Blog

  • पिछली सरकारों ने विरासत पर शर्मिंदा होने का ट्रेंड बना लिया था, कभी नहीं समझा आस्था के केंद्रों का महत्वः प्रधानमंत्री

    पिछली सरकारों ने विरासत पर शर्मिंदा होने का ट्रेंड बना लिया था, कभी नहीं समझा आस्था के केंद्रों का महत्वः प्रधानमंत्री

    नई दिल्ली। विकास और विरासत को अपनी सरकार की नीति बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कोई देश अपनी विरासत को भुलाकर विकसित नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने विरासत पर शर्मिंदा होने का ट्रेंड बना लिया था और कभी आस्था के केंद्रों के विकास का महत्व नहीं समझा।

    प्रधानमंत्री ने रविवार को असम में मां कामाख्या दिव्य परियोजना सहित 11 हजार करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि दिव्य परियोजना के पूरा होने पर यहां भी राम मंदिर जैसा महौल बन जाएगा। इस तरह की परियोजना से गरीब से गरीब को भी कमाने के अवसर प्राप्त होते हैं। आज असम विकास और विरासत की नीति से हो रहे बदलाव का साक्षी बन रहा है।

    प्रधानमंत्री ने मां कामाख्या दिव्य परियोजना (मां कामाख्या एक्सेस कॉरिडोर) की आधारशीला भी रखी। इसे पूर्वोत्तर क्षेत्र योजना के लिए प्रधानमंत्री के विकास पहल के तहत मंजूरी दी गई है। यह परियोजना कामाख्या मंदिर आने वाले तीर्थयात्रियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारे तीर्थ, हमारे मंदिर, हमारी आस्था के स्थान, ये सिर्फ दर्शन करने की स्थली ही नहीं हैं। ये हज़ारों वर्षों की हमारी सभ्यता की यात्रा की अमिट निशानियां हैं। भारत ने हर संकट का सामना करते हुए कैसे खुद को अटल रखा, ये उसकी साक्षी हैं।”

    इस दौरान प्रधानमंत्री ने बजट में घोषित ‘रूफटॉप सोलर’ परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार बिजली बिल शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पिछले 10 वर्षों में हमने हर घर में बिजली पहुंचाने का अभियान चलाया। अब रूफटॉप सोलर योजना के तहत सरकार एक करोड़ परिवारों को छत पर सोलर पैनल लगाने में मदद करेगी।

    देश के विकास में पूर्वोत्तर की बड़ी भूमिका को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में केन्द्र सरकार के प्रयासों से यहां शांति का महौल बना है। सीमा से जुड़े मसले सुलझाये गए हैं, स्थायी शांति स्थापित हुई है, 10 बड़े शांति समझौते हुए हैं और बड़ी संख्या में युवाओं ने हिंसा का रास्ता छोड़ा है। 2014 तक यहां सिर्फ 10,000 किमी नेशनल हाई-वे हुआ करते थे। पिछले 10 वर्षों में ही हमने 6,000 किमी के नए नेशनल हाई-वे बनाए हैं। पिछले 10 वर्षों में हमारी सरकार ने यहां विकास पर होने वाले खर्च को 4 गुना बढ़ाया है। 2014 के बाद रेलवे ट्रैक की लंबाई 1900 किमी से ज्यादा बढ़ाई गई। 2014 से पहले की तुलना में रेल बजट करीब 400 प्रतिशत बढ़ाया गया है।

    उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार हर लाभार्थी तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य प्रत्येक नागरिक के जीवन को आरामदायक बनाना है। यह फोकस हमारे बजट में स्पष्ट है। बजट में सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर 11 लाख करोड़ रुपये खर्च करने का संकल्प लिया है।

