Category: अपराध

  • छात्रा को अगवाकर दुष्कर्म के प्रयास के दोषी को पांच वर्ष की सजा

    छात्रा को अगवाकर दुष्कर्म के प्रयास के दोषी को पांच वर्ष की सजा

    फिरोजाबाद। न्यायालय ने शुक्रवार को नाबालिग को अगवा कर उससे दुष्कर्म के प्रयास के एक दोषी को पांच वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने उस पर अर्थ दंड लगाया। अर्थ दंड न देने पर उसे अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

    मामला थाना उत्तर क्षेत्र का है। दो सितम्बर 2016 को कक्षा नौ में पढ़ने वाली छात्रा रोजाना की तरह सुबह आठ बजे स्कूल गयी थी। शाम को चार बजे तक वह घर वापस नहीं लौटी तो छात्रा के पिता ने उसकी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला।

    छात्रा के पास जो नम्बर था, उस पर उसने फोन करके देखा तो वह बंद था। पिता ने अपनी पुत्री के बारे में जानकारी की तो पता चला कि वह अजय नाम के लड़के से बात करती थी। जब वह उसके घर पर गया तो वहां उसके घर पर कोई नहीं था। तब पिता इस घटना की रिपोर्ट करने थाना उत्तर गया तो वहां पर उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गयी। वह थाना रामगढ़ गया तो वहां भी उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गयी। तब उसने एक प्रार्थनापत्र एसएसपी को दिया तब उसका मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने विवेचना के बाद अजय कुमार के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया।

    मुकदमा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो प्रथम अवधेश कुमार यादव की अदालत में चला। अभियोजन पक्ष की तरफ से मुकदमे की पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक अवधेश भारद्वाज ने बताया कि मुकदमे के दौरान कई गवाहों की गवाही तथा साक्ष्य के आधार पर न्यायालय ने अजय को दोषी माना। न्यायालय ने उसे पांच वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। उस पर 15 हजार रुपये का अर्थ दंड लगाया है। अर्थ दंड न देने पर उसे एक माह के अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी।

  • बरेली : आलू के पराठे में निकली हड्डी, छात्र ने पुलिस से की शिकायत

    बरेली : आलू के पराठे में निकली हड्डी, छात्र ने पुलिस से की शिकायत

    बरेली। होटल में नाश्ता करने पहुंचे एक छात्र के आलू पराठे में हड्डी निकली है। इसके बाद छात्र ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में सार्वजनिक करते हुए होटल के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज करायी है।

    सोशल मीडिया में वायरल हो रहा वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में एक युवक ने खुद को छात्र बताते हुए कहा कि वह अक्सर शहर के जंक्शन पर बने प्रतिष्ठित होटल में खाना खाने आता है। शुक्रवार को भी वह अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ यहां पर आया और खाने में आलू के पराठा की डिमांड की। पराठा उसके पास पहुंचा तो जैसे ही खाने के लिए निवाला तोड़ा तो पराठे में हड्डी निकली। इसके बाद छात्र ने जब इसकी शिकायत मैनेजर से की तो वह मामले को समझौता करते हुए पैसे माफ करने की बात कहने लगा। छात्र नहीं माने और इसका एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। इसके बाद छात्र ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है।

    कोतवाली प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि नाश्ते के दौरान पराठे में हड्डी निकलने को लेकर एक छात्र की ओर से शिकायत की गई है। पुलिस जांच कर रही है।

  • हिरन का शिकार करते एक शिकारी गिरफ्तार, दो साथी फरार

    हिरन का शिकार करते एक शिकारी गिरफ्तार, दो साथी फरार

    बांदा। हिरनों का शिकार करना प्रतिबंधित है। इसके बाद भी जिन क्षेत्रों में बहुतायत हिरन पाए जाते हैं वहां अक्सर चोरी-छिपे शिकारी शिकार करते हैं। तमाम प्रयासों के बाद भी शिकारियों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। शुक्रवार को भी एक हिरन का शिकार किया गया। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जबकि उसके दो साथी फरार होने में सफल हो गए हैं।

    अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्रा ने इस सम्बंध में बताया कि एक फरवरी की रात्रि को तिंदवारी पुलिस गस्त कर रही थी। तभी मुखबिर की सूचना पर प्रताप निषाद उर्फ नब्बू निवासी रमपुरवा मुरवल थाना बबेरू को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से एक मृत मादा हिरन का शव बरामद हुआ। आरोपी के पास एक सूत का जाल था और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पूछताछ पर उसने अपने दो साथियों के नाम भी बताएं, जो मौके से भागने में सफल रहे हैं। फरार अभियुक्त में राम सिंह उर्फ करिया व सुरेश निषाद उर्फ करिया निवासी मुरवल थाना बबेरू हैं। जिन्हें पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।

