Category: लखनऊ

  • विद्युत कर्मचारियों ने शक्ति भवन का किया घेराव

    विद्युत कर्मचारियों ने शक्ति भवन का किया घेराव

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अंतर्गत विभिन्न इकाईयों से जुड़े कर्मचारी संगठनों ने संयुक्त रुप से शक्ति भवन का घेराव किया। कर्मचारियों ने घेराव में हड़ताल में हटाए गए बिजली कर्मचारियों की बहाली, एग्रीमेंट 18 हज़ार करने, ईपीएफ घोटाला जांच कराने, बिजली संविदा कर्मचारियों की नियुक्ति जैसे तमाम मुद्दों को उठाया।

    उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ के नेता दीपक देहाती ने कहा कि शक्ति भवन पर प्रदर्शन कर पुरानी मांगों को दोहराया गया है। विद्युत विभाग के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर मिले आश्वासन की एक अवधि बित जाने के बाद से आशा में है। अपनी आशा के साथ एक बार फिर से आवाज को अधिकारियों के कानों तक पहुंचायी गयी है।

    उन्होंने कहा कि ईपीएफ को दिये जाने के बजाव घोटाला किया गया। ईपीएफ के घोटाले की जांच के आदेश नहीं हो रहे है। जिससे कर्मचारियों को उनके अधिकार का ईपीएफ मिल सके। हमारे ढ़ेरों साथी अभी तक हड़ताल या प्रदर्शन करते हुए बर्खास्त किये गये और आज तक उन्हें बहाली नहीं मिली है। ऐसे सभी साथियों को तत्काल बहाल किया जाये।

    शक्ति भवन पर घेराव करने पहुंचें विद्युत कर्मचारियों की मांगों को सुनने के लिए अधिकारी अपने कक्ष से निकल कर आये। फिर कर्मचारियों ने उनकी एक ना सुनी और घेराव के दौरान नारेबाजी करते रहे। विद्युत कर्मचारियों पर खराब मौसम का भी कोई असर नहीं दिखा।

  • सेवानिवृत्त आईएएस से 83 लाख की धोखाधड़ी करने वाला नाईजीरियन नागरिक गिरफ्तार

    सेवानिवृत्त आईएएस से 83 लाख की धोखाधड़ी करने वाला नाईजीरियन नागरिक गिरफ्तार

    लखनऊ। साइबर अपराध की पुलिस टीम ने शनिवार को नाईजीरियन नागरिक को गिरफ्तार किया है। उसने एक कंपनी की फ्रेंजाईजी दिलाने के नाम पर रिटायर्ड आईएएस से 83 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।

    पीड़ित ने इस संबंध में 22 जनवरी को एक शिकायत साइबर क्राइम थाना में की थी। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति ने खुद को कंपनी का अधिकृत अधिकारी बताते हुए फ्रेंजाईजी दिलाने के नाम पर 83 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। मामले को संज्ञान में लेकर निरीक्षक बृजेश कुुमार यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए नाईजीरियन नागरिक को धर दबोचा।

    पूछताछ में उसने अपना नाम लवसन हमेसोवम चिनागोरोम मैक्सवेल बताते हुए स्टेट नाईजीरिया का रहने वाला बताया। वह अभी कुछ दिनों से दिल्ली के वैशाली कॉलोनी में रह रहा था। उसने अपना जूर्म स्वीकारते हुए बताया कि वे और उसके गिरोह के लोग विदेशी महिला का नाम और फोटो का लगाकर सोशल मीडिया के कई प्लेटफार्म पर आईडी बना ली जाती है। इसके जरिए वह वरिष्ठ नागरिकों से दोस्ती कर इंवेस्टमेंट और बिजनेस आदि चीजों के लिए झांसे में लेकर अपने सहयोगियों के साथ ट्रेप कर बड़ी धनराशि की ठगी की जाती है। नाईजीरियन नागरिक को गिरफ्तार कर साइबर क्राइम टीम उसके सहयोगी की तलाश में जुटी हुई है।

