Category: देश

  • भगवान राम को काल्पनिक बताने वाले कांग्रेसी भी अब जय सिया राम बोलने लगे हैं : प्रधानमंत्री मोदी

    भगवान राम को काल्पनिक बताने वाले कांग्रेसी भी अब जय सिया राम बोलने लगे हैं : प्रधानमंत्री मोदी

    – अबकी बार एनडीए सरकार 400 पार

    – विकसित भारत बनाने के लिए हरियाणा का विकसित होना बहुत जरूरी

    रेवाड़ी/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के रेवाड़ी से कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि भगवान राम को काल्पनिक बताने वाले कांग्रेसी भी अब जय सिया राम बोलने लगे हैं।

    प्रधानमंत्री ने रेवाड़ी में स्वास्थ्य, रेल और पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी 10 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश की इच्छा थी कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो, आज पूरा देश भव्य राम मंदिर में विराजे रामलला के दर्शन कर रहा है। कांग्रेस के लोग, जो भगवान राम को काल्पनिक बताते थे, जो कभी नहीं चाहते थे कि राम मंदिर बने, वो भी जय सिया राम करने लगे हैं।

    उन्होंने कहा कि देश-दुनिया में मोदी की गारंटी योजना की चर्चा है। रेवाड़ी तो मोदी की गारंटी का सबसे पहला गवाह है। यहां प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में मैंने देश को कुछ गारंटियां दी थीं। देश की इच्छा थी कि दुनिया में भारत की साख बढ़े, वो हमने करके दिखाया। देश की इच्छा थी कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो। भव्य मंदिर का निर्माण हुआ। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की बात कही थी, आज ये आर्टिकल इतिहास के पन्नों में कहीं खो गया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने एक और संकल्प लिया है और जनता जनार्दन कह रही है, जिसने 370 हटाया उस भाजपा का टीका 370 सीटों से होगा।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि 2013 में जब मुझे भाजपा ने प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था, तब मेरा पहला कार्यक्रम रेवाड़ी में हुआ था और रेवाड़ी ने मुझे 272 पार का आशीर्वाद दिया था। आपका वो आशीर्वाद सिद्धि बन गया। अब लोग कह रहे हैं कि मैं फिर एक बार रेवाड़ी आया हूं तो आपका आशीर्वाद है- अबकी बार एनडीए सरकार 400 पार। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सीटें महत्वपूर्ण हैं, लेकिन मेरे लिए लोगों का आशीर्वाद बहुत बड़ी संपत्ति है। पूरी दुनिया में भारत आपके आशीर्वाद के कारण नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि अब मुझे अपने तीसरे कार्यकाल में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए आपके आशीर्वाद की जरूरत है।

    कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, “कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड देश की आधे से अधिक आबादी को दशकों तक छोटी-छोटी जरूरतों से दूर रखने, सिर्फ एक ही परिवार के हित को देशवासियों के हित से ऊपर रखने, घोटालों, सेना और सैनिक दोनों को कमजोर करने का है।” प्रधानमंत्री ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि आज भी कांग्रेस की टीम, नेता और नीयत वही है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिये बिना तंज कसते हुए कहा कि एक परिवार के मोह में फंसी कांग्रेस आज अपने इतिहास के सबसे दयनीय दौर से गुजर रही है। इनके नेता से अपना एक स्टार्टअप नहीं संभल रहा, ये लोग देश संभालने का सपना देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ कर जा रहे हैं। आज स्थिति ये है कि कांग्रेस के पास अपने कार्यकर्ता तक नहीं बचे हैं। जहां सरकार में हैं, वहां इनसे सरकारें तक नहीं संभल रही हैं।

    प्रधानमंत्री ने अपनी यूएई और कतर की हालिया यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि भारत को अब हर कोने से जो सम्मान मिलता है, वह अकेले मोदी का नहीं, बल्कि हर भारतीय का है। उन्होंने कहा कि 10 सालों में भारत 11वें स्थान से ऊपर उठ कर 5वें स्थान की आर्थिक महाशक्ति बना, ये भी आपके आशीर्वाद से हुआ है। अब मुझे अपने तीसरे कार्यकाल में आने वाले सालों में भारत को दुनिया कि तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनाने के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा की डबल इंजन सरकार वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण को लेकर प्रतिबद्ध है। विकसित भारत बनाने के लिए हरियाणा का विकसित होना बहुत जरूरी है। हरियाणा तभी विकसित होगा जब उसके पास आधुनिक सड़कें, रेलवे का आधुनिक नेटवर्क और बड़े अस्पताल होंगे। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व भारत में निवेश के लिए उत्सुक है। और निवेश के लिए हरियाणा एक उत्तम राज्य बनकर उभर रहा है।

  • पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू करने की सिफारिश की है: अरुण हलदर

    पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू करने की सिफारिश की है: अरुण हलदर

    नई दिल्ली। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष अरुण हलदर ने पश्चिम बंगाल में संदेशखाली के दौरे बाद यहां एक बयान में राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की सिफारिश की है।

    संदेशखाली का दौरा करने के बाद शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में दिल्ली लौटे अरुण हलदर ने कहा कि मुद्दा अत्यधिक संवेदनशील हो गया है। हमने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। इसमें पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश की गई है।

    आयोग के अध्यक्ष अरुण हलदर ने कहा कि सात सदस्यों की टीम गुरुवार को संदेशखाली गई थी। आयोग के लोग वहां गए थे, लेकिन पुलिस ने पीड़ितों से मिलने ही नहीं दिया। जैसे तैसे कर परिवार वालों से टीम के सदस्य मिल सके। पुलिस को आयोग का सम्मान करना चाहिए था लेकिन पुलिस किसी पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रही थी। हलदर ने कहा कि पुलिस को हमारे साथ सहयोग करना चाहिए था, लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया।

  • चाचा शिवपाल यादव पर दांव लगायेंगे अखिलेश, समीकरण वाली सीट की तलाश

    चाचा शिवपाल यादव पर दांव लगायेंगे अखिलेश, समीकरण वाली सीट की तलाश

    लखनऊ, । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव पर दांव लगायेंगे। शिवपाल यादव के कद को देखते हुए समीकरण वाली लोकसभा सीट की तलाश की जा रही है। जिसमें आजमगढ़, इटावा और मैनपुरी की लोकसभा सीटों की चर्चा हो रही है।

    शिवपाल सिंह यादव को लोकसभा चुनाव में उतारने के एक प्रश्न पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मीडिया से कहा कि चाचा और मैं दोनों ही लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरेंगे। लोकसभा सीटों का चयन होना बाकी है। समाजवादी पार्टी की सूची जल्द ही जारी होगी।

    उत्तर प्रदेश में लोकप्रिय नेता के रुप में पहचाने जाने वाले शिवपाल सिंह यादव ने जब अपनी राजनीतिक पार्टी बना ली थी। उस वक्त इटावा क्षेत्र में शिवपाल सिंह यादव की सर्वाधिक लोकप्रियता थी, जो आज भी बरकरार है। वैसे आजमगढ़ लोकसभा सीट, जिस पर कभी अखिलेश यादव खुद चुनाव लड़कर जीते थे, उसे भी अपने हाथ में फिर से लाने के लिए समाजवादी पार्टी की कोर कमेटी विचार कर रही है।

  • कुशीनगर में बालक की हत्या, सौतेली मां पर शक

    कुशीनगर में बालक की हत्या, सौतेली मां पर शक

    kushinagar childe murder polic mother

    कुशीनगर। जिले के कसया थाना क्षेत्र के डुमरी चुरामन छपरा में शुक्रवार की सुबह एक चार वर्षीय बालक की लाश मिली है। बालक के शरीर पर मिले जख्म के निशान को देखकर लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज बालक के सौतेली मां से पूछताछ कर रही है। मृत बालक के पिता रोजगार के सिलसिले में गोवा रहते हैं, उसका पालन पोषण सौतेली मां करती थी।

    उल्लेखनीय है कि गांव के अजय विश्वकर्मा के पहली पत्नी की मृत्यु तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उस समय उनका पुत्र आलोक एक वर्ष का था। बच्चों की परवरिश के लिए उसने दूसरी शादी माया के साथ किया। विश्वकर्मा रोजगार के सिलसिले में अक्सर बाहर ही रहते हैं। इस समय वह गोवा में हैं। सुबह लगभग पांच बजे उसके घर औरत के रोने की आवाज सुनकर गांव के लोग जुटे तो देखा कि सौतेली मां ने मासूम आलोक को जमीन पर कपड़े से ढक कर सुलाया है। पूछा गया तो बताई की बच्चा बीमार था। जिला अस्पताल में इलाज के लिए ले गई थी। वहीं उसकी मृत्यु हो गई।

