Category: लखनऊ

  • दुष्कर्मी नेताओं को बचा रही भाजपा : अल्का लांबा

    दुष्कर्मी नेताओं को बचा रही भाजपा : अल्का लांबा

    लखनऊ। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पंच न्याय में एक न्याय है महिला न्याय, कांग्रेस प्रतिबद्ध है हर पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए, कांग्रेस संघर्षरत है हर महिला को न्याय का हक मिलने तक। ये बातें अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अल्का लांबा ने प्रेसवार्ता के दौरान कहीं।

    अल्का लांबा ने कहा कि भाजपा जिस तरह से अपने दुष्कर्मी नेताओं को बचा रही है, उससे उसका महिला विरोधी चेहरा उजागर होता है। उन्होंने सोमवार को यहां भाजपा के कथित रूप से दुष्कर्मी नेताओं का एक पोस्टर भी जारी किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत का नाम रोशन करने वाली बेटियों का शोषण करने वाले बृजभूषण शरण सिंह को सरकार का पूर्ण संरक्षण प्राप्त है। उसी पोस्टर में पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर, भाजपा विधायक रमेश जारकीहोली, पूर्व भाजपा विधायक रामदुलार गौर, भाजपा नेता पदम राजन, कन्हैयालाल मिश्रा, पूर्व सांसद चिन्मयानंद, पूर्व मंत्री संदीप सिंह सैनी जैसे भाजपा से जुड़े और महिलाओं के प्रति अपराध में संलिप्त नेताओं की करतूत उनकी तस्वीरों समेत शामिल हैं।

    लांबा ने कहा कि पूरे देश में सबसे ज्यादा महिलाओं के प्रति अपराध उ0प्र0 में होते हैं। महिला कांग्रेस प्रतिबद्ध है हर पीड़िता की मदद के लिए, उन्हें न्याय दिलाने के लिए। उन्होंने नारी न्याय योद्धा बनने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर ( 9891802024 ) भी जारी किया। लांबा ने कहा कि ‘‘डोनेट फॉर न्याय’’ अभियान के तहत महिला कांग्रेस पूरे सम्पर्ण से लगी है और ‘‘एक दान देश की बेटियों के नाम’’ के साथ इस अभियान को मजबूती प्रदान कर रही है।

    उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समर्थन में हर जिला मुख्यालय पर निकाली जा रही यात्रा में महिला कांग्रेस भी सहभागी बनेगी और 50 किलोमीटर की यात्रा तय करेगी। उन्होंने कहा कि 10 जनवरी को राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष बनने के बाद एक महीने में वह 16 राज्यों का दौरा कर चुकी हैं। आज सुबह वह अपने दो दिवसीय दौर पर लखनऊ पहुंची।

    प्रेसवार्ता में महिला कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव शामीना शफीक, राष्ट्रीय सचिव प्रभारी मध्य जोन विद्या नेगी, आगरा जोन प्रभारी संगीता गर्ग आदि मौजूद रहीं।

  • लखनऊ में लगेगा जल नीतिकारों का कुंभ, सभी राज्यों के प्रमुख सचिव करेंगे मंथन

    लखनऊ में लगेगा जल नीतिकारों का कुंभ, सभी राज्यों के प्रमुख सचिव करेंगे मंथन

    लखनऊ। राजधानी लखनऊ में देश के जलनीतिकारों की सबसे बड़ी जुटान होने को है। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय की सचिव विनी महाजन की अगुआई में सभी प्रदेशों के जलशक्ति विभाग के प्रमुख सचिव और निदेशक यहां मौजूद होंगे। वे अपने-अपने प्रदेशों में किए जा रहे कामों के बारे में चर्चा करेंगे। इस चर्चा के दौरान जीवनस्रोत जल के संरक्षण के लिए नीति तैयार की जाएगी। ताकि आने वाली पीढ़ियों को साफ जल मिले और जल का भंडार अक्षय रहे।

    उत्तर प्रदेश सरकार इसी कॉन्फ्रेंस में घरों तक नल से जल पहुंचाने की प्रक्रिया और उसके प्रबंधन के बारे में अपना पेपर प्रस्तुत करेगी। योगी सरकार बनने के बाद जल जीवन मिशन में देशभर के प्रदेशों का अगुआ बनकर उत्तर प्रदेश उभरा है। यही वजह है कि योगी सरकार की अगुआई में इस बार देश के सबसे बड़े जल सम्मेलन की मेजबानी का अवसर उत्तर प्रदेश को दिया गया है।

