Category: देश

  • राहुल गांधी के ‘शक्ति’ वाले बयान पर हमलावर हुई भाजपा

    राहुल गांधी के ‘शक्ति’ वाले बयान पर हमलावर हुई भाजपा

    नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘शक्ति’ वाले बयान पर भारतीय जनता पार्टी लगातार हमलावर है। भाजपा इस बयान की भर्त्सना करते हुए इसे चुनावी मुद्दा भी बनाने जा रही है।

    भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राहुल गांधी ने हिंदू संस्कृति का अपमान किया। एक दिन बाद भी बयान को सुधारने की कोई कोशिश नहीं की गई बल्कि उनकी टिप्पणी में अर्थ खोजने की कोशिशें की जा रही हैं। इसे उचित ठहराने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन भाजपा हिन्दू धर्म का अपमान नहीं सहेगी।

    राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब महात्मा गांधी के सिद्धांत और आदर्शों से ओत-प्रोत पार्टी नहीं रही। यह एक विभाजनकारी मानसिकता के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस पार्टी माओवादी विचार और हिंदू विरोधी विचारधारा से ओतप्रोत है। राहुल गांधी पूरी तरह से इन तत्वों के प्रभाव में हैं। उन्होंने पूछा कि क्या राहुल गांधी अन्य धार्मिक विचारों के आस्था के मूल सिद्धांतों के संबंध में इसी तरह का अपमानजनक शब्द बोलने का साहस रखते हैं? क्या वे ऐसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किसी और धर्म के लिए सकते हैं? राहुल गांधी सुविधा के लिए चुनावी हिन्दू बनते हैं। देश आज गुस्से में है, क्योंकि कांग्रेस हिन्दू आस्था का अपमान करती है।

    उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, ए राजा और स्टालिन में कोई अंतर नहीं है। भाजपा इस बयान की भर्त्सना करती है। देश लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चलता है । देश के प्रमुख आस्था का अपमान करेंगे तो प्रश्न उठाना आवश्यक है। हिन्दू आस्था का अपमान करना कांग्रेस पार्टी की आदत हो गई है।

    कांग्रेस के ईवीएम के सवाल पर रविशंकर ने कहा कि हाल ही में कांग्रेस हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक जीती है तो कैसे जीती है। कांग्रेस किसी लोकतांत्रिक संस्था पर विश्वास नहीं करती। प्रश्न करें तो मीडिया चंगुल में है, ऐसा बताते हैं।

  • असम कांग्रेस हिमंत बिस्वा सरमा के नियंत्रण में है और कांग्रेस के कद्दावर नेता बीजेपी में शामिल हो रहे हैं: रफीकुल इस्लाम

    असम कांग्रेस हिमंत बिस्वा सरमा के नियंत्रण में है और कांग्रेस के कद्दावर नेता बीजेपी में शामिल हो रहे हैं: रफीकुल इस्लाम

    नई दिल्ली, | असम से ऑल इंडिया यूनाईटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) विधायक डॉ (हाफिज) रफीकुल इस्लाम ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा है कि असम में 14 सीटें हैं, जिसमें हम 3 पर चुनाव लड़ रहे हैं। हमारी एक छोटी पार्टी है। हमने 2014 में भी 3 सीटें जीती थीं। इस बार भी 3 सीटों पर हम चुनाव लड़ रहे हैं। इन 3 सीटों पर हम बीजेपी और कांग्रेस दोनों को हराएंगे।

    रफीकुल इस्लाम ने आगे कहा कि शेष सभी 11 सीटों पर कांग्रेस को जोर लगाना होगा लेकिन दुर्भाग्य से असम कांग्रेस हिमंत बिस्वा सरमा के नियंत्रण में है और असम कांग्रेस के कद्दावर नेता बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। इन 11 सीटों पर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने होंगी।

  •  बदांयू में सगे भाइयों की हत्या करने वाला आरोपित एनकाउंटर में ढेर

     बदांयू में सगे भाइयों की हत्या करने वाला आरोपित एनकाउंटर में ढेर

    बदायूं। उत्तर प्रदेश में जनपद बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दो सगे भाइयों की उस्तरे से हत्या करने वाले आरोपित को पुलिस ने देर रात को मुठभेड़ में मार गिराया। इससे पहले हत्यारोपित की गिरफ्तारी के लिए मृतकों के परिवार ने जमकर हंगामा किया था। आरोपित के परिवार से झगड़ा और सैलून को आग के हवाले कर दिया था। इलाके की तनावपूर्ण स्थिति को संभालने के लिए पुलिस कप्तान और पैरामिलिट्री फोर्स के साथ इलाके में पहुंची। परिवार को शांत कराते हुए आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी। एडीजी, आईजी और मंडला आयुक्त डीएम भी घटनास्थल पहुंचे थे।

