Category: लखनऊ

  • झांसी में नकली शराब की फैक्ट्री पकड़े जाने पर आबकारी निरीक्षक निलंबित

    झांसी में नकली शराब की फैक्ट्री पकड़े जाने पर आबकारी निरीक्षक निलंबित

    लखनऊ, । आबकारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने झांसी के प्रेम नगर में नकली शराब फैक्ट्री पकड़े जाने पर आबकरी निरीक्षक शिशुपाल सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया है।

    नितिन ने नकली शराब फैक्ट्री मामले में निर्देश दिए कि तत्कालीन जिला आबकारी अधिकारी प्रमोद गोयल व वर्तमान उप आबकारी आयुक्त सुभाष चंद्र सोनकर से पूरी घटना पर स्पष्टीकरण दे। आबकारी विभाग में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। विभाग में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही, भ्रष्टाचार किसी भी दशा में क्षम्य नहीं होगा।

    आबकारी मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में होली का त्योहार है, सभी जिलों के आबकारी अधिकारी व आबकारी निरीक्षक सतर्कता के साथ अपने जनपद में सघन प्रवर्तन अभियान चलाएं। किसी भी प्रकार की अप्रिय सूचना पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कारवाई की जायेगी।

  • जेल में बंद संजय सिंह की पत्नी अनीता ने सम्भाली चुनाव की कमान

    जेल में बंद संजय सिंह की पत्नी अनीता ने सम्भाली चुनाव की कमान

    लखनऊ,। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश में बड़े चेहरे रहे संजय सिंह के जेल में बंद होने के बाद उनकी पत्नी अनीता सिंह ने लोकसभा चुनाव की कमान सम्भाली है। नई दिल्ली से मुख्य सचेतक बन कर आये दिलीप पाण्डेय के साथ अनीता सिंह ने प्रदेश कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ चुनाव रणनीति पर बैठक की।

    लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवारों को खड़ा करने के लिए विचार कर रही है। ऐसे में प्रदेश के सभी प्रांत अध्यक्ष, सभी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, समस्त जिलाध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारियों को बुधवार को पत्रकारपुरम स्थित प्रदेश कार्यालय पर बुलाया गया। इस बैठक को दिलीप पाण्डेय, प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत, संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने संबोधित किया।

    अनीता सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि एक के बाद एक हमले हो रहे हैं। देश में जो भी आवाज उठा रहा है, उसके विरुद्ध ईडी, सीबीआई की कार्यवाही शुरू हो जा रही है। ऐसे में आम आदमी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारने की सोच रही है। जो आम लोगों के लिए लड़ाई लड़े। जिस भी कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने की इच्छा हो, वे सभी आवेदन करें। समाज से भी जो टिकट मांगेंगे, उनका पूरा सम्मान किया जायेगा।

  • अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य विभाग में अधिकारी के छापेमारी को सराहा, भाजपा पर निशाना साधा

    अखिलेश यादव ने स्वास्थ्य विभाग में अधिकारी के छापेमारी को सराहा, भाजपा पर निशाना साधा

    लखनऊ,। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर मंगलवार पोस्ट फिरोजाबाद में महिला अधिकारी के अस्पताल में निरीक्षण की कार्रवाई की जमकर तारीफ की है। वहीं उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ विभाग के मंत्री ब्रजेश पाठक के साथ भाजपा सरकार पर तंज कसा है।

    अखिलेश यादव ने पोस्ट में लिखा कि स्वयं घूँघट में जाकर, उप्र की चिकित्सा व्यवस्था पर पड़ा परदा उठाकर सच्चाई दिखाने वाली साहसी महिला अधिकारी को संभलकर रहना होगा, नहीं तो इस डॉक्टर-दवाई के बिना चलने वाली उप्र की बीमारू चिकित्सा व्यवस्था के गोरखधंधे के खुलासे से शर्मसार हुई भाजपा सरकार कहीं ज्ञानवर्धन के बहाने उनको अध्ययन हेतु विदेश ही न भेज दे।

    सुना है इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य मंत्री ‘अस्वस्थ-अवस्था’ में हैं। अब एक्सपायरी डेट की दवाई से रोगी को ठीक करने की जुमांटी (जुमला गारंटी) देने वाली भाजपा सरकार की भी एक्सपायर डेट निकट आ गयी है।

    उल्लेखनीय है कि फिरोजाबाद जनपद में तैनात 2021 बैच की महिला आईएएस अधिकारी कृर्ति राज ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर घूंघट में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब औचक निरीक्षण करने पहुंच गईं। निरीक्षण के लिए ज्वांइट मजिस्ट्रेट घूंघट में मरीज बनकर पहुंची थीं। उन्होंने आम मरीजों की तरह लाइन में लगकर पर्चा बनवाया और फिर डॉक्टर को दिखाने के लिए कतार में लग गईं। डॉक्टर का बर्ताव ठीक नहीं था और स्वास्थ्य केंद्र में दवाईयां एक्सपायरी मिलने के साथ-साथ कई खामियां मिलीं। अधिकारी की इस कार्रवाई की काफी चर्चा हो रही है।

  • उप्र में स्वास्थ्य सेवाएं चौपट, गरीबों को नहीं मिल रहा अस्पतालों में इलाज : अखिलेश यादव

    उप्र में स्वास्थ्य सेवाएं चौपट, गरीबों को नहीं मिल रहा अस्पतालों में इलाज : अखिलेश यादव

    लखनऊ, उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से चौपट है। भाजपा सरकार में इलाज नहीं मिलने से लोग तड़प-तड़प कर मरने को विवश हैं। अस्पतालों में स्टॉफ की कमी के चलते मरीजों को न दवा मिल पा रही हैं और न हीं इलाज हो पा रहा है। मौसम परिवर्तन के कारण जनता मलेरिया बुखार, टाईफाइड, डेंगू आदि अनेक बीमारियों से परेशान है। स्वास्थ्य सेवाएं वेंटिलेटर पर हैं।

    यह बातें समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को पत्र जारी कर कही।

    अखिलेश ने भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कहा कि सुल्तानपुर में गर्भवती महिला को एम्बुलेंस न मिलने से पिकअप डाले में ले जाना पड़ा, जिससे सीएचसी केन्द्र पहुंचते ही प्रसव हो गया। कभी गवर्नर हाउस के सामने तो कभी अस्पतालों के बाहर गेट पर और गाड़ियों पर प्रसव हो रहे हैं। महिला अस्पतालों में तो अक्सर डॉक्टर रात में अपनी ड्यूटी पर ही नहीं मिलते हैं।

    अब तो हालात इतने बिगड़ गए हैं कि उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों को भी गैरसरकारी अस्पताल मानने को तैयार नहीं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत निजी अल्ट्रासाउंड केन्द्र गर्भवती की मुफ्त जांच के लिए राजी नहीं है। लखनऊ शहर में करीब 200 निजी केन्द्रों पर गर्भवती का अल्ट्रासाउंड होता है। 140 केन्द्र सरकार की योजना में शामिल नहीं हुए हैं।

    जनता के स्वास्थ्य की राज्य सरकार को कितनी परवाह है, इससे स्पष्ट है कि डॉ0 राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में चिकित्सा शिक्षकों के 300 पदों पर भर्ती होनी है। पीजीआई में 1803 पदों पर और सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान में 93 विशेषज्ञ शिक्षकों की भर्ती होनी है।

    भाजपा सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल यूनिवर्सिटी बना तो दी पर अभी तक उस यूनिवर्सिटी का विस्तार नहीं हो सका है। आज भी अटल बिहारी मेडिकल यूनिवर्सिटी डॉ0 राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के 9वें मंजिल पर गोमतीनगर लखनऊ में चल रही है।

    समाजवादी सरकार में एक रूपये के पर्चे पर गंभीर रोगों हार्ट, किडनी, कैंसर, लीवर आदि का भी मुफ्त इलाज हो जाता था। प्रसूताओं को अस्पताल लाने-ले जाने के लिए 102 और सड़क दुर्घटना में घायलों के लिए 108 डायल एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई थी। भाजपा सरकार में इन एम्बुलेंस सेवाओं की हालत खस्ता है। घंटों इंतजार करने के बाद भी मरीजों, घायलों को एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाती है।

    अखिलेश यादव ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग को समुचित बजट न मिलने और भ्रष्टाचार के चलते बहुत सारी दिक्कतों का सामना मरीजों को करना पड़ रहा है। सरकार हमेशा चुनावी मोड में रहती है, इसलिए जनता के स्वास्थ्य की परवाह न करके उन्हें भगवान भरोसे छोड़ दिया है। जनता महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार से परेशान है। अब जनता के सामने एक ही विकल्प बचा है कि वह 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को केन्द्र की सत्ता से हटाकर अपनी जान बचा लें।

