Category: उत्तर प्रदेश

  • कन्या सुमंगला योजना में मिलेंगे 25 हजार रुपये : मुख्यमंत्री योगी

    कन्या सुमंगला योजना में मिलेंगे 25 हजार रुपये : मुख्यमंत्री योगी

    – अप्रैल से मिलेगी कन्या सुमंगला योजना की बढ़ी हुई धनराशि

    – सामूहिक विवाह समारोह में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री, नव दम्पतियों को दिया आशीर्वाद

    – 252 करोड़ रुपये की लागत वाली 91 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

    गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप डबल इंजन की सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सम्मान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। अब सरकार अप्रैल से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की धनराशि को प्रति लाभार्थी 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने जा रही है।

    मुख्यमंत्री योगी बसंत पंचमी के पर्व पर खाद कारखाना परिसर में एक हजार जोड़ों के मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 252 करोड़ रुपये की लागत वाली 91 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर 2014 में पीएम मोदी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया। बेटी बचेगी तभी पढ़कर आगे बढ़ेगी और देश व समाज के लिए योगदान दे पाएगी। एक बेटी कुल खानदान को आगे बढ़ाने का काम करती है। बेटियों को बचाने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए आज केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में जब वह सीएम बने तो प्रदेश में यह समस्या आई कि बेटी को बचाने के लिए क्या और प्रयास करने चाहिए। इसके लिए पहला कार्यक्रम सुमंगला योजना का बनाया गया। इसमें बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक पढ़ाई की व्यवस्था की गई। इस योजना में सरकार अब तक 17 लाख से अधिक बेटियों को 15 हजार उपलब्ध करा चुकी है। अप्रैल से यह धनराशि बढ़कर 25 हजार हो जाएगी।

    सामूहिक विवाह योजना में तीन लाख से अधिक बेटियों के हाथ पीले

    मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वर्ष 2017 से अब तक तीन लाख से शादियां करा चुकी है। प्रति जोड़े विवाह पर 51 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 35 हजार रुपये कन्या के खाते में भेजे जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह सुखद है कि गरीब के साथ संपन्न परिवारों के बच्चे सामूहिक विवाह के कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।

    बाल विवाह, दहेज व तलाक की कुप्रथा अमानवीय

    मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक सदगृहस्थ के लिए विवाह भी एक संस्कार है और उस संस्कार से वह पैतृक परंपरा को आगे बढाने का कार्य करता है। सृष्टि की रचना, जीवन चक्र इसी से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि समय के अनुरूप विकृतियां भी आईं। कहीं बाल विवाह, दहेज तो कहीं तलाक जैसी कुप्रथाएं हैं। ये कुप्रथाएं आधी आबादी की विरोधी थीं। इनसे बचने के लिए बेटी हो ही न हों, इसके लिए तमाम कुत्सित प्रयास होने लगे।

    शपथ लें न दहेज लेंगे न देंगे, बाल विवाह भी नहीं करेंगे

    मुख्यमंत्री ने लोगों को संकल्प दिलाया कि बाल विवाह नहीं होने देना है। दहेज न लेना है, न देना है। तलाक जैसी कुप्रथाओं को सदैव के लिए समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा। ये कुप्रथाएं अमानवीय हैं, आधी आबादी का अपमान और उन पर अत्याचार हैं।

    आधी आबादी को हर संभव सहयोग करेगी सरकार

    मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी के साथ सरकार खड़ी है। उन्हें हर संभव सहयोग करेगी, प्रोत्साहन देगी। उन्होंने बताया कि आधी आबादी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए महिला स्वयंसेवी समूह संचालित हैं। व्यवस्था दी गई है कि किसी गांव में राशन कोटे का विवाद होगा तो वहां की महिला स्वयंसेवी समूह व्यवस्था संचालित करेगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 55 लाख गरीबों को पीएम आवास योजना से मकान दिए गए हैं, उनमें आधे से अधिक महिलाओं के नाम पर दिए गए हैं। पीएम स्वामित्व योजना में जिस जमीन पर मकान है, उसमें 90 लाख का मालिकाना हक महिलाओं के नाम पर दिया गया है। सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पीएम मोदी के विजन को आगे बढाने का कार्य कर रही है।