    बाबा कालोनी में रहने वाला विनोद कुमार ठेकेदार है। उसके परिवार में पत्नी संगीता और तीन बेटे आयुष (13), अहान (06) और पीयूष है। संगीता घर के नीचे ब्यूटी पार्लर चलाती है। विनोद का घर के सामने ही जावेद उर्फ साजिद सैलून चलाता था। मंगलवार की शाम को किसी बात को लेकर विनोद और साजिद में झगड़ा हुआ था। हालांकि दोनों में पहले से ही विवाद है। देरशाम को विनोद किसी काम से घर के बाहर था और पत्नी संगीता पार्लर में थी। इसी दौरान साजिद ने घर में घुसकर दूसरे मंजिल की छत पर धारदार उस्तरे से आयुष और अहान की गला रेतकर हत्या कर दी। वहीं, हमले में पीयूष घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर पार्लर से कमरे में गयी संगीता ने देखा कि साजिद उनके बेटों की हत्या कर भाग रहा है। इसके बाद परिवार ने आरोपित के घर पर हमला बोल दिया। सैलून जलाते हुए मुरादाबाद फर्रूखाबाद हाईवे को जाम कर दिया।

    घटना की जानकारी पर एडीजी पीसी मीणा, आईजी रेंज डॉ राकेश सिंह, एसएसपी आलोक पियदर्शी, डीएम मनोज कुमार और कई थानों की फोर्स पहुंची। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजा। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

  • सुभासपा के ओपी राजभर ने सीएम से मुलाक़ात कर चुनाव पर की चर्चा, लिया मार्ग दर्शन

    सुभासपा के ओपी राजभर ने सीएम से मुलाक़ात कर चुनाव पर की चर्चा, लिया मार्ग दर्शन


    लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायतीराज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर ने कल सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से मुलाक़ात की। इस दौरान उनके साथ अरविन्द राजभर भी मौजूद रहे।


    ओम प्रकाश राजभर ने अपने ट्वीटर हैंडल से इस बात की जानकारी शेयर की है। वे मा मुख्यमंत्री के आवास पर लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए पंचायती राज विभाग एयर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कार्यो की चर्चा करते हुए इनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया।

    बताते चले कि ओम प्रकाश राजभर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष है और इस लोकसभा चुनाव मे भाजपा गठबंधन मे शामिल होकर सूबे के मंत्रिमंडल मे हाल के दिनों मे हुए विस्तार मे पंचायती राज मंत्री के पद पर आसीन हुए है।

  • झारखंड हाई कोर्ट ने सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर लगाई रोक

    झारखंड हाई कोर्ट ने सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर लगाई रोक

    रांची,। झारखंड हाई कोर्ट ने गोवंश तस्करी से जुड़े एक मामले में सांसद निशिकांत दुबे को तत्काल राहत दी है। जस्टिस अनिल कुमार चौधरी की कोर्ट ने मामले में सोमवार को निशिकांत दुबे की याचिका पर सुनवाई करते हुए उनके खिलाफ पीड़क कार्रवाई पर रोक लगाई है। मामले में राज्य सरकार की ओर से जवाब दाखिल करने के समय की मांग की गई। कोर्ट ने दो सप्ताह का समय राज्य सरकार को दिया है।

    आरोप है कि निशिकांत दुबे ने एक व्यक्ति को गोवंश की तस्करी मामले में पकड़ा और उसकी पिटाई की। बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया था। मामले में उस व्यक्ति का कहना था कि उसके पास लाइसेंस है। इसलिए वह गोवंश ले जा रहा था। वह गोवंश तस्कर नहीं है लेकिन निशिकांत दुबे ने उसे धमकी दी और उसे मारपीट कर पुलिस को सौंप दिया था। मामले को लेकर देवघर के मोहनपुर थाना में निशिकांत दुबे के खिलाफ देवघर के मोहनपुर थाना में दर्ज किया गया था।

  • नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 वर्ष सश्रम कारावास, 20 हजार अर्थदंड

    नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 वर्ष सश्रम कारावास, 20 हजार अर्थदंड

