Category: राजनीति

  • राहुल गांधी ने दो करोड़ नौकरी के वादे पर मोदी सरकार को घेरा

    राहुल गांधी ने दो करोड़ नौकरी के वादे पर मोदी सरकार को घेरा

    कानपुर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हर साल दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने के वादे पर बुधवार को मोदी सरकार को जमकर घेरा। राहुल ने कहा कि नौकरी का वादा करने वाले लोग सत्ता में आने के बाद युवाओं को ही भूल गए। रोजगार के नाम पर लाई गई अग्निवीर योजना भी युवाओं और सैनिकों के साथ एक धोखा है।

    शहर के घंटाघर में राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की एक सभा में कहा कि अग्निवीर योजना युवाओं को सेना में शामिल होने का रास्ता बंद कर रही है। यह योजना युवाओं को धोखा दे रही है। उन्होंने कहा कि देश के युवा रोते और चिल्लाते हुए रोजगार मांग रहे हैं लेकिन उन्हें बदले में लाठियों से इनाम दिया जा रहा है।

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में दलित, पिछड़े नहीं जा सके, यही इनकी सामाजिक समरसता है। कांग्रेस आएगी तो इन्हीं दलित-पिछड़ों व अल्पसंख्यकों यानी 90 प्रतिशत का राज हो जाएगा। आज करीब 90 प्रतिशत वही आबादी परेशान है और इनकी बड़ी जगहों पर कहीं भी भागीदारी नहीं है। उन्होंने कहा कि नफरत की बाजार में मोहब्बत की दुकान लेकर आए हैं। यह देश नफरत नहीं, भाईचारा, मोहब्बत एक-दूजे की मदद का है। वर्तमान दौर में पिछड़े, दलित, आदिवासियों को न्याय नहीं मिल रहा।

  • राहुल गांधी के नजदीकी माने जाने वाले निकेत पटेल भाजपा में शामिल

    राहुल गांधी के नजदीकी माने जाने वाले निकेत पटेल भाजपा में शामिल

    -राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस के रुख से नाराज थे निकेत पटेल

    – दो सौ से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पहना केसरिया खेस

    सूरत,। राम मंदिर मुद़्दे पर उदासीन वाले रुख से कांग्रेस में भगदड़ सी मची है। लोकसभा चुनाव से पूर्व बड़े नेता से लेकर पार्टी के ग्रास रूट लेवल के कार्यकर्ता तक कांग्रेस छोड़कर केसरिया खेस धारण कर रहे हैं। बुधवार को सूरत में कांग्रेस के सीनियर नेता और राहुल गांधी के नजदीकी माने जाने वाले निकेत पटेल ने भी कांग्रेस छोड़कर अपने दो सौ से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

    सूरत शहर कार्यालय में बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल की मौजूदगी में निकेत पटेल ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा का केसरिया खेस पहन लिया। इस अवसर पर निकेत पटेल ने कहा कि कांग्रेस राम मंदिर मुद्दे पर अपना रुख साफ नहीं कर पाई। राम मंदिर के निर्माण की बात हो या प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम, इन सभी पर कांग्रेस अपनी बात स्पष्टता से नहीं कह सकी। इसका उन्हें बहुत दुख था। पटेल ने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी पहले की तरह ही है। इन सभी बातों को ध्यान में रखकर काफी समय से उनका मन व्यथित था। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व पार्षद सुनील पटेल भी भाजपा में शामिल हो गए।

    इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विचारधारा से प्रेरित होकर नए कार्यकर्ता पार्टी से जुड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री जो बोलते हैं, वह करते हैं। देश के लोग उन पर विश्वास करते हैं। पहले देश में परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति थी लेकिन आज नरेन्द्र मोदी ने देश में विकास की राजनीति स्थापित की है। महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण का काम किया है।

  • मुख्यमंत्री आवास में 22 को होगी सत्ता पक्ष के विधायकों की बैठक

    मुख्यमंत्री आवास में 22 को होगी सत्ता पक्ष के विधायकों की बैठक

    रांची। झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा जो दो मार्च तक चलेगा। इसे लेकर राज्यपाल ने अपनी मंजूरी दे दी है। बजट सत्र में 27 फरवरी को सरकार वर्ष 2024-25 का बजट सदन में पेश करेगी। इधर, विधानसभा बजट सत्र को लेकर 22 फरवरी को सत्ता पक्ष के सभी विधायकों की बैठक बुलाई गई है।यह बैठक कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शाम चार बजे होगी, जिसमें विधायकों के लिए व्हिप भी जारी होगी।

    बैठक से पहले 22 फरवरी को ही सुबह 11:00 बजे से झामुमो कार्य समिति की बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें पार्टी के सभी विधायक और सांसद शामिल होंगे यह बैठक भी कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में ही होगी।

  • बिहार से सभी छह सीटों पर राज्यसभा उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

    बिहार से सभी छह सीटों पर राज्यसभा उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