  • उप्र के लोगों को आवागमन सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी : दयाशंकर सिंह

    उप्र के लोगों को आवागमन सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी : दयाशंकर सिंह

    – 1540 नए मार्गों का परिवहन निगम के लिए फॉर्मूलेशन पूर्ण, चलेंगी डबल डेकर

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 1540 नए मार्गों पर परिवहन निगम ने फॉर्मूलेशन का कार्य पूर्ण कर लिया है। इस कार्य के पूरा होने से जल्द ही अब इन मार्गों पर आधुनिक तकनीक से सुसज्जित परिवहन निगम से अनुबन्धित मंजिली गाड़ियां (डबल डेकर) बसों सेवाओं का संचालन किया जाएगा। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने शनिवार को दी।

    परिवहन मंत्री ने बताया कि शासन की निगम को यह बड़ी सकारात्मक देन है। यह हमें अपनी सेवाओं के विस्तार करने व बस बेड़े के आकार में वृद्धि करने का सुअवसर प्रदान करती हैं। निगम के प्रयासों से निगम हित का यह बड़ा कार्य कई दशक बाद सिद्ध हुआ है। ये मार्ग अधिसूचित मार्गों के सदृश हैं, यह विशेष उपलब्धि है।

    दयाशंकर सिंह ने बताया कि इसके साथ ही हमारे सामने इन मार्गों पर निजी बसें अनुबन्धित कर सेवा देने का कार्य जल्द किया जायेगा। प्रत्येक स्तर पर एकीकृत व समेकित प्रयास एवं मनोयोग से कार्य करने पर ही यह कार्य फलीभूत हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य शासन की भी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने टेंडर निर्गत करने की तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।

    परिवहन मंत्री ने बताया कि उप्र की राजधानी लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बांदा, बरेली, बस्ती, गोंडा, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, मुरादाबाद, मिर्जापुर संभाग के विभिन्न मार्गों पर मंजिली गाड़ियां संचालित की जायेंगी। इससे एक ओर यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। दूसरी ओर परिवहन निगम को आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा।

    उल्लेखनीय है कि राज्यपाल ने मोटर यान अधिनियम, 1988 (अधिनियम संख्या 59, सन् 1988) की धारा 68 की उपधारा (3) के खण्ड (ग-क) के अधीन प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए नए मार्गों पर मंजिली गाड़ी (डबल डेकर) चलाने की अनुमति सहर्ष प्रदान कर दी है। उपरोक्त शासनादेश के माध्यम से 1540 मार्गों का परिवहन निगम के लिए फॉर्मूलेशन पूर्ण हो गया है।

  • उप्र बजट सत्र : विधायकों के निधन पर शोक प्रस्ताव, विधान सभा 5 फरवरी तक स्थगित

    -पांच फरवरी को सुबह योगी कैबिनेट की बैठक के बाद पूर्वाह्न 11 बजे विधान सभा में पेश होगा बजट

    लखनऊ। उप्र विधान मण्डल का बजट सत्र के दूसरे दिन शनिवार को विधान सभा में दो विधायक और छह पूर्व विधायकों के निधन पर नेता सदन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री समेत सभी दलीय नेताओं और विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। अंत में पूरे सदन ने मौन रखकर अपनी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के प्रति व्यक्त की। इसके साथ ही सदन की कार्यवाही सोमवार की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।

    शोक प्रस्ताव रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारे बीच के वरिष्ठ सदस्य मानवेन्द्र सिंह दो बार विधानसभा सदस्य के रूप में चुने गए। 2017 में पहली बार विधान सभा पहुंचे। 2022 में भी वह चुनकर आए। वह छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रहे। नेता सदन ने कहा कि वह विधान सभा की विभिन्न कमेटियों में भी रहे हैं। वह जिला पंचायत अध्यक्ष शाहजहांपुर भी रहे। प्रदेश और हमारी पार्टी की अपूरणीय क्षति हुई है। उनकी कमी सदैव बनी रहेगी। उनके परिवार के प्रति अपनी एवं सदन की ओर से शोक संवेदना व्यक्त करते हैं। पीठ से आग्रह है कि उनकी संवेदनाएं शाेक संतप्त परिवार तक प्रेषित की जांए।

