Category: Election 2024

  • बलिया और सलेमपुर से बसपा प्रत्याशियों ने भरा नामांकन

    बलिया और सलेमपुर से बसपा प्रत्याशियों ने भरा नामांकन

    बलिया। लोकसभा चुनाव के लिए तीसरे दिन गुरूवार को बलिया और सलेमपुर संसदीय क्षेत्र पांच प्रत्याशियों ने नामांकन भरा। दोनों संसदीय क्षेत्रों से बसपा के उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने से कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास दिन भर गहमा-गहमी रही।

    बलिया लोकसभा क्षेत्र से तीन और सलेमपुर से दो प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। बलिया लोकसभा क्षेत्र के लिए बहुजन समाज पार्टी से लल्लन सिंह यादव, राष्ट्रीय समाज दल (आर) से ओमप्रकाश पांडेय एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से रामनिवास गोंड ने रिटर्निग ऑफिसर रवींद्र कुमार के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।

    वहीं, सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के भीम राजभर व अखिल भारतीय सर्वजनहित पार्टी से नारायण मिश्र ने रिटर्निंग ऑफिसर ओजस्वी राज के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। बसपा प्रत्याशी भीम राजभर पर कोई भी मुकदमा नहीं है। वे तीन लाख 28 हजार के मालिक हैं। जबकि दो लाख 28 हजार के जेवरात हैं। पत्नी कैंपस भी दो लाख 85 हजार के जेवरात हैं। भीम राजभर के पास 48 लाख 65 हजार की कृषि भूमि है। 78 लाख 18 हजार कीमत की आवासीय भूमि है।

    उधर, एक साथ कई दलों द्वारा नामांकन भरे जाने को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबन्ध किये गये थे। जिलाधिकारी कार्यालय के मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर से जांच कर प्रवेश करने दिया जा रहा था।

  • सत्ता के इशारे पर प्रशासन कर रहा एक तरफा कार्यवाही: शिवपाल

    सत्ता के इशारे पर प्रशासन कर रहा एक तरफा कार्यवाही: शिवपाल

    इटावा। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने महेवा में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार जितेंद्र दोहरे के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जनता से पार्टी उम्मीदवार को वोट करने की अपील की। शिवपाल यादव ने जनसभा में मंच से भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा।

    शिवपाल ने कहा कि भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है। भाजपा के लोग झूठ बोलकर जनता से वोट लेकर सरकार बनाना चाहते हैं लेकिन अब जनता इनके झूठ को समझ चुकी है। इसलिए जनता ने इन्हें सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है।

    उन्होंने कहा कि पिछले तीन चरण के चुनाव में भाजपा बुरी तरह हार रही है और आने वाले चरणों में भाजपा को जनता हराने वाली है। सपा महासचिव ने सपा कार्यकर्ताओं को समझाते हुए कहा कि मतदान वाले दिन बिना कोई झगड़ा किए ज्यादा से ज्यादा मतदान करवाना है और सपा के उम्मीदवार को जितवाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर प्रशासन और पुलिस काम कर रहा है। खुलेआम गुंडई हो रही है लेकिन प्रशासन एक तरफा कार्यवाही कर रहा है।

    शिवपाल ने मंच से जनसभा में आई जनता और कार्यकर्ताओं से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार जितेंद्र दोहरे के समर्थन में जनता से भारी बहुमत से जिताने की अपील की। इस दौरान पार्टी उम्मीदवार के साथ नेतागण, पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहें।

  • जातीय समीकरण के फेर में गठबंधन को लग सकता है बड़ा झटका

    जातीय समीकरण के फेर में गठबंधन को लग सकता है बड़ा झटका

    –संसदीय सीट से बसपा ने दशकों बाद पहली बार ब्राह्मण प्रत्याशी पर लगाया दांव

    हमीरपुर। हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी संसदीय सीट पर पहली बार मायावती ने ब्राह्मण चेहरे को उम्मीदवार बनाया है। क्षेत्र के रहने वाले निर्दाेष दीक्षित पहली बार सांसद बनने के लिए हाथी पर सवार हुए हैं। जिससे यहां चुनावी महासमर में भाजपा और कांग्रेस, सपा गठबंधन के प्रत्याशी टेंशन में आ गए हैं। बसपा प्रत्याशी पिछली बार विधानसभा के चुनाव में किस्मत आजमा चुके हैं। अब उनके चुनाव मैदान में आने से यहां चुनावी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं।

    लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा पहले ही मौजूदा सांसद पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल को तीसरी बार प्रत्याशी घोषित कर चुकी थी, जबकि कांग्रेस और सपा गठबंधन ने अजेन्द्र सिंह राजपूत को प्रत्याशी बनाया है। इधर बसपा ने प्रत्याशी घोषित करने में जातीय समीकरणों को लेकर हफ्तों मंथन किया। पार्टी पहले जैमिनी सर्कस मालिक मोहम्मद फतेह खान पर दांव लगाने की तैयारी में थी लेकिन ऐन वक्त पर उनके नाम पर मुहर नहीं लगाई जा सकी। महोबा के पनवाड़ी क्षेत्र के रहने वाले निर्दाेष दीक्षित ने कांग्रेस से नमस्कार किया और बसपा में आनन फानन इन्ट्री की।

    इन्हें यहां की सीट से प्रत्याशी बनाने के लिए फिर से बसपा के शीर्ष नेतृत्व में मंथन चला और आखिरकार उन्हें पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित भी कर दिया। सूत्र बताते है कि हाल में ही सर्कस मालिक के नाम पर फैसला न होने के कारण पूर्व सांसद अशोक सिंह चंदेल की पत्नी राजकुमारी चंदेल के नाम को लेकर बसपा में चर्चा हुई थी। सूत्र बताते है कि भाजपा को सीधे तौर पर झटका देने के लिए कार्यकर्ता भी चाहते थे कि इन्हें संसदीय सीट से चुनाव लड़ाया जाए। लेकिन पार्टी नेतृत्व ने ब्राह्मण चेहरे को उम्मीदवार घोषित कर प्रमुख दलों के प्रत्याशियों को झटका दिया है। चुनावी महासमर में हाथी और साइकिल एक दूसरे के गढ़ में शह और मात का खेल भी खेल रहे हैं।

    –हाथी की चाल से भाजपा समेत अन्य दलों के प्रत्याशियों की उड़ी नींद

    हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी संसदीय क्षेत्र में अबकी बार भाजपा प्रत्याशी पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल यहां की सीट पर हैट्रिक लगाने को बेताब हैं। वहीं साइकिल और हाथी की रफ्तार पकड़ने से उनके माथे पर चिंता की लकीरें देखी जा रही है। इंडी गठबंधन में सपा से अजेन्द्र सिंह राजपूत ऐसे प्रत्याशी हैं जिनकी लोधी बिरादरी में मजबूत पकड़ बताई जा रही है। इस बिरादरी से इस बार यहीं चुनाव मैदान में है जिससे जातीय समीकरण भी तेजी से बदल रहे हैं। इस बार मायावती ने साइकिल को झटका देने के लिए पहली बार ब्राह्मण बिरादरी से निर्दाेष दीक्षित को चुनाव मैदान में उतारा है। जिससे भाजपा और सपा प्रत्याशियों की नींदें उड़ने लगी है। बता दे कि मायावती के सोशल इंजीनियरिंग फार्मूले से 1999 और 2009 के आम चुनाव में ठाकुर बिरादरी से दो बार यहां की सीट से सांसद बने थे।

  • जो संविधान बदलना चाहते हैं उनको बदलने का काम करेगी जनता- अखिलेश यादव

    जो संविधान बदलना चाहते हैं उनको बदलने का काम करेगी जनता- अखिलेश यादव

    लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन और समाजवादी पार्टी के खीरी लोकसभा प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा और धौरहरा लोकसभा के प्रत्याशी आनंद भदौरिया के लिए लखीमपुर और कस्ता में दो जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज करते हुए कहा कि लखीमपुर में अभी कुछ देर पहले लखनऊ से एक छोटे नेता आए थे, इससे पहले दिल्ली से आए नेता से भी छोटा पंडाल जीआईसी मैदान में आज लगा।

