Category: सुल्तानपुर

  • राहुल गांधी अब 2 मई को कोर्ट में होंगे पेश

    राहुल गांधी अब 2 मई को कोर्ट में होंगे पेश

    सुलतानपुर। अमित शाह के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में एमपी एमएलए की विशेष कोर्ट रिक्त होने के कारण राहुल गांधी के विरुद्ध सोमवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस केस में 2 मई को बयान मुलजिम की तारीख नीयत की गई है। वही राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला ने उनके अस्वस्थ होने का प्रार्थना पत्र कोर्ट में दिया है।

    दरअसल, अगस्त 2018 में राहुल गांधी के विरुद्ध जिले के भाजपा नेता कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के हनुमानगंज निवासी विजय मिश्रा ने एक परिवाद एमपी एमएलए कोर्ट में 4 अगस्त 2018 को दायर किया था। राहुल पर कर्नाटक की एक चुनावी जनसभा में अमित शाह को लेकर हत्या शब्द का प्रयोग किया गया था। जिससे आहत होकर विजय मिश्रा कोर्ट की शरण में पहुंचे थे। कोर्ट में तारीख पर तारीख पड़ती रही, लेकिन राहुल हाजिर नहीं हुए। अंत में बीते वर्ष दिसम्बर माह में कोर्ट ने राहुल गांधी के विरुद्ध एन बी डब्लू की कार्यवाही कर दी थी। जिसके बाद उनके अधिवक्ता कोर्ट में हाजिर हुए और उन्होंने समय मांगा।

    अंत में 19 फरवरी को न्याय यात्रा लेकर राहुल गांधी अमेठी पहुंचे थे। 20 फरवरी 2024 को उन्होंने सुलतानपुर के एमपी एमएलए कोर्ट में सरेंडर किया था जहां से कोर्ट ने उन्हें 25-25 हजार के दो बेल बॉन्ड पर कोर्ट ने राहुल को जमानत दे दिया था। इसके बाद से कई तारीखें बीत गई लेकिन राहुल बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचे। वादी के अधिवक्ता संतोष पाण्डेय ने 12 अप्रैल की पेशी पर राहुल के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट निर्गत करने के लिए अर्जी भी दी थी।

  • सपा उम्मीदवार का नोटों की गड्डी वायरल मामले में मुकदमा दर्ज

    सपा उम्मीदवार का नोटों की गड्डी वायरल मामले में मुकदमा दर्ज

    सुलतानपुर। सुलतानपुर लोक सभा गठबंधन के सपा उम्मीदवार भीम निषाद के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज हो गया है। उप जिलाधिकारी बल्दीराय विदुषी सिंह की जांच रिपोर्ट में सपा उम्मीदवार भीम निषाद का प्रथमदृष्टया आचार संहिता का उल्लंघन किया जाना पाया गया।

    कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के रतनपुर (टेढुई) स्थित केंद्रीय चुनाव कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सपा विधायक ताहिर खान को 500 रुपये के नोटों की गड्डी थमाते सपा के लोकसभा प्रत्याशी भीम निषाद का वीडियो वायरल होने का मामला सामने आया था। दारोगा अरविंद सिंह की तहरीर पर सपा उम्मीदवार भीम निषाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।

    ज्ञातव्य हो कि लोकसभा सुलतानपुर से समाजवादी पार्टी उम्मीदवार भीम निषाद द्वारा सपा विधायक ताहिर खान को पांच सौ रुपये के नोटों की गड्डियां देते वीडियो वायरल होने पर भारतीय जनता पार्टी ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए जिला प्रशासन को पत्र लिखकर चुनाव आयोग के निर्देशानुसार कार्यवाही करने की मांग की है।

    भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ आर.ए वर्मा ने कहा था कि हमारे जितने भी विपक्षी पार्टियां हैं। वे इसी तरह गलत कार्यों को कर चुनाव जीतने का मन बनाए हैं। पहले भी वह ऐसे करते चले आए हैं। मेरा जिला प्रशासन से व्यक्तिगत आग्रह है कि इस मामले को संज्ञान लेकर कार्यवाही करें। वही चर्चा में आए वीडियो और भाजपा की तरफ से सपा उम्मीदवार के खिलाफ कार्यवाही करने का मांगपत्र जिला प्रशासन को दिए जाने के बाद जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने भी मामले की जांच करने के लिए एसडीएम बल्दीराय विदुषी सिंह को निर्देश दिया था।

    एसडीएम बल्दीराय विदुषी सिंह ने वायरल वीडियो के मामले में सपा उम्मीदवार श्री निषाद को नोटिस जारी किया था।

