Category: देश

  • उप्र से भाजपा के सात उम्मीदवारों ने किया राज्यसभा के लिए नामांकन

    उप्र से भाजपा के सात उम्मीदवारों ने किया राज्यसभा के लिए नामांकन

    -मुख्यमंत्री योगी व वैजयंत जय पाण्डा नामांकन के समय रहे उपस्थित

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के सात राज्यसभा उम्मीदवारों ने बुधवार को विधान भवन पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। भाजपा की ओर से सुधांशु त्रिवेदी, अमरपाल मौर्य, डाॅ. संगीता बलवंत बिन्द, साधना सिंह, आर.पी.एन. सिंह, चौधरी तेजवीर सिंह और नवीन जैन ने नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी वैजयंत जय पाण्डा, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर व प्रदेश महामंत्री संजय राय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

    उत्तर प्रदेश भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी वैजयंत जय पाण्डा ने कहा कि भारत की पूरे विश्व में प्रशंसा हो रही है। तीसरी बार प्रचण्ड बहुमत से मोदी को प्रधानमंत्री बनायेंगे। उत्तर प्रदेश में 80 की 80 सीटों पर भाजपा विजय हासिल करेगी। भाजपा समाज के हर वर्ग से प्रतिनिधित्व व नेतृत्व कर रहा है। नामांकन के बाद सुधांशू त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का ध्यान रखती है। अबूधाबी में मंदिर का उद्घाटन हो रहा है। वहीं अमरपाल मौर्य ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता भी आगे बढ़ता है।

  • राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने मुरुगन को फिर मप्र से बनाया उम्मीदवार, तीन नए लोगों को भी मौका

    राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने मुरुगन को फिर मप्र से बनाया उम्मीदवार, तीन नए लोगों को भी मौका

    – भाजपा ने उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया व बंसीलाल गुर्जर को भी मध्यप्रदेश से बनाया उम्मीदवार

    भोपाल। भाजपा ने तमिलनाडु प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री एल मुरुगन को मध्य प्रदेश से राज्यसभा में भेजने का निर्णय किया है। इसके अलावा भाजपा इस बार मप्र से तीन नए व्यक्तियों को राज्यसभा भेजने जा रही है। यह तीनों व्यक्ति लंबे समय से पार्टी के संगठन का काम संभाल रहे थे।

    बुधवार को भाजपा ने 27 फरवरी को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के लिए दो राज्यों के पांच उम्मीदवार के नाम घोषित किए हैं। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की पांच रिक्त सीटों के लिए आगामी होना है। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को चार उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर को मध्यप्रदेश से उम्मीदवार बनाया गया है।

    भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने राज्यसभा चुनाव के लिए एक और उम्मीदवारों की एक सूची जारी है। इनमें दो राज्यों के लिए पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन को मध्यप्रदेश और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ओडिशा से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा मध्यप्रदेश से अन्य तीन नामों में उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर शामिल हैं।

    गौरतलब है कि केन्द्रीय मंत्री एल मुरुगन पिछली बार भी मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजे गए थे। पार्टी ने अब उन्हें मध्य प्रदेश से दूसरी बार राज्यसभा भेजने की तैयारी की गई है। वहीं, तीन नए चेहरे हैं, जिन्हें पहली बार भाजपा राज्यसभा भेज रही है। जानकारों का कहना है कि जिन नए लोगों को मौका दिया जा रहा है, वे भले ही संसदीय राजनीति का अनुभव नहीं रखते, लेकिन लंबे अरसे से संगठन में योगदान देते रहे हैं। पार्टी की इसके पीछे यह रणनीति है कि ज्यादा से ज्यादा नए लोगों को मौका मिले और पुराने स्थापित चेहरों को लोकसभा चुनाव में उतारा जाए, जिससे चुनाव में माहौल बने और कठिन सीटों को भी आसानी से जीता जा सके।