    खीरी लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी और निघासन कांड का जिक्र करते हुए उन्होंने अपने भाषण में कहा कि थार से किसानों की हत्या हुई थी। जिसका जवाब अब वोट से देना है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो किसानों का सारा कर्ज माफ किया जाएगा। बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार में पेपर लीक होता है, पुलिस भर्ती पेपर लीक का हमारे यह मुख्यमंत्री रोक नहीं पा रहे हैं। आज फौजी की नौकरी 4 साल की हो गई है। अगर तीसरी बार भाजपा सरकार आई तो खाकी वर्दी वालों की भी नौकरी 3 साल की कर देगी। गाड़ी महंगी हो गई है, रिफाइंड तेल महंगा हो गया है, सरसों का तेल महंगा हो गया है, लगातार सरकार द्वारा की जाने वाली महंगाई से आम जनमानस तृस्त है। बीजेपी वालों का पता नहीं कहां से चोरी सीखी है। हमारे लोगों ने जब पता लगाया तब पता चला कि पारले-जी बिस्किट की तरह यह लोग चोरी करते हैं। उन्होंने कोरोना वैक्सीन पर भी तंज करते हुए कहा कि सुनने में आया है। जिन लोगों ने वैक्सीन लगवा ली है। उनको सबसे पहले दिल की बीमारी होगी। इस बार लखीमपुर की जनता जो संविधान बदलना चाहते हैं उनको बदलने का काम करेगी। भाजपा सरकार लखीमपुर के लोगों को बाढ़ का समाधान भी नहीं कर पाई है। उन्होंने सपा प्रत्याशी को जीतने के लिए कहा कि खतरा इंजन हटाकर नए इंजन उत्कर्ष वर्मा को जिताओ। उनकी दोनों जनसभा में इंडिया गठबंधन और समाजवादी पार्टी के दोनों प्रत्याशी उत्कर्ष वर्मा और आनंद भदौरिया सहित पूर्व खीरी सांसद जफर अली नकवी और कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता मौजूद रहे।

  • राहुल गांधी और अखिलेश यादव जनसभा कर गठबंधन उम्मीदवार के पक्ष में बनाएंगे माहौल

    राहुल गांधी और अखिलेश यादव जनसभा कर गठबंधन उम्मीदवार के पक्ष में बनाएंगे माहौल

    कानपुर। कानपुर लोकसभा चुनाव दिन पर दिन रोचक होता जा रहा है। जैसे-जैसे मतदान नजदीक आता जा रहा है वैसे-वैसे लोकसभा प्रत्याशियों के समर्थन में राजनीतिक दलों के मुखिया से लेकर बड़े-बड़े नेतागण कानपुर की ओर रुख करते दिख रहे हैं। इसी कड़ी में 10 मई को कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव गठबंधन उम्मीदवार आलोक मिश्रा के लिए चुन्नीगंज स्थित जीआईसी मैदान में जनसभा करेंगे। इसको लेकर प्रशासन और पार्टी की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

    लोकसभा चुनाव की आधी से ज्यादा सीटों पर मतदान हो चुका है। कानपुर में मतदान 13 मई को होना है। जिसके चलते कांग्रेस नेता राहुल गांधी व सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को शहर में आएंगे और चुनावी जनसभा करेंगे। प्रशासन ने सुरक्षा इंतजामों की पर्याप्त व्यवस्था कर ली है। जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए सपा और कांग्रेस नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं में जनसभा को लेकर काफी उत्साह है। इस चुनावी सभा को गठबंधन के लिए काफी अहम माना जा रहा है। क्योंकि चौथे चरण का मतदान होने जा रहा है, जिसमें पार्टियां यूपी की सीटों पर सेंधमारी करके बढ़त हासिल करना चाहती हैं। राहुल गांधी और अखिलेश यादव गठबंधन उम्मीदवार आलोक मिश्रा के पक्ष में माहौल बनाने का भरसक प्रयास करेंगे।

