Category: मनोरंजन

  • मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 15 से 21 जून तक

    मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 15 से 21 जून तक

    नई दिल्ली। मुबंई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का 18वां संस्करण 15 जून से शुरू होगा। इस बार यह आयोजन मुंबई सहित दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और पुणे में भी समानांतर रूप से आयोजित होगा, जिसमें अलग अलग भाषाओं की फिल्में दिखाई जाएंगी। यह आयोजन 21 जून, 2024 तक चलेगा।

    इसमें 110 बेहतरीन फिल्में दिखाई जाएंगी, जिसमें 25 अंतरराष्ट्रीय फिल्में हैं और 77 राष्ट्रीय फिल्में हैं। इसके साथ इस बार महोत्सव में फिल्म बाज़ार की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य डॉक्यूमेंट्री फिल्मों को बढ़ावा देना है। इसके साथ फिल्म महोत्सव में प्रसिद्ध फिल्म निर्माता क्यूरेटेड विषयों पर 25 से अधिक मास्टरक्लास, पैनल चर्चा और ओपन फोरम में भाग लेंगे। महोत्सव में जूरी सदस्यों में अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माता ऑड्रियस स्टोनिस, भरत बाला, डॉ. बॉबी सरमा बरुआ, अन्ना हेनकेल-डोनर्समार्क और निर्माता अपूर्व बख्शी, एडेल सीलमैन-एग्गेबर्ट, केइको बैंग और बार्थेलेमी फौगिया शामिल हैं।

    उल्लेखनीय है कि इस महोत्सव में 38 देशों से 65 भाषाओं में 1000 से अधिक फिल्मों की इंट्री आईं हैं। जिसमें से फिल्म विशेषज्ञ की तीन कमेटी ने 110 फिल्मों का चयन किया गया है।

    सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि महोत्सव का स्थान एफडी-एनएफडीसी कॉम्प्लेक्स, मुंबई होगा। इसके साथ इसका आयोजन एमआईएफएफ स्क्रीनिंग दिल्ली (सिरीफोर्ट ऑडिटोरियम), चेन्नई (टैगोर फिल्म सेंटर), पुणे (एनएफएआई ऑडिटोरियम) और कोलकाता (एसआरएफटीआई ऑडिटोरियम) में भी किया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि चयन समिति ने सर्वसम्मति से इस वर्ष बहुत उच्च गुणवत्ता वाली फिल्म प्रस्तुतियों का चयन किया है। इस वर्ष एमआईएफएफ में 8 विश्व प्रीमियर, 6 अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर, 17 एशिया प्रीमियर और 15 भारत प्रीमियर होंगे। इस संस्करण में विशेष पैकेज तैयार किए गए हैं, जिनमें ऑस्कर और बर्लिनेल का पुरस्कार विजेता फ़िल्म पैकेज (प्रत्येक 12 लघु फ़िल्में), 7 देशों – रूस, जापान, बेलारूस, इटली, ईरान, वियतनाम और माली के साथ सहयोग से ‘विशेष देश फोकस पैकेज’, एनिमेशन पैकेज 4 देशों – फ़्रांस, स्लोवेनिया, अर्जेंटीना और ग्रीस से तैयार किया गया, देशभर के प्रतिष्ठित संस्थानों की छात्र फिल्में (45 फिल्में), एनएफडीसी-भारत के राष्ट्रीय फिल्म अभिलेखागार से पुनर्स्थापित क्लासिक्स पैकेज शामिल हैं। फिल्म महोत्सव की ओपनिंग फिल्म बिल्ली एंड मोली, एन ओट्टर लव स्टोरी है, जो मुंबई सहित सभी आोयजन स्थलों पर प्रदर्शित की जाएगी।