  • मुख्यमंत्री योगी ने नए मंत्रियों को विभाग आवंटित किए

    मुख्यमंत्री योगी ने नए मंत्रियों को विभाग आवंटित किए

    लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शपथ लेने वाले पांच नए मंत्रियों को मंगलवार को विभागों का आवंटन कर दिया। इन मंत्रियों को 05 मार्च को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई थी।

    राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओमप्रकाश राजभर को पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग दिया गया है। दारा सिंह को कारागार विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गाजियाबाद के साहिबाबाद से भाजपा विधायक सुनील शर्मा को सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग का मंत्री बनाया गया है। भाजपा की सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय लोकदल के अनिल कुमार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय मिला है। धर्मवीर प्रजापति को नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड विभाग मिला है।

  • सीएए को लेकर उप्र के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की चौकसी बरकार : पुलिस महानिदेशक

    सीएए को लेकर उप्र के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की चौकसी बरकार : पुलिस महानिदेशक

    लखनऊ,। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को देशभर में लागू कर दिया गया है। इस बीच उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने पूरे यूपी में अलर्ट घोषित किया है।

    डीजीपी ने मंगलवार को जारी अपने बयान में कहा है कि सीएए को लेकर लगातार यह संभावनाएं जतायी जा रही थी कि जल्द ही सरकार इसे लागू कर देगी। इसको लेकर हम पहले से तैयारी की थी और पुलिस अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया था।

    उन्होंने कहा कि मैं यह पुन: स्पष्ट करना चाहूंगा कि सीएए एक ऐसा रूल है कि जिसके साथ किसी की नागरिकता जानी नहीं है। बल्कि ऐसे लोग हैं जो पड़ोसी देशों से धार्मिक कारणों से परेशान होकर भारत आये हैं उन्हें नगारिकता दी जाएगी। उनकी संख्या भी कम है और इसका व्यापक असर भी दिख रहा है। सभी धार्मिक नेताओं ने अपनी सकरात्मक बयान दिया है।

    उन्होंने कहा कि जहां कानून व्यवस्था की बात है तो इसके लिए व्यापक इंतजाम किया गया है। 179 कंपनी पीएसी, 100 सीएपीएफ भी मिली है चुनाव दृष्टिगत हम उसका भी उपयोग कर रह हैं। इसके अलावा जितने भी तकनीकि संसाधन है, सीसीटीवी कैमरे, टूल कैमरा आदि अन्य तैयारियां जो संवेदनशील प्रकरणों को लेकर की जाती है वो सब की है। अभी तक कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं है। हमारे सभी अधिकारी प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस के लोग सभी धार्मिक गुरू, समितियों के साथ बैठक कर सुलझा लेंगे।

    उन्होंने कहा कि सीएए को लेकर जहां पहले दिक्कतें हुई थी वहां पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है। कहीं से भी कोई भी व्यक्ति गड़बड़ करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय से सभी बिन्दुओं पर नजर रखी जा रही है।

  • उप्र : बसपा और कांग्रेस को हांसिए पर ला चुकी भाजपा, इस बार सपा के वोट में सेंध की लगा रही जुगत

    उप्र : बसपा और कांग्रेस को हांसिए पर ला चुकी भाजपा, इस बार सपा के वोट में सेंध की लगा रही जुगत

    लखनऊ, । 2009 तक उप्र का विधानसभा चुनाव हो या लोकसभा का चुनाव सपा और बसपा ही एक दशक से प्रमुख पार्टियां हुआ करती थी। कांग्रेस और भाजपा के मत एक समान हुआ थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने के बाद कांग्रेस पूरे प्रदेश से साफ हो गयी। बसपा भी घटती ही गयी, अब उसके उठने के इस चुनाव में भी कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। कांग्रेस और बसपा के वोट भाजपा में सिफ्ट होते चले गये। अब इस बार सपा के परंपरागत वोट में सेंध लगाने की तैयारी भाजपा कर रही है। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव को बनाकर और उनकी गतिविधियों को उप्र में बढ़ाते हुए भाजपा ने इसका संकेत दे दिया है।