    प्रधानमंत्री 3400 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कई सड़क उन्नयन परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इसमें 38 पुलों सहित 43 सड़कें शामिल हैं, जिन्हें दक्षिण एशिया उप-क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग (एसएएसईसी) कॉरिडोर कनेक्टिविटी के हिस्से के रूप में उन्नत किया जाएगा। प्रधानमंत्री डोलाबारी से जमुगुरी और बिश्वनाथ चारियाली से गोहपुर तक की दो 4-लेन परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाएं ईटानगर से कनेक्टिविटी को बेहतर करने और क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

    प्रधानमंत्री ने राज्य में खेल बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में चंद्रपुर में एक अंतरराष्ट्रीय मानक खेल स्टेडियम और नेहरू स्टेडियम को फीफा मानक फुटबॉल स्टेडियम के रूप में उन्नत करना शामिल है। प्रधानमंत्री गौहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के बुनियादी ढांचे के विकास की भी आधारशिला रखी। इसके अलावा वे करीमगंज में एक मेडिकल कॉलेज के विकास की आधारशिला भी रखी।

  • नेपाल : भ्रष्टाचार के मामले में दो पूर्व संचार मंत्रियों पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार

    नेपाल : भ्रष्टाचार के मामले में दो पूर्व संचार मंत्रियों पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार

    काठमांडू। नेपाल में सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक नेपाली कांग्रेस के दो बड़े नेताओं पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी है। टेलीकॉम विभाग में भ्रष्टाचार के मामले की जांच के लिए गठित आयोग ने इन दो पूर्व संचार मंत्रियों को बयान के लिए तीसरी बार पत्र भेजा है। पहले दो बार पत्र भेजने के बाद भी बयान के लिए हाजिर नहीं होने पर दोनों को गिरफ्तार करने की चेतावनी दी गई है।

    नेपाल सरकार के संचार मंत्रालय अन्तर्गत टेलीकॉम विभाग में एक प्रविधि की खरीद में व्यापक आर्थिक अनियमितता होने की ‘अख्तियार दुरुपयोग अनुसंधान आयोग’ जांच कर रहा है। तत्कालीन सरकार में ज्ञानेन्द्र कार्की और मोहन बस्नेत संचार मंत्री रह चुके हैं। मोहन बस्नेत वर्तमान सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं। दोनों नेताओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए इन्हें बयान के लिए बुलाया गया है। जांच एजेन्सी के आयुक्त जय बहादुर चन्द ने कहा कि बार-बार पत्र भेज कर बयान देने के लिए बुलाए जाने पर भी दोनों नेता हाजिर नहीं हुए हैं।

    आयुक्त चन्द ने बताया कि यदि इस बार भी बयान देने के लिए हाजिर नहीं हुए तो कानूनी प्रावधान के तहत दोनों की गिरफ्तारी का वारंट जारी करने की बाध्यता होगी। चन्द ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि जांच में सहयोग करते हुए इस बार दोनों ही नेता अपना बयान देने जरूर हाजिर होंगे।

    दरअसल, टेलीकॉम विभाग के लिए ‘टेलिकम्युनिकेसन ट्राफिक मॉनिटरिंग एंड फ्रॉड कन्ट्रोल सिस्टम’ (टेरामैक्स) की खरीद में 70 करोड़ रुपये की अनियमितता होने का दावा किया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस प्रविधि की आवश्यकता नहीं होने की बात कहते हुए इसकी प्रक्रिया पर रोक लगा दी थी, लेकिन तब तक राजकोष से 70 करोड़ रुपये खर्च हो चुके थे। इस प्रकरण में दोनों तत्कालीन संचार मंत्रियों की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। इस टेरामैक्स की खरीद के लिए 70 करोड़ रुपये खर्च करने की अनुमति इन्हीं दोनों मंत्रियों ने दी थी।

  • भारतीय पनडुब्बी ‘करंज’ से 250 समुद्री मील दूर चीनी जहाज ने शुरू किया मिशन

    भारतीय पनडुब्बी ‘करंज’ से 250 समुद्री मील दूर चीनी जहाज ने शुरू किया मिशन

    – आईएनएस ‘करंज’ ने कोलंबो के बंदरगाह पर लंगर डाला, जियांग यांग होंग 03 पहुंचा करीब