  • भाजपा नेता की करंट लगने से मौत, पार्टी में शोक की लहर

    भाजपा नेता की करंट लगने से मौत, पार्टी में शोक की लहर

    सुलतानपुर। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा के जिला मंत्री की आज करंट के चपेट में आने से मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार में जहां कोहराम मच गया, वहीं पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

    जिले के कादीपुर कोतवाली के अंतर्गत ग्राम सभा कोटिया निवासी रामचंद्र यादव (50) पुत्र राम नायक यादव के घर में छत पर निर्माण कार्य चल रहा है। उसी को लेकर वे अपने मकान की दीवार को तरी कर रहे थे तभी करंट दीवार पर उतर गया और वो दीवार पर ही लटक गए। लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह अपने पीछे दो पुत्रों को छोड़ गए हैं।

    घटना की जानकारी प्रभारी निरीक्षक कादीपुर अशोक कुमार सिंह को प्राप्त हुई वह तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन कर विधिक कार्यवाही में जुट गए। रामचंद्र यादव भारतीय जनता पार्टी के बहुत ही समर्पित कार्यकर्ता बताए गए हैं। वह भाजपा मंडल कादीपुर के मंडल मंत्री और सुल्तानपुर पिछड़ा मोर्चा के जिला मंत्री थे। उनकी मौत की खबर सुनकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश द्विवेदी, कादीपुर चेयरमैन आनंद जयसवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजित राम, भाजपा के वरिष्ठ नेता सर्वेश सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र पाठक, पूर्व विधायक राम चंदर चौधरी, पूर्व विधायक भगेलू राम आदि उनके घर पहुंचकर घर वालों को सांत्वना दे रहे हैं।

  •  सुलतानपुर में पार्टी के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या, दो हिरासत में

     सुलतानपुर में पार्टी के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या, दो हिरासत में

    सुलतानपुर। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के दरियापुर इलाके में रविवार देर शाम एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गयी जबकि एक अन्य युवक को लखनऊ रेफर किया गया है। इस घटना के संबंध में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।

    पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने बताया कि थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में विजय नारायण सिंह और उनके साथी पार्टी कर रहे थे। इस दौरान उनके साथियों के मध्य किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस बीच एक व्यक्ति अजय सिंह ने विजय नारायण सिंह को गोली मार दी जिससे विजय की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके एक साथ ही हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

    एसपी के मुताबिक छह सदस्यीय टीम गठित कर दी गयी है। कुछ महत्वपूर्ण फुटेज मिले हैं। इसी के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

  • आठ बार जीत का कारण प्रतिद्वंदी को कभी नहीं समझा कमजोर : मेनका गाँधी

    आठ बार जीत का कारण प्रतिद्वंदी को कभी नहीं समझा कमजोर : मेनका गाँधी

    सुलतानपु। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका संजय गांधी ने शनिवार को अपने चुनावी दौरे के छठवें दिन लंभुआ विधानसभा अंतर्गत पूर्व निर्धारित एक दर्जन से अधिक कार्यक्रमों में शामिल हुई। श्रीमती गांधी ने कहा आठ बार जीत का कारण प्रतिद्वंदी को मैंने कभी कमजोर नहीं समझा । शमीगंज बाजार में आयोजित नुक्कड़ सभाओं कों संबोधित करते हुए कहा मैं राजनीति में सेवा के लिए आई हूं। मैं अन्याय व भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करती हूं। अगर किसी के साथ भी अन्याय हो तो मेरे दरवाजे आपकी मदद के लिए हमेशा खुले हैं।

    श्रीमती गांधी ने शनिवार को मंडल भदैंया एवं कन्धईपुर की बैठक हनुमानगंज, मंडल लंभुआ एवं अर्जुनपुर की बैठक चंदन मैरिज लान लंभुआ एवं पीपी कमैचा व अमरुपुर की बैठक लाल जी सिंह महाविद्यालय कोथराकला में संबोधित किया।

    संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए बूथ विजय का मंत्र दिया। उन्होंने कहा मेरे इलेक्शन का मालिक बूथ अध्यक्ष और उसकी टीम है। उन्होंने कहा मैं 8 बार जीती हूं कारण मैंने अपने प्रतिद्वंद्वी को कभी कमजोर नहीं समझा।उन्होंने कहा हर बूथ पर जीत का परचम लहराना होगा। सांसद मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने जानकारी दी कि पीपी कमैचा में संतोष दूबे प्रधान के आवास पर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अरुण कुमार जायसवाल के संयोजन में प्रधान व बीडीसी की समन्वय बैठक आयोजित हुई। यहां उन्होंने कहा यह इलेक्शन मेरा नहीं आपका है।तब बैठे लोगों ने 4 जून को 4 लाख पार की जीत का नारा लगाया।सुल्तानपुर ने मुझे बहुत प्यार और इज्जत दी है।