    इसके बाद मुख्यमंत्री ने बलरामपुर के गैसड़ी से विधायक शिवप्रताप यादव (73) के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह शिक्षक के रूप में अपने जीवन का शुभारंभ किया। समाज सेवा के क्षेत्र में उन्होंने बढ़चढ़कर कार्य किया। शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता के लिए शिव प्रताप यादव ने पूरे जीवन कार्य किया। उनके जाने से हम सब ने एक अच्छा राजनीतिक और समाज सेवी खो दिया है।

    नेता सदन ने पूर्व विधायकों आजमगढ़ के मोबीन अहमद आजमी, आगरा के सतीश चंद्र, बहराइच के जटाशंकर सिंह, लखनऊ के मो. इरशाद खां, सिटी मांटेसरी स्कूल लखनऊ के संस्थापक अलीगढ़ के जगदीश गांधी और मुजफ्फर नगर के डॉ. सुरेश संगल के निधन पर शोक संवेदनाए व्यक्त कीं।

    नेता सदन के बाद मुख्य विपक्ष दल के नेता मनोज पांडेय ने भी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए अपूर्णीय क्षति बताया। साथ ही पीठ से शोकाकुल परिवार तक अपनी संवेदनाएं भेजने का आग्रह किया। इसके अलावा विधान सभा में कांग्रेस की नेता विधान मण्डल दल आराधाना मिश्रा मोना, सुभासपा के नेता ओम प्रकाश राजभर, जनसत्ता दल के नेता रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया समेत अन्य दलीय नेताओं ने नेता सदन के बयान से खुद को संबद्ध करते हुए शोक व्यक्त किया। अंत में विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शोकसंवेदनाएं व्यक्त कीं और दो मिनट का मौन रखने के उपरांत सोमवार पांच फरवरी की सुबह 11 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गयी।

    पांच फरवरी को योगी सरकार पेश करेगी बजट

    उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पांच फरवरी को बजट पेश करेगी। बजट पेश करने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को लोकभवन में कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री योगी, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना विधान सभा पहुंचेंगे। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही वित्त मंत्री वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बजट प्रस्तुत करेंगे। योगी सरकार उप्र के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश करेगी।

  • भाजपा सरकार में जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो : अखिलेश यादव

    भाजपा सरकार में जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो : अखिलेश यादव

    लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा है कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था जीरो है। अपराध चरम पर है। भाजपा सरकार में जगह-जगह हत्याएं हो रही है। कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है। अन्याय, अत्याचार, महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। पूरे प्रदेश में लूट मची है। इतना लूट और भ्रष्टाचार यूपी में कभी नहीं रहा है। भाजपा की डबल इंजन सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार कम नहीं हुआ। अन्याय, अत्याचार चरम पर है।

    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों से जो वादे किये थे पूरे नहीं हुए। किसान दुःखी है। भाजपा सरकार झूठे आंकड़े देती है। यह सरकार झूठ बोलने में नम्बर एक है। प्रदेश में कहीं भी निवेश नहीं हो रहा है। किसी जिले में निवेश दिखाई नहीं दे रहा है। भाजपा सरकार के दावे झूठे हैं। निवेश जीरो है। नौजवानों के लिए नौकरी, रोजगार नहीं है। घर-घर पढ़ा-लिखा नौजवान, बेरोजगार बैठा है। गांव में 90 फीसदी नौजवान बेरोजगार है। हालत यह है कि नौकरी रोजगार के लिए नौजवानों को युद्धग्रस्त देश इजरायल जाना पड़ रहा है। वहां अभी भी हालत ठीक नहीं है। भाजपा सरकार पीडीए के अधिकार छीन रही है। पीडीए को अपमानित कर रही है।

    भाजपा के अन्याय, अत्याचार के खिलाफ पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, पीड़ित अगड़े और आदिवासियों में आक्रोश है। पीडीए एकजुट हो रहा है जिसके कारण भाजपा डरी हुई है। इसीलिए भाजपा यूपी में एक के अलावा अपने सभी सांसदों के टिकट काटने जा रही है। जिसका टिकट नहीं कट रहा है वो भी सीट बदलने की तैयारी में है। समाजवादी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। लोकसभा चुनाव में पीडीए भाजपा के एनडीए को हरायेगा। भाजपा की डबल इंजन सरकार से जनता नाराज है। जनता 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया कर देगी।

  • लखनऊ में जमीन की पैमाईश को लेकर बेटे संग दंपति की गोली मारकर हत्या

    लखनऊ में जमीन की पैमाईश को लेकर बेटे संग दंपति की गोली मारकर हत्या

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को जमीन के पैमाइश के विवाद में चचेरे भाई ने भाई, उसकी पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी है। हत्या के बाद से आरोपित फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें नाकाबंदी करके दबिश दे रही है।

    मोहम्मदनगर के रहमतनगर में रहने वाले मुनीर (45) का गांव से एक किलोमीटर दूर मीठे नगर में तीन बीघे की जमीन को लेकर दुबग्गा निवासी आरोपी लल्लन खां (75) का विवाद चल रहा था। परिवार की पीड़ित फरीद खां ने बताया कि लल्लन ने इस जमीन पर अपना कब्जा जमाया हुआ था। इस जमीन की पैमाइश के लिए मुनीर की ओर से मलिहाबाद तहसील में वाद दायर हुआ था। शुक्रवार को जमीन की पैमाइश के लिए लेखपाल आने वाले थे। यह बात लल्लन को नागवार गुजरी और शु्क्रवार को वह अपने बेटे फराज के साथ घर आ धमके। दोनों में बातचीत के दौरान गाली-गलौज शुरू हो गयी और विवाद होने लगा। शोर शराबा सुनकर मुनीर की पत्नी फरहीन और बेटा हंजला आया और बीच-बचाव शुरू कर दिया। इस दौरान लल्लन ने लोडेड राइफल से ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए मुनीर, उसकी पत्नी और बेटे को मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद हत्यारोपित पिता-पुत्र भाग गये।

    यह पूरी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस के अधिकारी पहुंच गये। डीसीपी पश्चिम राहुल राज भी पहुंच गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल फरीद को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भर्ती कराया गया है। घटना के बाद फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई है।

  • प्रत्येक जिले में सम्मेलन कर एनजीओ प्रमुखों से सम्पर्क साधेगी भाजपा

    प्रत्येक जिले में सम्मेलन कर एनजीओ प्रमुखों से सम्पर्क साधेगी भाजपा

    लखनऊ,। भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी का जनधार बढ़ाने व मोदी सरकार की योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए एनजीओ की मद्द लेगी। इसके लिए 12 से 21 फरवरी तक प्रदेश के सभी मण्डलों में सक्रिय स्वयं सहायता समूह व एनजीओ से जुड़ी बहनों से व्यक्तिगत सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद भाजपा 25 व 26 फरवरी को प्रत्येक जिले में एनजीओ के प्रमुखों का सम्मेलन आयोजित करेगी।

    भाजपा द्वारा शक्ति वंदन अभियान के अंर्तगत स्वयं सहायता समूह एवं एनजीओ सम्पर्क अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला शुक्रवार को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में सम्पन्न हुई। भाजपा की पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री विजया रहाटकर ने कार्यशाला में उपस्थित प्रतिनिधियोें के समक्ष विस्तार पूर्वक पूरे अभियान की चर्चा की।

    विजया रहाटकर ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि महिला कल्याण और उनके सशक्तिकरण के लक्ष्यों को पूरा करने में महिला स्वयं सहायता समूहों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हैं उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सांसद से लेकर पार्षद को सक्रिय रहकर सफल बनाना है। शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों एवं एनजीओ सम्पर्क अभियान सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए महिलाओं को पार्टी से जोड़ने वाला महाअभियान है।

    पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप आत्मनिर्भर बनाने का पवित्र काम हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पास होना महिला सशक्तिकरण का एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से हमें पार्टी संगठन की योेजनानुसार बड़ी संख्या में महिलाओं को पार्टी संगठन से जोड़ते हुए उन्हें सक्रिय करने का काम करना है।

    प्रत्येक जिले में एनजीओ के प्रमुखों का होगा सम्मेलन

    पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि 10 फरवरी को जिला स्तर पर शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित कर जिले में काम करने वाली स्वयं सहायता समूह और एनजीओ के अध्यक्ष और सचिव सहित अन्य पदाधिकारियों से सम्पर्क संवाद कर चर्चा करना है। 11 व 12 फरवरी को विधानसभा स्तर पर शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किये जायेंगे। 12 से 21 फरवरी तक मण्डल में सक्रिय स्वयं सहायता समूह व एनजीओ से जुड़ी बहनों से व्यक्तिगत सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में 25 व 26 फरवरी को प्रत्येक जिले में एनजीओ के प्रमुखों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

    कार्यशाला का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य ने किया। कार्यशाला में क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अभियान की टोली व जिला अभियान की टोली के सदस्य सम्मिलित हुए।

  • यूपी बोर्ड परीक्षा : केंद्र व्यवस्थापकों को मास्टर्स ट्रेनर दे रहे प्रशिक्षण

    यूपी बोर्ड परीक्षा : केंद्र व्यवस्थापकों को मास्टर्स ट्रेनर दे रहे प्रशिक्षण

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षाओं को लेकर एक बार फिर योगी सरकार ने कमर कस ली है। पिछले वर्ष की तरह ही इस बार भी लक्ष्य नकलविहीन परीक्षाओं का आयोजन कराना है। इसके लिए पुरानी व्यवस्थाओं के साथ-साथ नवीन पहल भी की जा रही है। इसी क्रम में इस बार केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षाओं की समुचित व्यवस्था देखने के लिए मास्टर्स ट्रेनर्स के माध्यम से ट्रेन्ड किया जा रहा है।

    बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षाओं से जुड़ी एक से एक बारीक बातों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि परीक्षा में किसी तरह की त्रुटि न हो। उल्लेखनीय है कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू हो रही हैं, जो 09 मार्च तक चलेंगी। इस बार हाईस्कूल में 29,47,325 और इंटरमीडिएट में 25,77,965 कुल 55,25,290 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। वहीं बोर्ड की ओर से प्रदेश भर में कुल 8265 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें राजकीय परीक्षा केंद्रों की संख्या 566 है। सवित्त परीक्षा केंद्र 3479 और वित्तविहीन 4220 परीक्षा केंद्र हैं।

    प्रत्येक जनपद में तीन मास्टर ट्रेनर्स दे रहे ट्रेनिंग

    सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में यह प्रशिक्षण कार्य चल रहा है। प्रत्येक जिले के लिए तीन मास्टर्स ट्रेनर्स की नियुक्ति की गई है, जो ऑडियो-वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षाओं से संबंधित हर बारीक जानकारी मुहैया करा रहे हैं। इसमें उन्हें नकल रोकने, व्यवस्था बनाए रखने, प्रश्नपत्रों की सिक्योरिटी, उत्तर पुस्तिकाओं की देखरेख समेत अन्य सभी महत्वपूर्ण विषयों के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है।

