Category: रूस

  • राष्ट्रपति चुनाव में एकतरफा जीत के बाद पुतिन रूस पर छह साल और शासन करने को तैयार

    राष्ट्रपति चुनाव में एकतरफा जीत के बाद पुतिन रूस पर छह साल और शासन करने को तैयार

    मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन रविवार को एकतरफा राष्ट्रपति चुनाव सम्पन्न होने के बाद और छह साल तक शासन करने के लिए तैयार हैं। पुतिन का सत्ता पर करीब 25 साल से कब्जा है। आलोचकों के मुताबिक रूस के चुनाव में मतदाताओं को निरंकुश शासक के खिलाफ कोई वास्तविक विकल्प नहीं दिया गया।

    रूस में तीन दिवसीय राष्ट्रपति चुनाव शुक्रवार को बेहद नियंत्रित माहौल में शुरू हुआ, जहां पुतिन या यूक्रेन के साथ युद्ध को लेकर उनकी सार्वजनिक आलोचना की अनुमति नहीं थी। पुतिन के सबसे कट्टर राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी एलेक्सी नवलनी की पिछले महीने आर्कटिक जेल में मौत हो गई और अन्य आलोचक या तो जेल में हैं या निर्वासन में हैं।

    पुतिन (71) को क्रेमलिन-अनुकूल पार्टियों के तीन प्रतीकात्मक प्रतिद्वंद्वियों का सामना करना पड़ रहा है, जिन्होंने उनके 24 साल के शासन या दो साल पहले यूक्रेन पर उनके आक्रमण की किसी भी आलोचना से परहेज किया है। उन्होंने चुनाव से पहले युद्धक्षेत्र में रूस की सफलता का दावा किया, लेकिन रविवार तड़के पूरे रूस में बड़े पैमाने पर यूक्रेनी ड्रोन हमले ने मॉस्को के सामने आने वाली चुनौतियों की याद दिला दी।

    रूस के रक्षा मंत्रालय ने रातभर में 35 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया, जिनमें से चार रूस की राजधानी मॉस्को के पास मार गिराए गए। मॉस्को के महापौर सर्गेई सोबयानिन ने कहा कि कोई हताहत या क्षति नहीं हुई है।

    रूस के बिखरे हुए विपक्ष ने पुतिन या युद्ध से नाखुश लोगों से रविवार को दोपहर में मतदान में आकर अपना विरोध व्यक्त करने का आग्रह किया है। इस कार्रवाई का नवलनी ने अपनी मृत्यु से कुछ समय पहले ही समर्थन किया था। नवलनी के सहयोगियों ने रूस के विभिन्न शहरों में मतदान केंद्रों के पास भीड़ की तस्वीरें और वीडियो जारी करते हुए अपनी रणनीति को सफल बताया। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हुआ कि क्या मतदान केंद्रों पर कतार में खड़े मतदाता नवलनी के सहयोगियों के आह्वान पर आए हैं या यह जबर्दस्त मतदान को प्रतिबिंबित करता है, जो आमतौर पर दोपहर के आसपास चरम पर होता है।

  • क्रेन ने रूस पर किया मिसाइलों से हमला, रूस ने जवाबी हमले में सुमी और खार्किव में बरसाए गोले

    क्रेन ने रूस पर किया मिसाइलों से हमला, रूस ने जवाबी हमले में सुमी और खार्किव में बरसाए गोले

    मास्को, । यूक्रेन ने रूस के सीमावर्ती क्षेत्र बेलगोरोद में एक के बाद एक आठ मिसाइलों से हमले किए जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह घायल हो गए। यूक्रेन ने यह हमला रूस में राष्ट्रपति चुनाव से पहले यह हमला किया गया है। स्थानीय अधिकारियों ने गुरुवार को दावे में यह भी कहा कि सीमावर्ती कुर्स्क क्षेत्र में भी यूक्रेनी बलों ने हमले का प्रयास किया, लेकिन उसे नाकाम कर दिया गया।

