Category: देश

  • होलिका दहन पर भद्रा का साया, आज रात्रि 11 बजकर 13 मिनट के बाद करें होलिका दहन

    होलिका दहन पर भद्रा का साया, आज रात्रि 11 बजकर 13 मिनट के बाद करें होलिका दहन

    – रविवार को भद्रा सुबह 9 बजकर 54 मिनट पर प्रारंभ होगी जो रात्रि 11 बजकर 13 मिनट तक रहेगी

    – श्री हरि ज्योतिष संस्थान लाइनपार के संचालक ज्योतिषाचार्य पंडित सुरेंद्र कुमार शर्मा ने दी जानकारी

    मुरादाबाद। श्री हरि ज्योतिष संस्थान लाइनपार के संचालक ज्योतिषाचार्य पंडित सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि आज होलिका दहन के दिन भद्रा साया रहेगा और भद्राकाल को शुभ नहीं माना जाता है। इस दौरान किसी भी तरह का पूजा-पाठ व शुभ काम करना वर्जित होता है।

    पंचांग के मुताबिक आज 24 मार्च को सुबह से भद्राकाल लग जाएगा। आज भद्रा का सुबह 9 बजकर 54 मिनट पर प्रारंभ होगी जो रात्रि 11 बजकर 13 मिनट तक रहेगी। इस तरह से भद्राकाल की समाप्ति के बाद ही होलिका दहन किया जा सकता है।

    पंडित सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 24 मार्च को सुबह 9 बजकर 55 मिनट से आरंभ हो जाएगी जो 25 मार्च को दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक रहेगी। शास्त्रों के अनुसार होलिका दहन पूर्णिमा तिथि और भद्रा रहित काल में करना शुभ माना जाता है। ऐसे में होलिका दहन 24 मार्च को और रंगों वाली होली 25 मार्च को खेली जाएगी। होलिका दहन का शुभ समय रात 11 बजकर 13 मिनट के बाद करना शुभ रहेगा।

    होलिका दहन पर चंद्रग्रहण को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा

    पंडित सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि होलिका दहन पर चंद्रग्रहण को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है कि चंद्रग्रहण लगने जा रहा है। जबकि इस बार होली पर कोई चंद्रग्रहण नहीं है। जो उपछाया चंद्रग्रहण लगने जा रहा है वह भारत में नहीं दिखाई देगा। इसलिए भारत में इसका सूतक काल भी मान्य नहीं रहेगा। इसलिए इसका दान आदि करने की भी विधान मान्य नहीं रहेगा। इसलिए होली पर ग्रहण दोष का भय मन से हटाकर रंगोत्व का आनंद ले। होलिका दहन पर इस साल चंद्रग्रहण के साथ साथ भद्रकाल का साया भी रहेगा। इस साल करीब 100 साल बाद होली पर चंद्रग्रहण लगने जा रहा है।

  • ईडी की हिरासत से अरविंद केजरीवाल ने पहला आदेश किया जारी

    ईडी की हिरासत से अरविंद केजरीवाल ने पहला आदेश किया जारी

    नई दिल्ली,। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल फिलहाल ईडी की हिरासत में हैं। उन्होंने हिरासत से जल मंत्रालय को लेकर पहला ऑर्डर जारी किया है। यह आदेश उन्होंने लिखित नोट के जरिए जल मंत्री आतिशी को जारी किया है।

    रविवार सुबह आतिशी ने प्रेस वार्ता कर आदेश के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली वालों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े, इसके लिए सीएम केजरीवाल ने आदेश दिया है कि जिन इलाकों में पानी की समस्या हो रही हो, वहां तुरंत टैंकरों के जरिए पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव को भी आदेश जारी करते हुए कहा है कि अगर उन्हें कोई दिक्कत आ रही है वह तो वह सीधे उपराज्यपाल से संपर्क करें। आतिशी ने कहा कि जेल में रहते हुए भी केजरीवाल को दिल्ली वालों की चिंता है।