    महिला के चाल-चलन और सौतेले पुत्र के साथ पूर्व में किए गए बर्ताव को देखकर गांव वालों को सहसा इस बात का विश्वास नहीं हुआ। किसी ने पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस ने पूछताछ की और मासूम के शरीर से कपड़ा हटाकर देखा तो उसके पीठ, गर्दन और छाती पर जख्म के निशान मिले। पुलिस ने सौतेली मां से कुछ कड़ाई से पूछताछ किया तो बताया कि इसने गंदा समान खाया था, इस पर मैंने मारा था। मौके पर मौजूद विश्वकर्मा के छोटे भाई शैलेश ने अपनी भाभी पर बालक की हत्या करने का आरोप लगाया और तहरीर सौंपी। इस पर पुलिस ने सौतेली मां को हिरासत में ले लिया।

    प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय ने बताया कि मासूम बालक की संदिग्ध मौत के मामले में उसकी सौतेली मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अंत्य परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

  • सड़क दुर्घटना में मामा की मौत, भांजा घायल

    सड़क दुर्घटना में मामा की मौत, भांजा घायल

    फिरोजाबाद,। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत मैनपुरी रोड पर शुक्रवार को मैक्स के रौंदने से बाइक सवार मामा की मौत हो गई, जबकि भांजा घायल हो गया। घायल को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

    नगला राजा राम कंथरी निवासी बॉबी राजपूत (30) पुत्र धनपाल बाइक पर अपने भांजे विवेक निवासी नगला कलु जसराना को लेकर कहीं जा रहा था। तभी शिकोहाबाद के मैनपुरी रोड पर एक तेज रफ्तार लोडर मैक्स ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार बॉबी की मौत हो गई। जबकि उसका भांजा विवेक नगला कलु जसराना गंभीर रूप से घायल हो गया।

    घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुसाई भीड़ ने जाम लगा दिया। परिवार के लोगों ने शव को उठाने नहीं दिया। पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया तो हल्की झड़प भी हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद परिवार के लोगों के समझा बुझाकर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। मृतक खादी भंडार पर काम करता था।परिजनों के अनुसार मृतक व घायल आपस में मामा—भांजे हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

  • कानपुर में युवक की हत्या करके शव कुएं में फेंका

    कानपुर में युवक की हत्या करके शव कुएं में फेंका

    कानपुर,। साढ़ थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई और उसके शव को कूंए में डाल दिया। शुक्रवार को सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है। संदेह के आधार पर पुलिस एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

    सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर रंजीत कुमार ने बताया कि साढ़ के गाजीपुर गांव से सूचना मिली कि हरि बहादुर सिंह उर्फ डीकर सिंह की हत्या करके शव को गांव में स्थित एक कुएं में फेंक दिया गया है। इस सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर कुछ स्थानों पर खून के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। जांच एवं साक्ष्य संकलन के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

    कुंए से शव बरामद करने के लिए दमकल कर्मियों को गाड़ी सहित बुलाया गया है। शव की तलाश जारी है। ग्रामीणों द्वारा एक व्यक्ति पर संदेह जताया गया है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव बरामद होते ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

  • प्रदेशवासियों ने 7 वर्षों में कानून व्यवस्था के महत्व को बखूबी अनुभव किया : योगी

    प्रदेशवासियों ने 7 वर्षों में कानून व्यवस्था के महत्व को बखूबी अनुभव किया : योगी

    – 67वीं ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट के समापन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री

    लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेशवासियों ने पिछले 7 वर्षों में कानून व्यवस्था के महत्व को बखूबी अनुभव किया है। प्रदेशवासियों ने प्रदेश के लॉ एंड आर्डर की बेहतर स्थिति और सुरक्षा के माहौल को देखते हुए ही दोबारा इस सरकार को चुना है। आज हर नागरिक के मन में सुरक्षा का विश्वास है। प्रदेश की मजबूत कानून व्यवस्था का ही परिणाम है कि जीआईएस-23 में 40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए जबकि 2017 से पहले प्रदेश में निवेश के लिए कोई आना नहीं चाहता था।