    इधर, रूस ने यूक्रेन में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया। रूस में हाल के दिनों में यूक्रेन की ओर से हमले बढ़ गए हैं। ये हमले ऐसे समय हो रहे हैं, जब रूस में राष्ट्रपति चुनाव होने वाले हैं। इस चुनाव में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का फिर से चुना जाना तय माना जा रहा है। पुतिन ने गुरुवार को एक वीडियो संदेश में रूसी नागरिकों से मतदान केंद्रों पर जाने और मतदान करने की अपील की। रूस में 15-17 मार्च को राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। यूक्रेन के पूर्वोत्तर सुमी और खार्किव क्षेत्रों में रात के समय 36 ड्रोन से हमले को अंजाम दिया गया। इसमें संचार केंद्रों को नुकसान पहुंचा। सुमी में टेलीविजन और रेडियो स्टेशन को निशाना बनाया गया।

    सुमी प्रशासन ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि नुकसान के चलते क्षेत्र के कुछ हिस्से यूक्रेनी टेलीविजन और रेडियो के सिग्नल नहीं मिल सके। क्षेत्र में मोबाइल फोन सिग्नल भी प्रभावित हो सकते हैं। एक दिन पहले सुमी और डोनेस्क में बमबारी की गई थी। इसमें चार लोगों की मौत हुई थी, जबकि रूस के नियंत्रण वाले जपोरीजिया परमाणु संयंत्र ने गुरुवार को दावा किया कि यूक्रेनी सेना ने परिसर में बमबारी की। इस तरह का हमला स्वीकार्य नहीं है।

  • यूक्रेनी परमाणु संयंत्र की सुरक्षा को लेकर आईएईए प्रमुख रूस दौरे पर

    यूक्रेनी परमाणु संयंत्र की सुरक्षा को लेकर आईएईए प्रमुख रूस दौरे पर

    मास्को। यूक्रेन के परमाणु ऊर्जा संयंत्रों पर रूस के कब्जा कर लेने के बाद इन प्रतिष्ठानों की सुरक्षा चिंताओं के बीच संयुक्त राष्ट्र की परमाणु ऊर्जा निगरानी संस्था के प्रमुख रूस के दौरे पर हैं।

    रूस की सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार, यूक्रेन में परमाणु सुरक्षा पर बातचीत के लिए अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी मंगलवार शाम सोची के काला सागर रिसॉर्ट में पहुंचे। ग्रॉसी ने वियना में एजेंसी के 35 देशों के निदेशक मंडल की नियमित बैठक के पहले दिन सोमवार को यात्रा की घोषणा की।

    संभावित परमाणु तबाही की आशंकाओं के बीच आईएईए ने यूरोप के सबसे बड़े जापोरिज्जिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र के बारे में बार-बार चिंता व्यक्त की है। संयंत्र के छह रिएक्टर महीनों से बंद हैं, लेकिन महत्वपूर्ण शीतलन प्रणाली और अन्य सुरक्षा सुविधाओं को संचालित करने के लिए इसे अभी भी बिजली और योग्य कर्मचारियों की आवश्यकता है।

    पत्रकारों से बात करते हुए आईएईए प्रमुख ने कहा कि उन्होंने रूसी अधिकारियों के साथ “बहुत गहन और विस्तृत कार्य सत्र” में हिस्सा लिया। इनमें रूस की राजकीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी रोसाटॉम और विदेश और रक्षा मंत्रालय के अधिकारी भी शामिल थे। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि इसने मुझे और हमें परमाणु ऊर्जा संयंत्र की स्थिति का मूल्यांकन करने का अवसर दिया। क्रेमलिन ने बुधवार को कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी ग्रॉसी से उनकी यात्रा के दौरान मुलाकात करेंगे।

  • रूस-यूक्रेन के बीच शांति के लिए मेदवेदेव ने जेलेंस्की से वार्ता करने से किया इनकार

