Category: उत्तर प्रदेश

  • स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा और विधान परिषद सदस्य पद से दिया इस्तीफा

    स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा और विधान परिषद सदस्य पद से दिया इस्तीफा

    लखनऊ। लोकसभा चुनाव करीब आते-आते उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी(सपा) के लिए सहयोगी दल और बड़े नेताओं का पार्टी छोड़कर जाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को पार्टी और सपा के विधान परिषद सदस्य स्वामी प्रसाद मौर्य ने त्यागपत्र दे दिया। स्वामी प्रसाद बीते कुछ समय से सपा नेताओं द्वारा तल्ख टिप्पणी दिए जाने से नाराज चल रहे थे।

    स्वामी प्रसाद मौर्य ने आज अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स के जरिए विधान परिषद के सभापति को विधान परिषद सदस्य से अपना त्यागपत्र भेजते हुए इसकी जानकारी साझा की है। उन्होंने एक दूसरे पत्र में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी अपना त्यागपत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि आपके नेतृत्व में सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्य करने का अवसर मिला। लेकिन बीते 12 फरवरी को हुई वार्ता और 13 फरवरी को प्रेषित पत्र पर किसी प्रकार की वार्ता की पहल न करने के फलस्वरूप वह सपा की प्राथमिक सदस्य से भी त्याग पत्र दे रहे हैं।

    उल्लेखनीय है कि स्वामी प्रसाद मौर्य बीते कुछ समय से सपा नेताओं से अंसतुष्ठ चल रहे थे। इसके पीछे सपा नेताओं द्वारा उन तल्ख टिप्पणियां किया जाना था। इस मामले में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के अपने पार्टी नेताओं को हिदायत न दिए जाने से स्वामी प्रसाद काफी नाराज थे। उन्होंने पहले सपा के राष्ट्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दिया और आज सपा की सदस्यता और विधान परिषद सदस्य पद से भी त्यागपत्र दे दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव के लिए चुनावी तैयारियों के समीकरण को स्वामी प्रसाद मौर्य ने बिगाड़ कर रख दिया है।

    हिन्दुस्थान समाचार/मोहित/राजेश

  • वाराणसी में डंपर की चपेट में आई महिला, मौत

    वाराणसी में डंपर की चपेट में आई महिला, मौत

    वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के चंदुआ सट्टी भारत माता मंदिर के समीप मंगलवार को एक वृद्ध महिला डंपर की चपेट में आ गई। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना से क्षुब्ध लोगों ने चक्काजाम कर दिया। सूचना पाते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    माधोपुर निवासी महिला गीता देवी (63 वर्ष) अपने बेटे के साथ सब्जी लेने के लिए चंदुआ सट्टी गई थीं। सब्जी खरीदकर महिला घर के लिए निकली तो अचानक आई डंपर के चपेट में आ गई। यह देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, तब तक वहां भीड़ जुट गई। घटना के बाद भाग रहे डंपर चालक को लोगों ने पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे में मृत महिला के पति भइयालाल की पहले ही मौत हो चुकी है। महिला को एक पुत्र और दो बेटियां है। घटना की जानकारी पाते ही मृत महिला के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। बताया गया कि डंपर रोपवे निर्माण कार्य में लगाया गया था।

  • पुलिस भर्ती परीक्षा निरस्त कराने को लेकर अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया

    पुलिस भर्ती परीक्षा निरस्त कराने को लेकर अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया

    आजमगढ़। यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देने वाले सैकड़ों अभ्यर्थियों ने मंगलवार को हाथ में तख्तियां लेकर परीक्षा निरस्त कराने की मांग को लेकर डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा और परीक्षा को निरस्त कराने की मांग की।

    इस दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हाथों में परीक्षा निरस्त करने की तख्तियां लिए हुए थे। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने यह आरोप लगाया कि प्रश्न पत्र लीक के होने के साथ-साथ परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली की गयी है। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ऐसे में जो प्रतियोगी छात्र हैं, उनके सपने और मेहनत पर पानी फिर गया है। परीक्षा पारदर्शी न होने के कारण अभ्यर्थी सदमें हैं और उनका भविष्य अंधकारमय हो गया है।

    अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए यह मांग किया कि परीक्षा को निरस्त कराया जाय। अभ्यर्थियों ने चेतावनी भी दी कि अगर परीक्षा निरस्त नहीं की गयी तो हमलोग आन्दोलन के लिए बाध्य होंगे।

  • उप्र में सपा-कांग्रेस का गठबंधन में आई दरार, सीट बंटवारे पर नहीं बनी बात

    उप्र में सपा-कांग्रेस का गठबंधन में आई दरार, सीट बंटवारे पर नहीं बनी बात

    लखनऊ। समाजवादी पार्टी(सपा) और कांग्रेस के बीच बने विपक्षी गठबंधन में दरार आ गई है। सीट बंटवारे को लेकर दोनों ही पार्टियों के नेताओं के बीच सहमति न बनने से यह गठबंधन भी लगभग टूटता नजर आ रहा है। विपक्षी गठबंधन में सपा के साथ उत्तर प्रदेश में अब लगभग कोई भी पार्टी सहयोगी के रूप में नहीं है। इससे लोकसभा चुनाव में उसके अकेले ही मैदान में उतरने की मजबूरी बन गई है।

    देश की सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों ने एक गठबंधन तैयार किया था। आईएनडीआईए नाम से बने इस गठबंधन में उत्तर प्रदेश से प्रमुख पक्षी दल के रूप में समाजवादी पार्टी शामिल थी। उसके साथ सहयोगी दल के रूप में कांग्रेस राष्ट्रीय लोक दल,अपना दल (कमेरावादी) आदि दलों के नेतागण इसमें शामिल थे। इस विपक्षी दल ने सत्ता दल को लोकसभा चुनाव में रोकने की तैयारी किए जाने का दंभ भरा जा रहा था। लेकिन अब चुनाव के नजदीक आते-आते यह गठबंधन बिखर सा गया है। इस बिखराव में उत्तर प्रदेश से प्रमुख विपक्षी दल के रूप में सपा के लिए बड़ी मुसीबतें खड़ी हो गई है। सपा से एक-एक कर सभी दलों ने किनारा कर लिया है। मंगलवार को कांग्रेस पार्टी ने भी सीट बंटवारे को लेकर असहमति जताते हुए गठबंधन से नाता तोड़ लिया है।

    सियासी चर्चा है कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 20 साइट मांगी थी। लेकिन सपा उन्हें 17 सीट ही देने की बात पर अड़ी थी। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने सपा की जनाधार वाली सीटें मांगी थी। जिनमें बिजनौर,सीतापुर,देवरिया, अमरोहा,सहारनपुर,झांसी,मुरादाबाद मंडल की सभी सीटें मांगी थी। लेकिन सपा उक्त सीटों को देने के लिए राजी नहीं हुई। बस यहीं पर मामला फंस गया। हालांकि अभी दोनों ही दलों के नेतृत्वकर्ता नेतागणों ने गठबंधन टूटने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। फिलहाल सपा कांग्रेस के बीच गठबंधन के दूसरे की चर्चा तेज हो गई है।

    राहुल की न्याय यात्रा से पूर्व झटका

    राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो कांग्रेस और सपा के शीर्ष नेतृत्व ने आपस में दूरियां बना ली है। राहुल गांधी की यात्रा के बीच यूपी में गठबंधन टूटना भाजपा के लिए बड़ा टर्निंग प्वाइंट माना जा रहा है।

  • महिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर साधा निशाना ,न्याय मिलने तक संघर्ष

    महिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर साधा निशाना ,न्याय मिलने तक संघर्ष

    वाराणसी। लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान गृहणियों की चिंता को लेकर महिला कांग्रेस ने केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। पार्टी की स्थानीय जिलाध्यक्ष अनुराधा यादव,महानगर अध्यक्ष पूनम विश्वकर्मा ने कहा कि केन्द्र सरकार की विफल नीतियों के चलते “बढ़ती महंगाई” का साया भारतीय घरों पर गहरा गया है । इसका सबसे अधिक असर गृहणियों पर पड़ रहा है। ये अनसुनी नायिकाएं जो परिवार, वित्त और कल्याण के बीच संतुलन बनाती हैं,लेकिन अब लगातार बढ़ती कीमतों के तूफान में जूझ रही हैं।