    माता सरस्वती कुपित होती हैं तो सिंहासन की बजाय निद्रासन मिलता है

    मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि आज बुद्धि और विवेक की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती के पूजन का दिन है। उनकी कृपा से प्राप्त विवेक से सारे कार्य हो जाते हैं। जबकि माता सरस्वती कुपित होती हैं तो कुंभकर्ण को सिंहासन की बजाय निद्रासन मिल जाता है। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी का पावन पर्व है। प्रकृति सौंदर्य के चरम की ओर अग्रसर है। इस मौके पर उन्होंने दाम्पत्य जीवन में प्रवेश कर रहे एक हजार जोड़ों को हृदय से बधाई देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि यदि किसी की व्यक्तिगत शादी होती तो व्यस्तता के कारण मैं शायद नहीं आ पाता। पर, आज आ गया हूं। यहां सबको रविकिशन जी का गाना सुनने को भी मिला।

    शुद्ध जल से स्वास्थ्य पर खर्च होगा कम

    मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सामूहिक विवाह के कार्यक्रम के साथ आज 252 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उपहार भी मिल रहा है। इसमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाढ़ बचाव, पेयजल के कार्य शामिल हैं। पेयजल की परियोजना से हर घर नल से शुद्ध जल मिलेगा। पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। शुद्ध जल से मनुष्य स्वस्थ होगा। बीमारियों से बचाव होगा और स्वास्थ्य पर खर्च बचेगा। मुख्यमंत्री ने सबको शुभकामनाएं देने के साथ ही कहा कि 500 वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में रामलला अपने मंदिर में विराजमान हुए हैं। उनका आशीर्वाद भी सबको प्राप्त हो रहा है।

    मुख्यमंत्री ने 10 नवयुगलों को प्रमाण पत्र व उपहार दिया

    समाज कल्याण विभाग की तरफ से आयोजित इस समारोह में एक हजार जोड़े विवाह के पावन बंधन में बंधे। नवयुगलों में हिन्दू, मुस्लिम दोनों शामिल रहे। सभी नव दम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके सुखमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंच से दस नवयुगलों को प्रमाण पत्र और उपहार-शगुन किट भेंट किया। प्रमाण पत्र देने के दौरान मुख्यमंत्री ने जोड़ों से आत्मीय संवाद भी किया।

  • समाजवादी पार्टी से गठबंधन पर कृष्णा पटेल निर्णय करेगी : पल्लवी पटेल

    समाजवादी पार्टी से गठबंधन पर कृष्णा पटेल निर्णय करेगी : पल्लवी पटेल

    लखनऊ। अपना दल (कमेरावादी) की संगठनकर्ता और विधायक पल्लवी पटेल ने बुधवार को एक बयान देकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी। पल्लवी पटेल ने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से गठबंधन पर पार्टी अध्यक्ष कृष्णा पटेल निर्णय करेगी। उनके निर्णय के बाद लोकसभा सीटों पर निर्णय होगा।

    विधायक पल्लवी पटेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी में कथनी और करनी में फर्क होता जा रहा है। राज्यसभा सीट पर अखिलेश यादव ने कोई चर्चा नहीं की। तीन सीटों में जो चेहरे तय हुए, एक बार गठबंधन पार्टी से वार्ता नहीं हुई। इसके कारण वह समाजवादी पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवारों को मतदान करने नहीं जायेगी।

    उन्होंने कहा कि मुसलमानों के हाथ से मतदान करा के समाजवादी पार्टी सीटें जीतते आयी है। आज उन्हीं मुसलमानों को दबाया जा रहा है। राज्यसभा सीट में किसी भी मुसलमान का नाम तय नहीं हुआ। अखिलेश यादव पीडीए की बात कर रहे हैं और अल्पसंख्यक के रुप में उन्हें नेता नहीं मिल रहा है।

  • बाबा साहब की प्रतिमा खंडित करने के मामले में मुकदमा दर्ज, अराजक तत्वों की तलाश जारी

    बाबा साहब की प्रतिमा खंडित करने के मामले में मुकदमा दर्ज, अराजक तत्वों की तलाश जारी

    कानपुर। जनपद के सचेंडी थाना क्षेत्र में हाईवे के पास के स्थित के.एस. इंटर कॉलेज के सामने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को मंगलवार की रात अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार सुबह सूचना पर सक्रिय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस उपायुक्त दिनेश द्विवेदी का कहना है कि इस सम्बन्ध में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।