    रूस-यूक्रेन के बीच शांति के लिए मेदवेदेव ने जेलेंस्की से वार्ता करने से किया इनकार

    मास्को। रूस-यूक्रेन के बीच पिछले 2 साल से जारी युद्ध के बीच शांति वार्ता के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सहयोगी और रूसी सुरक्षा परिषद के उपाध्यक्ष दिमित्री मेदवेदेव ने सोमवार को मौजूदा यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ शांति वार्ता से इनकार कर दिया। मेदवेदेव ने यह भी कहा कि यूक्रेन रूस का हिस्सा है।

    दक्षिणी रूस में मेदवेदेव ने कहा कि रूस अपना विशेष सैन्य अभियान जारी रखेगा, जब तक कि दूसरा पक्ष आत्मसमर्पण नहीं कर देता। मेदवेदेव ने कहा कि यूक्रेन के पूर्व नेताओं में से एक ने कहा था कि यूक्रेन रूस नहीं है। उस अवधारणा को हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहिए। यूक्रेन निश्चित रूप से रूस है। उन्होंने राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के नेतृत्व वाले वर्तमान यूक्रेनी नेतृत्व के साथ शांति वार्ता से इन्कार कर दिया। पूर्व-पश्चिम संबंधों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि मास्को और वाशिंगटन के बीच संबंध 1962 के क्यूबा मिसाइल संकट से भी बदतर है।

    क्रेमलिन ने सोमवार को कहा कि जर्मन सैन्य चर्चाओं की कथित रिकार्डिंग से पता चलता है कि जर्मनी के सशस्त्र बल रूसी क्षेत्र पर हमले की योजना पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने सवाल किया कि क्या चांसलर ओलाफ स्कोल्ज का स्थिति पर नियंत्रण है। इसे लेकर रूस ने सोमवार को जर्मनी के राजदूत को तलब किया। दरअसल, इंटरनेट मीडिया पर लीक 38 मिनट की रिकार्डिंग में सैन्य अधिकारी यह चर्चा कर रहे हैं कि कैसे लंबी दूरी की क्रूज मिसाइल टारस का इस्तेमाल कीव द्वारा रूसी सेनाओं के खिलाफ किया जा सकता है।

    जर्मनी की वायु सेना के प्रमुख इंगो गेरहार्ट्ज सहित चार अधिकारियों को टारस तैनाती पर चर्चा करते सुना जा सकता है। इसमें कहा गया है कि टारस की शीघ्र डिलीवरी और तेजी से तैनाती केवल जर्मन सैनिकों की मदद से संभव है। इससे यह भी पता चलता है कि जर्मन सरकार ने यूक्रेन द्वारा मांगी गई क्रूज मिसाइलों की डिलीवरी के लिए सहमति नहीं दी है। वहीं, जर्मन अधिकारियों ने कहा कि वे रिकार्डिंग की जांच कर रहे हैं। यह भी जांच कर रहे हैं कि कैसे संभव है कि शीर्ष जर्मन सैन्यकर्मियों की बातचीत को रूसियों द्वारा सुना और लीक किया जा सकता है।

    रूस के समारा शहर के पास एक रेलवे पुल पर धमाका हुआ। रूस के दक्षिण-पश्चिम में वोल्गा नदी पर स्थित समारा क्षेत्र देश के औद्योगिक केंद्रों में से एक है। रूस ने हाल के महीनों में अपने औद्योगिक और बुनियादी ढांचे पर हमलों की एक श्रृंखला की सूचना दी है, जिसके लिए उसने यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन रेलवे परिचालन पर असर पड़ा है।