    मंगलवार को मैदागिन स्थित पार्टी के कार्यालय में दोनों पदाधिकारी मीडिया से रूबरू थीं। सरकार पर हमला बोलते हुए दोनों महिला पदाधिकारियों ने कहा कि सब्जियों में टमाटर 40 से 70 रुपये किलो,प्याज 15 से बढ़ कर 25 रुपये किग्रा,एलपीजी सिलेंडर 1050 रुपये में मिल रहा है। इसी तरह अरहर की दाल 130 से 150 रुपये प्रति किग्रा, सूरजमुखी तेल की कीमत भी आसमान छू रही है। खाद्य पदार्थों, ईंधन और बुनियादी जरूरतों से जुड़ी वस्तुओं की बढ़ती कीमतें आय वृद्धि को पछाड़ रही हैं,जिससे गृहणियों का घरेलू बजट सिकुड़ रहा है। दोनों नेत्रियों ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे हमारे नेता राहुल गांधी आमजन की तकलीफों को हल करने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा देश में व्याप्त मुद्दों से भटकाने वाली राजनीति कर रही है। कांग्रेस आमजन को न्याय मिलने तक लड़ती रहेगी।

  • गाड़ी ने स्कूटी सवार को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, धड़ से अलग हुआ सिर

    गाड़ी ने स्कूटी सवार को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटा, धड़ से अलग हुआ सिर

    मेरठ। सदर बाजार थाना क्षेत्र में रूड़की रोड पर एक पिकअप गाड़ी ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सवार युवक गाड़ी में फंस गया। गाड़ी का चालक युवक को डेढ़ किलोमीटर तक घसीट कर ले गया। इससे युवक का सिर धड़ से अलग होकर गिर गया। पुलिस सीसीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ी चालक की तलाश कर रही है।

    पबरसा गांव निवासी शैलेंद्र पंवार यूपी रोडवेज की मेरठ से दिल्ली के बीच चलने वाली बस में कंडक्टर थे। सोमवार की देर रात वह ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से अपने गांव जा रहे थे। जब वे सदर बाजार थाना क्षेत्र के टैंक चौराहे पर पहुंचे और अचानक फोन आने पर स्कूटी सड़क किनारे रोक दी। तभी पिकअप गाड़ी ने शैलेंद्र को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही शैलेंद्र वाहन में फंस गए और घिसटते चले गए। यह देखकर भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। इससे शैलेंद्र का सिर कटकर गिर गया और धड़ गाड़ी में घिसटता चला गया। डेढ़ किलोमीटर बाद धड़ भी नीचे गिर गया।

    राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की तलाश की। मौके पर पहले पुलिस को केवल धड़ मिला। थोड़ी देर जाकर सड़क किनारे शैलेंद्र का सिर भी मिल गया। घिसटने के कारण धड़ की हालत भी खराब हो गई थी। पुलिस ने लोगों की सहायता से सिर और धड़ को इकट्ठा कर चादर में बांधा। जेब से मिले परिचय पत्र के आधार पर शव की पहचान हुई तो उसके परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर बाजार एसओ शशांक द्विवेदी के अनुसार, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी की मदद से आरोपित को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

  • योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा : पीयूष गोयल

    योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा : पीयूष गोयल

    भारत की अर्थव्यवस्था को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा उत्तर प्रदेश

    लखनऊ। केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में हिस्सा लिया। इस अवसर पर बोलते हुए केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश की दिशा और दशा बदली है।

    केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार भारत दुनिया के सामने आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है, उसी प्रकार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। केन्द्र व प्रदेश सरकार मिलकर गरीब कल्याण को नयी गति दे रहे हैं। अब उत्तरप्रदेश रूकने वाला नहीं। अब उत्तर प्रदेश थमने वाला नहीं है।

    पीयूष गोयल ने कहा कि विश्वभर में भारत और उत्तर प्रदेश की प्रसिद्ध हो रही है। पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है कि भारत विश्व की अर्थवयवस्था को बढ़ाने में एक प्रमुख भूमिका निभायेगा। उसी प्रकार भारत की अर्थव्यवस्था को आगे ले जाने में उत्तर प्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।

    केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय तब तक अधूरा है, जब तक समाज के हर व्यक्ति तक न्याय न पहुंचे। आठ वर्षों में योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश का कायाकल्प किया है। सोमवार को 10 लाख 24 हजार करोड़ की परियोजनाओं की शुरूआत एक साथ किया है। उन्होंने कहा कि कोई भी निवेशक तभी निवेश करता है जब उसे नेतृत्व, व्यवस्था व भविष्य पर विश्वास होता है।

    कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री जसवंत सैनी और उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

  • बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले परीक्षा केन्द्र से सीधे भेजे जाएंगे जेल

    बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले परीक्षा केन्द्र से सीधे भेजे जाएंगे जेल

    बलिया। बोर्ड परीक्षा पर पुलिस की भी पैनी नजर रहेगी। पूरी परीक्षा के दौरान पुलिस का स्पेशल सेल एक्टिव रहेगा। बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी की स्थिति में कड़ी पुलिसिया कार्रवाई होगी। कलेक्ट्रेट सभागार के गंगा बहुउद्देशीय सभागार में बैठक में डीएम व एसपी ने जोनल, स्टेटिक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक व बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में चेताया कि परीक्षा केंद्र से सीधे तत्काल जेल भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा को सकुशलतापूर्वक, नकलविहीन और शुचितापूर्ण संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने बैठक में कहा कि परीक्षा की जो नियम-शर्तें हैं, उनके अनुरूप ही परीक्षा कराएंगे। सचेत किया कि किसी भी स्तर पर छोटी से छोटी गलती भी अक्षम्य होगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी संज्ञान में आई तो व्यक्तिगत रूप से जवाबदेही तय करते हुए जिम्मेदार पर बड़ी कार्रवाई होगी। किसी भी दशा में कोई छोटी गलती भी स्वीकार नहीं होगी।

    जिलाधिकारी ने कहा कि इस परीक्षा में जितने स्तर पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वह पूरी तरीके से फूलप्रूफ व्यवस्था है, इसमें शामिल सभी अधिकारी यदि अपने कर्तव्यों का निर्वहन सही तरीके से करेंगे तो बोर्ड परीक्षा में कोई सेंधमारी नहीं होगी। यदि किसी ने सेंधमारी की कोशिश की तो इसके बुरे परिणाम भुगतने पड़ेंगे। साथ ही सभी केंद्र व्यवस्थापकों को स्ट्रांग रूम की फूलप्रूफ सुरक्षा से संबंधित रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।

    बैठक में एसपी देव रंजन वर्मा ने कहा कि परीक्षा के दौरान नकल माफियाओं, फर्जी अभ्यर्थियों और पेपर लीक जैसे बिंदुओं पर नकेल कसने के लिए अपनी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम के बारे में जानकारी दी। कहा कि परीक्षा की शूचिता बनाए रखने के लिए गोपनीय और ओपनली दोनों प्रकार के टीम अपना काम कर रही है। बैठक में एडीएम डीपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश सिंह, परियोजना निदेशक उमेश मणि त्रिपाठी, बीएसए मनीष सिंह व डीएसओ रामजतन यादव सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक मौजूद थे।

  • उप्र में तेज हवा एवं ओलावृष्टि के साथ बारिश की आशंका

    उप्र में तेज हवा एवं ओलावृष्टि के साथ बारिश की आशंका

    कानपुर। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और एक साइक्लोन की वजह से पूरे उत्तर प्रदेश में सोमवार से लगातार तीन दिन तक तेज हवाओं के साथ कहीं न कहीं बारिश और ओलावृष्टि की भी आशंका है। यह जानकारी सोमवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कृषि एवं मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने दी।

    उन्होंने बताया कि मौसम विभाग का ऐसा पूर्वानुमान है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और एक साइक्लोन की वजह से अब लगातार बारिश की गतिविधियां तेज हवाओं के साथ और कहीं कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका पूरे उत्तर प्रदेश में है। यह बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां 19 फरवरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू होगी जो 19,20,21 फरवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में फैल जाएंगी। इस तरह की गतिविधियां तीन तक चलने की संभावना है और इनमें तेज हवाएं चल सकती है और कही कही ओलावृष्टि के साथ बारिश की भी संभावना है। सारे मौसमी माडल इसी ओर इंगित कर रहे हैं।