    उन्होंने कहा मुझे खुशी है कि मैंने पांच सालों में 70 से 80 हजार लोगों के विवादों को सुलझाया है।और मैं अकेली सांसद हूं जिसने सभी ब्लॉकों में सरकारी अफसर और कर्मचारियों को बैठाकर दो-दो बार चौपाल लगाई और लोगों को 2 घंटे में न्याय दिलाया है। आज विभिन्न कार्यक्रमों में लंभुआ विधानसभा प्रभारी के के जायसवाल, विधानसभा संयोजक अयोध्या प्रसाद वर्मा, शिवाकांत मिश्रा, व्यापारी नेता विजय प्रताप सिंह, एलके दूबे,विजय सिंह रघुवंशी,राम मूर्ति वर्मा, राजेश चतुर्वेदी,राजेंद्र मिश्रा,सलीम फौजी,सुभाष चन्द्र श्रीवास्तव,शिव नारायण वर्मा,प्रवीण सिंह,कैलाश दूबे, संजय सरोज,शेर बहादुर सिंह,मधू अग्रहरि,अभिनव सिंह, अनिल यादव, प्रदीप रावत आदि मौजूद रहे।

  • जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही अनीता की आठवें दिन मौत

    जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही अनीता की आठवें दिन मौत

    सुलतानपुर,। जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही अनीता आखिरकार आठवें दिन जिंदगी की जंग से हार गयी। शव जब गांव पहुंचा तो कोहराम गया। पुलिस घटना की जांच मे जुटी है।

    जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के गुड़बड़ गांव मे बीते 17 मार्च रविवार की शाम अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर अनीता (15)का गला रेत दिया था। ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में उसका इलाज चल रहा था, जहां रविवार की शाम उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद बीती रात शव गांव आया तो कोहराम मच गया। सीओ ने बताया कि इस मामले में पूर्व में ही केस दर्ज किया जा चुका है। पुलिस विवेचना कर रही है।

    उल्लेखनीय है कि गुड़बड़ गांव निवासी अनिता (15) 17 मार्च रविवार को अपने राइस मिल पर मां के साथ काम कर रही थी। पिता अनंतू की मौत पहले ही हो चुकी है। माता सोनिया पालन पोषण के लिए घर से 50 मीटर दूरी एक राइस मिल चलाती है। रविवार शाम करीब साढ़े 5 बजे उसकी मां सोनिया ने बेटी को चाय बनाने के लिए घर भेजा। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आई तो उसकी मां घर पहुंची तो देखकर दंग रह गई। संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी खून से लथपथ घर में पड़ी मिली थी। किशोरी का गला कटा था। मां की चीख पुकार सुनकर गांव के लोग इक्कठा हो गए थे। उसे निजी वाहन से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था। जहां मौजूद चिकित्सको ने किशोरी की हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया था।

    अगले दिन सोमवार को मां की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया गया था। वहीं बीती शाम लखनऊ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहां से पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव घर आया तो कोहराम मच गया। परिजनों ने शव के अंतिम संस्कार से इनकार किया है।

    नहीं दर्ज हुआ है मृतका का बयान

    बताया जा रहा है कि लखनऊ में इलाज के दौरान मजिस्ट्रेट ने किशोरी का बयान तक नहीं लिया है। उधर सीओ जयसिंहपुर प्रशांत सिंह ने बताया कि पुलिस केस दर्जकर विवेचना कर रही है। आरोपी जो भी होगा बख्शा नहीं जाएगा।

  • लोस चुनाव : कई अटकलों के बीच भाजपा से मेनका गांधी इस बार भी मैदान में

    लोस चुनाव : कई अटकलों के बीच भाजपा से मेनका गांधी इस बार भी मैदान में

    सुलतानपुर। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने होली के एक दिन पहले सुलतानपुर संसदीय सीट पर फिर से मेनका गांधी को उतार कर तमाम तरह की अटकलों पर विराम लगा दिया है।

    मेनका गांधी की पहचान भारत की प्रसिद्ध राजनेत्री एवं पशु-अधिकारवादी के रूप में है। वह पूर्व में पत्रकार भी रह चुकी हैं। भारत की प्रथम महिला प्रधान मंत्री इन्दिरा गांधी के छोटे पुत्र स्व. संजय गांधी की पत्नी के रूप में वे अधिक विख्यात हैं। उन्होंने अनेकों पुस्तकों की रचना की है तथा उनके लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रायः आते रहते हैं।