    16 और 17 फरवरी को अलग-अलग विषयों पर होगी चर्चा

    राजधानी स्थित एक होटल में 16 और 17 फरवरी को अलग-अलग विषयों पर जलशक्ति विभाग की नीतियों के वाहक अपने विचार रखेंगे। वे बताएंगे कि जल जीवन मिशन के तहत उन्होंने अपने-अपने प्रदेश में क्या किया है। इसके अलावा परियोजनाओं को जमीन पर उतारने के दौरान जो चुनौतियां सामने आईं, उन पर भी बात होगी। सेशन दर सेशन होने वाली इस चर्चा के बाद जल संरक्षण, जल वितरण और इससे जुड़ी नीतियों पर आम राय बन सकती है, जिसे पूरे देश में लागू किया जाएगा।

    उप्र में होने जा रही इस जुटान की एक और खास बात यह है कि इस बार इसके साथ स्वच्छ भारत मिशन की भी चर्चा होगी। विशेषज्ञ स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन को एक साथ रखकर इसके विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे।

    चर्चा के लिए सात थीम की गईं है तय

    जलशक्ति विभाग द्वारा आयोजित इस समारोह में चर्चा के लिए सात थीम तय की गई हैं। पहले दिन उद्घाटन के बाद वॉश यानी, वॉटर, सेनिटेशन और हाइजीन पर चर्चा होगी। सभी प्रदेशों के ब्यूरोक्रेट्स और इन विभागों से जुड़े दूसरे अधिकारी इन विषयों पर बातचीत के रास्ते किसी नीति की तरफ बढ़ेंगे। जबकि परिचर्चा के दौरान एक सत्र केवल इस दिशा में किए गए बेहतर कामों को साझा करने के लिए आरक्षित रखा गया है। इससे अभिनव प्रयोगों के बारे में लोग एक दूसरे के बारे में जान सकेंगे। बेहतर कामों को दूसरी जगहों पर भी लागू करने की राह इसी सत्र से खुलेगी।

    जल जीवन मिशन की चुनौतियों और इसके स्थायित्व पर चर्चा करने के लिए भी एक अलग सत्र रखा गया है। घरों तक नल से जल पहुंचाने के चुनौतीपूर्ण काम के बाद इसे बरकरार रखना भी एक चुनौती होगी। इस पर बातचीत ऑपरेशन एंड मेंटीनेंस के लिए आयोजित सत्र में की जाएगी। जल जीवन मिशन का एक महत्वपूर्ण काम लोगों को कुशल बनाना भी है। इस मिशन के तहत किस क्षेत्र में लोगों की कुशलता को विकसित किया जाएगा, जिससे उनके लिए रोजगार के साधन तो खुलेंगे ही योजना की सफलता भी उसी पर निर्भर करेगी। इसके लिए कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन सत्र रखा गया है। जनता के फीडबैक और उनकी समस्याओं का फौरी समाधान कैसे होगा, इस पर चर्चा सत्र के दूसरे दिन की जाएगी।

  • आगरा में 24 फरवरी को भारतीय मजदूर संघ की विशाल रैली

    आगरा में 24 फरवरी को भारतीय मजदूर संघ की विशाल रैली

    लखनऊ। भारतीय मजदूर संघ और उससे सम्बद्व यूनियनों के प्रतिनिधियों की ओर से आगरा में तीन दिवसीय प्रदेश अधिवेशन आगरा में होने जा रहा है। इस अधिवेशन के दूसरे दिन 24 फरवरी को भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी और प्रतिनिधि विशाल रैली करेंगे। रैली के बाद श्रमिकों के विभिन्न मुद्दों पर एक सभा आयोजित होगी।

    23, 24 25 फरवरी को आगरा में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अधिवेशन की जानकारी देते हुए प्रदेश संगठनमंत्री रामनिवास ने बताया कि प्रदेश अधिवेशन में भारतीय मजदूर संघ से संबध यूनियनों के एक हजार प्रतिनिधि सम्मिलित होगे। संगठित और असंगठित क्षेत्र से आए मजदूरों से जुड़े अहम प्रस्ताव को अधिवेशन में पारित किया जायेगा।

    रामनिवास ने कहा कि 24 फरवरी को आगरा में रैली होगी और इसके बाद खुला सत्र होगा। सभा के रुप में होने वाले खुला सत्र में तमाम यूनियनों के प्रतिनिधियों को अपनी समस्याओं और भविष्य योजना को रखने का मौका मिलेगा। 25 फरवरी को भारतीय मजदूर संघ की प्रदेश कार्यसमिति का चुनाव होगा। इस चुनाव में चुने गये पदाधिकारी अगले तीन वर्षो के लिए होंगे।

    उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ की यूनियनों को अधिवेशन के निमित्त सूचनाएं की जा रही है। विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक हो चुकी है। आने वाले 23 फरवरी की सुबह तक यूनियनों के प्रतिनिध अपने स्थानों से चलकर आगरा को पहुंचेंगे।

  • यूपी का बजट में 90 फीसदी जनता के लिए कुछ भी नहीं : अखिलेश यादव

    यूपी का बजट में 90 फीसदी जनता के लिए कुछ भी नहीं : अखिलेश यादव

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र 2024-25 के आठवें दिन शनिवार को सदन में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार के पेश बजट पर प्रदेश की गरीब, किसान, नौजवान, बेराेजगार, उद्यमी और आम जन की बात रखी। उन्होंने भारी भरकम बजट पर सवाल खड़ा करते हुए 90 फीसदी जनता की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सिर्फ 10 प्रतिशत लोगों को ध्यान में रखने वाला बताया।

    अखिलेश ने सदन में कहा कि बजट पर चर्चा करते हुए कहा कि यूपी का बजट चाहे 7 करोड़ का हो या 8 लाख करोड़ का हो, सवाल यही रहेगा कि 90 पर्सेंट जनता के लिए उसमें क्या है? विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था में 80 करोड़ जनता 5 किलो राशन पर निर्भर है। विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था, लेकिन पुरानी पेंशन के लिए 5 पैसे भी नहीं।

    नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब प्रभु राम दिल में बसते हों तो नाम लेने की क्या जरूरत है। जब आप और हम नहीं थे तब भी राम थे, जब हम नहीं रहेंगे वो तब भी रहेंगे। ऐसा कहना कि आप प्रभु राम को लाए हैं, यह कहकर आप भगवान और धर्म का अपमान कर रहे हैं।

    अपनी बात रखते हुए सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने दो पंक्तियां कहीं। उन्होंने कहा कि हुजूर-ए-आला आज तक खामोश बैठे इसी गम में, महफिल लूट ले गया कोई जबकि सजाई हमने।

    अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी के लिए पहचान का संकट अगर कोई पैदा कर रहा है तो वह आपकी सरकार कर रही है। आपने कहा था झांसी से दिल्ली को जोड़ने के लिए एक्सप्रेसवे बनाएंगे, अब तक क्यों नहीं बना पाए? मेट्रो क्यों नहीं बना पाए? हम तो भगवान कृष्ण के वंश से आते हैं। भगवान विष्णु के सब अवतारों को मैं मानता हूं। हम तो पांडव वाले पक्ष के लोग हैं।

    यूपी ही नहीं, देश के किसान की आवाज को उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि क्या किसान की आय दोगुनी हो गई? क्या एमएसपी मिलने लगा? हमने कई बार पूछा है इस सरकार से कि आखिरकार ये 46 में 56 वाली कहानी क्या है? यूपी में जो वाइस चांसलर अप्वाइंट हुए हैं, 34 में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कितना है? और फिर ये वाइस चांसलर और किनको अपॉइंट कर रहे हैं?

  • उप्र में भाजपा 25 फरवरी से चलायेगी लाभार्थी सम्पर्क अभियान : धर्मपाल सिंह

    उप्र में भाजपा 25 फरवरी से चलायेगी लाभार्थी सम्पर्क अभियान : धर्मपाल सिंह

    पूरे प्रदेश में 25 फरवरी से 05 मार्च के मध्य चलेगा लाभार्थी सम्पर्क अभियान

    2024 में लोकसभा की सभी सीटों पर खिलाना है कमल : भूपेन्द्र चौधरी

    लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) लोकसभा चुनाव में जन-जन का समर्थन जुटाने के लिए पूरे प्रदेश में लाभार्थी सम्पर्क अभियान चलाएगी। यह अभियान पूरे प्रदेश में 25 फरवरी से 05 मार्च के मध्य चलेगा।

    प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि लाभार्थी सम्पर्क के दौरान लाभार्थी द्वारा मोबाइल नम्बर 9638002024 पर मिस्डकॉल करवाना है और मोदी का पत्र सौंपकर लाभार्थी के घर पर स्टीकर लगाने का कार्य पार्टी कार्यकर्ताओं को करना है।