    दरअसल दिल्ली में गर्मी शुरू होते ही पानी की आपूर्ति बड़ी समस्या बन जाती है। बीते दिनों दिल्ली में पानी और सीवर की समस्या को लेकर विधानसभा का विशेष सत्र भी बुलाया गया था। इस सत्र में विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र की पानी की समस्या को उठाते हुए जल मंत्री से जवाब मांगा था। इसके बाद मंत्री आतिशी ने अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट की जानकारी विधानसभा में दी थी। वर्तमान में दिल्ली में पानी की आपूर्ति करीब 1000 एमजीडी (मिलियन गैलन प्रतिदिन) की जा रही है, जबकि डिमांड 1300 एमजीडी की है।

    इसे पूरा करने के लिए जल बोर्ड ने करीब 600 जगह पर ट्यूबवेल लगाने का भी प्लान बनाया था। पहले चरण में इसमें से कुछ जगहों पर ट्यूबवेल लगाए भी गए थे, जिससे 19 एमजीडी पानी मिल रहा है। दूसरे चरण में तकरीबन 260 ट्यूबवेल लगाए जाने थे। इसके लिए जल बोर्ड को करीब 1,800 करोड रुपए की जरूरत है। इस पैसे के लिए जल बोर्ड अधिकारियों ने दिल्ली सरकार के वित्त विभाग को एक पत्र भी लिखा, लेकिन अभी तक पैसे नहीं मिले हैं। इसलिए दूसरे चरण के तहत ट्यूबवेल लगवाने का अभी काम पेंडिंग है।

    उल्लेखनीय है कि गुरुवार को ईडी की टीम अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंची थी और करीब दो घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। अपनी रिमांड के खिलाफ केजरीवाल ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख कर तत्काल सुनवाई की मांग की थी, जिसे हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया था।

  • 33,854 आरोपितों का चलान, 5400 लोग पर मुचलका पाबंद

    33,854 आरोपितों का चलान, 5400 लोग पर मुचलका पाबंद

    -लोस चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए मुरादाबाद पुलिस-प्रशासन की निरोधात्मक कार्रवाई जारी

    मुरादाबाद,। लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने निरोधात्मक कार्रवाई करनी तेज कर दी है। इसके लिए सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चला रहे हैं। अब तक जिले में कुल 33,854 आरोपित लोगों का पुलिस चलान कर चुकी है। इनमें से 5400 लोग मुचलका पाबंद भी किए जा चुके हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा ने कहा कि चुनाव की सुचिता बनाए रखने और अपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही हैं, अभी यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

    भारत निर्वाचन आयोग की ओर से लोकसभा चुनाव 2024 के ऐलान के साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई है। चुनाव की घोषणा के बाद से पुलिस जिले में शांतिपूर्ण माहौल में मतदान कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने में जुट गई है। एसएसपी हेमराज मीणा ने सभी थाना प्रभारियों को अभियान चलाकर ऐसे लोगों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है जो किसी भी रूप में चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे लोगों का आईपीसी की धारा 107/16 और 151 के तहत चालानी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि सभी को मुचलका पाबंद किया जाये।

    पुलिस चुनाव सेल के नोडल अधिकारी एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि 23 मार्च की शाम तक जिले में कुल 34 हजार 854 लोगों का चालान किया जा चुका है। प्रतिदिन करीब डेढ़ हजार लोगों का चालान हो रहा है। इनमें से कुल 5 हजार 400 लोगों को पुलिस की अलग-अलग टीमें मुचलका पाबंद भी करा चुकी हैं। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि ये लोग चुनाव को प्रभावित न कर सकें। चालानी और पाबंदी की कार्रवाई में 134 वह अपराधी भी शामिल हैं, जिनमें पूर्व में गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जा चुकी है।

  • कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए मप्र की 12 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

    कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए मप्र की 12 सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

    – राजगढ़ से 33 साल बाद लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे दिग्विजय सिंह

    – रतलाम से कांतिलाल भूरिया और भोपाल से अरुण श्रीवास्तव को बनाया उम्मीदवार

    भोपाल, । लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश की 12 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। भोपाल से अरुण श्रीवास्तव और राजगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, रतलाम लोकसभा सीट से कांतिलाल भूरिया को टिकट दिया गया है। कांग्रेस अब तक मप्र की 29 सीटों में 22 पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है जबकि सात सीटों को अभी होल्ड पर रखा है। कांग्रेस ने अब तक एक महिला को टिकट दिया है जबकि पांच वर्तमान विधायक, एक सांसद और एक राज्य सभा सांसद को प्रत्याशी बनाया है।

    अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने शनिवार देर रात लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की है। इसमें 45 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। इस सूची में मध्य प्रदेश की 12 सीटों के लिए उम्मीदवार शामिल हैं। राजगढ़ सीट से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। राजगढ़ दिग्विजय सिंह का गढ़ माना जाता है और 33 साल बाद इस सीट से वे लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें भोपाल से मैदान में उतारा था लेकिन भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने उन्हें बुरी तरह पराजित किया था।

    कांग्रेस ने रतलाम सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया को उतारा है। इंदौर से अक्षय बम, बालाघाट से सम्राट सारस्वत और जबलपुर से दिनेश यादव को टिकट दिया गया। उज्जैन के तराना से विधायक महेश परमार, मंदसौर से पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर को प्रत्याशी बनाया गया है।

    सागर से चंद्रभूषण सिंह गुड्डू राजा बुंदेला को प्रत्याशी बनाया है। वह विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे। वह खुरई से चुनाव लड़ने की तैयारी में थे लेकिन उन्हें टिकट नहीं दिया गया था। वहीं, रीवा से नीलम अभय मिश्रा को चुनाव मैदान में उतारा गया है। नीलम सेमरिया से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा की धर्मपत्नी हैं। शहडोल से फुंदेलाल सिंह मार्को प्रत्याशी होंगे, जो पुष्पराजगढ़ से विधायक हैं। वहीं होशंगाबाद से तेंदूखेड़ा के पूर्व विधायक संजय शर्मा को मैदान में उतारा है।

    भोपाल लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने अरुण श्रीवास्तव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का समर्थक माना जाता है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक अरुण को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने कांग्रेस नेता दिग्विजय से चर्चा के बाद टिकट दिया है। वह भोपाल जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हैं।

    सूत्रों का कहना है कि गुना लोकसभा सीट को लेकर मामला उलझा हुआ है। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने यहां से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है जबकि स्थानीय स्तर पर उनके नाम को लेकर सहमति नहीं है जिसके चलते अभी इस सीट के प्रत्याशी को लेकर निर्णय नहीं हो पाया है। वहीं, मुरैना, ग्वालियर, दमोह, खंडवा और विदिशा के प्रत्याशियों को लेकर अभी मंथन किया जा रहा है।

    पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए दो विधायकों पर दांव लगाया है। पुष्पराजगढ़ से फुंदेलाल सिंह मार्को और तराना से महेश परमार अभी विधायक हैं। पहली सूची में फूल सिंह बरैया, सिद्धार्थ कुशवाहा और ओमकार सिंह मरकाम को टिकट दिया गया था।

  • मैनपुरी में डिंपल की बैठक से कांग्रेसियों के गायब होने पर गठबंधन पर गरम है चर्चाओं को बाजार

    मैनपुरी में डिंपल की बैठक से कांग्रेसियों के गायब होने पर गठबंधन पर गरम है चर्चाओं को बाजार


    प्रयागराज/ मैनपुरी।यूपी में सपा के साथ कांग्रेस का गठबंधन मैनपूरी के सपा उम्मीदवार डिंपल यादव की बैठक से नदारद होने के बाद सवालों में आ गया है। मैनपुरी लोकसभा सीट सपा के खाते में है। डिंपल की बैठक में कांग्रेसियों के गायब होने के बाद से राजनीतिक हलके में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन पर चर्चाओं का बाजार गरम हो गया है। बताते चले कि यूपी में कांग्रेस का सपा के साथ गठबंधन है।

    राजनीतिक गलियारों की बात करें तो वर्ष 2004 के चुनाव में कांग्रेस ने मैनपुरी में अपना प्रत्याशी मैदान में उतारा था। उस समय सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव के सामने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में सुमन चौहान ने चुनाव लड़ा था। उनको चौथे स्थान पर रहकर संतोष करना पड़ा था। बसपा प्रत्याशी अशोक शाक्य ने दूसरा और भाजपा प्रत्याशी रामबाबू कुशवाहा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद से कांग्रेस ने मैनपुरी लोकसभा सीट पर अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है।


    वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के खाते में मैनपुरी लोकसभा सीट आई है। सपा ने डिंपल यादव को प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। प्रदेश में सपा से गठबंधन होने के कारण कांग्रेस का मैनपुरी लोकसभा सीट पर प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं होगा। सपा प्रत्याशी ने कार्यकर्ता बैठकें करके अपना जन संपर्क शुरू कर दिया है। सपा की बैठकों में कांग्रेस कार्यकर्ता नजर नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस की गतिविधियां पार्टी कार्यालय पर होने वाली बैठकों तक ही सीमित हो गई हैं।

    कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनीता शाक्य ने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस का सपा से गठबंधन है। इसी के चलते लोकसभा सीट पर कांग्रेस का प्रत्याशी नहीं है। जिले में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शीघ्र ही सपा प्रत्याशी के सर्मथन में अभियान चलाकर जन संपर्क शुरू करेंगे।

  • …..और बढ सकती है अरविंद केजरीवाल की परेशानियॉ

    …..और बढ सकती है अरविंद केजरीवाल की परेशानियॉ


    — 28 मार्च 2024 को समाप्त हो रही है अरविंद की ईडी की रिमांड, इसके बाद सीबीआई भी उनकी गिरफ्तारी के लिए जा सकती है कोर्ट


    मऊ प्रयागराज/दिल्ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की मुश्किले और बढ सकती है। उनकी 28 मार्च को ईडी की रिमांड खत्म होते ही सीबीआई भी उन पर शिकंजा कस सकती है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को केजरीवाल को मनी लॉन्ड्रिंग केस में 28 मार्च तक के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया है। सूत्रों की माने तो एक बार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रिमांड खत्म हो जाने के बाद सीबीआई भी केजरीवाल की कस्टडी लेने के लिए अदालत का रुख कर सकती है। सीबीआई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एक मामले की जांच कर रही है ओर इस मामले में दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और कई अन्य को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

    सूत्रों के अनुसार बीते सोमवार को सीबीआई ने मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका का विरोध करते हुए एक अदालत को यह भी बताया था कि शराब घोटाले में कुछ हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

    उल्लेखनीय है कि बीते साल अप्रैल 2023 मे सीबीआईं केजरीवाल से शराब घोटाले में कथित भ्रष्टाचार की जांच के संबंध में 9 घंटे तक पूछताछ कर चकी है। इसके बाद सीबीआई प्रवक्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को इस मामले में पूछताछ करने के लिए सीआरपीसी की धारा 160 के तहत नोटिस जारी किये जाने की बात सार्वजनिक किया था। पूछताछ के दौरान, सीबीआई ने मामले में गिरफ्तार लोगों से एक गायब फाइल के ठिकाने पर जवाब मांगा था।

    इसमें यह भी पूछा गया था कि क्या केजरीवाल ने गिरफ्तार शराब कारोबारी समीर महेंद्रू से फेसटाइम पर बात की थी और उन्हें आप के गिरफ्तार कम्युनिकेशन हेड विजय नायर के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा था।

  • हमीरपुर में मर्दाे को गांव से भगाने के बाद औरतें खेलती है होली

    हमीरपुर में मर्दाे को गांव से भगाने के बाद औरतें खेलती है होली

    -रामजानकी मंदिर से महिलायें ढोल मजीरे के साथ निकालती है होली की फाग

    – सैकड़ों साल पुरानी परम्परा में घूंघट वाली महिलायें भी उड़ाती है रंग, गुलाल

    हमीरपुर। बुंदेलखंड के हमीरपुर जिले में एक ऐसे गांव में महिलाओं की होली कोई भी मर्द नहीं देख सकता। सैकड़ों साल पुरानी परम्परा की महिलाओं की होली शुरू होने से पहले ही पूरे गांव के पुरुषों को घर छोड़कर खलिहान में डेरा डालना पड़ता है। बूढ़ी और घूंघट वाली महिलाएं होली पर ठुमके लगाकर पूरे गांव में धमाल मचाती है। महिलाओं की यह अनोखी होली सूर्यास्त होने के बाद खत्म होती है। तभी सभी पुरुष अपने घर लौटते हैं।