    – भारत, श्रीलंका और मालदीव के विशेष आर्थिक क्षेत्रों के बाहर से गुजरा चीनी अनुसंधान जहाज

    नई दिल्ली। मालदीव की ओर जाने वाले चीनी महासागर अनुसंधान जहाज जियांग यांग होंग 03 ने रविवार से भारत, श्रीलंका और मालदीव के विशेष आर्थिक क्षेत्रों के बाहर अपना मिशन शुरू कर दिया है। दिलचस्प बात यह है कि भारतीय पनडुब्बी आईएनएस ‘करंज’ ने एक दिन पहले ही इस चीनी जहाज से सिर्फ 250 समुद्री मील की दूरी पर कोलंबो के एक बंदरगाह पर लंगर डाला है।

    भारतीय नौसेना की पनडुब्बी आईएनएस ‘करंज’ तीन फरवरी को अपनी पहली विदेशी औपचारिक यात्रा पर कोलंबो बंदरगाह पहुंची है। श्रीलंकाई नौसेना ने नौसैनिक परंपराओं के अनुरूप मेहमान पनडुब्बी का स्वागत किया। यह भारतीय पनडुब्बी 67.5 मीटर लंबी है, जिसमें 53 लोगों का दल है। इसकी कमान कमांडर अरुणाभ के पास है। आधिकारिक यात्रा का समापन करते हुए आईएनएस ‘करंज’ पांच फरवरी को द्वीप से प्रस्थान करेगी। इस बीच इस पनडुब्बी पर श्रीलंका के नौसेना कर्मी एक जागरुकता कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त ने कलवरी श्रेणी की पनडुब्बी का दौरा किया और चालक दल के साथ बातचीत की। श्रीलंका के 100 नौसेना कर्मियों ने भी परिचय ब्रीफिंग के लिए जहाज पर दौरा किया।

    इस बीच मालदीव और हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में भेजे जाने वाले चीनी जासूसी जहाज़ों पर भारतीय नौसेना की पैनी नजर है। नौसेना ने अरब सागर में विदेशी व्यापारिक जहाज़ों पर हूती उग्रवादियों के लगातार हमलों के बाद भारत की समुद्री सीमा पर चौकसी बढ़ाई है। मालदीव के राष्ट्रपति मुहम्मद मुइज्जु के चीन दौरे के बाद चीन ने हिंद महासागर क्षेत्र में अपना अनुसंधान जहाज जियांग यांग होंग 03 भेजा है, जो मालदीव की तरफ बढ़ रहा है। इसके 8 फरवरी तक मालदीव की राजधानी माले पहुंचने की उम्मीद है। चीनी जहाज ने भारत, श्रीलंका और मालदीव के विशेष आर्थिक क्षेत्रों के बाहर अपना मिशन शुरू कर दिया है।

    भारत समुद्री सीमा के आधार पर अंडमान को बहुत ही रणनीतिक द्वीप मानता है, क्योंकि यहीं से पूरे भारतीय समुद्री क्षेत्र और दक्षिण पूर्व एशिया पर नजर रखी जा सकती है। चीनी जासूसी जहाज पिछले पांच साल से श्रीलंका के रास्ते हिंद महासागर क्षेत्र में आते रहे हैं, लेकिन अब इन जहाजों ने आईओआर में आने के लिए मालदीव का रास्ता पकड़ लिया है। चीन के जासूसी जहाज समय-समय पर श्रीलंका, मालदीव, बंगाल की खाड़ी, अरब सागर में दिखाई दिए हैं। चीन यात्रा के बाद मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जु की बयानबाजी से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा है। मालदीव के प्रति भारत का कड़ा रुख अपनाने के बाद अब वहां की सरकार चीन की तरफ झुक रही है।

