Category: छत्तीसगढ़

  • इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स रांची टेस्ट मैच से ठीक पहले पिच देखकर हुए हैरान

    इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स रांची टेस्ट मैच से ठीक पहले पिच देखकर हुए हैरान

    रांची। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मैच शुक्रवार से रांची में होने जा रहा है। मैच की शुरुआत से पहले इंग्लैंड टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने पिच को लेकर हैरानी जताई है। बेन स्टोक्स ने कहा कि इससे पहले ऐसा कभी नहीं देखा है।

    गुरुवार को बेन स्टोक्स ने कहा कि उन्हें रांची की पिच समझ नहीं आई, क्योंकि दूर से ऐसा लगा कि यह घास से ढकी हुई है, लेकिन करीब से जाकर देखने पर पता चला कि उसमें कई जगह दरारें हैं और बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए काफी मुश्किल हो सकती है।

    उन्होंने कहा कि मुझे कोई अंदाजा नहीं है इसलिए मैं नहीं जानता कि क्या हो सकता है। ड्रेसिंग रूम से पिच हरी और घास वाली दिखती है लेकिन जब आप करीब जाते हैं तो यह अलग दिखती है। बहुत काली और उबड़-खाबड़ और कुछ दरारें भी, जो साफ दिखती हैं।

    उल्लेखनीय है कि सीरीज में भारतीय टीम 2-1 से आगे है। सीरीज का चौथा मैच रांची में शुक्रवार से खेला जाएगा।

  • ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव, सात पुलिसकर्मी घायल

    ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव, सात पुलिसकर्मी घायल

    दुमका। जिले के जरमुंडी प्रखंड के तालझारी थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव में दो पक्ष में चल रहे जमीन विवाद सुलझाने गए पुलिस पदाधिकारियों व जवानों पर एकजुट होकर ग्रामीणों ने पथराव किया। इसमें जरमुंडी थाने के एएसआई बमशंकर सिंह का सिर फट गया।

    इसके साथ ही एएसआई केके दुबे, सिपाही राजेंद्र हांसदा, रामदेव सिंह, देवेंद्र मरांडी, जयधन हांसदा एवं जय कुंवर घायल हो गए। सभी पुलिसकर्मियों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरमुंडी में किया गया। घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि खजुरिया गांव में जमीन विवाद को सुलझाने के लिए तालझारी थाना पुलिस पहुंची थी।

    इस दौरान ग्रामीण उग्र हो गए एवं पुलिस बल के साथ दुर्व्यवहार कर उन्हें खदेड़ दिया। मामले को लेकर तालझारी थाना के पुलिस पदाधिकारी ने जरमुंडी एसडीपीओ संतोष कुमार एवं वरीय पदाधिकारी को सूचित किया। जरमुंडी एसडीपीओ संतोष कुमार, जरमुंडी थाना के पुलिस पदाधिकारी व जवान के साथ खजुरिया गांव पहुंचे। पुलिस बल के गांव पहुंचते ही एकाएक ग्रामीण पुनः उग्र हो गए एवं पथराव करने लगे। इस दौरान ग्रामीणों के द्वारा किए गए पथराव में पुलिस पदाधिकारी व पुलिसकर्मी घायल हो गए।

    मामले की जानकारी जिले के वरीय पदाधिकारी को मिलने पर डीसी एवं एसपी के निर्देश पर दुमका एसडीओ कौशल किशोर, जरमुंडी एसडीपीओ संतोष कुमार, तालझारी के थाना पदाधिकारी व अन्य पुलिस जवान के साथ गांव में कैंप किए हुए हैं। पुलिस के वरीय पदाधिकारियों ने लोगों को समझा बूझकर मामला को शांत किया।

  • छग. विधान सभा 2024 के चुनाव में कांग्रेस विधायक अनिला भेड़िया खर्च करने के मामले में रहीं सबसे आगे

    छग. विधान सभा 2024 के चुनाव में कांग्रेस विधायक अनिला भेड़िया खर्च करने के मामले में रहीं सबसे आगे

    रायपुर।एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स यानी एडीआर ने छत्तीसगढ़ के 90 में से 88 विधायकों का चुनावी खर्च का ब्यौरा मंगलवार को जारी किया है।खर्च करने के मामले में बालोद की कांग्रेस विधायक अनिला भेड़िया सबसे आगे रहीं।अनिला भेड़िया ने डौंडीलोहारा विधानसभा में चुनावी कैंपेन में 38 लाख 59 हजार 871 रुपये खर्च किए, जो तय की गई लिमिट का 96 फीसदी है।