  • हमीरपुर में मर्दाे को गांव से भगाने के बाद औरतें खेलती है होली

    हमीरपुर में मर्दाे को गांव से भगाने के बाद औरतें खेलती है होली

    -रामजानकी मंदिर से महिलायें ढोल मजीरे के साथ निकालती है होली की फाग

    – सैकड़ों साल पुरानी परम्परा में घूंघट वाली महिलायें भी उड़ाती है रंग, गुलाल

    हमीरपुर। बुंदेलखंड के हमीरपुर जिले में एक ऐसे गांव में महिलाओं की होली कोई भी मर्द नहीं देख सकता। सैकड़ों साल पुरानी परम्परा की महिलाओं की होली शुरू होने से पहले ही पूरे गांव के पुरुषों को घर छोड़कर खलिहान में डेरा डालना पड़ता है। बूढ़ी और घूंघट वाली महिलाएं होली पर ठुमके लगाकर पूरे गांव में धमाल मचाती है। महिलाओं की यह अनोखी होली सूर्यास्त होने के बाद खत्म होती है। तभी सभी पुरुष अपने घर लौटते हैं।

    बुन्देलखंड के हर इलाके में कोई भी ऐसा गांव नहीं है जहां यह अनूठी परम्परा की होली खेली जाती है। वीरभूमि के हमीरपुर जिले में कुंडौरा ऐसा गांव है, जो इस परम्परा के लिए पूरे क्षेत्र में विख्यात है। यहां महिलाओं की टोली फाग निकालकर पूरे गांव में घूमती हैं।

    महिलाओं की फाग में धमाल करने वाली देवरती कुशवाहा, पूर्व प्रधान उपदेश कुमारी, गिरिजा कुशवाहा, सुनीता, कमलेश कुमारी सहित सहित तमाम महिलाओं ने बताया कि जब से वह बाबुल का घर छोड़कर पिया के घर आई है तभी से ही इस होली की परम्परा का हिस्सा बन रही है।

    हर साल धूमधाम के साथ फाग में हिस्सा लेकर गांव में महिलाओं की फाग सम्पन्न होती है। इन महिलाओं ने बताया कि होली की फाग का शुभारंभ गांव के ऐतिहासिक रामजानकी मंदिर से होता है। पूरे गांव के गली कूचों और मुहल्लों में होली की धमाल करने के बाद महिलाओं की फाग खेरापति बाबा के मंदिर परिसर में इस अनूठी परम्परा का समापन होता है।

    ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरविन्द प्रताप सिंह ने बताया कि गांव में महिलाओं की होली का यह अनूठी परम्परा सैकड़ों साल पहले पूर्वजों ने शुरू की थी, जिसका आज भी निर्वहन बड़े ही शिद्दत के साथ किया जाता है। जिस समय महिलाओं की फाग गांव में घूमती है तो उस समय गांव के पुरुष गांव की गलियों से हटकर या तो घरों में कैद हो जाते हैं या फिर उन्हें खेल और खलिहान की ओर निकलना पड़ता है। पुरुष तभी गांव के अंदर वापस आएंगे जब महिलाओं की फाग और होली का समापन हो जाता है।

    पूरे गांव में होली के रंग में घूंघट वाली महिलाएं करती है धमाल

    कुंडौरा गांव के बुजुर्ग बंजारी कुशवाहा (90) ने बताया कि गांव में महिलाओं की होली का इतिहास कम से कम पांच सौ साल पुराना है। जिसमें गांव की बहुएं भी फाग निकलने के दौरान नृत्य करती है। इन्हें कोई भी गांव का पुरुष देख नहीं सकता है। यदि किसी ने देखने की हिम्मत भी की तो उन्हें लट्ठ लेकर गांव से ही खदेड़ दिया जाता है।