    बताते चलें कि चित्रकूट धाम मंडल के बांदा में हिरणों की संख्या अच्छी है। यहां के किसानों का कहना है कि मिरगहनी, तिंदवारी, पिपरहरी, तेरहीमाफी, महोखर, पपरेन्दा, चिल्ला, दहौत्रारा, रेहुनता, खपटिहा, लामा, लुकतरा, पथरी, करहिया, मोहन पुरवा, गोयरा मुगली,अछरौड, मरौली, मौदहा में सैकड़ों काले हिरन खेतों और जंगलों में आराम से देखे जा सकते हैं। यही कारण हैं कि यहां हिरनों का शिकार लोग आसानी से कर लेते हैं। जिसको देखते हो वन विभाग भी अब पहले के मुकाबले काफी सतर्क हो गया है। यहां काले हिरनों संख्या 600 बताई जा रही है।

  • महिला पहलवानों के यौन शोषण मामले में बृजभूषण शरण और विनोद तोमर कोर्ट में पेश हुए

    महिला पहलवानों के यौन शोषण मामले में बृजभूषण शरण और विनोद तोमर कोर्ट में पेश हुए

    नई दिल्ली। महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोप मामले में आज भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व असिस्टेंट सेक्रेटरी विनोद तोमर दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। आज दोनों आरोपितों के खिलाफ आरोप तय करने के मामले पर आंशिक दलीलें पेश की गईं। एडिशनल मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट प्रियंका राजपूत ने मामले की अगली सुनवाई 6 और 7 फरवरी को करने का आदेश दिया।

    आज सुबह जब सुनवाई शुरू हुई तो इस मामले के आरोपितों बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर पेश हुए। सुनवाई के दौरान आरोपितों की ओर से पेश वकीलों ऋषभ भट्ट और रेहान खान ने इस मामले की सुनवाई कुछ देर बाद करने की मांग की, क्योंकि मुख्य वकील जाम में फंस गए। उसके बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कोर्ट से कहा कि उन्हें कुछ जरूरी काम से जाना है इसलिए कोर्ट छोड़ने की अनुमति दी जाए। कोर्ट ने इस आग्रह को मंजूर कर लिया। कुछ देर बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कोर्ट से कहा कि जब उनके मुख्य वकील आएंगे तभी वे कोर्ट छोड़ कर जाएंगे। बाद में जब बृजभूषण शरण सिंह के वकील राजीव मोहन कोर्ट पहुंचे तो आंशिक दलीलें रखीं। बृजभूषण शरण सिंह लंच के बाद कोर्ट से चले गए।

    23 जनवरी को महिला पहलवानों की ओर से ओवरसाइट कमेटी के गठन और उसकी जांच पर सवाल उठाया गया था। महिला पहलवानों की ओर से वरिष्ठ वकील रेबेका जॉन ने कहा था कि ओवरसाइट कमेटी का गठन प्रोटेक्शन ऑफ वुमन फ्रॉम सेक्सुअल हैरेसमेंट एक्ट (पॉश) के प्रावधानों के अनुरूप नहीं किया गया था। उन्होंने कहा था कि ओवरसाइट कमेटी आंतरिक शिकायत निवारण कमेटी नहीं है। ऐसे में ओवरसाइट कमेटी की रिपोर्ट पर भरोसा नहीं किया जा सकता है। आरोपितों के खिलाफ आरोप तय करने का पर्याप्त आधार है।

    उल्लेखनीय है कि महिला पहलवानों की ओर से 20 जनवरी को कहा गया था कि उन्हें आरोपितों के हाथों लगातार यौन उत्पीड़न का सामना करना पड़ा। रेबेका जॉन ने कहा था कि मंगोलिया में कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान महिला पहलवानों के साथ छेड़छाड़ की गई।

    6 जनवरी को आरोप तय करने के मामले पर दिल्ली पुलिस ने अपनी दलीलें पूरी कर ली थी। 6 जनवरी को सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस की ओर से पेश वकील अतुल श्रीवास्तव ने कहा था कि इस मामले का क्षेत्राधिकार इसी कोर्ट का बनता है। इसके पहले दिल्ली पुलिस ने बृजमोहन पर आरोप लगाया था कि उसने महिला पहलवानों को धमकाते हुए मुंह बंद रखने को कहा था।

    कोर्ट ने 20 जुलाई, 2023 को बृजभूषण शरण सिंह और सह आरोपित विनोद तोमर को जमानत दी थी।