    भाजपा के घोषित नए उम्मीदवारों की बात करें तो बंसीलाल गुर्जर भाजपा के किसान मोर्चे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। वह लंबे समय से संगठन की राजनीति करते रहे हैं। इसके अलावा उमेश नाथ महाराज संत हैं और उनके मध्य प्रदेश में बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। वहीं, माया नारोलिया प्रदेश के महिला मोर्चे की अध्यक्ष रही हैं और जाट समुदाय से आती हैं। वह प्रदेश के ही होशंगाबाद में नगरपालिका की अध्यक्ष भी रही हैं। उनका राजनीति में लंबा अनुभव है और संगठन के लिए खूब काम किया है। माना जा रहा है कि इसी के चलते उन्हें राज्यसभा भेजकर सम्मान दिया गया है।

    उल्लेखनीय है कि मप्र में राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार, 15 फरवरी को नामांकन करने की अंतिम तारीख है। इसके बाद 20 फरवरी तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर 27 फरवरी को मतदान होगा और इसी दिन शाम को पांच बजे मतगणना होगी।

  • संदेशखाली में हिन्दू महिलाओं पर अत्याचार को लेकर भाजपा ने ममता बनर्जी से मांगा इस्तीफा

    संदेशखाली में हिन्दू महिलाओं पर अत्याचार को लेकर भाजपा ने ममता बनर्जी से मांगा इस्तीफा

    नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में संदेशखाली में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार पर भारतीय जनता पार्टी ने ममता बनर्जी सरकार को घेरते हुए कई सवाल दागे। भाजपा ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के गुंडे महिलाओं के खिलाफ अत्याचार कर रहे हैं, जनजाति समाज से आने वाली महिलाओं की जमीनें छीनी जा रही हैं लेकिन वे कोई कदम नहीं उठा रही हैं। इस अराजकता और गुंडा राज को रोकने में नाकाम मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।

    बुधवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में गौरव भाटिया ने कहा कि एक तरफ केन्द्र सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने और उनके सशक्तीकरण के लिए कई कदम उठा रही है। पश्चिम बंगाल में महिलाएं असुरक्षित हैं। संदेशखाली की महिलाओं के साथ जो कुछ घट रहा है, उसके लिए ममता बनर्जी जिम्मेदार हैं। उन्होंने ममता बनर्जी से सवाल पूछा कि उन्हें हिन्दुओं से इतनी नफरत क्यों है? जनजाति समाज से इतनी नफरत क्यों है? टीएमसी के गुंडे महिलाओं का शोषण कर रहे हैं और आप चुप क्यों है?

    गौरव भाटिया ने कहा कि यह लड़ाई हर उस महिला की है, जिसने किसी भी पार्टी के लिए वोट क्यों न किया हो लेकिन उन्होंने संविधान में आस्था रखी। प्रदेश की सरकार को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। भाजपा अपनी पूरी ताकत से यह लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार हर उस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जो महिलाओं की मदद कर रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को भी पुलिस हिरासत में ले लिया गया। पीड़ित परिवार से मिलने गईं राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्यों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जनता सब देख रही है।

  • यासिन मलिक को फांसी की सजा पर दिल्ली हाई कोर्ट मई में करेगा सुनवाई

    यासिन मलिक को फांसी की सजा पर दिल्ली हाई कोर्ट मई में करेगा सुनवाई

    नई दिल्ली, 14 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली हाई कोर्ट ने हत्या और टेरर फंडिंग के मामले में दोषी करार दिए गए यासिन मलिक को फांसी की सजा पर सुनवाई टाल दी। हाई कोर्ट ने इस याचिका पर अगली सुनवाई मई में करने का आदेश दिया।

    दरअसल, इस मामले की सुनवाई करने वाली बेंच आज सुनवाई के लिए उपलब्ध नहीं थी, जिसकी वजह से सुनवाई टली है। हाई कोर्ट ने एनआईए की याचिका पर सुनवाई करते हुए 29 मई, 2023 को यासिन मलिक को नोटिस जारी किया था। सुनवाई के दौरान एनआईए की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने यासिन मलिक के ऊपर लगे आरोपों को सही पाया था। उन्होंने कहा था कि यह अजीब है कि कोई भी देश की अखंडता को तोड़ने की कोशिश करे और बाद में कहे कि मैं अपनी गलती मानता हूं और ट्रायल का सामना न करे। यह कानूनी रूप से सही नहीं है। एनआईए के पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि मलिक ने कश्मीर के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की।