    सत्तर वर्षीय गिरिजा कुशवाहा व देवरती कुशवाहा ने बताया कि महिलाओं की फाग निकालने की कोई पुरुष अथवा युवक भी फोटो कैमरे से नहीं ले सकता है। महिलाओं की होली की फोटो लेने पर भी प्रतिबंध है। यदि कोई इस अनूठी परम्परा का चोरी-छिपे फोटो लेते पकड़ा गया तो उस पर तगड़ा जुर्माना बोला जाता है। गांव की सरपंच सविता देवी ने बताया कि गांव के पुरुष और लड़के अनूठी परम्परा की होली की फाग निकलने से पहले ही घरों में कैद हो जाते है अथवा सभी को गांव छोड़कर बाहर जाना होता है।

    बुजुर्ग महिलाएं ही होली की फाग में बजाती है ढोल और मजीरे

    गांव की सरपंच सविता देवी ने बताया कि इस बार होली त्योहार के दूज के दिन पूरे गांव की महिलाएं रामजानकी मंदिर में एकत्र होती है फिर यहां से फाग निकाली जाती है। गाजे और बाजे के साथ महिलाओं की फाग गली कूचे और मुहल्लों से होते हुए एक जगह पर नाच गाना होता है। उन्होंने बताया कि हर घर से महिलाएं इस अनूठी परम्परा में शामिल होती है। और ढोल मजीरा बजाते हुए महिलाएं ठुमके भी लगाती है। यह आयोजन शाम तक चलता है। सभी महिलाएं एक दूसरे को गुलाल लगाकर सम्मान भी करती है।

    गांव की बुजुर्ग देवरती कुशवाहा ने बताया कि बुन्देलखंड का यह अकेला गांव है जहां यह परम्परा आज भी कायम है। इस परम्परा की होली में बुजुर्ग महिलाओं के अलावा घूंघट वाली महिलाएं भी धमाल करती है। प्रधानपति अरविन्द प्रताप सिंह ने बताया कि अनूठी परम्परा की होली को लेकर महिलाओं ने तैयारी अभी से शुरू कर दी है।

  • सोनू सूद के निर्देशन में बनी फिल्म ‘फतेह’ का टीजर रिलीज

    सोनू सूद के निर्देशन में बनी फिल्म ‘फतेह’ का टीजर रिलीज

    नेशनल हीरो सोनू सूद अभिनीत फिल्म ‘फतेह’ का बहुप्रतीक्षित टीजर रिलीज हो गया है। यह ठीक वैसा ही है, जैसा उनके फैंस उनसे उम्मीद करते हैं। टीजर रोमांचक सिनेमाई अनुभव के साथ साइबर क्राइम की रोमांचक दुनिया की झलक पेश करता है। फिल्म की टैगलाइन ‘नेवर अंडरएस्टिमेट ए नोबडी’ सबसे अलग है, जो वास्तव में सोनू सूद की यात्रा को भी दर्शाता है। हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि सूद अपनी फिल्म में किस ‘नोबडी’ का जिक्र कर रहे हैं।

    टीजर को सोनू सूद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। इससे पहले सोनू सूद ने फिल्म का फर्स्ट लुक शेयर किया था, जिसे फैंस का खूब प्यार मिला। टीजर ने फैंस के उत्साह को दूसरे स्तर पर पहुंचा दिया है।

    फिल्म ‘फतेह’ के साथ, सोनू अभिनेता-निर्देशक-लेखक-निर्माता की चौगुनी भूमिका निभाते हैं। यह फिल्म सोनू की डायरेक्टोरीयल डेब्यू है। इसमें इंडियन और हॉलीवुड क्रू का सबसे जबरदस्त फ्यूजन है और यह पहले कभी न देखे गए एक्शन सीन्स को पेश करने का वादा करती है। सोनाली सूद/शक्ति सागर प्रोडक्शन्स और जी स्टूडियोज द्वारा निर्मित यह फिल्म साइबर क्राइम की जटिलताओं और चुनौतियों के इर्द-गिर्द घूमती है।

  • एकता कपूर की फिल्म ‘लव सेक्स और धोखा-2’ से उर्फी जावेद करेंगी बॉलीवुड में डेब्यू