    मेनका गाँधी भारतीय राजनीतिज्ञ स्व. संजय गांधी की पत्नी हैं। वह एक भारतीय राजनीतिज्ञ, पशु अधिकार कार्यकर्ता और पर्यावरणविद् के रूप में भी जानी जाती हैं। वह पिछले चार सरकारों में मंत्री रही हैं। 2014 से मई 2019 तक नरेंद्र मोदी की सरकार में भी मंत्री रह चुकी हैं।

    मेनका गांधी 1984 में राजीव गांधी अमेठी (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से 2.7 लाख वोटों से हार गयी थीं। एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ी थीं। 1989-91 जनता दल पार्टी के टिकट पर पीलीभीत (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से लोकसभा सदस्य चुनी गयीं। 1991 के चुनाव में पीलीभीत में जनता दल के उम्मीदवार के रूप में भाजपा के परशुराम से चुनाव हार गयीं। 1996-98 पीलीभीत (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से लोकसभा सदस्य, जनता दल पार्टी के टिकट पर चुनी गयी। 1998-99 पीलीभीत (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से लोकसभा सदस्य, एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनी गयीं। 1999-2004 पीलीभीत (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से लोकसभा सदस्य, एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनी गयीं।

    -भाजपा के साथ शुरू हुआ सफर

    2004-09 – पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र से लोकसभा सदस्य, भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर जीतीं।

    2009-14 – आंवला लोकसभा क्षेत्र से लोकसभा सदस्य, भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतीं।

    2014-19 – पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र से लोकसभा सदस्य, भाजपा के टिकट पर चुनी गईं।

    2019–वर्तमान – सुल्तानपुर लोकसभा क्षेत्र से लोकसभा सदस्य, भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतीं। लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम में मेनका संजय गांधी को कुल 4,59,196 मत मिले थे।(45.88 प्रतिशत) और गठबंधन में बसपा उम्मीदवार पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू को 4,44,670 मत (44.43 प्रतिशत) मिले। कांग्रेस के डॉ.संजय सिंह को कुल 41,681 (4.16 प्रतिशत) मत मिले थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में सुल्तानपुर सीट से बीजेपी प्रत्याशी मेनका गांधी को बसपा उम्मीदवार चंद्रभद्र सिंह सोनू से कड़ी टक्कर मिली थी। मेनका गांधी इस चुनाव में महज 14 हजार मतों से ही चुनाव जीती थीं। चुनाव में तीसरे प्रत्याशी कांग्रेस संजय सिंह थे।

    मेनका गांधी जी वर्तमान में सुल्तानपुर जिले की सांसद है, और जिले के पिछड़ेपन को लगातार दूर करती जा रही हैं। जिले को हाइटेक बनाने का काम लगातार कर रही हैं। मेनका गांधी को सुल्तानपुर की जनता प्यार से माँ कहकर भी बुलाती है, यह इनके करिश्माई कामों की वज़ह से ही हो सका है।

  • हत्यारोपित बीस हजार का इनामी गिरफ्तार

    हत्यारोपित बीस हजार का इनामी गिरफ्तार

    सुलतानपुर,। कुड़वार थाना पुलिस टीम ने बीस हजार के इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया है। उस पर एक युवक की हत्या का आरोप है। पुलिस ने न्यायिक प्रकिया के तहत उसे जेल भेजने की कार्यवाही की है।

    पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने बुधवार को बताया कि आरोपित विजय प्रकाश पाण्डेय पूरे सुविधान पाण्डेय का पुरवा मजरे कोटा थाना कुड़वार जनपद सुलतानपुर का रहने वाला है। पुलिस ने बुधवार को गोमती नदी के पास से आरोपित को गिरफ्तार किया है। उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था । आरोपित सुलतानपुर के चौकीदार रामसूरत निषाद के पुत्र धर्मेन्द्र कुमार निषाद की हत्या में वांछित चल रहा था।

  • दुष्कर्म के आरोपित को 10 साल की कैद, 30 हजार का लगाया अर्थदंड

    दुष्कर्म के आरोपित को 10 साल की कैद, 30 हजार का लगाया अर्थदंड

    -ढाई साल पहले रायबरेली ले जाकर किशोरी से किया था रेप

    सुलतानपुर,। पॉक्सो कोर्ट ने प्रतापगढ़ के रहने वाले मस्जिद के इमाम को दुष्कर्म के मामले में 10 साल कैद की सजा सुनाई है। किशोरी को अरबी पढ़ाने के बहाने बुलाकर बहला फुसलाकर वो उसे रायबरेली ले गया और वहां बंधक बनाकर कई दिनों तक दुष्कर्म करने के बाद जान से मारने की धमकी भी दी। कोर्ट आरोपित पर तीस हजार का अर्थदंड भी ठोका है।