    जेसीपी ने लिया जायजा

    राहुल गांधी और अखिलेश यादव की होने वाली जीआईसी मैदान में जनसभा को लेकर संयुक्त पुलिस आयुक्त हरीश चन्दर ने गुरुवार को तैयारियों का जायजा लिया। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने मैदान के चारों तरफ का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मैनपुरी की रैली में हुए धक्का मुक्की और जबरदस्ती बैरिकेटिंग कूदने की घटना का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी मुखिया के आगमन पर वो अपने उत्साह को नियंत्रित रखें और अव्यवस्था होने पर सख्ती की जाएगी।

    जनता सिखाएगी सबक

    वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सरदार कुलदीप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी नफरत की दीवार को गिराने और मोहब्बत की दीवार बनाने के लिए आ रहे हैं। इस बार चुनाव जनता ने अपने हाथों पर ले लिया है। समाज को बांटने वालों को जनता खुद सबक सिखाने का काम करेगी। सपा नगर अध्यक्ष फजल महमूद ने कहा कि अबकी बार चुनाव संविधान बचाने का है। देश की जनता भली-भांति जान चुकी है कि लोकतंत्र को बचाने के लिए मतदान करना है। इस दौरान कांग्रेस शहर अध्यक्ष नौशाद आलम, कुलदीप सिंह वोहरा, पवन गुप्ता, करिश्मा ठाकुर के साथ अनेकों वरिष्ठ कांग्रेसी और समाजवादी जन मौजूद रहे।

  • जनसभा और बैठक के माध्यम से यूपी की चुनावी थाह ले गये जेपी नड्डा

    जनसभा और बैठक के माध्यम से यूपी की चुनावी थाह ले गये जेपी नड्डा

    लखनऊ,। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा गुरुवार को उत्तर प्रदेश के एक दिवसीय दौरे पर रहे। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष ने चित्रकूट व फतेहपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया और शाम को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ दो बैठकें की। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर बैठक में जेपी नड्डा के साथ भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष भी उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने भाजपा विधायकों व पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चौथे व पांचवे चरण की सीटों को जीतने की रणनीति पर मंथन हुआ।

    जगत प्रकाश नड्डा सायं 06 बजे के करीब बजे प्रदेश भाजपा मुख्यालय लखनऊ पहुंचे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने पार्टी अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पांचवें चरण के लोकसभा क्षेत्रों के विधानसभा सदस्यों तथा विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक कर चुनावी कार्यक्रमों की समीक्षा की।

    वहीं दूसरी बैठक लखनऊ कलस्टर के तहत लोकसभा क्षेत्र लखनऊ, उन्नाव, मोहनलालगंज एवं रायबरेली के लोकसभा संयोजकों, प्रभारियों, विधानसभा संयोजक व प्रभारियों, जिलाध्यक्ष व जिलाप्रभारियों सहित लोकसभा विस्तारकों के साथ की। जेपी नड्डा ने कहा कि समय कम है सभी लोग समन्वय बनाकर काम करें।

    भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठकों में राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, पूर्व मंत्री रामपति शास्त्री, एमएलसी लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक डॉ नीरज बोरा, विधायक राजेश्वर सिंह, एमएलसी अंगद सिंह व मुकेश शर्मा उपस्थित रहे।

  • लोकसभा चुनावः तीसरे चरण में मप्र के नौ लोकसभा क्षेत्रों में 127 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में

    लोकसभा चुनावः तीसरे चरण में मप्र के नौ लोकसभा क्षेत्रों में 127 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में

    -14 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन पत्र वापस लिए

    भोपाल। लोकसभा निर्वाचन-2024 के निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार तीसरे चरण में मध्य प्रदेश नौ संसदीय क्षेत्रों के लिए दाखिल किए गए नाम निर्देशन पत्रों की वापसी प्रक्रिया के बाद अब 127 अभ्यर्थी अंतिम रूप से चुनाव मैदान में हैं। नाम वापस लेने के अंतिम दिन सोमवार को 14 अभ्यर्थियों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। यह जानकारी प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने दी।