    एकता कपूर की फिल्म ‘लव सेक्स और धोखा-2’ से उर्फी जावेद करेंगी बॉलीवुड में डेब्यू

    राजकुमार राव, नुसरत भरूचा की फिल्म ‘लव सेक्स और धोखा’ हिट रही थी। नई पीढ़ी की प्यार की अजीब व्याख्या और उससे पैदा होने वाली समस्याओं पर आधारित यह फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आई। अब इसके सीक्वल यानी ‘लव सेक्स और धोखा-2’ की चर्चा सोशल मीडिया पर देखने को मिल रही है। इस फिल्म से उर्फी जावेद बड़े पर्दे पर डेब्यू करेंगी।

    उर्फी अपने आउटफिट के कारण हमेशा चर्चा में रहती हैं। उनकी काफी आलोचना भी होती है लेकिन वह इन सबका बहादुरी से सामना करती हैं और वही करती हैं जो वह चाहती हैं। ‘बिग बॉस ओटीटी’ से ज्यादा पॉपुलर हुईं उर्फी इससे पहले एक्टिंग में भी अपनी किस्मत आजमा चुकी हैं। उर्फी टेलीविजन के कई सीरियल्स में एक आदर्श बहू के किरदार में नजर आ चुकी हैं।

    यह साफ है कि फिल्म ‘लव सेक्स और धोखा-2’ की कहानी उर्फी की पर्सनैलिटी से मेल खाती है। इस फिल्म का निर्देशन दिबाकर बनर्जी करेंगे और एकता कपूर की प्रोडक्शन कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स इसे प्रोड्यूस करेगी। पहले इस फिल्म में तुषार कपूर और मौनी रॉय नजर आने वाले थे लेकिन कहा जाता है कि दोनों ने इसके लिए मना कर दिया।

    इतना ही नहीं, यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि यह फिल्म 19 अप्रैल को रिलीज होगी। उर्फी जावेद इससे पहले ऐ मेरे हमसफर, चंद्र नंदिनी, मेरी दुर्गा, साथ फेरो की हेरा फेरी, बेपना, डियान जैसे कई टेलीविजन सीरियल्स में नजर आ चुकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने रिश्ता क्या कहलाता है, बड़े भैया जैसे सीरियल्स में भी काम किया है। उर्फी इन दिनों पैपराजी के सामने अपने अनोखे और ग्लैमरस फैशन के लिए ही जानी जाती हैं।

  • प्रियंका चोपड़ा की बहन मीरा चोपड़ा ने की शादी

    प्रियंका चोपड़ा की बहन मीरा चोपड़ा ने की शादी

    इस समय मनोरंजन जगत में हलचल मची हुई है। एक के बाद एक सेलिब्रिटी शादी में शामिल हो रहे हैं। कुछ दिनों पहले जैकी भगनानी और रकुल प्रीत सिंह की शादी का समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया था। इसके बाद एक्ट्रेस सुरभि चंदन ने भी शादी कर ली। अब बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा की बहन मीरा चोपड़ा ने भी शादी कर नई जिंदगी की शुरुआत कर दी है। परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में मीरा ने रक्षित केजरीवाल के साथ सात फेरे लिए। उनकी शाही शादी जयपुर के एक रिसॉर्ट में आयोजित की गई थी। मीरा ने अपनी शादी की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं।

    इस खास दिन के लिए मीरा ने रेड कलर की ड्रेस चुनी। उन्होंने लाल लहंगे के साथ बड़े नेकलेस से अपना लुक पूरा किया। वहीं, दूल्हे रक्षित ने सफेद शेरवानी पहनी थी। शादी में दोनों बेहद खूबसूरत लग रहे थे। मीरा चोपड़ा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी शादी के कुछ खास पल शेयर किए और साथ कैप्शन दिया है कि हम खुशी, झगड़े, हंसी, रोना और जिंदगी भर की यादों में हमेशा साथ रहेंगे। फैंस ने उनकी फोटो पर कमेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

