साल की कैद और दस हजार रुपये का जुर्माना, धारा 20 के तहत दस वर्ष की सजा और 10 हजार रुपये का जुर्माना, धारा 38 और 39 के तहत पांच साल की सजा और पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। कोर्ट ने यासिन मलिक पर भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी के तहत दस वर्ष की सजा और दस हजार रुपये का जुर्माना, धारा 121ए के तहत दस साल की सजा और दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। कोर्ट ने कहा था कि यासिन मलिक को मिली ये सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। इसका मतलब की अधिकतम उम्रकैद की सजा और दस लाख रुपये की सजा प्रभावी होगी।

    एनआईए के मुताबिक हाफिद सईद ने हुर्रियत कांफ्रेंस के नेताओं के साथ मिलकर हवाला और दूसरे चैनलों के जरिये आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए धन का लेन-देन किया। इस धन का उपयोग वे घाटी में अशांति फैलाने, सुरक्षा बलों पर हमला करने, स्कूलों को जलाने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का काम किया। इसकी सूचना गृह मंत्रालय को मिलने के बाद एनआईए ने भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी, 121, 121ए और यूएपीए की धारा 13, 16, 17, 18, 20, 38, 39 और 40 के तहत केस दर्ज किया था।