  • विशाखापत्तनम टेस्ट : तीसरे दिन का खेल खत्म, दूसरी पारी में इंग्लैंड 67 पर एक विकेट, भारत को जीत के लिए चाहिए 9 विकेट

    विशाखापत्तनम,। भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापत्तनम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म हो गया है। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 1 विकेट पर 67 रन बना लिए हैं। जैक क्राउली 29 रन और रेहान अहमद नौ रन बनाकर खेल रहे हैं। भारतीय टीम को यह मैच जीतने के लिए नौ विकेट चाहिए। वहीं इंग्लैंड की टीम को मैच जीत के लिए अभी भी 332 रन की जरूरत है।

    दूसरी पारी में इंग्लैंड ने तेज शुरुआत की। जैक क्राउली और बेन डकेट ने तेजी से रन बटोरे। रविचंद्रन अश्विन ने बेन डकेट को आउट कर इंग्लैंड को पहला झटका दिया। डकेट ने 28 रन बनाए। इसके बाद तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 1 विकेट पर 67 रन बना लिए हैं। जैक क्राउली 29 रन और रेहान अहमद 9 रन के साथ क्रिज पर हैं।

    इससे पहले तीसरे दिन भारतीय टीम की दूसरी पारी 255 रनों पर सिमट गई। दूसरी पारी में भारत के लिए शुभमन गिल ने शतक जड़ते हुए सबसे ज्यादा 104 रन बनाए। गिल के अलावा अक्षर पटेल ने 45 रन और रविचंद्रन अश्विन ने 29 रन का योगदान दिया।

    दूसरी पारी में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान रोहित शर्मा 13 रन और यशस्वी जायसवाल 17 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने बेहतरीन साझेदारी कर टीम के स्कोर को 100 रन के पार पहुंचाया। हालांकि ये साझेदारी लंबी नहीं चल पाई। टीम के 111 रन के कुल स्कोर पर श्रेयस अय्यर 29 रन बनाकर आउट हो गए। 122 रन पर भारत का चौथा विकेट गिरा। रजत पाटीदार मात्र नौ रन बनाकर आउट हो गए।

    इसके बाद गिल ने अक्षर पटेल के साथ स्कोर बोर्ड को आगे बढ़ाया। इस बीच गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट करियर का तीसरा शतक जड़ दिया। हालांकि, गिल अपने शतक को और बड़ा नहीं कर पाए। गिल 147 गेंदों में 104 रन बनाकर आउट हुए। भारतीय टीम का 220 रन पर छठा विकेट गिरा है। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे अक्षर पटेल अपने अर्धशतक से चूक गए और उन्होंने 84 गेंद में 45 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं जोड़ पाए। पूरी टीम 255 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीकर भरत ने 6 रन, रविचंद्रन अश्विन 29 रन, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह खाता भी नहीं खोल सके।

    इंग्लैंड की ओर से दूसरी पारी में टॉम हार्टले ने 4, रेहान अहमद ने 3, जेम्स एंडरसन ने 2 और शोएब बसीर ने एक विकेट लिया।

    भारत ने पहली पारी में 396 रन बनाए

    मैच में टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। भारत ने अपनी पहली पारी में 396 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन दोहरा शतक जड़ा। जायसवाल ने 290 गेंदों का सामना किया और 19 चौके और सात छक्कों की मदद से 209 रन बनाए। जायसवाल के अलावा शुभमन गिल (34), रजत पाटीदार (32), श्रेयस अय्यर (27), अक्षर पटेल (27) और रविचंद्रन अश्विन (20) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिये।

    इंग्लैंड की तरफ से शोएब बसीर, रेहान अहमद और जेम्स एंडरसन ने 3-3 व टॉम हार्टले ने 1 विकेट लिया।