    उल्लेखनीय है कि 7 जुलाई, 2023 को कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लिया था। 15 जून, 2023 को दिल्ली पुलिस ने राऊज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी। चार्जशीट में भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354डी, 354ए और 506 (1) के तहत आरोप लगाए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने राऊज एवेन्यू कोर्ट में बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ छह बालिग महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के मामले में चार्जशीट दाखिल की है।

  • सत्येंद्र जैन पर आरोप तय करने के लिए कोर्ट ने ईडी की आंशिक दलीलें सुनीं

    सत्येंद्र जैन पर आरोप तय करने के लिए कोर्ट ने ईडी की आंशिक दलीलें सुनीं

    नई दिल्ली। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को दिल्ली आबकारी घोटाला मामले से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ आरोप तय करने के मामले पर ईडी की ओर से आंशिक दलीलें सुनीं। स्पेशल जज राकेश स्याल ने आरोप तय करने पर अगली सुनवाई 14 फरवरी को करने का आदेश दिया।

    आज सुनवाई के दौरान सत्येंद्र जैन के साथ उनकी पत्नी पूनम जैन भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पेश हुईं। इसके अलावा अजीत जैन, वैभव जैन और अंकुछ जैन सशरीर कोर्ट में पेश हुए। ईडी की ओर से पेश वकील जोहेब हुसैन और एनके माटा ने आरोप तय करने के मामले में आंशिक दलीलें रखी। दोनों वकीलों ने कोर्ट से कहा कि उन्हें किसी दूसरे मामलों की सुनवाई में जाना है, इसलिए सुनवाई टाली जाए। उसके बाद कोर्ट ने आरोप तय करने पर सुनवाई 14 फरवरी तक के लिए टाल दिया।

    इससे पहले कोर्ट ने 20 दिसंबर, 2023 को आरोप तय करने के मामले में आंशिक दलीलें सुनी थी। एक दिसंबर, 2023 को कोर्ट ने सत्येंद्र जैन को दस्तावेजों की जांच की अनुमति दे दी थी। सत्येंद्र जैन की ओर से 18 नवंबर, 2023 को दस्तावेज जांच की मांग करते हुए अर्जी दाखिल की गई थी। जैन की ओर से कहा गया था कि गवाहों की लिस्ट में योगेश मलिक का नाम है, लेकिन हमें दी गई लिस्ट में योगेश मलिक का नाम नहीं है। आखिर ईडी कोर्ट से यह खेल क्यों खेल रही है।

    जैन पर आरोप है कि उन्होंने 2009-10 और 2010-11 में फर्जी कंपनियां बनाई। इन कंपनियों में अकिंचन डेवलपर्स प्रा.लि.. इंडो मेटल इम्पेक्स प्रा.लि.. प्रयास इंफो सॉल्यूशंस प्रा.लि.. मंगलायतन प्रोजेक्ट्स प्रा.लि. शामिल हैं।

  • भारत ने सोमालिया के पूर्वी तट पर एक और समुद्री डकैती रोकी, लुटेरों को खदेड़ा

    भारत ने सोमालिया के पूर्वी तट पर एक और समुद्री डकैती रोकी, लुटेरों को खदेड़ा

    – अपहृत ईरानी जहाज और बंधक चालक दल के 19 सदस्यों को मुक्त कराया

    – नौसैनिकों ने हेलीकॉप्टर और नौकाओं का इस्तेमाल करके लुटेरों को घेरा

    नई दिल्ली। सोमालिया के पूर्वी तट पर लगातार बढ़ रही घटनाओं के बीच भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को एक और समुद्री डकैती को नाकाम करके लुटेरों को खदेड़ दिया है। ईरानी जहाज और उसके चालक दल को सात समुद्री लुटेरों ने बंधक बना लिया था।

    भारत ने लाल सागर और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री डकैती रोकने के लिए अपने दस से ज्यादा जहाज ‘एंटी पायरेसी मिशन’ पर तैनात किये हैं। भारतीय नौसेना को मछली पकड़ने वाले ईरानी जहाज एफवी ओमारी को सोमालिया के पूर्वी तट पर अपहृत करके चालक दल को बंधक बनाए जाने की जानकारी 31 जनवरी को मिली। इस पर क्षेत्र में निगरानी कर रहे भारतीय नौसेना ने एफवी ओमारी का पता लगाने के बाद समुद्री डकैती विरोधी मिशन के लिए तैनात आईएनएस शारदा को मौके पर जाने के लिए मोड़ दिया।