    रिपोर्ट में बताया गया है कि हर विधानसभा में औसतन 27.11 लाख रुपये का खर्च किया गया है. तो तय की गई लिमिट का 68 फीसदी है।ज्ञात हो कि प्रत्याशियों के लिए खर्च की सीमा 40 लाख रुपये तय की गई थी।

    डीआर की रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा का 53 विधानसभा में औसत खर्च 28.48 लाख रुपये है।वहीं कांग्रेस का 34 विधानसभाओं में औसत खर्च 25.34 लाख रुपये हैं।

    चुनाव में खर्च करने के मामले में दूसरे नंबर पर बेमेतरा के भाजपा विधायक दीपेश साहू रहे।जिन्होंने 37 लाख 97 हजार 895 रुपये खर्च किया।जो तय लिमिट का 95 फीसदी है। वहीं तीसरे नंबर पर बेमेतरा के भाजपा के नवागढ़ विधायक दयालदाल बघेल हैं।जिन्होंने 36 लाख 97 हजार 895 रुपये खर्च किए हैं।

    कांग्रेस विधायक रामकुमार यादव ने चंद्रपुर विधानसभा के चुनाव कैंपेन में सबसे कम 2 लाख 65 हजार 764 रुपये खर्च किए हैं।जो तय लिमिट का 7 फीसदी है।दूसरे नंबर पर शेषराज हरबंश हैं,जिन्होंने पामगढ़ विधानसभा में 12 लाख 42 हजार 874 रुपये खर्च किए हैं।

    चंद्रपुर से कांग्रेस विधायक रामकुमार यादव ने अपने चुनाव कैंपेन में सबसे कम खर्च किया है। रामकुमार यादव ने चंद्रपुर विधानसभा के चुनाव कैंपेन में सबसे कम 2 लाख 65 हजार 764 रुपए खर्च किए हैं,जो तय लिमिट का 7 फीसदी है।दूसरे नंबर पर विधायक शेषराज हरबंश हैं,जिन्होंने पामगढ़ विधानसभा में 12 लाख 42 हजार 874 रुपये खर्च किए हैं।

  • 12 राजस्व निरीक्षकों का रोका गया वेतन, राजस्व वसूली को लेकर निगम द्वारा की गई है कार्रवाई

    12 राजस्व निरीक्षकों का रोका गया वेतन, राजस्व वसूली को लेकर निगम द्वारा की गई है कार्रवाई

    धमतरी।शहरी उपभोक्ताओं द्वारा समय पर कर का भुगता नहीं किए जाने का असर अब सीधे निगम के राजस्व निरीक्षकों पर पड़ रहा है। आशानुरूप कर संकलन नहीं होने से नाराज निगम आयुक्त ने निगम के 12 राजस्व निरीक्षकों का वेतन रोक दिया है। वेतन रोके जाने से हड़बड़ाए कर्मचारियों ने अब वसूली में सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। दुकानदारों को नोटिस थमाई जा रही है।

    राजस्व वसूली को लेकर सख्ती बरती जा रही है। इसके तहत कम राजस्व वसूली करने वाले 12 सहायक राजस्व निरीक्षकों का एक माह का वेतन रोक दिया गया है। शहरवासियों द्वारा पटाए जाने वाले विभिन्न प्रकार के टैक्स राशि से निगम के कई कर्मचारियों का वेतन भुगतान होता है। समय पर वसूली नहीं होने से कई बार कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पाता। समय-समय पर राजस्व अमला की बैठक लेकर शत प्रतिशत वसूली करने निर्देश भी दिए गए। इसमें कोताही बरतने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के संकेत दिए गए थे। कुछ कर्मचारियों द्वारा कम वसूली किए जाने को लेकर निगम ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। कम राजस्व वसूली करने वाले 12 कर्मचारियों का एक माह का वेतन रोक दिया गया है। निगम प्रशासन की सख्ती को देख राजस्व अमला टैक्स बकायादारों के घर-घर दस्तक दे रहे हैं। शहरवासियों द्वारा कर का भुगतान नहीं करने से वसूली करने वाले कर्मचारियों को काफी दिक्कतें हो रही है। मालूम हो कि निगम से मिली जानकारी के अनुसार चालू और बकाया मांग को लेकर निगम प्रशासन को नौ करोड़ 68 लाख 10 हजार वसूली करना है। इसमें से पांच करोड़ 73 लाख 31 हजार की वसूली हुई है। अभी भी चार करोड़ से अधिक राजस्व वसूलना बाकी है।