    उन्होंने अभियान को लेकर बताया कि पूरे प्रदेश में 25 फरवरी से 05 मार्च के मध्य लाभार्थी सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा व 01 मार्च से 03 मार्च के मध्य विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान में प्रदेश भर में लाभार्थी परिवारजनों से व्यापक स्तर पर सम्पर्क व संवाद स्थापित करना है।

    उन्होंने कहा कि 11 फरवरी से 16 फरवरी के मध्य लोकसभा स्तर पर लाभार्थी सम्पर्क अभियान की कार्यशाला आयोजित करनी है। जबकि 12 फरवरी से 20 फरवरी के मध्य मण्डल स्तर पर कार्यशाला आयोजित की जायेंगी।

    उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर में चलने वाले अभियान को लेकर शनिवार को राजधानी लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में कार्यशाला सम्पन्न हुई। कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने उपस्थित प्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया।

    2024 में लोकसभा की सभी सीटों पर खिलाना है कमल : भूपेन्द्र चौधरी

    कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि 2024 में लोकसभा की सभी सीटों पर कमल खिलाना है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब कल्याण को ध्यान में रखते हुए कई लोककल्याणकारी योजनाओं को शुरू किया। जिसका परिणाम रहा कि 2014 से 2023 के बीच लगभग 25 करोड़ से अधिक भारतीय गरीबी से बाहर आए।

    उन्होंने कहा 2014 के बाद मोदी सरकार में अनेकों जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे उज्जवला,जन-धन,आवास,शौचालय,हर घर नल,हर घर जल, बिजली,प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना,किसान सम्मान निधि सहित कई अन्य योजनायें लागू करने का काम किया है।

    प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र व राज्य में भाजपा सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हुए लोगों में लाभार्थी सम्पर्क अभियान के अन्तर्गत सम्पर्क व संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा मोदी सरकार ने जो भी योजनाएं चलाई है वे सीधे तौर पर जरूरतमंद लोगों तक पहुंची है। केन्द्र सरकार ने जनहित की योजनाओं को धरातल पर उतारकर जनता से किए गए एक एक वादे को पूरा किया है।

    पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने पूरे अभियान को लेकर पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतिकरण किया। कार्यशाला का संचालन पार्टी के प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी ने किया। आभार ज्ञापन प्रदेश मंत्री मीना चैबे ने किया।

    कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी,क्षेत्रीय अध्यक्ष,क्लस्टर इंचार्ज,जिला प्रभारी,लाभार्थी सम्पर्क अभियान के क्षेत्रीय संयोजक एवं सहसंयोजक और लोकसभा संयोजक व सहसंयोजक सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी सम्मिलित हुए।

  • ब्लैक पेपर और वाइट पेपर से जनकल्याण कैसे संभव – मायावती

    ब्लैक पेपर और वाइट पेपर से जनकल्याण कैसे संभव – मायावती

    लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के बीच अगले आम लोकसभा चुनाव से पहले गंभीर आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच ब्लैक पेपर और वाइट पेपर जारी करके एक दूसरे को गलत साबित करने का खेल चुनावी स्वार्थ के सिवाय कुछ भी नहीं है। ऐसी संक्रीर्ण राजनीति से देश व जनहित एवं जन कल्याण कैसे संभव है।

    खासकर ऐसे समय पर जबकि कुछ मुट्ठी भर लोगों को छोड़कर देश के करोड़ों लोग जबरदस्त महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी, किसानों की बदहाली ग्रामीण भारत की दुर्दशा आदि के तनावपूर्ण जीवन की मार से लगातार त्रस्त है। इससे देशहित भी लगातार प्रभावित है, सभी स्वार्थ एवं विद्वेष को त्याग करके देश के अति चिंतनीय राष्ट्रीय समस्याओं पर संगठित प्रयास जरूरी है।

    वैसे भी हर सरकार समय-समय पर वाइट पेपर जारी करके आंकाड़ों के माध्यम से अपनी वाहवाही बटोरने के साथ पिछली सरकार को कठघरें में खड़ा करके आत्मसंतुष्टि का प्रयास करती है। लेकिन सरकार की नीति और उसके कार्यकलापों का सही आकलन जनता की बेहतर रोजी रोटी व इनकी खुशी एवं खुशहाल जीवन पर निर्भर है। और जिस मामले में पहले कांग्रेस पार्टी की तरह वर्तमान में भाजपा सरकार का रिकार्ड भी न तो उल्लेखनीय और न ही सराहनीय माना जाएगा।