    पटना,। राज्यसभा में बिहार की छह सीटों पर चुनाव के नतीजे आ गए हैं। बिहार के सभी छह उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इसमें 2 सीटों पर भाजपा, 2 पर राजद और एक सीट पर जदयू प्रत्याशियों का निर्वाचन हुआ है।

    जदयू के संजय झा ने सर्टिफिकेट भी मंगलवार को प्राप्त कर लिया। भाजपा से धर्मशीला गुप्ता और भीम सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए। राजद से मनोज झा और संजय यादव का निर्वाचन हुआ है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह भी लगातार दूसरी बार राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

    राज्यसभा में खाली हुई बिहार की छह सीटों पर चुनाव कराए गए। भाजपा के भीम सिंह और धर्मशीला गुप्ता ने नामांकन दाखिल किया था जबकि जदयू से संजय झा को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया गया था। राष्ट्रीय जनता दल से मनोज झा और तेजस्वी के करीबी संजय यादव के अलावा कांग्रेस से अखिलेश प्रसाद सिंह ने नोमिनेशन फाइल किया था। आज राज्यसभा चुनाव के नतीजे सामने आए और बिहार के सभी उम्मीदवार राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्विरोध निर्वाचित हो गए।

    निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद सभी उम्मीदवार विधानसभा पहुंचे और जीत का सर्टिफिकेट हासिल किया। निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद जदयू नेता संजय कुमार झा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और उनका आभार जताया।

  • सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने राजा भैया से मिलकर मांगा समर्थन

    सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने राजा भैया से मिलकर मांगा समर्थन

    लखनऊ। राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी रूठों को मनाकर वोट पाने की जुगत में हर संभव प्रयास कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया से मिले।

    उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले मतदान तक सियासी रोमांच खत्म होता नहीं दिख रहा है। इस चुनाव में प्रमुख रूप से भाजपा और सपा के बीच सियासी दांव-पेंच और रणनीति की अग्निपरीक्षा का दौर जारी है। राज्यसभा के लिए भाजपा ने आठ उम्मीदवार उतारे हैं, तो वहीं सपा के तीन उम्मीदवार मैदान में है।

    संख्या बल के लिहाज से भाजपा के सात उम्मीदवारों का तो राज्यसभा जाना लगभग तय था, लेकिन ऐंन वक्त में भाजपा ने समाजवादी पार्टी की गणित बिगाड़ दी। चुनाव में उतारे गए सपा के तीन उम्मीदवारों की जीत में रोड़ा अटकाते हुए भाजपा ने आठवां उम्मीदवार उतारकर सपा के एक उम्मीदवार की नैया डूबाने का पूरी जाल बिछा दिया है। अपनी सियासी रणनीति और तैयारी में बुरी तरह से फंसी सपा और उनके प्रमुख अखिलेश यादव ऐसे में विधानसभा में दूसरे दलों के नेताओं को मनाने में जुट गए हैं ताकि उनके उतारे गए तीनों उम्मीदवार जीतने में कामयाब रहे। इसके लिए उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल को दूसरे दलों के प्रमुख और विधायकों से सम्पर्क साधा जा रहा है।

    इसी क्रम में आज (मंगलवार) को सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के राजधानी में स्थित आवास पर पहुंचे। चर्चा है कि इस दौरान उन्होंने राज भैया से मिलकर राज्यसभा चुनाव में अपना और अपने दल के विधायकों का समर्थन दिए जाने का प्रस्ताव रखा। यह मुलाकात राजनीतिक गलियारों में तेजी से सुर्खियों में छा गई। हालांकि दोनों ही दलों के नेताओं ने इस मुलाकात को केवल शिष्टाचार का हिस्सा बताया है लेकिन सियासत में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं।

    वरिष्ठ पत्रकार अंजनी निगम ने बताया कि इन दिनों सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव विपक्षी गठबंधन के बिखराव से जूझ रहे हैं। लोकसभा चुनाव में उनकी तैयारियों के बीच पार्टी के सहयोगी दल रहे राष्ट्रीय लोकदल के बाद अपना दल कमेरावादी की नेता पल्लवी पटेल ने तो अखिलेश यादव के पीडीए के दावे तक पर सवाल उठाते हुए राज्यसभा में वोट न करने की बात कही है। वहीं सपा के कई नेता जैसे स्वामी प्रसाद मौर्य ने तो पार्टी और विधान परिषद की सदस्यता तक से त्यागपत्र दे दिया है। वहीं एक अन्य नेता ने भी राज्यसभा चुनाव में खुलकर बगावती तेवर अपना लिए हैं। इसके साथ ही अंतर्कलह के चलते सपा के कई विधायकों के अखिलेश यादव के खिलाफ जाकर क्रास वोटिंग तक किए जाने के आसार हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव से पूर्व राज्यसभा के लिए हो रहे चुनाव भी सपा अध्यक्ष के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगी। ऐसे में दूसरों दलों से समर्थन मांगना राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए कोई गलत नहीं है। सियासत में सब संभव है। हालांकि भाजपा के लिए अपने आठवें उम्मीदवार को जीतना आसान नहीं है लेकिन सत्ता पक्ष में होने के नाते कुछ भी संभव है।