    बुन्देलखंड के हर इलाके में कोई भी ऐसा गांव नहीं है जहां यह अनूठी परम्परा की होली खेली जाती है। वीरभूमि के हमीरपुर जिले में कुंडौरा ऐसा गांव है, जो इस परम्परा के लिए पूरे क्षेत्र में विख्यात है। यहां महिलाओं की टोली फाग निकालकर पूरे गांव में घूमती हैं।

    महिलाओं की फाग में धमाल करने वाली देवरती कुशवाहा, पूर्व प्रधान उपदेश कुमारी, गिरिजा कुशवाहा, सुनीता, कमलेश कुमारी सहित सहित तमाम महिलाओं ने बताया कि जब से वह बाबुल का घर छोड़कर पिया के घर आई है तभी से ही इस होली की परम्परा का हिस्सा बन रही है।

    हर साल धूमधाम के साथ फाग में हिस्सा लेकर गांव में महिलाओं की फाग सम्पन्न होती है। इन महिलाओं ने बताया कि होली की फाग का शुभारंभ गांव के ऐतिहासिक रामजानकी मंदिर से होता है। पूरे गांव के गली कूचों और मुहल्लों में होली की धमाल करने के बाद महिलाओं की फाग खेरापति बाबा के मंदिर परिसर में इस अनूठी परम्परा का समापन होता है।

    ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरविन्द प्रताप सिंह ने बताया कि गांव में महिलाओं की होली का यह अनूठी परम्परा सैकड़ों साल पहले पूर्वजों ने शुरू की थी, जिसका आज भी निर्वहन बड़े ही शिद्दत के साथ किया जाता है। जिस समय महिलाओं की फाग गांव में घूमती है तो उस समय गांव के पुरुष गांव की गलियों से हटकर या तो घरों में कैद हो जाते हैं या फिर उन्हें खेल और खलिहान की ओर निकलना पड़ता है। पुरुष तभी गांव के अंदर वापस आएंगे जब महिलाओं की फाग और होली का समापन हो जाता है।

    पूरे गांव में होली के रंग में घूंघट वाली महिलाएं करती है धमाल

    कुंडौरा गांव के बुजुर्ग बंजारी कुशवाहा (90) ने बताया कि गांव में महिलाओं की होली का इतिहास कम से कम पांच सौ साल पुराना है। जिसमें गांव की बहुएं भी फाग निकलने के दौरान नृत्य करती है। इन्हें कोई भी गांव का पुरुष देख नहीं सकता है। यदि किसी ने देखने की हिम्मत भी की तो उन्हें लट्ठ लेकर गांव से ही खदेड़ दिया जाता है।

    सत्तर वर्षीय गिरिजा कुशवाहा व देवरती कुशवाहा ने बताया कि महिलाओं की फाग निकालने की कोई पुरुष अथवा युवक भी फोटो कैमरे से नहीं ले सकता है। महिलाओं की होली की फोटो लेने पर भी प्रतिबंध है। यदि कोई इस अनूठी परम्परा का चोरी-छिपे फोटो लेते पकड़ा गया तो उस पर तगड़ा जुर्माना बोला जाता है। गांव की सरपंच सविता देवी ने बताया कि गांव के पुरुष और लड़के अनूठी परम्परा की होली की फाग निकलने से पहले ही घरों में कैद हो जाते है अथवा सभी को गांव छोड़कर बाहर जाना होता है।

    बुजुर्ग महिलाएं ही होली की फाग में बजाती है ढोल और मजीरे

    गांव की सरपंच सविता देवी ने बताया कि इस बार होली त्योहार के दूज के दिन पूरे गांव की महिलाएं रामजानकी मंदिर में एकत्र होती है फिर यहां से फाग निकाली जाती है। गाजे और बाजे के साथ महिलाओं की फाग गली कूचे और मुहल्लों से होते हुए एक जगह पर नाच गाना होता है। उन्होंने बताया कि हर घर से महिलाएं इस अनूठी परम्परा में शामिल होती है। और ढोल मजीरा बजाते हुए महिलाएं ठुमके भी लगाती है। यह आयोजन शाम तक चलता है। सभी महिलाएं एक दूसरे को गुलाल लगाकर सम्मान भी करती है।