    पटियाला हाउस कोर्ट ने 25 मई, 2022 को हत्या और टेरर फंडिंग के मामले में दोषी करार दिए गए यासिन मलिक को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। पटियाला हाउस कोर्ट ने यासिन मलिक पर यूएपीए की धारा 17 के तहत उम्रकैद और दस लाख रुपये का जुर्माना, धारा 18 के तहत दस साल की कैद और दस हजार रुपये का जुर्माना, धारा 20 के तहत दस वर्ष की सजा और 10 हजार रुपये का जुर्माना, धारा 38 और 39 के तहत पांच साल की सजा और पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। कोर्ट ने यासिन मलिक पर भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी के तहत दस वर्ष की सजा और दस हजार रुपये का जुर्माना, धारा 121ए के तहत दस साल की सजा और दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। कोर्ट ने कहा था कि यासिन मलिक को मिली ये सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। इसका मतलब की अधिकतम उम्रकैद की सजा और दस लाख रुपये की सजा प्रभावी होगी।

    एनआईए के मुताबिक हाफिद सईद ने हुर्रियत कांफ्रेंस के नेताओं के साथ मिलकर हवाला और दूसरे चैनलों के जरिये आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए धन का लेन-देन किया। इस धन का उपयोग वे घाटी में अशांति फैलाने, सुरक्षा बलों पर हमला करने, स्कूलों को जलाने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का काम किया। इसकी सूचना गृह मंत्रालय को मिलने के बाद एनआईए ने भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी, 121, 121ए और यूएपीए की धारा 13, 16, 17, 18, 20, 38, 39 और 40 के तहत केस दर्ज किया था।

  • उप्र में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए कांग्रेस ने बनाई आठ समितियां

    उप्र में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए कांग्रेस ने बनाई आठ समितियां

    लखनऊ। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में शुक्रवार (16 फरवरी) को पहुंच रही है। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी जन जागरण से लेकर कार्यक्रम की विभिन्न तैयारियों में जुट गए हैं। प्रदेश में इस न्याय यात्रा के संयोजक पीएल पुनिया और सह संयोजक आराधना मिश्रा द्वारा बनाई गई आठ समितियों को प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अनुमति दे दी है। ये आठ समितियां प्रदेश में न्याय यात्रा की व्यवस्था संभालेंगी।

    कांग्रेस के मुताबिक समन्वय समिति में 29 लोगों को रखा गया है। इसमें प्रदेश के प्रमुख पदाधिकारी हैं। इसमें पीएल पुनिया, आराधना मिश्रा, सलमान खुर्शीद, प्रमोद तिवारी, निर्मल खत्री, राजीव शुक्ला, राजेश मिश्रा, अजय कुमार लल्लू, बृजलाल खाबरी, प्रदीप जैन आदित्य, वीरेन्द्र चौधरी, इमरान प्रतापगढ़ी, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, नकुल दुबे आदि का नाम शामिल है।

    सोशल मीडिया समिति में पंखुड़ी पाठक, दानिश आजम वारसी, शालिनी सिंह, पवन शर्मा सहित 28 लोग हैं। मोबिलाइजेशन कमेटी में आराधना मिश्रा, प्रदीप जैन आदित्य, नसीमुद्दीन सिद्दीकी सहित 35 लोगों को रखा गया है। पास एंड एक्सेस कमेटी में 12 लोग हैं। पब्लिसिटी एवं ब्रांडिंग कमेटी में 27 लोग हैं। मीडिया कमेटी में 21 लोगों को रखा गया है।

  • लखनऊ में 19 फरवरी को होने वाले भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगे मुरादाबाद के 146 निवेशक

    लखनऊ में 19 फरवरी को होने वाले भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगे मुरादाबाद के 146 निवेशक

    – मंडलीय उद्योग केंद्र मुरादाबाद के संयुक्त आयुक्त योगेश कुमार ने दी जानकारी

    – 10,000 करोड़ रुपए से कम के निवेश प्रस्ताव वाले जिले के 47 उद्यमी मुरादाबाद में देखेंगे लाइव प्रसारण