    राजस्व वसूली को लेकर की गई है कार्रवाई

    उपायुक्त विनय कुमार पोयाम का कहना है कि राजस्व कर्मचारियों को शत प्रतिशत राजस्व वसूली करने समय-समय पर बैठक लेकर निर्देश दिया गया है। साथ ही रोजाना कर वसूली की समीक्षा भी हो रही है। कमजोर राजस्व वसूली करने वाले 12 कर्मचारियों के एक माह का वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है। इसके पूर्व भी गत माह सात कर्मियों का वेतन रोकने की कार्रवाई की गई थी।

  • कुरूद के केन्द्रीय विद्यालय भवन का प्रधानमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन

    कुरूद के केन्द्रीय विद्यालय भवन का प्रधानमंत्री ने किया वर्चुअल उद्घाटन

    धमतरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 20 फरवरी को वर्चुअल तरीके से कुरूद के केन्द्रीय विद्यालय का उद्घाटन किया। कुरूद में आयोजित कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के सांसद चुन्नीलाल साहू एवं कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने भाग लिया।

    अजय चंद्राकर ने इस अवसर पर कहा कि कुरूद में आज ऐतिहासिक दिन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र के राज में सभी का विकास हो रहा है। सांसद चुन्नीलाल साहू ने कहा कि 10 सालों में केन्द्र की मोदी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया है। उल्लेखनीय है कि कुरूद से लगे ग्राम चर्रा में 21 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से तैयार केंद्रीय विद्यालय भवन में 432 छात्र-छात्राएं पढ़ाई करेंगे।

    केन्द्रीय विद्यालय की कक्षा पहली से 11 वीं तक की पढ़ाई वर्तमान में कुरूद शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या विद्यालय के अतरिक्त भवन में कराई जा रही है।10 एकड़ क्षेत्र में विद्यालय परिसर में सर्व सुविधायुक्त भवन बनकर तैयार है, जिसमें हायर सेकेंडरी के बच्चों के लिए सभी विषय और माडल लैब की व्यवस्था है। नए सत्र में प्रायमरी की एक और सेक्शन शुरू की जाएगी, जिसमें कक्षा एक से पांचवीं तक 40-40 नये बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में नपं कुरूद के नेता प्रतिपक्ष भानु चंद्राकर, कलेक्टर नम्रता गांधी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

  • मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने मल्लिकार्जुन खड़गे से की मुलाकात, सीट सेयरिंग पर हुई बात

    मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने मल्लिकार्जुन खड़गे से की मुलाकात, सीट सेयरिंग पर हुई बात

    रांची। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके निवास पर झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने रविवार को दिल्ली में मुलाकात की। खड़गे ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन और झारखंड के नेताओं के साथ मिलकर हमने तानाशाही सरकार से लड़ने का संकल्प लिया। हम झारखंड में प्रगतिशील जनकल्याणकारी पर सामाजिक न्याय की यात्रा जारी रखेंगे।

    मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि झारखंड राज्य में चल रहे जनकल्याणकारी योजनाओं, आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के तहत अबुआ आवास योजना, बिरसा सिंचाई कूप ,संवर्धन योजना, फुलो- झानो आशीर्वाद योजना, साइकिल के लिए डीबीटी, सामुदायिक और व्यक्तिगत वन पट्टा, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, केसीसी योजना, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना की जानकारी दी।

    इस दौरान कांग्रेस के झारखंड के प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और झामुमो के विनोद पांडे, सुप्रिया भट्टाचार्य और सुदीव्य सोनू ने भी शिष्टाचार मुलाकात की।

    सीट शेयरिंग पर हुई सकारात्मक बातचीत

    आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सीट शेयरिंग को लेकर एलायंस कमेटी के बीच काफी सकारात्मक बातचीत हुई। बैठक में सभी सीट पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई। आने वाले दिनों में सीट शेयरिंग की घोषणा जल्द होगी। एलायंस कमेटी आने वाले लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और गठबंधन के सभी नेता कार्यकर्ता एकजुट का परिचय देते हुए सभी 14 के 14 सीट पर जीत दर्ज करेंगे।

    बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुकुल वासनिक, सलमान खुर्शीद, झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और झामुमो के सुदीव्य सोनू सुप्रियो भट्टाचार्य, विनोद पांडे सहित अन्य शामिल थे।

  • रांची के सुखदेवनगर थाना प्रभारी पर लगा महिला को प्रताड़ित करने का आरोप, लाइन हाजिर

    रांची के सुखदेवनगर थाना प्रभारी पर लगा महिला को प्रताड़ित करने का आरोप, लाइन हाजिर

    रांची। सुखदेवनगर थाना प्रभारी पर महिला को जबरन थाने बुलाकर प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। इस मामले में एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही दारोगा विजय कुमार को थाना प्रभारी का चार्ज सौंपा है।

    सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के राजाहता में बीते 11 जनवरी को रवि मिश्रा पर जानलेवा हमले मामले की जांच के लिए थाना प्रभारी रमाकांत ओझा ने महिला को पूछताछ के लिए बुलाया था। थाना प्रभारी पर महिला सायना जबिन ने आरोप लगाया है है कि थानेदार ने कमरे में महिला को अकेले बुलाने का दबाव डाला। साथ ही जबरन पासपोर्ट, मोबाइल और शादी का एल्बम जब्त कर रखा है। इसके अलावा एक खाली पेपर पर हस्ताक्षर भी करवा लिए गए हैं।

    पीड़ित महिला ने यह बातें सुसाइड नोट में लिखा है। वह अस्पताल में इलाजरत है। मामला बीते शनिवार देर शाम की है। महिला ने नींद की गोली खाकर सुसाइड करने की कोशिश की। महिला ने सुसाइड नोट में लिखा है कि जांच के नाम पर जबरन थानेदार उसे घर से उठाकर थाने ले गए। सादा पेपर पर हस्ताक्षर नहीं करने पर रातभर थाने में रखने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। साथ ही अकेले मिलने से मना करने पर जबरन घसीट कर उठाने की बात कही गई।

    इस मामले में कई लोगों का मोबाइल वापस कर दिया गया लेकिन उसका पासपोर्ट, मोबाइल और फोटो को बिना कारण थाना प्रभारी ने रखा है। उससे बेहूदा सवाल किए जा रहे हैं तथा दोस्ती करने का दबाव डाला जा रहा है। पीड़ित महिला ने लिखा है कि यह प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है और एक औरत की बेबसी का फायदा कैसे उठाया जा सकता है इस कांड का यह प्रमाण है। मैं यह बेइज्जती और सहन नहीं कर सकती। मेरा किसी से कोई रिश्ता नहीं है। यह आत्महत्या नहीं मेरा कत्ल है। सबको सजा दो। नाकाम प्रशासन बेटी बचाओ नहीं, बेटी को षडयंत्र कर फंसा कर मार दो।

  • हार्स ट्रेडिंग मामले में गृह विभाग के अपर सचिव को नोटिस जारी

    हार्स ट्रेडिंग मामले में गृह विभाग के अपर सचिव को नोटिस जारी

    रांची। हार्स ट्रेडिंग मामले में रांची के जगन्नाथपुर थाने में दर्ज मामले में अनुसंधानकर्ता की ओर से साक्ष्य की कमी बताते हुए क्लोजर रिपोर्ट एसीबी के विशेष न्यायाधीश प्रकाश झा की अदालत में दाखिल किए जाने के मामले में गृह विभाग के अपर सचिव अविनाश चंद्र ठाकुर को शनिवार को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही अपर सचिव को 16 मार्च को अदालत में उपस्थित होने का निर्देश जारी किया गया है।

    राज्यसभा चुनाव-2016 में हुए हार्स ट्रेडिंग मामले में अनुसंधानकर्ता ने जनवरी 2024 में क्लोजर रिपोर्ट दायर करते हुए इस केस को बंद करने का आग्रह एसीबी कोर्ट से किया है। इसके आलोक में अदालत ने शिकायतकर्ता को नोटिस जारी किया है।

    निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 29 मार्च, 2018 को जगन्नाथपुर थाने में विशेष शाखा के तत्कालीन एडीजी सह वर्तमान सीआईडी के डीजी अनुराग गुप्ता और तत्कालीन मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अजय कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बाद में इस मामले में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास को भी अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया था। इनपर वर्ष 2016 के राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में कांग्रेस की विधायक निर्मला देवी को पैसे का लालच देने का आरोप लगा था।