    गांव की बुजुर्ग देवरती कुशवाहा ने बताया कि बुन्देलखंड का यह अकेला गांव है जहां यह परम्परा आज भी कायम है। इस परम्परा की होली में बुजुर्ग महिलाओं के अलावा घूंघट वाली महिलाएं भी धमाल करती है। प्रधानपति अरविन्द प्रताप सिंह ने बताया कि अनूठी परम्परा की होली को लेकर महिलाओं ने तैयारी अभी से शुरू कर दी है।

  • लखनऊ एयरपोर्ट पर सोने व विदेशी सिगरेट के साथ 5 यात्री गिरफ्तार

    लखनऊ एयरपोर्ट पर सोने व विदेशी सिगरेट के साथ 5 यात्री गिरफ्तार

    लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शुक्रवार रात को चेकिंग के दौरान कस्टम विभाग ने सोने और विदेशी सिगरेट के साथ 5 यात्रियों को गिरफ्तार किया।

    कस्टम विभाग ने शनिवार को बताया कि होली के त्योहार के मद्देनजर एयरपोर्ट पर सघन चेकिंग की जा रही है। शुक्रवार को अबू धाबी और शारजाह से आए पांच यात्रियों के पास से 600 ग्राम सोना और 1320 सिगरेट जब्त किया गया। इसकी कीमत 71.03 लाख रुपये आंकी गई है। कस्टम विभाग इन लोगों से पूछताछ कर रही है।

  • लॉकअप से फरार 25 हजार का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार

    लॉकअप से फरार 25 हजार का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार

    फतेहपुर। न्यायिक अभिरक्षा में लॉकअप से फरार पच्चीस हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। वह गोली लगने से घायल है।

    पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र के महर्षि विद्या मंदिर रोड स्थित बकंधा गांव के पास बाइक से बदमाश के आने की सूचना मिली। एसओजी और सदर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को आत्मसमपर्ण के लिए कहा। लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलायी, जिसमें वह घायल हो गया। पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

    उन्होंने बताया कि बदमाश की पहचान औंग थानाक्षेत्र के बसावनपुर गांव निवासी अंकित उर्फ शेरा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ औंग थाना व बिंदकी कोतवाली के अलावा कानपुर नगर के थानों में हत्या, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत 15 से अधिक संगीन अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं।

    उन्होंने बताया कि बदमाश एक साल से जेल में बंद था। उसे बिंदकी कोतवाली में दर्ज हत्या के एक मामले में 11 मार्च को पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय पाक्सो कोर्ट में पेशी में लेकर आई थी। तारीख के दौरान पुलिस को चकमा देकर बदमाश लॉकअप से फरार हो गया था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस की तीन टीमें उसकी सरगर्मी से तलाश में थी।

    एसपी ने बताया कि पुलिस कस्टडी से भागा हिस्ट्रीशीटर बदमाश मुठभेड़ में घायल हुआ है। पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

  • मेरठ में 25 मार्च को बंद रहेंगी शराब की दुकानें

    मेरठ में 25 मार्च को बंद रहेंगी शराब की दुकानें

    मेरठ। जिला मजिस्ट्रेट मेरठ दीपक मीणा ने बताया कि 25 मार्च को दुल्हैंडी पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए मेरठ में शराब की दुकानें बंद रहेगी। इस प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    जिला मजिस्ट्रेट दीपक मीणा ने बताया कि संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम 1910 की धारा-59 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए वर्ष 2024 में होली के पर्व के अवसर पर लोकहित में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए 25 मार्च को जनपद स्थित देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर, माडल शाप, भांग व स्प्रिट आदि के थोक व फुटकर बिक्री की दुकानें एवं ठेके बंद रहेंगे। इस दौरान शराब बेचने वाले संस्थानों पर पूर्णतः रोक रहेगी। इस प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    होली और दुल्हैंडी पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी पुख्ता व्यवस्था की है। एडीजी मेरठ जोन धु्रवकांत ठाकुर ने सभी जिलों में पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। मेरठ में एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तैनात करने और पुलिस को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के हालात के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत कराने को कहा गया है।