    कक्ष निरीक्षकों को मिलेगा कंप्यूटराइज्ड आईडी

    उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त इस बार कुछ और नई व्यवस्थाएं लागू की जा रही है। इनमें पहली बार उत्तर पुस्तिकाओं में सुरक्षात्मक क्यूआर कोड, लोगो, कवर पेज पर उनकी कोडिंग की गई है, जबकि पेज नंबर के साथ-साथ इस बार पिछले वर्ष में उपयोग किए गए कलर्स से अलग चार कलर्स में इन्हें पब्लिश कराया गया है। इसके अलावा पहली बार कक्ष निरीक्षकों के लिए एक सुरक्षित क्यूआर कोड भी जारी किया जा रहा है। साथ ही इस बार उन्हें क्रमांक युक्त कंप्यूटराइज्ड परिचय पत्र भी प्रदान किया जा रहा है, जिससे कक्ष निरीक्षकों के साथ समन्वय स्थापित करने में आसानी होगी।

  • उप्र : 21 फरवरी तक भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव का आगाज, 1.59 करोड़ रुपये स्वीकृत

    उप्र : 21 फरवरी तक भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव का आगाज, 1.59 करोड़ रुपये स्वीकृत

    भारत-नेपाल सीमावर्ती जनपद में आयोजित होगा महोत्सव, 1000 कलाकारों को मिलेगा रोजगार

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश के भारत-नेपाल सीमावर्ती जनपद में योगी सरकार की ओर से भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव-2023 का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए संस्कृति विभाग की ओर से एक करोड़ 59 लाख 96 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। महोत्सव से लगभग 1000 कलाकारों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

    पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि सीमावर्ती आठ जनपदों में महोत्सव के भव्य आयोजन के लिए संस्कृति विभाग उप्र की ओर से तिथियां निर्धारित कर दी गई है। जिला प्रशासन एवं सहयोगी संस्थाओं से विचार-विमर्श के बाद कार्यक्रम की तिथियों में परिवर्तन की अनुमति दी जा सकती है। पर्यटन मंत्री ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार एक से तीन फरवरी तक सिद्धार्थ विश्वविद्यालय सिद्धार्थनगर में महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार पांच व छह फरवरी को जवाहर लाल नेहरू पीजी कालेज महराजगंज, आठ फरवरी को बुद्ध पीजी महाविद्यालय कुशीनगर व 10-11 फरवरी को राजकीय एमएलके महाविद्यालय बलरामपुर में महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

    13 फरवरी को सत्यनारायण उच्च शिक्षण संस्थान तुलसीपुर श्रावस्ती, 15-16 फरवरी लार्डबुद्धा इंटर कालेज बहराइच, 18 फरवरी को राजकीय एकलव्य आश्रम पद्धति इंटर कालेज लखीमपुर खीरी व 20-21 फरवरी को राजकीय एलबीएस महाविद्यालय/बेनहर इंटर कालेज/गांधी स्टेडियम प्रेक्षागृह पीलीभीत में महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

  • आईपीएस प्रशांत कुमार उप्र के कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किए गए

    आईपीएस प्रशांत कुमार उप्र के कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किए गए

    लखनऊ। राज्य सरकार ने स्पेशल डीजी (कानून एवं व्यवस्था) प्रशांत कुमार को कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक के पद पर नियुक्ति किया है। पुलिस महानिदेशक विजय कुमार बुधवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी जगह पर प्रशांत कुमार को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

    प्रशांत कुमार 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी है। उनका कार्यकाल मई 2025 तक है। उन्हें खासतौर पर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जाना जाता है। इसी कारण योगी सरकार में उन्हें बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनको 26 जनवरी को चौथी बार गैलेंट्री मेडल से सम्मानित किया गया था।

    बिहार के सिवान जिले के रहने वाले प्रशांत कुमार 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने 300 से ज्यादा दुर्दांत अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया है। इसके अलावा प्रशांत कुमार ने 4 साल तक तमिलनाडु कैडर में पुलिस सेवा की। इसके बाद 1994 में प्रशांत कुमार उत्तर प्रदेश आईपीएस कैडर में आ गए। वीरता के लिए प्रशांत कुमार कई अहम पदक से भी सम्मानित हुए हैं। कावड़ियों पर पुष्पवर्षा करने के लिए वो काफी सुर्खियों में रहे हैं।