    मीरा चोपड़ा, सुदेश और नीलम चोपड़ा की बेटी हैं। मीरा और रक्षित की शादी की सभी रस्में ब्यूना विस्टा लग्जरी गार्डन स्पा रिजॉर्ट में हुईं। शादी में दोनों के परिवारों के अलावा निर्देशक मधुर भंडारकर, निर्माता संदीप सिंह, अभिनेता अर्जन बाजवा समेत फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां शामिल हुईं।

    चोपड़ा बहनें इस समय बॉलीवुड में काफी चर्चा में हैं। प्रियंका चोपड़ा के नक्शेकदम पर चलते हुए परिणीति ने भी एक्टिंग में अपना करियर बनाने का फैसला किया। इसके अलावा हाल ही में बिग बॉस में नजर आईं मीरा चोपड़ा और मन्नारा चोपड़ा भी बॉलीवुड में नाम कमा रही हैं। मीरा ने कई फिल्मों में काम किया है। बॉलीवुड के साथ-साथ उन्होंने साउथ में भी अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने अपने अभिनय की शुरुआत तमिल सिनेमा से की। इसके बाद वह फिल्म ”1920 लंदन”, ”गैंग ऑफ घोस्ट”, ”सेक्शन 375” में नजर आईं। मीरा हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ”सफेद” में नजर आई थीं।

  • ‘रामायण’ में राम का किरदार निभाएंगे रणबीर कपूर, अरुण गोविल ने दी प्रतिक्रिया

    ‘रामायण’ में राम का किरदार निभाएंगे रणबीर कपूर, अरुण गोविल ने दी प्रतिक्रिया

    बॉलीवुड में नितेश तिवारी की ”रामायण का चर्चा जोरों पर है। इस बहुप्रतीक्षित बड़े बजट की फिल्म ‘रामायण’ में अभिनेता रणबीर कपूर प्रभु श्रीराम की भूमिका निभाएंगे। रामानंद सागर की ‘रामायण’ में राम की भूमिका निभाकर अरुण गोविल घर-घर में मशहूर हो गए। आज भी उनकी छवि लोगों के मन में बनी हुई है। अब ‘रामायण’ फिल्म में रणबीर कपूर श्रीराम की भूमिका निभाएंगे। इस पर अरुण गोविल ने प्रतिक्रिया दी है।

    क्या रणबीर कपूर श्रीराम का किरदार ठीक से निभा पाएंगे? उनसे पूछा गया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण गोविल ने कहा, “यह तो वक्त बताएगा। मैं इस बारे में पहले से बात नहीं कर सकता। लेकिन, रणबीर एक बेहतरीन एक्टर हैं। जितना मैं उन्हें जानता हूं। मुझे लगता है कि वह एक संस्कारी लड़का है। शिष्टाचार और संस्कृति उनमें ऐसे संस्कार हैं। मैंने उन्हें कई बार देखा है। मुझे विश्वास है कि वह इस भूमिका को अच्छे से निभाने की कोशिश जरूर करेंगे।”

    वहीं, अरुण गोविल इस फिल्म में राजा दशरथ का किरदार निभाएंगे। नितेश तिवारी की ‘रामायण’ को लेकर फैंस उत्सुक हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर राम की भूमिका में हैं और साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में हैं। सुपरस्टार यश रावण का किरदार निभाते नजर आएंगे। सनी देओल हनुमान की भूमिका निभाएंगे जबकि लारा दत्ता कैकई की भूमिका निभाएंगी। रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा का किरदार निभाएंगी।

  • मशहूर निर्माता धीरजलाल शाह का निधन

    मशहूर निर्माता धीरजलाल शाह का निधन

    बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता धीरजलाल शाह का निधन हो गया है। सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रोड्यूसर धीरजलाल शाह के भाई हंसमुख ने उनके निधन की खबर की पुष्टि की और बताया कि उनका इलाज मुंबई के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।