  • रूस-यूक्रेन संघर्ष: भारत पुराने रुख पर कायम, कहा- कूटनीतिक समाधान तलाशा जाए

    रूस-यूक्रेन संघर्ष: भारत पुराने रुख पर कायम, कहा- कूटनीतिक समाधान तलाशा जाए

    नई दिल्ली,। फ्रांस के राष्ट्रपति एमैन्युल मैक्रों की ओर से यूक्रेन में पश्चिमी देशों की सेना भेजने की पेशकश पर विदेश मंत्रालय ने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की। मैक्रां ने हाल में युद्ध के मोर्चे पर यूक्रेन की कमजोरी के मद्देनजर पश्चिमी देशों की सेना भेजने की संभावना व्यक्त की थी।

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को साप्ताहिक पत्रकार वार्ता में कहा कि यूक्रेन संघर्ष के संबंध में भारत की नीति स्पष्ट है। हमने उच्च स्तरीय और विभिन्न स्तरों पर यह इच्छा व्यक्त की है कि इस मसले को बातचीत और कूटनीति से सुलझाया जाना चाहिए। दोनों पक्षों को आपस में बातचीत करनी चाहिए। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि रूस में करीब 20 भारतीय काम करने गए थे तथा उन्होंने वहां से वापस आने के लिए भारतीय दूतावास से संपर्क किया था। विदेश मंत्रालय ने रूसी सेना के सहयोगी कार्यों में लगे इन भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास और मास्को में अधिकारियों से संपर्क किया है।

    मालदीव के संबंध में पूछे गए सवाल पर प्रवक्ता ने कहा कि हेलीकॉप्टर सुविधा में काम करने के लिए भारत से एक तकनीकी दल वहां पहुंच गया है। यह दल मौजूदा कर्मियों का स्थान लेगा।

    कतर में पूर्व भारतीय नौसेनिकों से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि सात भारतीय लौट आए हैं और एक आवश्यक औपचारिकता पूरी करने बाद वापस आएगा।

    हरियाणा में अंबाला पुलिस की ओर से आंदोलनकारी किसानों के पासपोर्ट रद्द किए जाने की चेतावनी संबंधी रिपोर्ट पर प्रवक्ता ने कहा कि पासपोर्ट के बारे में एक निश्चित विधिविधान है और उसी के अनुरूप काम किया जाता है।

    ब्रिटेन की नागरिक निताशा कौल को भारत में प्रवेश न दिए जाने के संबंध में प्रवक्ता ने कहा कि सरकार यह तय करती है कि ऐसे मामले में क्या किया जाए।

    इजराइल में भारतीयों को भेजे जाने के प्रश्न के उत्तर में प्रवक्ता ने कहा कि सरकारी स्तर पर कोई भारतीय वहां नहीं गया है। व्यक्तिगत स्तर पर लोग वहां जाने के लिए स्वतंत्र हैं। संघर्ष के इस दौर में भी हजारों भारतीय सहायक सेवा कार्यों में लगे हुए हैं।

  • रूस के तीन लड़ाकू विमानों को यूक्रेन ने मार गिराया

    रूस के तीन लड़ाकू विमानों को यूक्रेन ने मार गिराया

    अवदीवका में रूस को बढ़त, यूक्रेनी सेना पीछे हटी

    कीव। पूर्वी यूक्रेन में दो रूसी एसयू-34 लड़ाकू बमवर्षक और एक एसयू-35 लड़ाकू विमान को यूक्रेनी सेना ने शनिवार को मार गिराया।

    यूक्रेन की वायुसेना के प्रमुख म्यकोला ओलेश्चुक ने टेलीग्राम पर लिखा, शनिवार सुबह यूक्रेनी सेना की वायुसेना पूर्वी इकाई ने शत्रु के तीन विमानों को ध्वस्त कर दिया। दूसरी ओर यूक्रेन के सैन्य प्रमुख कर्नल-जनरल अलेग्जेंडर सिरस्की ने शनिवार को कहा कि यूक्रेनी सेना तबाह हो गए पूर्वी शहर अवदीवका से पीछे हट गई है। इससे रूस के आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। 24 फरवरी को यूक्रेन पर रूसी हमले के दो वर्ष पूरे हो जाएंगे।