    मुरादाबाद। मंडलीय उद्योग केंद्र, मुरादाबाद मंडल के संयुक्त आयुक्त योगेश कुमार ने बुधवार को बताया कि लखनऊ में 19 फरवरी को होने वाले भूमि पूजन समारोह में मुरादाबाद जनपद के 146 निवेशक शामिल होंगे। इन सभी निवेशक उद्यमियों के द्वारा 10,000 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश की तैयारी हैं।

    संयुक्त आयुक्त योगेश कुमार ने आगे बताया कि 10,000 करोड़ रुपए से कम के निवेश प्रस्ताव वाले जिले में 47 उद्यमी हैं, इनके लिए 19 फरवरी को जिले में ही भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें सभी उद्यमी प्राशसनिक, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और उद्योग केंद्र के कर्मियों के साथ लखनऊ के समारोह का लाइव प्रसारण देखेंगे।

    उन्होंने बताया कि जिले में कुल 193 उद्यमियों के माध्यम से 10 हजार करोड़ से अधिक का निवेश होना हैं। इन्वेस्टर समिट में तय हुए इन निवेश प्रस्ताव के धरातल पर आने का माहौल तैयार हो गया है।

  • कमजोर पड़ रहा अल-नीनो, मानसून में अच्छी बारिश की उम्मीद

    कमजोर पड़ रहा अल-नीनो, मानसून में अच्छी बारिश की उम्मीद

    कानपुर। अल नीनों कमजोर पड़ रहा है, जिससे उम्मीद है कि मानसून में अच्छी बारिश हो सकती है। प्रशांत महासागर के गर्म होने से अल नीनो कमजोर होना शुरू हो गया है। अगस्त तक ला नीना की स्थिति बनने की संभावना है। देश के मौसम वैज्ञानिक भी घटनाक्रमों पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। उनका मानना है कि जून-अगस्त तक ला नीना की स्थिति बनने का मतलब है कि इस साल मानसून की बारिश पिछले साल की तुलना में बेहतर होगी। यह जानकारी मंगलवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने दी।

    उन्होंने बताया कि पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव माधवन राजीवन ने कहा, जून-जुलाई तक ला-नीना विकसित होने की अच्छी संभावना है। यदि इस साल अल नीनो, ईएनएसओ (अल-नीनो साउदर्न ऑसीलेशन) तटस्थ स्थितियों में बदल गया तो भी इस साल का मानसून पिछले साल से बेहतर रहेगा।

    भारत की वार्षिक वर्षा का लगभग 70 फीसदी दक्षिण-पश्चिम मानसून से आता है। यह कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। कृषि क्षेत्र देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का करीब 14 फीसदी है। 1.4 अरब की आबादी वाले देश में आधी से ज्यादा जनसंख्या को आजीविका देता है। अमेरिका के राष्ट्रीय महासागरीय और वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) ने इस सप्ताह पूर्व कहा था कि अप्रैल-जून तक अल-नीनो के ईएनएसओ के तटस्थ स्थिति में बदलने की 79 फीसदी संभावना है। इसके अलावा, जून-अगस्त तक ला नीना के विकसित होने की 55 फीसदी संभावना है।

  • किसानों के दिल्ली कूच के मद्देनजर गाजियाबाद में कई किसान नेता किए गए नजरबंद

    किसानों के दिल्ली कूच के मद्देनजर गाजियाबाद में कई किसान नेता किए गए नजरबंद

    गाजियाबाद। किसानों के दिल्ली कूच के मद्देनर पुलिस ने मंगलवार को गाजियाबाद में कई किसान नेताओं को नजरबंद कर दिया है। नजरबंद किए गए किसान नेताओं में प्रमुख रूप से भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजवीर सिंह, जिलाध्यक्ष मनोज तेवतिया, उपाध्यक्ष अशोक चौधरी व महेंद्र सिंह रईसपुर शामिल हैं।

    इस दौरान राजवीर सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान मांग की कि सरकार किसानों की मांगें तुरंत माने। उन्होंने कहा कि सरकार यदि राजस्थान और मध्यप्रदेश के चुनावों में गेहूं के एमएसपी से 600 रुपये प्रति कुंतल अधिक का बोनस दे सकती है तो देश के अन्य राज्यों में क्यों नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि किसान आपना हक मांगने दिल्ली आ रहा है। सरकार तुरंत किसानों से वार्ता कर उनका हक देने का काम करे अन्यथा पूरे देश का किसान एक बार फिर दिल्ली का रुख कर सकता है।