    इंग्लैंड की पहली पारी 253 रन पर सिमटी

    तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (15.5 ओवर 45 रन देकर 6 विकेट) की घातक गेंदबाजी की बदौलत टेस्ट मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड की पहली पारी 253 रनों पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर भारत को 143 रनों की बढ़त मिली। इंग्लैंड के लिए पहली पारी में जैक क्रॉली ने बेहतरीन अर्धशतक लगाते हुए 76 रन बनाए। क्रॉली ने इस दौरान उन्होंने 78 गेंदों का सामना किया और 11 चौके और 2 छक्के लगाए। क्रॉली के अलावा कप्तान बेन स्टोक्स ने 47 रन बनाए। बेन डकेट (21), ओली पोप (23), जॉनी बेयरस्टो (25) और टॉम हार्टले (21) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

    भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 6, कुलदीप यादव ने 3 और अक्षर पटेल ने 1 विकेट लिया।

  • बिहार में एनडीए सभी चालीस सीटों पर करेगा ऐतिहासिक जीत दर्ज : गोपालजी ठाकुर

    बिहार में एनडीए सभी चालीस सीटों पर करेगा ऐतिहासिक जीत दर्ज : गोपालजी ठाकुर

    सहरसा। भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक शनिवार को पटुआहा स्थित कार्यालय परिसर में हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में दरभंगा भाजपा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने पार्टी के मार्ग-दर्शन की जानकारी सभी को देते हुए संगठन की मजबूती की दिशा में काम करने को कार्यकर्ताओं को कहा।

    ठाकुर ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।यह सम्मान हमें असंख्य कार्यकर्ताओं की मेहनत संघर्ष और समर्पण के कारण प्राप्त हुआ है। इसलिए कार्यकर्ता से बड़ा कोई पद भाजपा में नहीं होता।भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है।कार्यकर्ता समाज के घर घर जा उनके सुख और दुख में शामिल हों।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विराट नेतृत्व और संगठन की बदौलत आपके द्वारा सफलतापूर्वक किया गया कार्य 2024 में हमें ऐतिहासिक विजय दिलाएगा और बिहार में एनडीए चालीस में चालीस सीटों पर भी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। भाजपा की सरकार जनहितकारी सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के हर वर्ग को ध्यान में रखकर लोक कल्याण के कार्य किए जा रहे है। देश के अंतिम कतार के व्यक्ति तक बिना किसी भेद भाव के लाभ पहुंचाया जा रहा है।

    क्षेत्रीय प्रभारी सरोज झा ने कहा कि हर कार्यकर्ता को अब संगठन भाव से काम करना जरूरी है। हम सभी कार्यकर्ताओं को जो दायित्व मिले हैं उनका पूर्ण निष्ठा से हमें निर्वहन करना है।भारत दुनिया का नेतृत्व करने आगे बढ़ रहा है।हम सभी कार्यकर्ता मिलकर इस दिशा में आगे बढ़ते हुए त्रिदेव कार्यकर्ता अपने बूथ और शक्ति केन्द्र को मजबूत करने की कार्ययोजना में जुट जाए।सह प्रभारी सत्येन्द्र राय ने संगठन विस्तार पर चर्चा करते हुए कहा की कार्यकर्ता का प्रवास प्रतिदिन होना चाहिए।

  • पति के दोस्त ने किया महिला से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर महिला ने आत्महत्या का प्रयास

    पति के दोस्त ने किया महिला से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर महिला ने आत्महत्या का प्रयास

    जयपुर। शास्त्री नगर थाना इलाके में पति के दोस्त के एक महिला से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीडिता का आरोप है कि घर आए आरोपित ने नहाते समय उसका चुपचाप वीडियो बना लिया। वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर लाखों रुपए के गहने-कैश ऐंठ लिए। आए दिन के ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर थाने में पीड़िता ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।

    थानाधिकारी किशोर सिंह ने बताया कि शास्त्री नगर निवासी 29 वर्षीय की महिला ने मामला दर्ज करवाया है कि उसके पति के साथ मोहसीन कुरैशी काम करता है। पति का दोस्त होने के कारण मोहसिन का उसके घर पर आना-जाना था। 12 अगस्त 2021 को पति की गैरमौजूदगी में आरोपी मोहसीन घर आया। इस दौरान उसने उसका नहाते हुए वीडियो बना लिया। इसके बाद मोबाइल पर वीडियो भेजकर दोस्ती करने के लिए दबाव बनाया और अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।