    निर्वाचन आयोग ने झारखंड विकास मोर्चा की शिकायत पर इसकी जांच कराई थी। आयोग ने प्रथम दृष्ट्या आरोप को सही पाते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था। बाद में 14 फरवरी, 2020 को तत्कालीन हेमंत सरकार ने एडीजी अनुराग गुप्ता को निलंबित कर दिया था। गुप्ता तब सीआईडी के एडीजी थे। उनके खिलाफ राज्यसभा चुनाव 2016 में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने के लिए बड़कागांव की तत्कालीन विधायक निर्मला देवी को पैसे का लालच देने और उनके पति पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को धमकाने का आरोप था। साथ ही पांच करोड़ रुपये देने की पेशकश भी की गई थी।

  • झारखंड में चम्पाई सोरेन कैबिनेट का विस्तार, आठ मंत्रियों ने ली शपथ

    झारखंड में चम्पाई सोरेन कैबिनेट का विस्तार, आठ मंत्रियों ने ली शपथ

    दो नये और छह पुराने चेहरे हुए शामिल

    रांची । झारखंड में चम्पाई सोरेन सरकार ने शुक्रवार को मंत्रिमंडल का विस्तार किया। कुल आठ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दो नए चेहरे हैं। बाकी छह पुराने विधायकों को ही मंत्री बनाया गया है। कैबिनेट में बसंत सोरेन, बैद्यनाथ राम और दीपक बिरुआ को जगह दी गई। इनके नाम भी राजभवन भेज दिए गए लेकिन बाद में कांग्रेस विधायकों के हंगामे को देखते हुए बैद्यनाथ राम के नाम को सूची से हटा दिया गया।

    राजभवन शपथ ग्रहण समारोह में रामेश्वर उरांव, दीपक बिरुआ, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, मिथिलेश ठाकुर, बसंत सोरेन, हफीजुल अंसारी और बेबी देवी ने मंत्री पद की शपथ ली। झामुमो से पांच तथा कांग्रेस से तीन मंत्रियों ने शपथ ली। हफीजुल ने उर्दू में मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल ने बारी-बारी से मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्य सचिव ने मंत्रियों की नियुक्ति संबंधित आदेश को पढ़ा।

    उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व दो फरवरी को राज्यपाल राधाकृष्णन ने चम्पाई सोरेन को राज्य के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में राजभवन के दरबार हॉल में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। इनके साथ आलमगीर आलम तथा सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद की शपथ ली थी।

    झामुमो से मंत्री

    सरायकेला विधायक- चम्पाई सोरेन (मुख्यमंत्री)

    दुमका विधायक-बसंत सोरेन (पहली बार मंत्री)

    मधुपुर विधायक- हफीजुल हसन

    डुमरी विधायक-बेबी देवी

    गढ़वा विधायक-मिथिलेश कुमार ठाकुर

    चाईबासा विधायक- दीपक बिरुआ (पहली बार मंत्री )

    कांग्रेस से मंत्री

    लोहरदगा विधायक-डॉ रामेश्वर उरांव

    पश्चिमी सिंहभूम विधायक-बन्ना गुप्ता

    जरमुंडी विधायक- बादल पत्रलेख

    पाकुड़ विधायक-आलमगीर आलम

    राजद से मंत्री

    चतरा विधायक -सत्यानंद भोक्ता

  • नगड़ी में मूर्ति विसर्जन जुलूस पर पथराव, धारा 144 लागू

    नगड़ी में मूर्ति विसर्जन जुलूस पर पथराव, धारा 144 लागू

    रांची, । नगड़ी में शुक्रवार की रात मां सरस्वती की पूजा के बाद मूर्ति का विसर्जन करने जा रहे लोगों पर मस्जिद के पास पथराव किया गया। इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दो पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारी सहित सैकड़ों की संख्या में जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति पर काबू पा लिया। फिलहाल मौके पर डीसी राहुल कुमार सिन्हा, एसएसपी, सिटी एसपी सहित कई अधिकारी मौजूद हैं। इलाका पूरी तरह से छावनी में तब्दील है।

    एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। पूरे इलाके में धारा 144 लागू किया जा रहा है। मामले में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कारवाई की जाएगी। इलाके में भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहेंगे।