Category: उत्तर प्रदेश

  • बीजेपी के सामने हैट्रिक की चुनौती, गठबंधन को बचानी होगी साख

    बांदा। लोकसभा चुनाव की दुंदुभी बज गई है। चुनाव की तारीखें घोषित होते ही सियासी गलियारों में सरगर्मी में बढ़ गई है। प्रशासन ने भी निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए कमर कस ली है। वहीं राजनीतिक पार्टियों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के जीत के लिए रणनीति बनाना शुरू कर दी है। चित्रकूट मंडल में लोकसभा की दो सीटें हैं। चित्रकूट बांदा और हमीरपुर महोबा तिंदवारी लोकसभा सीटों पर पिछले 10 वर्षों से भाजपा काबिज है। इस बार पार्टी के सामने हैट्रिक बनाने की चुनौती होगी तो वही सपा कांग्रेस और बसपा को अपनी साख बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ेगा।

    जिले की बांदा लोकसभा के बारे में कहा जाता है कि यहां पर कभी किसी एक दल का लंबे समय तक दबदबा नहीं रहा है। 2019 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को शानदार जीत मिली थी। 2019 के संसदीय चुनाव में बांदा लोकसभा सीट पर बीजेपी के आरके सिंह पटेल और समाजवादी पार्टी के श्यामा चरण गुप्ता के बीच मुकाबला रहा था। जिसमें बीजेपी के प्रत्याशी को जीत मिली।चुनाव में आरके सिंह पटेल ने 477,926 वोट हासिल किए तो श्यामा चरण गुप्ता को 418,988 वोट मिले। कांग्रेस के बालकुमार पटेल को तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें 75,438 वोट मिले। इस तरह आरके सिंह पटेल ने 58,938 मतों के अंतर से यह चुनाव जीत लिया था। 2014 के आम चुनाव में भी बीजेपी को जीत मिली थी। बीजेपी की ओर से तब भैरों सिंह मिश्रा मैदान में थै।उन्होंने तब सपा प्रत्याशी रहे आरके सिंह पटेल को एक लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया था।

    इस बार परिस्थितियों बदली है। पिछले लोकसभा चुनाव में सपा का बसपा से गठबंधन था। जबकि इस बार कांग्रेस से गठबंधन है। पिछले बार भी चुनाव मैदान में दो कुर्मी प्रत्याशी थे। इस बार भी दो प्रत्याशी मैदान में है। बीजेपी ने अपने सांसद आरके पटेल और गठबंधन में शिव शंकर सिंह पटेल को चुनाव मैदान में उतारा है। अभी तक बसपा ने अपने पत्ते नहीं खोले। तीसरे प्रत्याशी के रूप में बसपा से कोई ब्राह्मण चेहरा चुनाव मैदान में आ सकता है। ऐसी स्थिति में हिंदू मतों का विभाजन होगा और तब समाजवादी पार्टी कांग्रेस गठबंधन मजबूत स्थिति में होगा।

    कमोवेश यही स्थिति हमीरपुर महोबा तिंदवारी लोकसभा सीट की है। यहां से लगातार दो बार बीजेपी के पुष्पेंद्र सिंह चंदेल सांसद हैं। पार्टी ने उन्हें तीसरी बार मौका दिया है। 2019 के चुनाव में उन्होंने बसपा के प्रत्याशी दिलीप सिंह को करीब दो लाख मतों से हराया था। अब दिलीप सिंह ने भाजपा का दामन थाम लिया। ऐसी स्थिति में भाजपा पहले से ज्यादा मजबूत है। इस सीट पर भी सपा कांग्रेस प्रत्याशी को अपनी साख बचाने की लड़ाई लड़नी होगी।

    इन दोनों लोकसभा सीटों के लिए पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा। पिछले बार भी पांचवें चरण पर मतदान हुआ था। लेकिन हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र का मतदान चौथे चरण में हुआ था। राजनीति विश्लेषक और वरिष्ठ पत्रकार सुधीर निगम का मानना है कि मई के महीने में मतदान होने पर चुनाव प्रचार और मतदान पर खासा असर पड़ेगा। क्योंकि बुंदेलखंड में मई और जून के महीने में भीषण गर्मी पड़ती है।

  • सपा के पूर्व सांसद देवेन्द्र यादव भाजपा में शामिल

    सपा के पूर्व सांसद देवेन्द्र यादव भाजपा में शामिल

    लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक की उपस्थिति में रविवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व सांसद देवेन्द्र यादव बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ भाजपा परिवार में शामिल हुए। इसके साथ लखनऊ कैंट विधानसभा से बसपा के पूर्व प्रत्याशी अनिल पाण्डेय और लखनऊ के सपा नेता संदीप पाल ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

    इस दौरान सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैय्या‘, प्रदेश सरकार के मंत्री जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह तथा प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे उपस्थित रहे।

    भारत पूरे विश्व का नेतृत्व करने के लिए तैयार

    प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भाजपा परिवार में सभी का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में चल रही विकास की यात्रा से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चलने वाली जनकल्याणकारी योजनाओं से विकसित भारत निर्माण का संकल्प पूर्ण हो रहा है। आज बदलता हुआ भारत पूरे विश्व का नेतृत्व करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि हमारी विचारधारा से जुड़कर पार्टी में शामिल हुए सभी लोग अबकी बार 400 पार के संकल्प को पूर्ण करने में सहभागी बनें और सेवा सुशासन एवं गरीब कल्याण के मार्ग पर मिलकर आगे बढ़ें।

    प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा परिवार में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत है। उन्होंने कहा कि लोकसभा का चुनाव घोषित हो चुका है और हमें जुटकर पिछले चुनाव की अपेक्षा प्रत्येक बूथ पर 370 वोट बढ़ाने हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकासित भारत के संकल्प को पूर्ण करने के लिए मिलकर काम करना है और प्रदेश की सभी 80 सीटों पर भाजपा की बड़ी विजय में सहभागी बनना है। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने के साथ आप सभी को यह जिम्मेदारी लेकर घर जाना है कि अपने जनपद में पहुंचकर भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मोदी और योगी के नेतृत्व की भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है।

  • पश्चिमी उप्र में कुछ लोकसभा क्षेत्रों के चुनावी चरण में हुआ है बदलाव

    पश्चिमी उप्र में कुछ लोकसभा क्षेत्रों के चुनावी चरण में हुआ है बदलाव

    लखनऊ। लोकसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान हो गया। प्रदेश में पिछले लोकसभा चुनाव की तरह ही इस बार भी सात चरणों में ही चुनाव होंगे। इस बार भी पश्चिमी उप्र से ही चुनाव की शुरुआत होगी। पिछली बार 11 अप्रैल को प्रथम चरण का चुनाव था, जबकि इस बार 19 अप्रैल को होगा। इस बार भी उप्र के आठ लोकसभा क्षेत्रों में पहले चरण में चुनाव होगा, लेकिन पिछली बार पहले चरण में मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर में चुनाव पहले चरण में हुए थे। इस बार इन लोकसभा क्षेत्रों का चुनाव दूसरे चरण में होगा। उसकी जगह उस बार दूसरे चरण और तीसरे चरण में हुए चुनाव नगीना, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत को पहले चरण में कर दिया गया है।

    पिछली बार और इस बार के लोकसभा क्षेत्रों के चरणवार चुनावों में कुछ अंतर है। उसको ऐसे समझा जा सकता है।

    पिछली बार पहले चरण का चुनाव 11 अप्रैल को हुआ था, सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर शामिल थे। इस बार पहले चरण का चुनाव 19 अप्रैल को होगा और इसमें सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र शामिल हैं।

    वहीं दूसरे चरण का चुनाव 18 अप्रैल को हुआ था, जिसमें नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, फतेहपुर सीकरी शामिल रहे। इस बार दूसरे चरण का चुनाव 26 अप्रैल को होगा और इसमें अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा शामिल हैं।

    पिछली बार तीसरे चरण का चुनाव 23 अप्रैल को हुआ था, जिसमें मुरादाबाद, रामपुर, संभल, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला, बरेली, पीलीभीत शामिल थे। इस बार तीसरे चरण का चुनाव सात मई को होगा, जिसमें संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली शामिल हैं। वहीं चौथे चरण का चुनाव पिछली बार 29 अप्रैल को हुआ था, जिसमें शाहजहांपुर, खेड़ी़, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कनौज, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झांसी, हमीरपुर शामिल थे। इस बार यह चुनाव 13 मई को होगा, जिसमें शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर और बहराइच शामिल हैं। वहीं पांचवें चरण के चुनाव पिछली बार छह मई को हुए थे, इस बार 20 मई को होंगे। पिछली बार इस चरण में फैजाबाद, धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, बहराइच, कैसरगंज, गोंडा शामिल थे। वहीं इस बार पाचवें चरण में मोहन लालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज और गोंडा शामिल हैं।

    छठें चरण के चुनाव पिछली बार 12 मई को हुए थे, जिसमें सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकर नगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर, भदोही शामिल थे। इस बार छठें चरण में सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकर नगर, श्रावस्ती, डोमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर, भदोही शामिल हैं। सातवें चरण के चुनाव पिछली बार 19 मई को हुए थे,उसमें जो जिले शामिल थे, इस बार भी सातवें चरण में एक जून को होने वाले चुनाव में शामिल हैं। सातवें चरण के चुनाव में महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, घोसी, सालेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, रॉबर्ट्सगंज शामिल हैं।

  • सपा ने आजमगढ़ से धर्मेन्द्र यादव समेत छह सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

    सपा ने आजमगढ़ से धर्मेन्द्र यादव समेत छह सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार

    लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने देश में आदर्श आचार संहिता लागू होने के ठीक बाद शनिवार को उत्तर प्रदेश की छह सीटों पर उम्मीदवारों को एलान कर दिया।

    सपा के गढ़ रहे इटावा संसदीय सीट से जितेन्द्र दोहरे को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं आजमगढ़ की सीट पर परिवारवाद फिर से दिखा है। यहां से धर्मेन्द्र यादव को चुनाव मैदान में उतारा है।

    इसी तरह से गौतमबुद्ध नगर से डॉ महेन्द्र नागर, मिश्रिख सीट से मनोज कुमार राजवंशी, सुल्तानपुर से भीम निषाद और जालौन लोकसभा सीट से नारायण दास अहिरवार को चुनाव मैदान में उतारा है।

  • बरेली में 71 लाख की स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

    बरेली में 71 लाख की स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

    बरेली, । बरेली में 715 ग्राम स्मैक के साथ पुलिस ने तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक प्लास्टिक का डिब्बा एक अदद मोबाइल फोन व एक ईको कार भी बरामद की है। पकड़ी गई स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 71लाख 50 हज़ार आंकी गई है।

    थाना फरीदपुर पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम द्वारा थाना फतेहगंज पश्चिमी के अगरास निवासी आरोपी जाकिर पुत्र मुन्ने को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से ईको कार के साथ 715 ग्राम स्मैक व एक डिब्बा मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया। वही पकड़ी गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमत 71 लाख 50 हज़ार आंकी गईं है।

  • यूपी में सात चरणों में होगा चुनाव, पहले पांच चरण में कई सीटें बदल गई

    यूपी में सात चरणों में होगा चुनाव, पहले पांच चरण में कई सीटें बदल गई

    लखनऊ। चुनाव आयोग ने शनिवार को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों की घोषणा की। देश की संसद को सबसे ज्यादा 80 सांसद देने वाले उत्तर प्रदेश में 2019 के आम चुनाव की तरह सात चरण में चुनाव होंगे। पिछले चुनाव में पहले चरण की शुरुआत पश्विम उत्तर प्रदेश से हुई थी। इस बार भी यूपी में वोटिंग की शुरुआत पश्चिम से हो रही है, हालांकि चुनाव आयोग न इस बार चरणवार सीटों में बदलाव किया है। पिछले चुनाव के छठे और सातवें चरण में जिन सीटों पर मतदान हुआ था, वो इस चुनाव में भी वैसी ही हैं। बाकी पांच चरणों में सीटों में काफी बदलाव किया गया है। सीटों में जो बदलाव हुए हैं, उनमें ज्यादातर सीटें पश्चिम उत्तर प्रदेश की हैं। हां, चरणवार सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

    यूपी में 2019 के लोकसभा चुनाव के पहले चरण की 11 अप्रैल को जिन आठ सीटों पर वोटिंग हुई थी, उनमें सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर शामिल थीं। चुनाव आयोग ने इस बार भी सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत सीटों का ऐलान किया है। पिछले चुनाव में नगीना सीट पर दूसरे चरण, मुरादाबाद पर तीसरे और रामपुर और पीलीभीत पर क्रमश: तीसरे चरण में मतदान हुआ था। लोकसभा चुनाव 2024 को पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा।

    अब बात दूसरे चरण की। 2019 में दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल को जिन आठ सीटों पर हुआ था, उनमें नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा और फतेहपुर सीकरी थी। इस बार अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा पर 26 अप्रैल को वोटिंग होगी। दूसरे चरण में शामिल मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर सीटों पर पहले चरण में मतदान हुआ था।

    2019 में तीसरे चरण का मतदान 23 अप्रैल को जिन दस सीटों पर हुआ था। उनमें मुरादाबाद, रामपुर, संभल, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला, बरेली और पीलीभीत थी। इस बार 07 मई को जिन सीटों पर वोटिंग होगी, उनमें संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला, बरेली शामिल हैं। इस चरण में शामिल हाथरस और आगरा सीटें पिछले चुनाव में दूसरे और फतेहपुर सीकरी पहले चरण में थी।

    पिछले लोकसभा चुनाव में चौथे चरण का मतदान 29 अप्रैल को 13 सीटों पर हुआ। इनमें शाहजहांपुर, खीरी, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, जालौन, झांसी और हमीरपुर थे। इस बार जिन 13 सीटों 13 मई को चौथे चरण में चुनाव होगा, उनमें शाहजहांपुर, खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई, मिश्रिख, उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, बहराइच हैं। इस चरण में शामिल धौरहरा और सीतापुर सीट पिछले चुनाव में पांचवें चरण में शामिल थी।

    2019 में पांचवें चरण का मतदान 06 मई को धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, बहराइच, कैसरगंज और गोंडा यानी 14 सीटों पर हुआ। इस बार मोहनलाल गंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज, गोण्डा 14 सीटों पर 20 मई को मतदान होगा। पांचवें चरण में शामिल जालौन, झांसी और हमीरपुर सीट पर पिछले चुनाव में चौथे चरण में मतदान हुआ था।

    2019 में छठे चरण में 12 मई को जिन 14 सीटों पर वोटिंग हुई, उनमें सुलतानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, प्रयागराज, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीर नगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही। इस बार इन 14 सीटों पर वोटिंग की तारीख 25 मई है। हालांकि सीटों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

    पिछले चुनाव में सातवें चरण की वोटिंग 19 मई को 13 सीटों पर हुई। इनमें महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मीरजापुर और राबर्ट्सगंज। इस बार वोटिंग 01 जून को होगी। सीटों में कोई बदलाव नहीं किया गया। चुनाव के नतीजे 04 जून को घोषित होंगे।

    इस बदलाव के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। जानकारों के मुताबिक, चुनाव आयोग कई बिंदुओं पर चर्चा करने के बाद तारीखों की घोषणा करता है। इसमें सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या, स्थानीय त्यौहार आदि कई कारण होते हैं।

  • यूपी एसटीएफ ने वाराणसी में 30 करोड़ के म्याऊं म्याऊं ड्रग्स के साथ दो तस्करों को दबोचा

    यूपी एसटीएफ ने वाराणसी में 30 करोड़ के म्याऊं म्याऊं ड्रग्स के साथ दो तस्करों को दबोचा

    वाराणसी। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की वाराणसी इकाई ने जिले के सिंधोरा क्षेत्र में छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 2500 ग्राम नशीला सिन्थेटिक ड्रग्स मेफेड्रोन (म्याऊं म्याऊं) बरामद किया। इसकी अन्तरराष्ट्रीय बाजार में 30 करोड़ रूपये कीमत आंकी गई है।

    गिरफ्तार तस्करों में तिवारीपुर बड़ागांव निवासी संतोष गुप्ता उर्फ बल्ली पुत्र हड़बड़ी गुप्ता, पुवारी खुर्द थाना बड़ागांव निवासी अतुल सिंह है। एसटीएफ के स्थानीय अफसरों के अनुसार पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों में मेफेड्रोन तस्करों के सक्रिय होने की जानकारी मिल रही थी। इसी दौरान ठाणे मुम्बई की पुलिस ने यूपी एसटीएफ के अफसरों से सूचना साझा किया कि मुम्बई में विनायक नगर नाला सोपारा निवासी पंजीकृत वांछित मेफेड्रोन तस्कर ओम गुप्ता उर्फ मोनू वाराणसी और आसपास के जनपदों में छिपकर रहने के साथ नशीले पदार्थो की तस्करी भी कर रहा है। एसटीएफ के अफसरों के निर्देश पर एसटीएफ वाराणसी इकाई के निरीक्षण अनिल कुमार सिंह और उनकी टीम तस्करों के बारे में सूचना जुटाने के साथ उनके लोकेशन को ट्रैस करने में जुट गई। सूचना संकलन के दौरान निरीक्षक को पता चला कि भगवतीपुर मझवा थाना क्षेत्र सिंधोरा में स्थित प्रदीप प्रजापति के घर में सिंथेटिक ड्रग तैयार किया जा रहा है। इसके बाद वाराणसी टीम के साथ मुम्बई थाणे की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर मकान से दो तस्करों को पकड़ लिया।

    पूछताछ में दोनों ने बताया कि ओम गुप्ता उनके गिरोह का सरगना है। वह मुम्बई और थाणे के आसपास से म्याऊं म्याऊं ड्रग्स की आपूर्ति करता है। हमारे गिरोह के तीन सदस्यों को मुम्बई पुलिस ने गिरफ्तार कर लगभग 32 लाख का ड्रग पकड़ लिया था। तीनों ने पुलिस को पूछताछ में गिरोह के बारे में पूरी जानकारी दी थी। उसके बाद मुम्बई पुलिस गिरोह के सरगना और अन्य सदस्यों के गिरफ्तारी में जुट गई थी। मुम्बई पुलिस से बचने के लिए हम लोग वाराणसी सिंधोरा में नशीला पदार्थ बनाने लगे। दोनों ने बताया कि सरगना ओम गुप्ता ने सिंधोरा मझवा में ओम गुप्ता ने अतुल सिंह के नाम पर प्रदीप प्रजापति को साढ़े 06 लाख रूपए मकान खरीदने के लिए दिया था। इसके बाद ओमगुप्ता के साथ मिलकर दोनों मेफेड्रोन ड्रग्स बनाने लगे। तैयार मादक पदार्थ को ओमगुप्ता मुम्बई में बेचता था। हम दोनों को प्रति किलोग्राम दो लाख रूपए मिलता है।

  • प्रथम दिन हाईस्कूल की 27,497 एवं इंटर की 18,959 कॉपियों का हुआ मूल्यांकन

    प्रथम दिन हाईस्कूल की 27,497 एवं इंटर की 18,959 कॉपियों का हुआ मूल्यांकन

    – डीआईओएस ने कहा, सीसीटीवी से मूल्यांकन केन्द्रों पर रखी जा रही नजर

    प्रयागराज। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कॉपियों का मूल्यांकन शहर के नौ मूल्यांकन केन्द्रों पर शनिवार से शुरू हो गया। प्रथम दिन हाईस्कूल की 27,497 और इंटरमीडिएट की 18,959 कापियां जांची गईं। कुल 2445 परीक्षक केंद्रों पर पहुंचे। डीआईओएस पीएन सिंह ने सभी मूल्यांकन केन्द्रों का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए हैं।

    डीआइओएस पीएन सिंह ने बताया कि जिले में नौ मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। किसी भी मूल्यांकन केंद्र पर कोई भी परीक्षक मोबाइल नहीं ले जाया जा सकेगा। यदि किसी के पास मोबाइल मिला तो सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि बाहरी व्यक्तियों का भी प्रवेश वर्जित है। 31 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक कापियां जांची जाएंगी। राजकीय इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 11,599 और इंटरमीडिएट की 568, केसर विद्यापीठ में इंटरमीडिएट की 5973, अग्रसेन में 1406, सीएवी में 2313, क्रास्थवेट में 8699 कॉपियां जांची गईं। एंग्लोबंगाली में हाईस्कूल की 6601, भारत स्काउट एंड गाइड इंटर कॉलेज में 9297 कॉपियां जांची गईं। डीआईओएस ने बताया कि कंट्रोल रूम, क्षेत्रीय कार्यालय और बोर्ड मुख्यालय के कमांड रूम से सभी मूल्यांकन केन्द्रों और कोठार पर नजर रखी जा रही है।

  • लोक सभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराया जाएगा: डीजीपी

    लोक सभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराया जाएगा: डीजीपी

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने शनिवार को कहा कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण कराया जाएगा।

    डीजीपी ने कहा कि केंद्रीय चुनाव आयोग के आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जायेगा। संवेदनशील-अति संवेदनशील इलाकों में पूरी नजर रखी जा रही है। ईवीएम की सुरक्षा को लेकर खास रणनीति बनाई गई है। वहीं जहरीली शराब, अवैध शस्त्रों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जायेगा। सोशल मीडिया पर पुलिस पैनी निगरानी करेगी। सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

  • गाजियाबाद में लोकसभा चुनाव आचार संहिता लागू, 28 अप्रैल को 29 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे अपने मत का प्रयोग

    गाजियाबाद में लोकसभा चुनाव आचार संहिता लागू, 28 अप्रैल को 29 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे अपने मत का प्रयोग

    गाजियाबाद। पूरे देश के साथ ही दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू हो गई। गाजियाबाद में जिला प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव करने के लिए पूरे इंतजाम कर लिए हैं। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने शनिवार देर शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आचार संहिता लागू हो गई है। गाजियाबाद लोकसभा में 29 लाख 2231 मतदाता मतदान का प्रयोग कर सकेंगे। इसके लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त रहेंगे।

    इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि 28 मार्च को जिले में चुनावी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी और 04 अप्रैल को नामांकन दाखिल करने के अंतिम तिथि होगी। इसके साथ ही 05 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 08 अप्रैल को नामांकन वापस की तारीख होगी। 26 अप्रैल को मतदान होगा और 04 जून को मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि लोनी मुरादनगर साहिबाबाद गाजियाबाद धौलाना आंशिक विधानसभा में कुल 883 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जबकि 3091 मध्य स्थल देंगे। 518 क्रिटिकल मतदेय स्थल रहेंगे। उन्होंने बताया कि 26829 मतदाता ऐसे होंगे जिनकी आयु 18 से 19 वर्ष होगी। जबकि 14087 मतदाता 85 साल से ज्यादा उम्र के होंगे, जो अपने मतों का प्रयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि मतगणना नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति गोविंदपुरम में होगी।