    सेना प्रमुख ने कहा कि यूक्रेनी सेना शहर के बाहर ज्यादा सुरक्षित स्थानों पर चली गई है। कीव ने कहा कि यूक्रेन को गोला-बारूद की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। अमेरिकी सैन्य सहायता में देरी के कारण पीछे हटने की घोषणा की गई। इसका उद्देश्य सैनिकों को महीनों की भीषण लड़ाई के बाद रूसी सेना से पूरी तरह घिरे होने से बचाना था।

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वी. जेलेंस्की ने शनिवार को सहयोगियों को चेतावनी दी कि उनके देश के लिए हथियारों की कमी के खतरे से रूस को राहत मिल रही है। राष्ट्रपति के इस कथन के कुछ ही घंटे बाद उनके सैन्य प्रमुख ने कहा कि पूर्वी शहर अवदीवका से सेना पीछे हट रही है। जेलेंस्की ने सुरक्षा और विदेश नीति अधिकारियों के वार्षिक सम्मेलन और म्यूनिख सुरक्षा कान्फ्रेंस को संबोधित किया।

  • राष्ट्रपति पुतिन का दावा, रूस कैंसर की वैक्सीन बनाने के करीब पहुंचा

    राष्ट्रपति पुतिन का दावा, रूस कैंसर की वैक्सीन बनाने के करीब पहुंचा

    मास्को। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को दावा किया कि रूसी वैज्ञानिक कैंसर की वैक्सीन बनाने के करीब पहुंच चुके हैं। पुतिन ने दावा किया कि वैज्ञानिक जल्द ही इसे मरीजों के लिए उपलब्ध कराएंगे। पुतिन ने कहा कि हम कैंसर वैक्सीन और नई पीढ़ी की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत करने वाली दवाओं के निर्माण के बहुत करीब आ गए हैं।

    पुतिन ने उम्मीद जताई कि जल्द ही उनका प्रभावी ढंग से चिकित्सा के रूप में उपयोग किया जाएगा। उन्होंने मास्को में भविष्य की तकनीकों पर आयोजित कार्यक्रम में ये बातें कहीं। पुतिन ने यह नहीं बताया कि प्रस्तावित टीके किस प्रकार के कैंसर को लक्षित करेंगे और न ही उन्होंने बताया कि यह कैसे काम करेगा। कई देश और कंपनियां कैंसर के टीकों पर काम कर रही हैं।

    पिछले साल ब्रिटिश सरकार ने जर्मनी स्थित बायोएनटेक के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए, जो कैंसर उपचार प्रदान करने के लिए परीक्षण शुरू करेगा। जिसका लक्ष्य 2030 तक 10,000 रोगियों तक पहुंचना है। फार्मास्युटिकल कंपनियां माडर्ना और मर्क एंड कंपनी एक प्रयोगात्मक कैंसर वैक्सीन विकसित कर रही हैं, जो एक मध्य चरण अध्ययन में तीन साल के उपचार के बाद मेलेनोमा (सबसे घातक त्वचा कैंसर) से मृत्यु की संभावना को आधा कर देती है।

    विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, वर्तमान में छह लाइसेंस प्राप्त टीके हैं जो कई तरह के कैंसरों का कारण बनने वाले मानव पेपिलोमाविरस (एचपीवी) के उपचार के लिए हैं, जिनमें सर्वाइकल कैंसर भी शामिल है। साथ ही हेपेटाइटिस बी (एचबीएस) के खिलाफ टीके भी हैं, जो लीवर कैंसर का कारण बनता है।

  • रूस ने यूक्रेन पर 45 ड्रोन हमले किए, यूक्रेन के युद्ध मंत्रिमंडल में फेरबदल जारी