    दरअसल, ईरानी ध्वज वाले जहाज एफवी ओमारी पर सात समुद्री लुटेरों ने कब्ज़ा करके चालक दल को बंधक बना लिया था। भारत का युद्धपोत आईएनएस शारदा 02 फरवरी को सुबह मौके पर पहुंचा। भारतीय नौसैनिकों ने अपने हेलीकॉप्टर और नौकाओं का इस्तेमाल करके अपहृत जहाज को घेरकर समुद्री लुटेरों को जहाज के साथ चालक दल की सुरक्षित रिहाई के लिए समुद्री डाकुओं को मजबूर कर दिया। भारत ने जहाज सहित चालक दल के 19 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया, जिसमें 11 ईरानी और 08 पाकिस्तानी नागरिक हैं।

    भारतीय नौसेना के कमांडर विवेक मधवाल ने बताया कि सोमालियाई समुद्री डाकुओं से रिहा कराए गए चालक दल के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ जहाज को सफाई करने के बाद अपने कब्जे में लिया है। उन्होंने कहा कि समुद्री डकैती रोधी और समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए तैनात भारतीय नौसेना प्लेटफॉर्म मिशन के अथक प्रयास, समुद्र में बहुमूल्य जीवन बचाने के लिए जारी हैं, जो समुद्र में सभी जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के प्रति भारतीय नौसेना के संकल्प का प्रतीक है।

    गौरतलब है कि नौसेना ने दो माह में आधा दर्जन से ज्यादा अपहृत विदेशी जहाजों को डाकुओं से छुड़ाकर समुद्र में अपना दबदबा कायम किया है।

  • क्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

    क्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

    कानपुर। गोविन्द नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को क्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।

    गोविन्द नगर थाने के चौकी प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के निवासी अंकुश पांडेय 38 वर्ष पुत्र अशोक कुमार सिंह तीन बच्चों एवं पत्नी का भरण-पोषण करने के लिए दादा नगर स्थित एक प्राइवेट कम्पनी में काम करता था। जहां से वह घर के लिए बुधवार की सुबह निकला और रास्ते में दादा नगर फ्लाईओवर के पास पहुंचा था कि एक क्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गईं। हादसे के बाद क्रेन का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।

  • नेपाल के होम प्रजाति की 25 गायें बरामद, 5 तस्कर गिरफ्तार

    कोकराझार। शिमुलटापू पुलिस को तस्करी के मामले में एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेपाल के होम प्रजाति की 25 गायें बरामद करने के साथ ही 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है।

    पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि कोकराझार जिलांतर्गत गोसाईगांव उप-मंडल में असम-पश्चिम बंगाल सीमा पर श्रीरामपुर में बीती रात गोसाईगांव उप-मंडल पुलिस अधिकारी हिरेन कुमार डेका और शिमुलटापू पुलिस थाना प्रभारी संजय कुमार राय के नेतृत्व में एक गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी की गयी। अभियान के दौरान नेपाल के होम प्रजाति 25 मवेशियों को 12 पहिया कंटेनर (एनएल-01एबी-1285) से बरामद किया गया।।

    पुलिस टीम ने मवेशियों को बरामद करने के साथ ही कंटेनर को भी जब्त कर लिया। इस मामले में पांच पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार पशु तस्कर बरपेटा जिले के रहीम खान, नरुल इस्लाम खान, सरिफुल इस्लाम और धुबरी जिले के सापटग्राम पुलिस स्टेशन के अंतर्गत डेरीगेट गांव निवासी सरीफुल इस्लाम और महिदुल इस्लाम के रूप में की गयी है।

    गिरफ्तार तस्कर ने बताया कि मवेशियों को पश्चिम बंगाल से बरपेटा के बाघबार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर लिया है।

  • प्रशासन की तमाम कोशिशें नाकाम, नाबालिग लड़की की 35 वर्षीय युवक से हो गई शादी

    प्रशासन की तमाम कोशिशें नाकाम, नाबालिग लड़की की 35 वर्षीय युवक से हो गई शादी

    बांदा। जनपद में एक नाबालिग लड़की की 35 वर्षीय युवक से शादी हो गई। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी तमाम कोशिशों के बाद भी बेमेल शादी रोकने में नाकाम रहे। पहले पुलिस ने लड़की की मां से शादी न करने संबंधी कागज़ात में हस्ताक्षर करा लिए थे। बाद में यह कहकर शादी की इजाजत दी गई कि लड़की आधार कार्ड में 18 साल यानि बालिग हो चुकी है। जबकि लड़की की बुआ व ताई ने थाने में तहरीर देकर लड़की को नाबालिग बताते हुए उम्र 16 साल बताया था।

    जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में लड़की की मां अपनी नाबालिग बेटी की शादी कर रही थी। बारात मंगलवार 30 जनवरी को आने वाली थी। इधर पत्रकारों की एक टीम को जब इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने इस बारे में कमिश्नर चित्रकूट मंडल और पुलिस अधीक्षक को जानकारी दी। इस पर लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही गई। तब लड़की की ताई और बुआ ने जसपुरा थाने में लिखित शिकायत दी। जिसमें बताया गया कि लड़की की मां नाबालिग बेटी की जबरन शादी कर रही है। परिवार रजिस्टर में उसकी उम्र 16 साल दर्ज है। इस शिकायत पर थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजावत सक्रिय हुए। उन्होंने लड़की की मां और बेटी के बयान दर्ज किया, साथ ही मां से लिखित आश्वासन लिया कि वह अपनी बेटी की शादी नहीं करेगी। इसके बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी मीनू सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर, लड़की और उसकी मां के बयान दर्ज करने के बाद मां से लिखित लिया कि वह अपनी बेटी की शादी नहीं करेगी।

    इस बीच लड़की की मां इस बात का दावा करती रही कि हमारी लड़की बालिग हो चुकी है, जनवरी 2024 में 18 वर्ष की हो गई है। साक्ष्य के रूप में आधार कार्ड दिखाया गया। इधर पुलिस प्रशासन की चहलकदमी से गांव में शाम तक हड़कंप मचा रहा। अंततः देर शाम आधार कार्ड को उम्र का सही सर्टिफिकेट मानते हुए पुलिस ने शादी की इजाजत दे दी और इस तरह प्रशासन की तमाम कोशिश नाकाम हो गई।

    इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र का कहना है कि एसडीम और थाना प्रभारी ने गांव जाकर जांच पड़ताल की, जिसमें लड़की के बालिग होने की बात सामने आई है। वन स्टाप केंद्र ने भी जांच पड़ताल की है। इसी तरह निदेशक उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी चित्रकूट धाम मंडल पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि लड़की पढ़ी-लिखी नहीं है। परिवार रजिस्टर में 16 साल जबकि आधार कार्ड में 18 साल उम्र दर्ज है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी व वन स्टाप सेंटर, बाल कल्याण अधिकारी ने इस मामले की जांच की है। वही एसडीएम पैलानी शशि भूषण मिश्र का कहना है कि गांव वालों, लड़की और उसके मां के बयान लिए गए हैं। सभी के बयानों के आधार पर लड़की के बालिग होने की बात सामने आई है। आधार कार्ड के हिसाब से लड़की जनवरी में 18 साल की हो चुकी है।

    बता दें कि उम्र के दावे को लेकर सिर्फ आधार कार्ड और परिवार रजिस्टर को लेकर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस उलझी रही। जबकि मेडिकल टीम से जांच कराई जानी चाहिए थी, पर इसे पुलिस व प्रशासन ने जरूरी नहीं समझा। लड़की बालिग है या नाबालिग है इस पर किसी भी अधिकारी को दावे से बात नहीं कर रहा है। कुल मिलाकर तमाम कोशिशों के बाद भी एक नाबालिग लड़की की शादी रुक नहीं सकी है।

  • डॉक्टर को घर से बुलाकर मारी गोली, मौत

    गांव ईस्माइला में अलसुबह हुई वारदात, मकान का गेट खुलते ही चलाई गोली

    पुलिस अधिकारियों ने एफएसएल की टीम के साथ किया घटनास्थल का निरीक्षण

    रोहतक। सांपला थाना के अंतर्गत गांव ईस्माइला में अज्ञात हमलावरों ने बुधवार तड़के आरएमपी डॉक्टर को घर बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है और पोस्टमार्टम के लिए शव को पीजीआई भेज दिया।

    पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब चार बजे गांव ईस्माइला आरएमपी डॉ आशीष को किसी ने आवाज दी। आवाज सुनकर जैसे ही आशीष ने मकान का दरवाजा खोला तो सामने खड़े हमलावरों ने उन पर गोली चला दी और फरार हो गए। गोली आशीष की छाती में लगी और वह वहीं पर लहूलुहान होकर गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर आकर देखा कि आशीष लहूलुहान हालत में पड़े थे। परिजन उन्हें तुरंत निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    घटना की सूचना पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। जांच में यह बात सामने आई है कि करीब दस दिन पहले डॉक्टर का गांव में ही किसी के साथ झगड़ा भी हो गया था। पुलिस कई पहलुओं को आधार मानकर जांच में जुटी है।