    अनुपम राजन ने बताया कि लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मध्य प्रदेश के नौ संसदीय क्षेत्रों के लिए सोमवार को नाम निर्देशन पत्र वापस लेने का अंतिम दिन था। नाम वापसी के बाद लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-1 मुरैना में 15 अभ्यर्थी, क्रमांक-2 भिण्ड (अजा) में सात अभ्यर्थी, क्रमांक-3 ग्वालियर में 19 अभ्यर्थी, क्रमांक-4 गुना में 15 अभ्यर्थी, क्रमांक-5 सागर में 13 अभ्यर्थी, क्रमांक-18 विदिशा में 13 अभ्यर्थी, क्रमांक-19 भोपाल में 22 अभ्यर्थी, क्रमांक-20 राजगढ़ में 15 अभ्यर्थी एवं लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्र.-29 बैतूल (अजजा) में आठ अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गये हैं।

    राजन ने बताया कि इन अभ्यर्थियों के शपथ पत्र एवं अन्य जानकारियां भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट की लिंक https://affidavit.eci.gov.in/ पर देखी जा सकती है। तीसरे चरण के लिए मंगलवार, 07 मई को मतदान होगा। मतगणना 04 जून को होगी।

    प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सोमवार को लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-1 मुरैना में एक अभ्यर्थी, क्रमांक-2 भिण्ड (अजा) में एक अभ्यर्थी, क्रमांक-3 ग्वालियर में दो अभ्यर्थियों, क्रमांक-4 गुना में दो अभ्यर्थियों, क्रमांक-5 सागर में एक अभ्यर्थी, क्रमांक-18 विदिशा में तीन अभ्यर्थियों, क्रमांक-19 भोपाल में तीन अभ्यर्थियों एवं लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्र.-29 बैतूल (अजजा) में एक अभ्यर्थी ने अपने नाम निर्देशन पत्र वापस ले लिए हैं।

  • रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस का असमंजस विपक्ष को दे रहा मौका

    रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस का असमंजस विपक्ष को दे रहा मौका

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रायबरेली और अमेठी कभी कांग्रेस परिवार का गढ़ माना जाता था। आज कांग्रेस की स्थिति यह है कि इन दोनों लोकसभा सीटों पर उसे योग्य उम्मीदवार नहीं मिल पा रहे हैं।

    उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस को समझौता के तहत उप्र में समाजवादी पार्टी ने सिर्फ 17 सीटें दी। उसमें भी कांग्रेस अभी चार सीटों मथुरा, प्रयागराज, अमेठी और रायबरेली पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं कर पायी। ऐसी सीटों पर उम्मीदवारों का संशय कांग्रेस नेताओं के लिए ही दुविधा पैदा कर दिया है।

    उधर, भाजपा नेता पूछ रहे हैं कि कांग्रेस के युवराज की घोषणा दक्षिण से तो पहले ही हो गयी, जिसको वे अपना घर कहते हैं, वहीं से पलायन कर रहे हैं। इसका कारण है कि कांग्रेस भी जानती है कि इस बार उप्र में सभी अस्सी सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित है। 12 उम्मीदवारों को दो हजार से अधिक मत मिले थे। स्मृति और राहुल गांधी के बाद सबसे ज्यादा मत पाने वाले तीसरे स्थान पर रहने वाले ध्रुव लाल को 7,816 मत मिले थे। इससे पहले यह सीट संजय गांधी और उनके बाद राजीव गांधी के पास रहा करती थी। राहुल गांधी 2004, 2009, 2014 में सासंद थे। उनसे पहले एक बार 1999 में सोनिया गांधी इस सीट से चुनाव जीत चुकी हैं।