  • उत्तर प्रदेश में व्यापार, विकास और विश्वास का माहौल बना है: प्रधानमंत्री मोदी

    उत्तर प्रदेश में व्यापार, विकास और विश्वास का माहौल बना है: प्रधानमंत्री मोदी

    लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में व्यापार, विकास और विश्वास का माहौल बना है। डबल इंजन की सरकार ने दिखाया है कि अगर बदलाव की नियत है तो उसे कोई रोक नहीं सकता है। बीते कुछ वर्षों में यूपी से होने वाला एक्सपोर्ट दो गुना हो चुका है।

    प्रधानमंत्री माेदी सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। (जीबीसी) का उद्घाटन किया। इसके माध्यम से 10 लाख करोड़ रुपये की 14 हजार निवेश परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश वह राज्य है, जहां देश के सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे, जहां देश में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं। आज उत्तर प्रदेश वह राज्य है, जहां देश की पहली रैपिड रेल चल रही है। नदियों के विशाल नेटवर्क के माध्यम से मालवाहक का कार्य किया जा रहा है। ट्रांसपोर्टेशन सस्ता हुआ है। आज के कार्यक्रम का आकलन केवल निवेश को देखते हुए नहीं कर रहा हूं। यहां जो सबको उम्मीद दिख रही है, वह बहुत व्यापक है।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम यहां विकसित भारत के विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प के लिए एकजुट हुए हैं। मुझे बताया गया कि आज का यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में लोग लाइव देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अपराध, दंगे, छीना झपटी की खबरें आती रहती थीं, उस दौरान अगर कोई कहता कि उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाएंगे तो शायद कोई तैयार नहीं होता। विश्वास करने का तो सवाल ही नहीं होता। आज लाखों करोड़ों रुपये का निवेश उत्तर प्रदेश की धरती पर आ रहा है और मैं यहीं से सांसद हूं। मेरे उत्तर प्रदेश में जब निवेश होता है तो मुझे सबसे ज्यादा खुशी होती है।

    उन्होंने कहा कि आज हजारों प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो रहा है। जो फैक्टरियां लग रही हैं, उद्योग स्थापित हो रहे हैं, वे सब उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने वाले हैं। मैं सभी निवेशकों को और विशेष कर उत्तर प्रदेश के सभी युवाओं को बधाई देता हूं। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बने 7 वर्ष हो रहे हैं। बीते 7 वर्ष में प्रदेश का पुराना कल्चर बदल गया है। क्राइम कल्चर बहुत कम हुआ और बिजनेस कल्चर का विस्तार हुआ है।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले हमें मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरसाया गया। अब देश ही नहीं उत्तर प्रदेश को भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शहरों में रहने में गरीबों के लिए चार करोड़ घर बनाये हैं। शहरों में रहने वाले 25 लाख परिवारों को लोन में छूट मिली है। इनमें डेढ़ लाख परिवार उत्तर प्रदेश के हैं। पहले दो लाख पर ही टैक्स लग जाता था। आज मध्यम वर्ग के परिवारों को सात लाख तक कोई टैक्स नहीं देना पड़ता है। मध्यम वर्गीय परिवारों को लाखों करोड़ों का फायदा हुआ है।

    उन्होंने कहा कि पहले लोगों को लंबी लाइनें लगानी पड़ती थीं, अब हमारी सरकार गरीब के घर खुद आ रही है, ये मोदी की गारंटी है। जब तक हर लाभार्थी को उसका लाभ नही मिलेगा, हमारी सरकार शांत नही बैठेगी।उन्होंने कहा कि आज मोदी उनको भी पूछ रहा है, जिनको पहले कभी किसी ने नहीं पूछा। रेहड़ी, पटरी ठेले वालों के बारे में किसी सरकार ने नहीं सोचा। अब तक इनको दस हजार करोड़ की मदद दी जा चुकी है। पीएम स्वनिधि का लाभ उत्तर प्रदेश के भी 22 लाख लोगों को लाभ मिला है।