    उन्होंने बताया कि सचेंडी में हाइवे के किनारे स्थित के.एस. इंटर कॉलेज परिसर में बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा है। मंगलवार रात अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा प्रतिमा को खंडित कर दी गई थी। जिससे स्थानीय लोगों में बुधवार सुबह देखते ही आक्रोश व्याप्त हो गया। घटना की सूचना पर सचेंडी थाने की पुलिस बल के साथ मैं खुद पहुंचा और पूरे प्रकरण के संबंध में जांच शुरू कर दी गई। घटनास्थल के आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अराजक तत्वों को चिन्हित करने के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई है। इस संबंध में शिकायतकर्ता से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को गिरफ्तार करके जेल भी भेजा जाएगा।

  • उप्र से भाजपा के सात उम्मीदवारों ने किया राज्यसभा के लिए नामांकन

    उप्र से भाजपा के सात उम्मीदवारों ने किया राज्यसभा के लिए नामांकन

    -मुख्यमंत्री योगी व वैजयंत जय पाण्डा नामांकन के समय रहे उपस्थित

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के सात राज्यसभा उम्मीदवारों ने बुधवार को विधान भवन पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। भाजपा की ओर से सुधांशु त्रिवेदी, अमरपाल मौर्य, डाॅ. संगीता बलवंत बिन्द, साधना सिंह, आर.पी.एन. सिंह, चौधरी तेजवीर सिंह और नवीन जैन ने नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी वैजयंत जय पाण्डा, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर व प्रदेश महामंत्री संजय राय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

    उत्तर प्रदेश भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी वैजयंत जय पाण्डा ने कहा कि भारत की पूरे विश्व में प्रशंसा हो रही है। तीसरी बार प्रचण्ड बहुमत से मोदी को प्रधानमंत्री बनायेंगे। उत्तर प्रदेश में 80 की 80 सीटों पर भाजपा विजय हासिल करेगी। भाजपा समाज के हर वर्ग से प्रतिनिधित्व व नेतृत्व कर रहा है। नामांकन के बाद सुधांशू त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का ध्यान रखती है। अबूधाबी में मंदिर का उद्घाटन हो रहा है। वहीं अमरपाल मौर्य ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता भी आगे बढ़ता है।

  • उप्र में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए कांग्रेस ने बनाई आठ समितियां

    उप्र में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के लिए कांग्रेस ने बनाई आठ समितियां

    लखनऊ। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में शुक्रवार (16 फरवरी) को पहुंच रही है। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी जन जागरण से लेकर कार्यक्रम की विभिन्न तैयारियों में जुट गए हैं। प्रदेश में इस न्याय यात्रा के संयोजक पीएल पुनिया और सह संयोजक आराधना मिश्रा द्वारा बनाई गई आठ समितियों को प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अनुमति दे दी है। ये आठ समितियां प्रदेश में न्याय यात्रा की व्यवस्था संभालेंगी।

    कांग्रेस के मुताबिक समन्वय समिति में 29 लोगों को रखा गया है। इसमें प्रदेश के प्रमुख पदाधिकारी हैं। इसमें पीएल पुनिया, आराधना मिश्रा, सलमान खुर्शीद, प्रमोद तिवारी, निर्मल खत्री, राजीव शुक्ला, राजेश मिश्रा, अजय कुमार लल्लू, बृजलाल खाबरी, प्रदीप जैन आदित्य, वीरेन्द्र चौधरी, इमरान प्रतापगढ़ी, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, नकुल दुबे आदि का नाम शामिल है।

    सोशल मीडिया समिति में पंखुड़ी पाठक, दानिश आजम वारसी, शालिनी सिंह, पवन शर्मा सहित 28 लोग हैं। मोबिलाइजेशन कमेटी में आराधना मिश्रा, प्रदीप जैन आदित्य, नसीमुद्दीन सिद्दीकी सहित 35 लोगों को रखा गया है। पास एंड एक्सेस कमेटी में 12 लोग हैं। पब्लिसिटी एवं ब्रांडिंग कमेटी में 27 लोग हैं। मीडिया कमेटी में 21 लोगों को रखा गया है।

  • लखनऊ में 19 फरवरी को होने वाले भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगे मुरादाबाद के 146 निवेशक

    लखनऊ में 19 फरवरी को होने वाले भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगे मुरादाबाद के 146 निवेशक

    – मंडलीय उद्योग केंद्र मुरादाबाद के संयुक्त आयुक्त योगेश कुमार ने दी जानकारी

    – 10,000 करोड़ रुपए से कम के निवेश प्रस्ताव वाले जिले के 47 उद्यमी मुरादाबाद में देखेंगे लाइव प्रसारण

    मुरादाबाद। मंडलीय उद्योग केंद्र, मुरादाबाद मंडल के संयुक्त आयुक्त योगेश कुमार ने बुधवार को बताया कि लखनऊ में 19 फरवरी को होने वाले भूमि पूजन समारोह में मुरादाबाद जनपद के 146 निवेशक शामिल होंगे। इन सभी निवेशक उद्यमियों के द्वारा 10,000 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश की तैयारी हैं।

    संयुक्त आयुक्त योगेश कुमार ने आगे बताया कि 10,000 करोड़ रुपए से कम के निवेश प्रस्ताव वाले जिले में 47 उद्यमी हैं, इनके लिए 19 फरवरी को जिले में ही भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें सभी उद्यमी प्राशसनिक, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और उद्योग केंद्र के कर्मियों के साथ लखनऊ के समारोह का लाइव प्रसारण देखेंगे।

    उन्होंने बताया कि जिले में कुल 193 उद्यमियों के माध्यम से 10 हजार करोड़ से अधिक का निवेश होना हैं। इन्वेस्टर समिट में तय हुए इन निवेश प्रस्ताव के धरातल पर आने का माहौल तैयार हो गया है।

  • कमजोर पड़ रहा अल-नीनो, मानसून में अच्छी बारिश की उम्मीद

    कमजोर पड़ रहा अल-नीनो, मानसून में अच्छी बारिश की उम्मीद

    कानपुर। अल नीनों कमजोर पड़ रहा है, जिससे उम्मीद है कि मानसून में अच्छी बारिश हो सकती है। प्रशांत महासागर के गर्म होने से अल नीनो कमजोर होना शुरू हो गया है। अगस्त तक ला नीना की स्थिति बनने की संभावना है। देश के मौसम वैज्ञानिक भी घटनाक्रमों पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। उनका मानना है कि जून-अगस्त तक ला नीना की स्थिति बनने का मतलब है कि इस साल मानसून की बारिश पिछले साल की तुलना में बेहतर होगी। यह जानकारी मंगलवार को चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने दी।

    उन्होंने बताया कि पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव माधवन राजीवन ने कहा, जून-जुलाई तक ला-नीना विकसित होने की अच्छी संभावना है। यदि इस साल अल नीनो, ईएनएसओ (अल-नीनो साउदर्न ऑसीलेशन) तटस्थ स्थितियों में बदल गया तो भी इस साल का मानसून पिछले साल से बेहतर रहेगा।

    भारत की वार्षिक वर्षा का लगभग 70 फीसदी दक्षिण-पश्चिम मानसून से आता है। यह कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। कृषि क्षेत्र देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का करीब 14 फीसदी है। 1.4 अरब की आबादी वाले देश में आधी से ज्यादा जनसंख्या को आजीविका देता है। अमेरिका के राष्ट्रीय महासागरीय और वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) ने इस सप्ताह पूर्व कहा था कि अप्रैल-जून तक अल-नीनो के ईएनएसओ के तटस्थ स्थिति में बदलने की 79 फीसदी संभावना है। इसके अलावा, जून-अगस्त तक ला नीना के विकसित होने की 55 फीसदी संभावना है।

  • किसानों के दिल्ली कूच के मद्देनजर गाजियाबाद में कई किसान नेता किए गए नजरबंद

    किसानों के दिल्ली कूच के मद्देनजर गाजियाबाद में कई किसान नेता किए गए नजरबंद

    गाजियाबाद। किसानों के दिल्ली कूच के मद्देनर पुलिस ने मंगलवार को गाजियाबाद में कई किसान नेताओं को नजरबंद कर दिया है। नजरबंद किए गए किसान नेताओं में प्रमुख रूप से भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजवीर सिंह, जिलाध्यक्ष मनोज तेवतिया, उपाध्यक्ष अशोक चौधरी व महेंद्र सिंह रईसपुर शामिल हैं।

    इस दौरान राजवीर सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान मांग की कि सरकार किसानों की मांगें तुरंत माने। उन्होंने कहा कि सरकार यदि राजस्थान और मध्यप्रदेश के चुनावों में गेहूं के एमएसपी से 600 रुपये प्रति कुंतल अधिक का बोनस दे सकती है तो देश के अन्य राज्यों में क्यों नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि किसान आपना हक मांगने दिल्ली आ रहा है। सरकार तुरंत किसानों से वार्ता कर उनका हक देने का काम करे अन्यथा पूरे देश का किसान एक बार फिर दिल्ली का रुख कर सकता है।

  • ससुर से संबंध नहीं बनाया तो बहरीन में रह रहे पति ने दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज

    ससुर से संबंध नहीं बनाया तो बहरीन में रह रहे पति ने दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज

    फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवा थाना क्षेत्र की एक महिला ने आरोप लगाया कि उसके ससुर ने छेड़छाड़ करते हुए अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। विरोध करने पर जान से मारने की कोशिश की गई। इस बात की जानकारी बहरीन में रह रहे जब पति को हुई तो उसने अपने पिता का विरोध करने की बजाए मुझे तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपित पिता-पुत्र पर दहेज उत्पीड़न एवं छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

    फतेहपुर महिला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मामला संज्ञान में आया है। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 2015 में कानपुर के किदवई नगर में रहने वाले सफदर अली के बेटे खालिद अली से हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं। शादी के बाद से ही दहेज के लिए बाप-बेटे आए दिन उसे प्रताड़ित करते रहते हैं। मौजूदा समय में पति खालिद बहरीन में हैं और वह बेटियों को लेकर ससुराल में रहती हैं।

    महिला का आरोप है कि बीते 20 दिसंबर 2023 को जब वह घर पर अकेली थी तभी ससुर ने बुरी नीयत से उसके साथ छेड़खानी का प्रयास किया। जब विरोध किया तो उसने अलग चाल चली। ससुर ने नहाते वक्त उसकी वीडियो बनाई और अपनी बात मानने के लिए महिला को ब्लैकमेल करने लगा। विरोध करने पर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। किसी तरह वह ससुर के चंगुल से छूट कर दूसरे कमरे गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

    पीड़िता ने बताया, जब मैंने पति को वीडियो कॉलिंग के जरिए घटना के बारे में बताया तो उसने कहा कि जैसा अब्बा कह रहे हैं वैसा करो। मैंने जब इसका विरोध किया तो ऐसा न करने पर पति ने गाली-गलौज करते हुए मुझे तीन तलाक दे दिया। साथ ही धमकी भरे लहजे में बोला कि यहां मोदी का राज नहीं है कि तुम मेरा कुछ कर लोगी।

    इस घटना के बाद पाड़ित महिला अपने दोनों बच्चियों को लेकर मायके चली गई और अपने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

  • सुलतानपुर : चर्चित गायिका विजय लक्ष्मी का शव कमरे में लटका मिला

    सुलतानपुर : चर्चित गायिका विजय लक्ष्मी का शव कमरे में लटका मिला

    सुलतानपुर। चर्चित गायिका और अभिनेत्री विजय लक्ष्मी उर्फ मल्लिका राजपूत का शव मंगलवार को उनके कमरे में लटका हुआ मिला है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने खुदकुशी का मान रही है।

    कोतवाली नगर के सीताकुंड स्थित मोहल्ले में गायिका विजय लक्ष्मी उर्फ मल्लिका राजपूत अपने परिवार साथ रहती थी। मंगलवार को उनका शव कमरे में लटका हुआ पाया गया है। मां सुमित्रा सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कर साक्ष्य को एकत्र किया है। पूछताछ में मां ने बताया कि बेटी ने यह कदम क्याें उठाया है इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नही है। कोई ऐसी बात नहीं थी हालांकि हमसे ही थोड़ी बहुत बात बेटी से हुई थी अमूमन सभी के घर में होता हैं।

    कोतवाली प्रभारी श्रीराम पाण्डेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया तो मामला सुसाइड का ही लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट हो पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर ही अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    पदमश्री भजन सम्राट अनूप जलोटा संग काम किया

    गायिका विजय लक्ष्मी उर्फ मल्लिका राजपूत ने करीब छह हजार गजलें गाई हैं। वे एक फिल्म, दो वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं। पदमश्री भजन सम्राट अनूप जलोटा और जगजीत सिंंह संग काम किया है। फिल्म रिवाल्वर रानी में अभिनेत्री कंगना रानौत के साथ विजय लक्ष्मी ने बतौर सह अभिनेत्री का किरदार निभाया है।