  • ससुर से संबंध नहीं बनाया तो बहरीन में रह रहे पति ने दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज

    ससुर से संबंध नहीं बनाया तो बहरीन में रह रहे पति ने दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज

    फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवा थाना क्षेत्र की एक महिला ने आरोप लगाया कि उसके ससुर ने छेड़छाड़ करते हुए अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। विरोध करने पर जान से मारने की कोशिश की गई। इस बात की जानकारी बहरीन में रह रहे जब पति को हुई तो उसने अपने पिता का विरोध करने की बजाए मुझे तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपित पिता-पुत्र पर दहेज उत्पीड़न एवं छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

    फतेहपुर महिला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मामला संज्ञान में आया है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 2015 में कानपुर के किदवई नगर में रहने वाले सफदर अली के बेटे खालिद अली से हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं। शादी के बाद से ही दहेज के लिए बाप-बेटे आए दिन उसे प्रताड़ित करते रहते हैं। मौजूदा समय में पति खालिद बहरीन में हैं और वह बेटियों को लेकर ससुराल में रहती हैं।

    महिला का आरोप है कि बीते 20 दिसंबर 2023 को जब वह घर पर अकेली थी तभी ससुर ने बुरी नीयत से उसके साथ छेड़खानी का प्रयास किया। जब विरोध किया तो उसने अलग चाल चली। ससुर ने नहाते वक्त उसकी वीडियो बनाई और अपनी बात मानने के लिए महिला को ब्लैकमेल करने लगा। विरोध करने पर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। किसी तरह वह ससुर के चंगुल से छूट कर दूसरे कमरे गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

    पीड़िता ने बताया, जब मैंने पति को वीडियो कॉलिंग के जरिए घटना के बारे में बताया तो उसने कहा कि जैसा अब्बा कह रहे हैं वैसा करो। मैंने जब इसका विरोध किया तो ऐसा न करने पर पति ने गाली-गलौज करते हुए मुझे तीन तलाक दे दिया। साथ ही धमकी भरे लहजे में बोला कि यहां मोदी का राज नहीं है कि तुम मेरा कुछ कर लोगी।

    इस घटना के बाद पाड़ित महिला अपने दोनों बच्चियों को लेकर मायके चली गई और अपने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

  • सुलतानपुर : चर्चित गायिका विजय लक्ष्मी का शव कमरे में लटका मिला

    सुलतानपुर : चर्चित गायिका विजय लक्ष्मी का शव कमरे में लटका मिला

    सुलतानपुर। चर्चित गायिका और अभिनेत्री विजय लक्ष्मी उर्फ मल्लिका राजपूत का शव मंगलवार को उनके कमरे में लटका हुआ मिला है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने खुदकुशी का मान रही है।

    कोतवाली नगर के सीताकुंड स्थित मोहल्ले में गायिका विजय लक्ष्मी उर्फ मल्लिका राजपूत अपने परिवार साथ रहती थी। मंगलवार को उनका शव कमरे में लटका हुआ पाया गया है। मां सुमित्रा सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कर साक्ष्य को एकत्र किया है। पूछताछ में मां ने बताया कि बेटी ने यह कदम क्याें उठाया है इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नही है। कोई ऐसी बात नहीं थी हालांकि हमसे ही थोड़ी बहुत बात बेटी से हुई थी अमूमन सभी के घर में होता हैं।

    कोतवाली प्रभारी श्रीराम पाण्डेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया तो मामला सुसाइड का ही लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट हो पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर ही अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    पदमश्री भजन सम्राट अनूप जलोटा संग काम किया

    गायिका विजय लक्ष्मी उर्फ मल्लिका राजपूत ने करीब छह हजार गजलें गाई हैं। वे एक फिल्म, दो वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं। पदमश्री भजन सम्राट अनूप जलोटा और जगजीत सिंंह संग काम किया है। फिल्म रिवाल्वर रानी में अभिनेत्री कंगना रानौत के साथ विजय लक्ष्मी ने बतौर सह अभिनेत्री का किरदार निभाया है।