    पलामू। पलामू जिला व्यवहार न्यायालय के अपर जिला और सत्र न्यायाधीश चतुर्थ व स्पेशल जज पोक्सो एक्ट के न्यायाधीश प्रेमनाथ पांडेय की अदालत ने नाबालिक से दुष्कर्म के दोषी बच्चन यादव को 20 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। वहीं 20 हजार रुपए अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड की राशि नहीं देने पर 6 माह अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ेगी। इस मामले में हुसैनाबाद थाना अंतर्गत लंगरकोट निवासी सोनम देवी (बदला हुआ नाम) ने हुसैनाबाद थाना अंतर्गत बंशीबीघा नहर मोड़ निवासी बच्चन यादव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराई थी, जो हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 8 सन 2020 तिथि 9 जनवरी 2020 को भारतीय दंड विधान की धारा 363, 376, एवं 4 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 3/(1) डब्लू (आर) (एस) अनुसूचित जाति और जनजाति निरसंसता निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया था।

    अभियुक्त पर आरोप था कि 8 जनवरी 2020 को पीड़िता को साइकिल से गांव के पोखरा तरफ ले गया और उसका अंडर गारमेंट्स खोलकर गलत काम किया। पीड़िता के साथ दुष्कर्म और प्रवेशन लैंगिक हमला किया। पीड़िता का इलाज हुसैनाबाद व सदर अस्पताल डालटनगंज में हुआ, जिस समय घटनाकारित हुई थी, पीड़िता 6 साल की थी।

  • निष्पक्ष चुनाव को लेकर झारखंड समेत पांच राज्यों के आला पुलिस अधिकारियों ने की बैठक, रोड मैप तैयार

    निष्पक्ष चुनाव को लेकर झारखंड समेत पांच राज्यों के आला पुलिस अधिकारियों ने की बैठक, रोड मैप तैयार

    रांची,। डीजीपी अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को पुलिस मुख्यालय में अंतर्राज्यीय समन्वय समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर झारखंड के सीमावर्ती राज्य छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशकों एवं वरीय पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

    डीजीपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर एक बैठक की गई। हमने उन बिंदुओं पर चर्चा की, जो लोकसभा चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। बिहार और पश्चिम बंगाल और हमने आपसी सहयोग और आगे क्या होगा, इसके लिए रोडमैप बनाया।

    डीजीपी ने कहा कि उन बिंदुओं पर विमर्श किया गया, जो लोकसभा चुनावों को प्रभावित कर सकते है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रोड मैप बनाया गया। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाई गई । इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि के हर पहलू पर विचार विमर्श किया गया। नक्सली, अपराधी, वारंटी, चेकनाका पर सुरक्षा सहित बॉर्डर पर सख्ती को लेकर मंथन किया गया। सीमावर्ती राज्यों के बॉर्डर इलाके में कड़ी नजर रखने पर जोर दिया गया, ताकि चुनाव के दौरान अवांछित तत्व गड़बड़ी नहीं कर सकें। इनसे सख्ती से निबटा जा सके।

    डीजीपी ने कहा कि बैठक में स- समय सूचना के आदान-प्रदान , सीमावर्ती इलाके में सक्रिय नक्सलियों पर प्रभावी कार्रवाई करने पर रणनीति बनाई गई है। साथ ही

    सीमावर्ती क्षेत्रों में चेक पोस्ट नाका को और अधिक सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा सभी स्तर पर लगातार समन्वय बैठक करने, सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय अपराधी, हिस्ट्रीशीटर की सूची को एक दूसरे के बीच साझा करने पर भी सहमति बनी।

  • रांची में अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का खुलासा, विदेशी इंटेलिजेंस एजेंसी के नाम पर होती थी ठगी

    रांची में अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का खुलासा, विदेशी इंटेलिजेंस एजेंसी के नाम पर होती थी ठगी

    रांची,। अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने अपर बाजार स्थित किशोरगंज चौक में बीएम हाइट्स स्थित ऑफिस में अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का खुलासा किया है। डीजी अनुराग गुप्ता ने बताया कि सीआईडी को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी।

    इसके बाद सत्यापन में पाया गया कि एकरामुल अंसारी और रविकांत की ओर से आरआईसीआई कंसल्टेंसी सर्विस, जीजी इन्फोटेक और आरग्या ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के नाम से एक फर्जी कॉल सेंटर का संचालन किया जा रहा है। साथ ही यूके और ऑस्ट्रेलिया के सिटिजन को इंटरनेट कॉलिंग सॉफ्टवेयर का प्रयोग कर कॉल करते थे।