    धीरजलाल शाह ने बॉलीवुड को ‘विजयपथ’, ‘खिलाड़ी’ और ‘द हीरो’ जैसी हिट फिल्में दीं। हंसमुख ने बताया कि धीरजलाल को कोरोना था। कोरोना के कारण उनके फेफड़ों में संक्रमण हो गया था। धीरे-धीरे 20 दिन में ही उनकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था। आईसीयू में भर्ती कराए जाने के बाद उनकी किडनी और दिल ने भी काम करना बंद कर दिया। उनके शरीर के कई अंगों के काम करना बंद कर देने के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली।

    धीरज लाल शाह ने बॉलीवुड को कई हिट फिल्में दीं

    मशहूर निर्माता धीरजलाल शाह ने 90 के दशक में बॉलीवुड को कई हिट फिल्में दी हैं। इसमें अजय देवगन स्टारर ‘विजयपथ’, अक्षय कुमार की ‘खिलाड़ी’, सनी देओल व प्रीति जिंटा और प्रियंका चोपड़ा स्टारर ‘द हीरो’ जैसी फिल्मों के नाम शामिल हैं।

    मशहूर निर्देशक अनिल शर्मा ने निर्माता धीरजलाल शाह के निधन पर शोक जताया है। अनिल शर्मा ने कहा कि धीरजलाल शाह न सिर्फ एक अच्छे निर्माता थे बल्कि एक खुशमिजाज और अच्छे इंसान भी थे। उन्होंने बॉलीवुड को कुछ ऐसी फिल्में दी हैं, जो उस समय फिल्मी दुनिया में क्रांति लाने जैसी थीं। हम उन्हें हमेशा बहुत याद करेंगे।”

    प्रोड्यूसर हरीश सुगंधा ने धीरज लाल शाह के निधन पर शोक जताते हुए कहा, वह बहुत अच्छे इंसान थे। इसके बाद उन्होंने धीरजलाल शाह के करियर का जिक्र किया और कहा कि लगभग सभी बॉलीवुड फिल्मों के वीडियो राइट्स धीरजलाल शाह के पास थे। उन्होंने अपनी पहली फिल्म ‘शहंशाह’ के वीडियो राइट्स खरीदे और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

  • ‘मिस वर्ल्ड 2024’ के टॉप-4 से बाहर होने पर रो पड़ीं भारत की सिनी शेट्टी

    ‘मिस वर्ल्ड 2024’ के टॉप-4 से बाहर होने पर रो पड़ीं भारत की सिनी शेट्टी

    मुंबई के जियो वर्ल्ड कॉन्वोकेशन सेंटर में आयोजित 71वीं ‘मिस वर्ल्ड 2024’ का ग्रैंड फिनाले में टॉप-8 तक पहुंचीं ‘मिस इंडिया’ और भारत की प्रतिनिधि सिनी शेट्टी बाहर हो गई। ग्रैंड फिनाले से बाहर होने की घोषणा होने बाद सिनी शेट्टी रो पड़ीं। इस साल का ‘मिस वर्ल्ड 2024’ का ताज क्रिस्टीना पिस्कोवा के सिर सजा।

    दरअसल, लगभग 28 वर्ष के बाद इस बार भारत को इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का आयोजन की मेजबानी का गौरव मिला। 71वीं ‘मिस वर्ल्ड 2024’ के ग्रैंड फिनाले में बड़ी संख्या में मशहूर हस्तियां मौजूद थीं। इस समारोह में सिनी शेट्टी ने भारत का प्रतिनिधित्व किया।

    इस ‘मिस वर्ल्ड 2024’ में ‘मिस इंडिया’ और भारत की प्रतिनिधि सिनी शेट्टी टॉप-8 तक पहुंचने में कामयाब रहीं। इसके बाद वह टॉप-4 की रेस से बाहर हो गईं। समारोह के बाद का उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह रोते हुए नजर आ रही हैं। जब सिनी कुछ लोगों से मिलती है तो रोने लगती है और वहां मौजूद महिला उसके आंसू पोंछती है।