    पीड़िता ने आरोप लगाया कि मार्च 2022 में आरोपित ने उसे मिलने बुलाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो वायरल की धमकी देकर एक लाख रुपये की डिमांड रखी। जैसे-तैसे 60 हजार रुपए की व्यवस्था कर आरोपित मोहसीन को दिए। आरोपित ने मार्च 2023 में दोबारा धमकी देकर 2 लाख रुपए मांगे। उसने धमकाया कि वीडियो वायरल करने में 1 मिनट लगता है। रुपयों की व्यवस्था नहीं होने पर शादी के गहने देकर पीछा छुड़वाया। इसके बाद भी लगातार ब्लैकमेल कर परेशान करता रहा। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर उसने 10 जनवरी 2024 की रात थिनर पी लिया। तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे कांवटिया हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर्स ने उसे एसएमएस हॉस्पिटल रेफर कर दिया। तीन दिन इलाज के बाद उसे हॉस्पिटल से छुट्टी मिली। इसके बाद उसने परिजनों को पूरी बात बताई और आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।

  • सेवानिवृत्त आईएएस से 83 लाख की धोखाधड़ी करने वाला नाईजीरियन नागरिक गिरफ्तार

    सेवानिवृत्त आईएएस से 83 लाख की धोखाधड़ी करने वाला नाईजीरियन नागरिक गिरफ्तार

    लखनऊ। साइबर अपराध की पुलिस टीम ने शनिवार को नाईजीरियन नागरिक को गिरफ्तार किया है। उसने एक कंपनी की फ्रेंजाईजी दिलाने के नाम पर रिटायर्ड आईएएस से 83 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।

    पीड़ित ने इस संबंध में 22 जनवरी को एक शिकायत साइबर क्राइम थाना में की थी। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को कंपनी का अधिकृत अधिकारी बताते हुए फ्रेंजाईजी दिलाने के नाम पर 83 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। मामले को संज्ञान में लेकर निरीक्षक बृजेश कुुमार यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए नाईजीरियन नागरिक को धर दबोचा।

    पूछताछ में उसने अपना नाम लवसन हमेसोवम चिनागोरोम मैक्सवेल बताते हुए स्टेट नाईजीरिया का रहने वाला बताया। वह अभी कुछ दिनों से दिल्ली के वैशाली कॉलोनी में रह रहा था। उसने अपना जूर्म स्वीकारते हुए बताया कि वे और उसके गिरोह के लोग विदेशी महिला का नाम और फोटो का लगाकर सोशल मीडिया के कई प्लेटफार्म पर आईडी बना ली जाती है। इसके जरिए वह वरिष्ठ नागरिकों से दोस्ती कर इंवेस्टमेंट और बिजनेस आदि चीजों के लिए झांसे में लेकर अपने सहयोगियों के साथ ट्रेप कर बड़ी धनराशि की ठगी की जाती है। नाईजीरियन नागरिक को गिरफ्तार कर साइबर क्राइम टीम उसके सहयोगी की तलाश में जुटी हुई है।

  • उप्र के लोगों को आवागमन सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी : दयाशंकर सिंह

    उप्र के लोगों को आवागमन सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी : दयाशंकर सिंह

    – 1540 नए मार्गों का परिवहन निगम के लिए फॉर्मूलेशन पूर्ण, चलेंगी डबल डेकर

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 1540 नए मार्गों पर परिवहन निगम ने फॉर्मूलेशन का कार्य पूर्ण कर लिया है। इस कार्य के पूरा होने से जल्द ही अब इन मार्गों पर आधुनिक तकनीक से सुसज्जित परिवहन निगम से अनुबन्धित मंजिली गाड़ियां (डबल डेकर) बसों सेवाओं का संचालन किया जाएगा। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने शनिवार को दी।