    कॉल करने के लिए ये लोग दो शिफ्ट में विदेशी नागरिकों को फोन करने के लिए 15-30 लोगों को नौकरी पर रखे हुए थे। सत्यापन के दौरान करीब 30 कंप्यूटर सिस्टम की जांच की जा रही है जिसमें कई विदेशी नागरिकों का डाटा और प्राइवेट डाटा पाया गया। साथ ही विदेशी नागरिकों को प्रोटोन मेल का प्रयोग कर विदेशी इंटेलिजेंस एजेंसी के नाम पर एक्सटॉर्शन का ईमेल भेजकर रिमोट डेस्कटॉप एप्लीकेशन का प्रयोग कर ठगी करने का काम करते थे। मामले की जांच की जा रही है।

  • चुनाव आयोग ने दिए छह राज्यों के गृह सचिव और बंगाल के डीजीपी को हटाने के निर्देश

    चुनाव आयोग ने दिए छह राज्यों के गृह सचिव और बंगाल के डीजीपी को हटाने के निर्देश

    नई दिल्ली,। चुनाव आयोग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के गृह सचिवों को हटाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक को भी हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

    सू्त्रों के अनुसार इसके अलावा बृहन् मुंबई नगर आयुक्त इकबाल सिंह चहल, अतिरिक्त आयुक्त और उपायुक्त को भी पद से हटाया गया है। इसी तरह

    मिजोरम और हिमाचल प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग के सचिवों को भी पद से हटाया गया है।

    आयोग का मानना है कि कुछ अधिकारी मुख्यमंत्री कार्यालय में पदभार संभाल रहे थे। इसके चलते चुनावी प्रक्रिया के दौरान उनसे अपेक्षित आवश्यक निष्पक्षता और तटस्थता खासकर कानून और व्यवस्था, बल तैनाती से संबंधित मामलों में समझौता हो सकता है।

  • दिल्ली आबकारी घोटालाः मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका का सीबीआई ने किया विरोध, 22 मार्च को सुनवाई

    दिल्ली आबकारी घोटालाः मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका का सीबीआई ने किया विरोध, 22 मार्च को सुनवाई

    नई दिल्ली,। सीबीआई ने दिल्ली आबकारी घोटाला मामले के आरोपित दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका का विरोध किया है। सीबीआई ने दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट में सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान कहा कि इस मामले में कुछ हाई प्रोफाइल लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। जमानत याचिका पर अगली सुनवाई 22 मार्च को होगी।

    सीबीआई ने कहा कि इस मामले में जांच चल रही है और अगर सिसोदिया को जमानत दी जाती है तो जांच पर असर पड़ेगा। सीबीआई ने कहा कि अधिकारियों की वजह से देरी नहीं हो रही है। सीबीआई का कहना है कि उसके द्वारा उचित प्रक्रिया अपनाई जा रही है और इस मामले में जांच बहुत महत्वपूर्ण चरण में है। सीबीआई ने कहा कि सिसोदिया पूरी साजिश के मुख्य आरोपित और सरगना हैं। उनका संवेदनशील दस्तावेजों और सबूतों से सामना कराया गया है और वह सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं। सीबीआई ने कहा कि जिस दिन मामले में केस दर्ज किया गया था, उसी दिन उन्होंने फोन नष्ट किए थे। सीबीआई ने कोर्ट को बताया कि मामले में कुछ हाई प्रोफाइल लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है।

    उल्लेखनीय है कि सिसोदिया की ओर से सुप्रीम कोर्ट में उनकी जमानत याचिका खारिज करने के खिलाफ क्यूरेटिव याचिका दाखिल की गई है, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था।

    सिसोदिया को सीबीआई ने 26 फरवरी 2023 को गिरफ्तार किया था। 25 नवंबर 2022 को सीबीआई ने पहली चार्जशीट दाखिल की थी। कोर्ट ने 15 दिसंबर 2022 को पहली चार्जशीट का संज्ञान लिया था। कोर्ट ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी और भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 7, 7ए और 8 के तहत आरोप तय किए थे। पहली चार्जशीट में कोर्ट ने जिन आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट पर संज्ञान लिया है, उनमें कुलदीप सिंह, नरेंद्र सिंह, विजय नायर, अभिषेक बोइनपल्ली, अरुण रामचंद्र पिल्लै, मुत्थू गौतम और समीर महेंद्रू शामिल हैं।