    मायावती ने आगे कहा कि वर्तमान की भाजपा सरकार का पिछले दस वर्षों का कार्यकाल अगर जनहित जनकल्याण, देशहित, समाजिक एवं धार्मिक सौहार्द, शांति व्यवस्था आदि के मामले में बेहतरीन होता तो सर्वसमाज के करोड़ों लोग आज जीवन के हर क्षेत्र में इतने परेशान व बदहाल कभी नहीं होतें। महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़पान आदि के तंग जीवन से गुजर रहे 80 करोड़ से अधिक मेहनतकश लोगों को थोड़े से सरकारी अनाज की मजबूरी व मोहताज जिंदगी को मजबूर होना पड़ता था।

    बसपा प्रमुख ने आगे कहा कि भाजपा सरकार अगर श्वेत पत्र के जरिए पिछली यूपीए सरका पर अर्थव्यवस्था को दस साल में बर्बाद करने का आरोप अगर सही भी है तो अब गड़े मुर्दें उखाड़ने का क्या लाभ है। वास्तव में अगर देखा जाये तो केंद्र में चाहे कांग्रेस की सरकार हो या फिर भाजपा की, देश के करोड़ो दलित, पिछड़े, मुस्लिम समाज के गरीबों, बेरोजगार युवाओं, किसानों, महिलाओं एवं मेहनतकश समाज का जीवन हर प्रकार से लाचार और मजबूर बना हुआ है। जिस तरह से ध्यान बांटने के लिए पार्टियां व वर्तमान की सरकारें लोगों को धार्मिक भावनाओं को भड़काने आदि का राजनितिक खेल लगातार खेलती रहती है जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

  • बिना समाजवाद के राम राज्य संभव नहीं : अखिलेश यादव

    बिना समाजवाद के राम राज्य संभव नहीं : अखिलेश यादव

    लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश और देश में राम राज्य की कल्पना को लेकर बुधवार रात एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा है कि जो समाजवाद है, वही रामराज्य है और बिना समाजवाद के रामराज्य संभव नहीं है।

    अखिलेश ने कहा कि अगर समानता की बात करना चाहते हैं तो समाजवादी सिद्धांत से बेहतर कोई सिद्धांत नहीं है। जिस समय समाज में गैर बराबरी खत्म हो जाएगी, जातियों का भेदभाव खत्म हो जाएगा, उसी दिन समाजवाद और राम राज्य का रास्ता खुल जाएगा।

  • लखनऊ में कई टन कॉपर और लाहे की डकैती का खुलासा, चार गिरफ्तार

    लखनऊ में कई टन कॉपर और लाहे की डकैती का खुलासा, चार गिरफ्तार

    लखनऊ। चिनहट थाना क्षेत्र में एक ट्रांसफार्मर फैक्टरी से कई टन कॉपर और लाहे की हुई डकैती का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया। पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माल भी बरामद कर लिया है।

    पुलिस उपायुक्त पूर्वी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि 27 जनवरी को डकैती की सूचना फैक्ट्री मालिक संजीव अग्रवाल से मिली थी। संजीव ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर आठ से दस बदमाश घुसे और असलहे के बल पर तीन कर्मचारियों को बंधक बनाकर आठ टन कॉपर उठा ले गए। इतनी बड़ी मात्रा में कॉपर को ले जाने के लिए डकैतों ने ट्रक का उपयोग किया होगा। कर्मचारियों ने मुझे जानकारी दी तो मैंने चिनहट पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अपनी कार्यवाही शुरु कर दी है।

    पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सूचना मिली कि चिनहट फैक्ट्री में हुई डकैती का माल कुछ लोग डीसीएम में भरकर बेचने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। बदमाशों को पकड़ने के लिए पीछा कर पुलिस को बरेली से 20 किलोमीटर पर डीसीएम दिखी। पुलिस जब बदमाशों के पास पहुंची तो चालक ने डीसीएम से उन्हें रौंदने का प्रयास किया, लेकिन किसी तरह खुद को बचाते हुए पुलिस कर्मियों ने डीसीएम समेत बदमाशों को फतेहगंज पश्चिमी बाईपास बरेली पर पकड़ लिया।

    गिरफ्तार किए गए बदमाशों में बरेली निवासी सलीम मियां, गुड्डू, अली हसन और नंद किशोर उर्फ सागर है। डीसीएम से 21 बोरी कॉपर, पांच बोरी लोहे की प्लेट, तमंचा मय कारतूस और घटना में प्रयुक्त डीसीएम भी बरामद किया है। माल की कीमत 40 लाख रुपये आंकी गयी है।