    परिवहन मंत्री ने बताया कि शासन की निगम को यह बड़ी सकारात्मक देन है। यह हमें अपनी सेवाओं के विस्तार करने व बस बेड़े के आकार में वृद्धि करने का सुअवसर प्रदान करती हैं। निगम के प्रयासों से निगम हित का यह बड़ा कार्य कई दशक बाद सिद्ध हुआ है। ये मार्ग अधिसूचित मार्गों के सदृश हैं, यह विशेष उपलब्धि है।

    दयाशंकर सिंह ने बताया कि इसके साथ ही हमारे सामने इन मार्गों पर निजी बसें अनुबन्धित कर सेवा देने का कार्य जल्द किया जायेगा। प्रत्येक स्तर पर एकीकृत व समेकित प्रयास एवं मनोयोग से कार्य करने पर ही यह कार्य फलीभूत हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य शासन की भी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने टेंडर निर्गत करने की तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।

    परिवहन मंत्री ने बताया कि उप्र की राजधानी लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बांदा, बरेली, बस्ती, गोंडा, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, मुरादाबाद, मिर्जापुर संभाग के विभिन्न मार्गों पर मंजिली गाड़ियां संचालित की जायेंगी। इससे एक ओर यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। दूसरी ओर परिवहन निगम को आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा।

    उल्लेखनीय है कि राज्यपाल ने मोटर यान अधिनियम, 1988 (अधिनियम संख्या 59, सन् 1988) की धारा 68 की उपधारा (3) के खण्ड (ग-क) के अधीन प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नए मार्गों पर मंजिली गाड़ी (डबल डेकर) चलाने की अनुमति सहर्ष प्रदान कर दी है। उपरोक्त शासनादेश के माध्यम से 1540 मार्गों का परिवहन निगम के लिए फॉर्मूलेशन पूर्ण हो गया है।

  • फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप

    फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप

    कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर झूलता मिला। जानकारी पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    पुलिस उपायुक्त दक्षिण रवीन्द्र कुमार ने बताया कि शनिवार को सेन पश्चिम पारा थाने की पुलिस को सूचना मिली कि गंगापुर गांव के निवासी प्रवीण कुमार की पत्नी गोल्डी का शव घर के अन्दर कमरे में पंखे से लटकता हुआ मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। मायके वालों ने पति समेत ससुराल के लोगों पर प्रताड़ना करने के साथ हत्या का आरोप लगाया है। घटना की जांच के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची थी। उसके शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • महिला से दुष्कर्म के मामले में मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

    महिला से दुष्कर्म के मामले में मुकदमा दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

    फतेहपुर। जिले में खेत पर चारा काटने गई महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास व जान से मारने की धमकी देने के एक मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पड़ाेसी गांव के आरोपी युवक की तलाश करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है।

    कल्यानपुर थाना क्षेत्र की एक गांव निवासी महिला ने बताया कि रोज की तरह विगत 31 दिसंबर की दोपहर महिला अपने मवेशियों के लिए खेत में चारा काटने गई थी। वहीं बगल में गेहूं के खेत में महिला के सास-ससुर नलकूप से पानी लगा रहे थे। इसी बीच दोपहर बाद लगभग तीन बजे पड़ोसी गांव चित्तापुर का रहने वाला रज्जन पुत्र अरुण पहुंचा और उसे पीछे से आकर दबोच लिया और छेड़खानी करने लगा। इतना ही नहीं अरुण ने गिराकर दुष्कर्म करने की कोशिश की। जब मैंने चिल्लाने का प्रयास किया तो आरोपी मेरा मुंह दबाकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। इस मामले में पीड़िता ने पुलिस को शिकायत की।

    थाना प्रभारी कांति सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ छेड़खानी और जान से मारने की धमकी सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।