    विशेष लोक अभियोजक रमेश चंद्र सिंह ने बुधवार को बताया कि पीड़िता की मां ने 06 सितम्बर 2022 की रात में नगर कोतवाली में एफआईआर लिखाया था। उसके अनुसार उसकी दो नाबालिग बेटियां उसी दिन एक बजे घर से मौसा के यहां जाने के लिए निकली। रास्ते में 17 वर्षीय बड़ी बेटी ने अमहट में इश्तेखार से मिलने की बात कहा और छोटी बहन को छोड़ चली गई। शाम तक जब बेटी नहीं आई तो परिजन घर के पास मस्जिद में नमाज पढ़ाने तथा बेटियों को अरबी पढ़ाने वाले इश्तेखार के घर बिबिया करनपुर चिलबिला प्रतापगढ़ गए। इश्तेखार के पिता व भाई ने बताया कि वह शादीशुदा है और तीन महीने से घर नहीं गया था।

    एफआईआर लिखने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की तो पांच दिन बाद वह किशोरी के साथ पकड़ा गया। किशोरी ने बताया कि जब वह इश्तेखार से अमहट में मिली तो वह उसे बाइक से रायबरेली ले गया। वहां एक कमरे में पांच दिन बंद रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मार डालने की धमकी देता था। फिर वापस लाया तो दोनों पकड़े गए।

    अभियोजन ने 6 व बचाव पक्ष ने न्यायालय में एक गवाह परीक्षित कराया। जज पवन कुमार शर्मा ने साक्ष्यों के आधार इश्तेखार को सजा काटने के लिए जेल भेज दिया व अर्थदंड की आधी धनराशि पीड़िता को देने का आदेश दिया।

  • मानहानि मामले में राहुल गांधी को सुलतानपुर कोर्ट से मिली जमानत

    मानहानि मामले में राहुल गांधी को सुलतानपुर कोर्ट से मिली जमानत

    सुलतानपुर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी को मानहानि के मामले में मंगलवार को सुलतानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट से जमानत मिल गई। राहुल गांधी कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश हुए थे। जमानत के बाद उन्होंने 25-25 हजार के दो बांड भी भरे। राहुल गांधी के खिलाफ यह मामला पांच साल पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी से जुड़ा है।

    एमपी-एमएलए कोर्ट में सरेंडर और जमानत अर्जी पर सुनवाई के दौरान राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ल ने आरोपों को निराधार बताते हुए जमानत की मांग की। वहीं अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध जताया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट के जज योगेश यादव ने राहुल गांधी को सशर्त जमानत दे दी। कोर्ट ने जमानत व मुचलका दाखिल करने का आदेश दिया। राहुल ने जमानत के बाद 25-25 हजार रुपये के दो बांड भरे। अग्रिम कार्यवाही के लिए कोर्ट ने दो मार्च, 2024 की तारीख तय की है।

    उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने 05 साल पहले गुजरात में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। राहुल ने 2018 में कर्नाटक चुनाव के दौरान कहा था कि जो पार्टी ईमानदारी की बात करती है, उसका अध्यक्ष हत्या का आरोपित है। इसके बाद सुलतानपुर के भाजपा नेता विजय मिश्र ने 04 अगस्त, 2018 को राहुल के खिलाफ मनहानि का केस दायर किया था। विजय मिश्रा का दावा है कि राहुल के बयान से चार साल पहले अमित शाह को 2005 के फर्जी मुठभेड़ मामले में मुंबई के स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने आरोपमुक्त कर दिया था। इसी मामले में सुलतानपुर की अदालत में पेश होने के लिए राहुल को समन जारी किया गया था। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मंगलवार को होल्ड कर राहुल गांधी कोर्ट में पेश हुए।

    दोषी साबित होने पर दो साल की हो सकती है सजा-

    भाजपा नेता विजय मिश्रा ने कहा था कि राहुल गांधी ने बेंगलुरु में अमित शाह पर आरोप लगाया था कि वह हत्यारे हैं। जब मैंने ये आरोप सुने तो मुझे बहुत दुःख हुआ, क्योंकि मैं 33 सालों से पार्टी के लिए काम कर रहा हूं। मैंने अपने वकील के माध्यम से इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। यह मामला 04 अगस्त, 2018 को सुलतानपुर की अदालत के समक्ष दायर किया गया था। अगर राहुल इस मामले में दोषी साबित होते हैं तो उन्हें अधिकतम दो साल की सजा हो सकती है।