  • लखनऊ में सेवानिवृत्त डीएसपी ने गोली मारकर की खुदकुशी

    लखनऊ में सेवानिवृत्त डीएसपी ने गोली मारकर की खुदकुशी

    लखनऊ। राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में मंगलवार की शाम को पुलिस विभाग में डीएसपी पद से सेवानिवृत्त कैलाश चंद्र ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली। उनकी किडनी खराब थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

    भांजे अंशुल ने बताया कि 73 वर्षीय उसके मामा कैलाश चंद्र का डायलिसिस चल रहा था। मामी पुष्पा का बहुत पहले ही निधन हो चुका और मामा के इकलौते बेटे की बीते दिनों सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। वह किडनी रोग से बीमार चल रहे थे। उन्होंने मुझे गोद ले रखा था और मेरी शादी भी उन्होंने ही करायी थी। इसके बाद से हम पति-पत्नी मामा की देखभाल कर रहे थे।

    मंगलवार दोपहर को मामा कैलाश अपने घर में नहीं दिखे तो उनकी खोजबीन शुरू की गई। दूसरी मंजिल के कमरे में मामा का खून से सना शव और पास में ही उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर पड़ी मिली। भांजे ने बताया कि मामा ने एकाकी जीवन और अपनी बीमारी से त्रस्त होकर यह कदम उठाया है। फिलहाल गुडम्बा थाना की पुलिस ने घटनास्थ्ल की फॉरेंसिक जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

  • उप्र: नेपाल के प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल आनंदीबेन से की मुलाकात

    उप्र: नेपाल के प्रतिनिधि मंडल ने राज्यपाल आनंदीबेन से की मुलाकात

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मंगलवार को राजभवन में अंतर्राष्ट्रीय संबंध और पर्यटन पर नेपाली संसदीय समिति के अध्यक्ष राज किशोर यादव के नेतृत्व में 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की।

    इस अवसर पर राजभवन में नेपाल की संसदीय समिति के अध्यक्ष राज किशोर यादव और उनके साथ 11 सदस्यों का भारतीय परम्परानुसार स्वागत किया गया। राज्यपाल की ओर से समिति के सदस्यों को भेंट स्वरूप पुस्तक एवं प्रतीक चिह्न प्रदान किए गए।

    मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने प्रतिनिधि मण्डल से अपने विविध कार्यानुभव साझा किए। उन्होंने प्रतिनिधि मण्डल के प्रवास की जानकारी ली और बतौर मेंबर ऑफ पार्लियामेंट नेपाल में उनके कार्य दायित्वों के बारे में पूछा।

    राज्यपाल ने नेपाली संसदीय समिति के अध्यक्ष राज किशोर यादव से अपेक्षा की कि उत्तर प्रदेश के जिन विश्वविद्यालयों ने नेपाल के विश्वविद्यालयों के साथ एम.ओ.यू. किए हैं, वे विश्वविद्यालय परस्पर शैक्षणिक आदान-प्रदान, भाषाओं का शिक्षण, विद्यार्थियों के शैक्षणिक टूर को बढ़ावा प्रदान करें। उन्होंने दोनों देशों के सांस्कृतिक समागम को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

    प्रतिनिधि मण्डल के अध्यक्ष राजकिशोर यादव ने राज्यपाल को भेंट के लिए धन्यवाद दिया और उनके अनुभवों को साझा करने के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश तथा नेपाल के विश्वविद्यालयों के मध्य हुए एम.ओ.यू. के तहत शैक्षणिक गतिविधियां बढ़ाने को भी विशेष चर्चा बिंदु में रखा।

    उन्होंने कहा कि आज भारत पूरे विश्व में तेजी से प्रगति करते हुए देश के रूप में स्थापित है। नेपाल भी भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बढ़ता रहे और हमेशा भारत से जुड़ा रहे। उन्होंने नेपाल और भारत को साझा संस्कृति और विरासत वाला देश बताते हुए कहा कि नेपाल स्थित पशुपति नाथ मंदिर में दक्षिण भारत के पुजारी हैं तथा रामलला मंदिर, अयोध्या में नेपाल के पुजारी हैं, जो हमारी परस्पर सांस्कृतिक एकता की भव्यता है। इसी क्रम में उन्होंने राज्यपाल को नेपाल के सांस्कृतिक स्थलों के भ्रमण हेतु सादर आमंत्रित किया।