    उप्र में 2009 तक जहां कांग्रेस का मत भाजपा के आस-पास हुआ करता था। सपा और बसपा लोकसभा चुनाव में भी प्रमुख पार्टियां थीं। वहीं आज कांग्रेस और बसपा निचले पायदान पर हैं। 2009 में 18.25 प्रतिशत मत पाकर 21 सीटों पर कब्जा जमाने वाली कांग्रेस 2019 में मात्र 6.36 प्रतिशत मत पाकर एक सीट पर सिमट गयी। वहीं 2009 में 20.27 प्रतिशत वोट पाकर मात्र 10 सीट जीतने वाली भाजपा 2019 में 49.56 प्रतिशत मत पाकर 62 सीटों पर अपने दम पर कब्जा जमाया। उसकी सहयोगी पार्टी अपना दल ने भी दो सीटें जीतीं।

    बसपा का 2009 में 27.42 प्रतिशत मत था। वहीं 2019 में उसको 19.43 प्रतिशत मत मिले थे। 2019 में उसका समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन था, लेकिन 2014 में भी अपने दम पर लड़ने पर भी मायावती ने 19.60 प्रतिशत मत थे। 2014 में एक भी सीट बसपा ने नहीं जीता था, जबकि 2019 में गठबंधन की स्थिति में बसपा ने 10 सीट जीते थे। इस तरह से 2009 में 23.26 प्रतिशत मत पाने वाली सपा को 2019 में 18.11 मत पायी। 2014 में अकेले चुनाव लड़ने पर भी उसको 22.20 प्रतिशत मत ही मिले थे, जबकि उसको पांच सीटों पर जीत मिली थी।

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने के बाद पूरा विपक्ष जैसे-जैसे भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की कोशिश की। वैसे-वैसे मतदाताओं का रुझान भाजपा की तरफ बढ़ता गया। इसमें सबसे ज्यादा बसपा को नुकसान हुआ और कांग्रेस का वोट लगतार भाजपा की तरफ खिसकता गया। अभी तक सपा का वोट सिफ्टिंग भाजपा की तरफ होता नहीं दिख रहा था, लेकिन इस बार मोहन यादव के बहाने सपा के परंपरागत वोट काटने की जुगत में लग गयी है।

    2004 के लोकसभा चुनाव में उप्र में पार्टियों के वोट शेयर पर नजर दौड़ाएं से प्रदेश में सबसे ज्यादा समाजवादी पार्टी को वोट मिले थे। 26.74 प्रतिशत मत पाकर समाजवादी पार्टी प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। वहीं बसपा को 24.67 प्रतिशत मिले थे, जबकि भाजपा को 22.17 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को 12.04 प्रतिशत मिले थे। आरएलडी 4.49 प्रतिशत वोट मिले थे। 2004 के बाद से ही सपा पुन: उभर नहीं सकी। हालांकि उसके परंपरागत वोट शेयर कभी नहीं खिसके। अब उसी वोट को खिसकाने के प्रयास में भाजपा लगी है।

  • उप्र को तीन नई वंदे भारत की सौगात, एक को विस्तार, मुख्यमंत्री योगी ने जताया आभार

    उप्र को तीन नई वंदे भारत की सौगात, एक को विस्तार, मुख्यमंत्री योगी ने जताया आभार

    -पीएम मोदी ने लखनऊ-देहरादून, पटना-लखनऊ और रांची-वाराणसी के लिए 3 नई वंदे भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

    लखनऊ,। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से भारतीय रेलवे की 85 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लखनऊ में अपने सरकारी आवास से वर्चुअली इस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

    मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश में तीन नई वंदे भारत ट्रेनें शुरू करने के साथ ही लखनऊ-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन को प्रयागराज तक विस्तार देने के लिए पीएम मोदी का आभार जताया। उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी ने देश को 10 नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात दी है। इनमें पीएम ने लखनऊ-देहरादून, पटना-लखनऊ और रांची-वाराणसी के लिए भी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वहीं, गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस का एक्सटेंशन प्रयागराज तक किया गया है।

    परियोजनाओं की शुरुआत पर मुख्यमंत्री योगी ने जताई खुशी

    मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी का आभार जताते हुए लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज राष्ट्र के विकास को रफ्तार देतीं 85 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न रेल परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से सहभाग किया।

    इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने पटना-लखनऊ, लखनऊ-देहरादून, रांची-वाराणसी सहित देश के लिए 10 नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के शुभारंभ के साथ ही गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को प्रयागराज तक विस्तार प्रदान किया। देश में माल परिवहन की सुगमता के लिए डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की माल गाड़ियों को हरी झंडी भी दिखाई। ‘विकसित भारत’ के नवनिर्माण को विस्तार देतीं इन सौगातों के लिए प्रधानमंत्री जी का आभार।’ माना जा रहा है कि पीएम द्वारा यूपी के लिए रेलवे से संबंधित शुरू की गईं इन परियोजनाओं से प्रदेश के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़ने से इन स्थानों पर यात्री अब और अधिक सुविधा के साथ अपने गंतव्य को पहुंच सकेंगे।