    पिछले लोकसभा चुनाव में अमेठी से कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा की स्मृति ईरानी से 55,120 वोटों से हार गये थे। यह तब स्थिति थी, जब सपा और बसपा ने रायबरेली और अमेठी को कांग्रेस के समर्थन में अपने उम्मीदवार नहीं उतारे थे। उस चुनाव में भाजपा की स्मृति को 4,68,514 मत मिले थे, वहीं राहुल गांधी को 4,13,394 मत मिले थे। अमेठी में कुल 27 उम्मीदवार खड़े थे। इसमें नोटा को लेकर 19 उम्मीदवारों को एक हजार से ज्यादा मत मिले थे।

    रायबरेली लोकसभा सीट से 2004 से अब तक सोनिया गांधी सांसद रही हैं। इस बार राज्यसभा सांसद बनने के बाद उन्होंने रायबरेली की जनता के नाम भावुक पत्र भी भेजे थे। पिछली बार उन्होंने कांग्रेस से ही निकले भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह को 1,67,178 वोटों से पराजित किया था।

    राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो अब तक इस घोषणा के न होने से जहां विपक्ष को बोलने का मौका मिल गया है, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मायूसी है। एक कांग्रेस नेता का कहना है कि जब रायबरेली और अमेठी जैसे सेफ सीटों पर उम्मीदवार घोषित करने में इतना हिचक रहे हैं तो आगे उप्र की रणनीति कैसे बनाएंगे। कांग्रेसी नेता का कहना है कि हम यहां पर सिर्फ सपा के भरोसे रह गये हैं। इससे कार्यकर्ताओं में निराशा है, हालांकि चुनाव आते-आते कार्यकर्ताओं में कुछ उत्साह आ जाने की उम्मीद है।

    भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय का कहना है कि कांग्रेस पहले से जान रही है कि यूपी में उसे एक सीट भी नहीं मिलनी है। ऐसे में वह उप्र में सक्रियता बढ़ाकर अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहती। वैसे भी पूरे देश से कांग्रेस का सफाया होने जा रहा है।

    कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशु अवस्थी का कहना है कि जल्द ही शेष चार सीटों भी उम्मीदवारों की घोषणा हो जाएगी। इस बार हम उप्र की सभी सीटों पर सपा के साथ मिलकर भाजपा को हराने का काम करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी पहले ही डर पैदा हो गया है। इसी कारण वे पीछे और ईडी तथा सीबीआई आगे चल रही है।

  • ममता ने पार्टी नेताओं को दिया निर्देश – ईडी-सीबीआई बुलाए तो मत जाइए, कहिए प्रचार में व्यस्त हैं

    ममता ने पार्टी नेताओं को दिया निर्देश – ईडी-सीबीआई बुलाए तो मत जाइए, कहिए प्रचार में व्यस्त हैं

    कोलकाता। घर में गिरने की वजह से चोट लगने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी रविवार से लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज कर दिया है।

    कृष्णानगर में तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार और घूस लेकर संसद में सवाल पूछने की वजह से बर्खास्त की गई नेता महुआ मोइत्रा के लिए ममता बनर्जी ने धुबुलिया में सभा की। यहां से ममता बनर्जी ने कहा, अगर ईडी या सीबीआई को बुलाया जाए तो अभी जाने की जरूरत नहीं है। मतदान संपन्न होने के बाद जाइए। घर में गिरने के बाद उनके माथे पर टांके लगे थे जो अब ठीक हो गए हैं। यहां धूप में ममता ने 45 मिनट तक भाषण दिया।

    उन्होंने कहा कि इतना डरने की जरूरत नहीं है। अगर ईडी या सीबीआई किसी को पत्र भेजे तो जवाब देना, ”अभी मैं वोटिंग में व्यस्त हूं। हम मतदान के बाद देखेंगे।” बैठक की शुरुआत से ही उन्होंने केंद्रीय निकाय के एक के बाद एक समन और तलाशी का विरोध किया। चुनाव की घोषणा के बाद उन्होंने कहा कि यह केंद्रीय एजेंसी का इस्तेमाल कर विपक्ष को डराने बदनाम करने की कोशिश है। उन्होंने कहा, वोटिंग के दौरान ये सब नहीं किया जा सकता।