    कीव। यूक्रेन पर रूस ने साढ़े पांच घंटों के दौरान 45 ड्रोन से हमले किए। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का अपने युद्ध मंत्रिमंडल में बदलाव का दौर जारी है। यूक्रेन की वायुसेना ने एक बयान जारी कर बताया कि रूस द्वारा भेजे गए ईरान निर्मित 40 शाहिद ड्रोन को राजधानी कीव के बाहरी इलाके सहित देश के नौ क्षेत्रों में मार गिराया।

    यूक्रेन के दक्षिणी रक्षा बलों के अधिकारियों ने टेलीग्राम चैनल से जानकारी दी, साढ़े पांच घंटे तक चली लड़ाई में रूस द्वारा कृषि सुविधाओं और तटीय बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। उन्होंने बताया कि मायकोलाइव क्षेत्र में एक हमले में एक व्यक्ति घायल हो गया जबकि आग लगने से आसपास की आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचा। क्षेत्र के सैन्य प्रशासन के प्रमुख सेरही लिसाक ने कहा कि यूक्रेन के निप्रॉपेट्रोव्स्क क्षेत्र में एक अन्य व्यक्ति तब घायल हो गया जब नष्ट हुए ड्रोन के मलबे के कारण आग लग गई। रूस द्वारा ये हमले ऐसे समय किए गए हैं जब जेलेंस्की जवाबी हमलों की गति बनाए रखने के लिए सैन्य कमांडरों की नियुक्ति में फेर बदल कर रहे हैं।

    यूक्रेन ने रविवार को घोषणा की कि पूर्व उप रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल अलेक्जेंडर पावल्युक यूक्रेन की जमीनी सेना के नए कमांडर होंगे। यह पद पहले कर्नल जनरल ऑलेक्जेंडर सिर्स्की के पास था। सिर्स्की को गुरुवार को यूक्रेन के निवर्तमान सैन्य प्रमुख जनरल वलेरी जालुजनी के स्थान पर नियुक्त किया गया था।

    राष्ट्रपति के नए आदेशों के मुताबिक यूक्रेन के समुद्री कोर के पूर्व प्रमुख यूरी सोडोल को अब देश की संयुक्त सेना का नया कमांडर नामित किया गया है। ब्रिगेडियर जनरल इहोर स्किबियुक को यूक्रेन के हवाई हमला बलों का कमांडर और मेजर जनरल इहोर प्लाहुता को यूक्रेन के प्रादेशिक रक्षा बल का कमांडर नियुक्त किया गया है।

  • रूस का यूक्रेन पर मिसाइल व ड्रोन से हमला, तीन नागरिकों की मौत

    कीव। रूस ने बुधवार सुबह अपनी मिसाइल और ड्रोन हमलों से पूरे यूक्रेन को थर्रा दिया। पूरे यूक्रेन में रूस क्रूज, बैलिस्टिक मिसाइलों और शहीद ड्रोन से हमला किया। इसमें कम से कम तीन नागरिकों की मौत हो गई और एक गर्भवती महिला सहित 10 अन्य घायल हो गए।

    यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, हमलों में राजधानी कीव सहित कम से कम तीन प्रमुख शहरों को निशाना बनाया गया, जहां यूरोपीय संघ के शीर्ष राजनयिक जोसेप बोरेल यूक्रेन के लिए सैन्य सहायता और वित्तीय सहायता पर चर्चा कर रहे थे।

    यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने दावा किया कि उन्होंने बुधवार सुबह के हमले में लॉन्च किए गए 64 में से 44 ड्रोन और मिसाइलों को रोक दिया। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि कीव में दो लोगों की जान ले ली। क्षेत्रीय गवर्नर विटाली किम ने कहा कि हमले में दक्षिणी यूक्रेन के शहर मायकोलाइव में एक व्यक्ति की भी मौत हो गई, जहां लगभग 20 आवासीय इमारतें और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए।

    इसके अलावा कीव में 13 लोग घायल हुए हैं। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने कहा कि पूर्वोत्तर यूक्रेन के खार्कीव में एस-300 मिसाइल हमले में एक 52 वर्षीय महिला मामूली रूप से घायल हो गई।