    पीएम मोदी ने कुंभ और अयोध्या का भी किया जिक्र

    कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज विकसित भारत की दिशा में देश ने एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। इस कार्यक्रम में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है। इसमें भी 85 हजार करोड़ रुपये से अधिक के सिर्फ रेलवे के प्रोजेक्ट देश को मिले हैं। पीएम मोदी ने कहा कि जनभावनाओं का ध्यान रखते हुए केंद्र सरकार वंदे भारत ट्रेनों की संख्या के साथ ही इनके रूट का भी विस्तार कर रही है। इसी क्रम में गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस अब प्रयागराज तक जाएगी।

    उन्होंने साथ ही ये भी कहा कि इस बार तो कुंभ का मेला होने वाला है तो इसका और भी महत्व बढ़ जाएगा। इसके अलावा पीएम मोदी ने अयोध्या जा रही आस्था स्पेशल ट्रेनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विरासत भी और विकास भी के मंत्र को आत्मसात करते हुए आस्था से जुड़े हुए पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है। आज देश में रामायण सर्किट, गुरुकृपा सर्किट, जैन यात्रा पर भारत गौरव ट्रेनें चल रही हैं। यही नहीं, आस्था स्पेशल ट्रेनें तो देश भर से रामभक्तों को अयोध्या तक ले जा रही हैं। अब तक करीब 350 आस्था ट्रेनें चली हैं और इनके माध्यम से 4.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने श्रीराम लला के दर्शन किए हैं।

  • नगरों के विकास से नागरिकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं : ए.के. शर्मा

    नगरों के विकास से नागरिकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं : ए.के. शर्मा

    लखनऊ, । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ ही उत्तर प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में विकास कार्यों को धरातल पर लाने के लिए तेजी से कार्य हो रहा है। नगरों के समृद्ध विकास के साथ ही नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिले, उनके जीवनस्तर में सुधार हो, इसके लिए योगी सरकार संकल्पित है। इसी दृष्टि से नगर विकास विभाग की 11 हजार करोड़ रूपये से अधिक लागत की 3419 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ करेंगे।

    प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के नगरीय जीवन को बेहतर बनाने के लिए यहां की नगरीय व्यवस्थापन को वैश्विक स्तर का बनाने के लिए प्रदेश सरकार कार्य कर रही। प्रदेश की योगी सरकार ने इसके लिए कई विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारा है। नगरों को स्वच्छ बनाने के लिए साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जा रहा।

    नगर विकास मंत्री ने बताया कि विभाग की 22 योजनाओं के तहत नगरों के विकास के लिए विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है। इसमें 9458.66 करोड़ रूपये लागत की 3150 कार्यों का शिलान्यास तथा 1632.58 करोड़ रूपये लागत की 269 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जायेगा।

  • गाजीपुर हादसे पर ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा दुखी

    गाजीपुर हादसे पर ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा दुखी

    लखनऊ,। गाजीपुर जिले में एक बस के हाईटेंशन बिजली के तार के संपर्क में आ जाने से हादसा हो गया। विद्युत करंट से बस में लगी आग से पांच लोगों की मौके पर मृत्यु हो गयी, वहीं कई लोग झुलस गए हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोमवार को हुए बस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करने एवं परिजनों को संबल देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

    श्री शर्मा ने घटना की जानकारी मिलते ही पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी, मंडलायुक्त, ज़िलाधिकारी एवं अधीक्षण अभियंता से बात की। सभी अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाते हुए, घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सहित प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिये। साथ ही वे पीड़ित परिवारों से स्वयं मिलने के लिए गाजीपुर पहुंच रहे हैं। गाजीपुर के मरदह थाना के 400 मीटर के पास विद्युत की हाइटेंशन तार के संपर्क में आने से बस में आग लग गई। इसमें 05 लोगों की मौत और 10 से अधिक लोग घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    हादसे का शिकार हुई बस बरातियों से भरी बताई जा रही है। बस मऊ से बारात लेकर मरदह के महाहर धाम जा रही थी, जिसमें कुल 38 बराती सवार थे। सूचना पाकर मौके पर मोबाइल फोरेंसिक टीम भी जांच-पड़ताल के लिए पहुंच गई है।