    कैबिनेट में मंत्री अरूप विश्वास के भाई स्वरूप विश्वास के घर इनकम टैक्स के अधिकारियों की छापेमारी का जिक्र करते हुए ममता ने कहा कि तीन दिनों तक इनकम टैक्स अधिकारियों की वजह से घर के लोग बाथरूम तक नहीं जा सके। घर में बच्चे थे लेकिन कोई शिष्टाचार नहीं निभाया गया। वे 16 अधिकारियों की टीम लगातार खाना ऑर्डर करते रहे जिसका बिल 25 हजार रुपये है।

    ममता ने यह भी कहा, ”अगर आप बंगाल में ”400 के पार” को लेकर इतने आश्वस्त हैं, तो आपको यहां इतने सारे ईडी, सीबीआई क्यों भेजने की जरूरत है?” राज्य के अधिकारियों का तबादला क्यों कर रहे हैं? भाजपा को किस बात का डर है? इतनी बड़ी राजनीतिक पार्टी वे केवल ईडी, सीबीआई, आयकर भेजते हैं और गरीब लोगों से पैसा लेते हैं।”

    उन्होंने यह भी कहा कि एनआईए भी जांच के नाम पर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रही है। 

  • उत्तर प्रदेश में बना तीसरा गठबंधन पीडीएम न्याय मोर्चा

    उत्तर प्रदेश में बना तीसरा गठबंधन पीडीएम न्याय मोर्चा

    लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में पिछड़ा, दलित और मुसलमान (पीडीएम) का नारा देते हुए ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहाद उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, अपना दल कमेरावादी की अध्यक्ष कृष्णा पटेल, अपना दल कमेरावादी की नेता डाॅ. पल्लवी पटेल, प्रगतिशील मानव समाज पार्टी, राष्ट्र उदय पार्टी ने तीसरा गठबंधन पीडीएम न्याय मोर्चा की घोषणा की।

    अपना दल कमेरावादी की नेता डाॅ. पल्लवी पटेल ने कहा कि देश में जिसके सम्मान पर लगातार कुठाराघात किया जा रहा है, दलित मुसलमान और पिछड़ा। इसके लिए पीडीएम न्याय मोर्चा लेकर आए है। जब तक पीडीएम को न्याय नहीं मिलेगा, तभी तक न्याय के लिए लड़ेंगे। पीडीएम ही सरकार बनाता और बिगाड़ता रहा है।

    उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि ए में कन्फ्यूजन था, इसके लिए एम हो गया है। अल्पसंख्यक को नहीं समझ पा रहे थे लोग, इसलिए एम लाए हैं। जिन्होंने मुझे विधायक बनाया है, वे चाहें तो फिर मेरा इस्तीफा ले लें।

    अपना दल कमेरावादी की अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि सभी दलों के पदाधिकारी कार्यकर्ता अपनी आवाज बुलंद करें और नई दिल्ली तक आवाज को पहुंचाएं। राष्ट्र उदय पार्टी के बाबूलाल ने कहा कि पीडीएम का गठन न्याय के लिए किया गया है। भाजपा केवल अति पिछड़ा और पिछड़ा को हक नहीं देना चाहती है। जननायक कर्पूरी ठाकुर को केवल सम्मान देना चाहते हैं, उनके लोगों को न्याय नहीं देना चाहते है।

    एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुरादाबाद में हसन साहब की बेइज्जती की गई। इससे क्या मैसेज जा रहा है। फिर रामपुर में क्या किया उन्होंने, सभी ने देखा है। जहां बात चुनाव में सीटों पर है, वह पल्लवी पटेल बताएगी। कोई हमारे गठबंधन में आना चाहता है तो उसका भी स्वागत है।

    असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि 90 प्रतिशत मुसलमान ने समाजवादी पार्टी को मत दिया। उन्हें क्या मिल रहा है। पहले भी क्या मिला है। वे गलती कर नहीं सकते और मुसलमान की बात करने पर हम गलत हैं।