    पैपराजी ने उनका वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किए हैं। इस वीडियो में सिनी कुछ लोगों से मिलते नजर आ रही हैं। ऐसा लगता है कि वे उसका परिवार होंगे, लेकिन इस बारे में कोई स्पष्टता नहीं है। जब वे एक-दूसरे को गले लगाते हैं तो सिनी रोने लगती है। तभी वहां मौजूद एक महिला सिनी के आंसू पोंछती है। यह वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस बीच, सिनी शेट्टी कर्नाटक राज्य से हैं, लेकिन उनका जन्म और शिक्षा मुंबई में हुई। उसका एक भाई है। उसके पिता होटल व्यवसाय में हैं।

  • बॉक्स ऑफिस पर आर माधवन का जलवा, ‘शैतान’ की कमाई में इजाफा

    बॉक्स ऑफिस पर आर माधवन का जलवा, ‘शैतान’ की कमाई में इजाफा

    बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन और आर माधवन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘शैतान’ की हर तरफ चर्चा हो रही है। अब हर कोई ये जानने को उत्सुक है कि फिल्म ने कितनी कमाई की है। फिल्म 8 मार्च को रिलीज हो गई है। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने अच्छी खासी कमाई की। अब हर कोई ये जानने को उत्सुक है कि फिल्म ने अगले दिन कितनी कमाई की। फिल्म शैतान निर्देशक विकास बहल की पहली हॉरर फिल्म है। फिल्म ‘शैतान” के रिव्यू देखें तो फिल्म की कहानी को फैंस और क्रिटिक्स ने खूब पसंद किया है। अब जानकारी सामने आई है कि फिल्म की कमाई में दूसरे दिन इजाफा हुआ है।

    फिल्म ‘शैतान’ पहले दिन दर्शकों को डराने में कामयाब रही है। फिल्म में आर माधवन नेगेटिव रोल निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी कई जगहों पर आपको डराएगी तो कुछ जगहों पर आपको लगेगा कि फिल्म में कुछ सीन जबरदस्ती डाले गए हैं। फिल्म ने एडवांस बुकिंग से सबका ध्यान खींचा था। पहले दिन यानी शुक्रवार को फिल्म ने 14.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। शनिवार को फिल्म ने 18.25 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म ने 33 करोड़ की कमाई की। फिल्म की कमाई और बढ़ने की उम्मीद है।

  • इम्तियाज अली की चर्चित फिल्म ‘चमकीला’ की रिलीज डेट आई सामने

    इम्तियाज अली की चर्चित फिल्म ‘चमकीला’ की रिलीज डेट आई सामने

    एक समय पंजाबी संगीत जगत में भारतीय गायक और संगीतकार अमर सिंह का नाम बड़ा था। वह पंजाब के सबसे ज्यादा बिकने वाले रिकॉर्ड कलाकार थे। 8 मार्च 1988 को उनकी और उनकी पत्नी अमरजोत कौर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अब जल्द ही ये कहानी आपको फिल्म के रूप में देखने को मिलेगी।

    पिछले साल फिल्म ‘चमकीला’ का टीजर रिलीज होने के बाद से ही लोग इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। हाल ही में नेटफ्लिक्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इस फिल्म की रिलीज डेट शेयर की है। एक खास वीडियो शेयर करते हुए फिल्म के पोस्टर और रिलीज डेट का ऐलान किया गया है।

    पहले यह फिल्म बड़े पर्दे पर आने वाली थी लेकिन फिर किसी कारण से निर्माताओं ने फिल्म को केवल ओटीटी के लिए बनाने का फैसला किया। यह फिल्म 12 अप्रैल से नेटफ्लिक्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। इम्तियाज अली के निर्देशित और एआर रहमान के संगीत से सजी इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ और परिणीति चोपड़ा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।