    मुख्यमंत्री ने 67वीं ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट के समापन समारोह में कहा कि 19 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में 10 लाख से अधिक निवेश के प्रस्तावों को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के जरिए धरातल पर उतारने जा रहे हैं। इससे 35 लाख नौजवानों को सीधे नौकरी मिलेगी, जो यह दर्शाता है कि संकल्प के साथ कानून व्यवस्था को लागू किया जाए तो उसके परिणाम भी सामने आते हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने स्मारिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं के विजेताओं को ट्रॉफी भी प्रदान की।

    मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सुरक्षा का बेहतर माहौल बनाने में पुलिस के विभिन्न बलों की अति महत्वपूर्ण भूमिका है। इतना ही नहीं पब्लिक परसेप्शन तय करने में भी पुलिस बल का अहम रोल है। उन्हें यह परसेप्शन बनाने में काफी चुनौतियों का सामना किया है। इसके लिए उन्हें दोहरी मानसिकता के साथ काम करना पड़ता है। वह असामाजिक और अराष्ट्रीय तत्वाें के साथ जीरो टाॅलरेंस नीति के तहत अपने काम को अंजाम तक पहुंचाते हैं, जबकि कॉमन मैन के गुहार लगाने पर संवाद स्थापित कर उन्हें न्याय दिलाते हैं। इससे कॉमन मैन के मन में एक नया विश्वास पैदा होता है। साथ ही यह पुलिस बल की संवेदनशीलता को भी दर्शाता है।

    समारोह में देशभर के विभिन्न बलों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया है। उनके अपने-अपने अनुभव हैं। उन अनुभवों का लाभ किस रूप में हम ले सकते हैं यह काफी महत्वपूर्ण है। हमारे देश में ज्ञान के आदान-प्रदान की परंपरा वर्षों पुरानी है। लखनऊ से 70 किलोमीटर दूर नौमिषारण्य है, जो हजारों वर्ष पहले ऋषियों के ज्ञान के आदान प्रदान के मंथन का केंद्र था। यहां पर भारत के वैदिक ज्ञान की परंपरा को लिपिबद्ध करने का काम किया गया था। इसमें पूरे देश भर के 88 हजार ऋषि-मुनि शामिल थे। ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट इसी धरोहर को आगे बढ़ाता है। योगी ने कहा कि ज्ञान वह नहीं होता है जो पुस्तकों में लिखा होता है, जबकि ज्ञान वह है जो फील्ड की ड्यूटी के दौरान आप अनुभव करते हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध की बदलती प्रकृति के अनुसार हम सभी को अपने आप को तैयार करना होगा। हम जब अपनी बेस्ट प्रैक्टिसेज को जनता के सामने शेयर करते हैं तो बहुत कुछ जानने और सीखने को मिलता है। वहीं इस प्रकार की प्रतियोगिताओं और प्रतिस्पर्धाओं के माध्यम से बहुत सारी चीजों को देखने और सीखने का अवसर मिलता है। यही वजह है कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हो चुका है। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अक्सर देश के अंदर की चुनौतियों और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रख करके स्मार्ट पुलिसिंग की बात करते हैं। इस दौरान वह सख्त और सेंसिटिव पुलिस की बात करते हैं। पुलिस बल जब स्मार्ट पुलिसिंग की व्यवस्था से जुड़ जाएगी तो वर्तमान की चुनौतियों का सामना सफलतापूर्वक कर सकेगी। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी प्रशांत कुमार समेत कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

  • उत्तर प्रदेश पुलिस में अमिताभ यश अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था बने

    उत्तर प्रदेश पुलिस में अमिताभ यश अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था बने

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में तेजतर्रार पुलिस अधिकारी के रुप में पहचाने जाने वाले आईपीएस अमिताभ यश को अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था बनाया गया है। अभी तक स्पेशल टास्क फोर्स की जिम्मेदारी देख रहे अमिताभ यश ने शासन के आदेश मिलते ही नई जिम्मेदारी की कुर्सी सम्भाल ली।

    अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने कुर्सी सम्भालते ही मुजफ्फरनगर मामले में कहा कि मुजफ्फरनगर क्षेत्र में टाइमर बम मिले हैं। अभी बम की संख्या चार बतायी जा रही है। एसटीएफ की टीम को बम मिले हैं। इसके साथ ही दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। उनके शुरूआत जांच में मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान बम बनाकर बांटने की जानकारी मिली है।

    उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसी भी प्रकार के अपराध के लिए स्थान नहीं है। कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सतर्कता बरतते हुए चौकसी बढ़ायी जायेगी, जिससे कानून व्यवस्था को बनाया रखा जा सके। जनपदों की समय-समय पर समीक्षा की जायेगी। वांटेड अपराधियों को गिरफ्तार करने का क्रम जारी रहेगा। संगठित अपराध के लिए उत्तर प्रदेश में कोई स्थान नहीं है, उस पर शिकंजा कसा रहेगा।

  • आईएनडीआईए की सरकार बनी तो किसानों को मिलेगी वाजिब एमएसपी : राहुल गांधी

    आईएनडीआईए की सरकार बनी तो किसानों को मिलेगी वाजिब एमएसपी : राहुल गांधी

    पटना (बिहार)। राज्य के सासाराम में शुक्रवार को राहुल गांधी ने न्याय यात्रा में घोषणा किया कि आईएनडीआई गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों को उनका वाजिब एमएसपी मिलेगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि आपकी जमीन आपसे छीनी जा रही है। सही राशि और सही मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। जब हमारी सरकार थी तब किसानों के जमीन की रक्षा के लिए जमीन अधिग्रहण बिल लाया गया।

    राहुल गांधी ने कहा कि यह कानून हमारी सरकार लेकर आई और वह कानून आपके लिए देश के किसानों के लिए लागू किया गया था लेकिन इस कानून को केंद्र सरकार ने रद्द कर दिया और किसानों के साथ हकमारी कर रहे हैं। याद रखें जब हमारे गठबंधन की सरकार आएगी तो किसानों को वापस से वह सभी सुविधाएं मिलेंगी जो हमारी सरकार में पहले से मिला करती थी। हमारी सरकार बनेगी तो जितने भी सरकारी बहाली हैं वह पूरी कर ली जाएगी। यह हमारी गठबंधन का पूरे देश से लागू होगा।

    उन्होंने कहा कि किसानों को फसल का सही दाम नहीं मिल रहा है। हमारी सरकार में आने के बाद कांग्रेस एमएसपी की लीगल गारंटी देगी। जब भी किसानों ने कांग्रेस से कुछ मांगा है, उन्हें दिया है। चाहे वो कर्ज माफी हो या फिर एमएसपी कांग्रेस ने हमेशा किसानों के हितों की रक्षा की है और हमेशा करेंगे।

  • बाराबंकी : पति ने बांका से पत्नी का सिर काटकर की हत्या

    बाराबंकी : पति ने बांका से पत्नी का सिर काटकर की हत्या

    बाराबंकी,। जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी के अवैध संबंधों से नाराज पति ने उसकी बांका से गर्दन काट कर हत्या कर दी। वारदात के बाद कटा हुआ सिर हाथ में लेकर वह थाने की ओर जा रहा था तभी सूचना पर पहुंची पुलिस ने रास्ते में गिरफ्तार कर लिया।

    फतेहपुर थाना अंतर्गत ग्राम बसारा में रहने वाले अनिल कुमार कनौजिया ने आज सुबह अपनी पत्नी वंदना 26 वर्ष की कमरे के अंदर गर्दन काटकर हत्या कर दी। उसका सिर धड़ से अलग कर एक हाथ में बांका व दूसरे हाथ में कटा सिर लेकर वह पैदल थाने की ओर जाने लगा। इस बीच पुलिस ने उसे चौकी के पास ही दबोच लिया। आरोपित पति की शादी आठ वर्ष पहले वंदना से हुई थी और दो बेटे भी हैं। बताया जा रहा है कि वंदना किसी दूसरे पुरूष से लगातार फोन पर बात करती रहती थी। जिसका पति अनिल कनौजिया विरोध करता था। उसने कई बार पत्नी को समझाया वह नहीं मानी। इससे परेशान होकर आज आवेश में आकर अनिल ने पत्नी की गर्दन काट हत्या कर दी।

    फतेहपुर के एएसपी चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने बताया कि मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुकदमा दर्ज करते हुए उससे पूछताछ कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।