  • सपा ने जारी की पांच लोकसभा उम्मीदवारों की सूची, शिवपाल बदायूं से लड़ेंगे चुनाव

    सपा ने जारी की पांच लोकसभा उम्मीदवारों की सूची, शिवपाल बदायूं से लड़ेंगे चुनाव

    लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) में लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों को घोषित किए जाने का क्रम जारी है। पार्टी ने मंगलवार को एक संशोधित उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव को बदायूं लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

    सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट एक्स से लोकसभा उम्मीदवारों की सूची आज देर शाम जारी की है। इसमें कुल पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। अखिलेश ने इसमें चाचा शिवपाल यादव को बदायूं सीट से चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। कैराना से इकरा हसन, बरेली से प्रवीण सिंह ऐरन, हमीरपुर से अजेंद्र सिंह राजपूत और यूपी की सबसे खास और चर्चित सीट वाराणसी से सुरेन्द्र सिंह पटेल को उम्मीदवार बनाकर प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेन्द्र मोदी के सामने उतारा है।

    इन्हें बनाया लोकसभा प्रभारी

    अखिलेश यादव ने धर्मेन्द्र यादव को आजमगढ़ लोकसभा सीट का प्रभारी बनाया है। इसी तरह अमरोहा महबूब अली और बागपत में मनोज चौधरी को लोकसभा प्रभारी की जिम्मेदारी दी है। प्रदेश की इत्र नगरी कन्नौज लोकसभा सीट रामअवतार सैनी को लोकसभा प्रभारी की अहम दायित्व सौंपा गया है।

    तमिलनाडु की सपा इकाई भंग

    लोकसभा चुनाव तैयारियों के बीच में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी के तमिलनाडु इकाई के लिए बड़ा निर्णय लिया है। सपा अध्यक्ष के निर्देश पर आज तमिलनाडु के प्रदेश अध्यक्ष सहित पूरी की पूरी इकाई को तत्काल भंग कर दिया गया है। इसके पीछे विपक्षी गठबंधन में लगातार बढ़ती नाराजगी और सियासी असंतुष्टता है।

  • उप्र में सपा-कांग्रेस का गठबंधन में आई दरार, सीट बंटवारे पर नहीं बनी बात

    उप्र में सपा-कांग्रेस का गठबंधन में आई दरार, सीट बंटवारे पर नहीं बनी बात

    लखनऊ। समाजवादी पार्टी(सपा) और कांग्रेस के बीच बने विपक्षी गठबंधन में दरार आ गई है। सीट बंटवारे को लेकर दोनों ही पार्टियों के नेताओं के बीच सहमति न बनने से यह गठबंधन भी लगभग टूटता नजर आ रहा है। विपक्षी गठबंधन में सपा के साथ उत्तर प्रदेश में अब लगभग कोई भी पार्टी सहयोगी के रूप में नहीं है। इससे लोकसभा चुनाव में उसके अकेले ही मैदान में उतरने की मजबूरी बन गई है।

    देश की सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों ने एक गठबंधन तैयार किया था। आईएनडीआईए नाम से बने इस गठबंधन में उत्तर प्रदेश से प्रमुख पक्षी दल के रूप में समाजवादी पार्टी शामिल थी। उसके साथ सहयोगी दल के रूप में कांग्रेस राष्ट्रीय लोक दल,अपना दल (कमेरावादी) आदि दलों के नेतागण इसमें शामिल थे। इस विपक्षी दल ने सत्ता दल को लोकसभा चुनाव में रोकने की तैयारी किए जाने का दंभ भरा जा रहा था। लेकिन अब चुनाव के नजदीक आते-आते यह गठबंधन बिखर सा गया है। इस बिखराव में उत्तर प्रदेश से प्रमुख विपक्षी दल के रूप में सपा के लिए बड़ी मुसीबतें खड़ी हो गई है। सपा से एक-एक कर सभी दलों ने किनारा कर लिया है। मंगलवार को कांग्रेस पार्टी ने भी सीट बंटवारे को लेकर असहमति जताते हुए गठबंधन से नाता तोड़ लिया है।

    सियासी चर्चा है कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 20 साइट मांगी थी। लेकिन सपा उन्हें 17 सीट ही देने की बात पर अड़ी थी। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस ने सपा की जनाधार वाली सीटें मांगी थी। जिनमें बिजनौर,सीतापुर,देवरिया, अमरोहा,सहारनपुर,झांसी,मुरादाबाद मंडल की सभी सीटें मांगी थी। लेकिन सपा उक्त सीटों को देने के लिए राजी नहीं हुई। बस यहीं पर मामला फंस गया। हालांकि अभी दोनों ही दलों के नेतृत्वकर्ता नेतागणों ने गठबंधन टूटने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है। फिलहाल सपा कांग्रेस के बीच गठबंधन के दूसरे की चर्चा तेज हो गई है।

    राहुल की न्याय यात्रा से पूर्व झटका

    राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो कांग्रेस और सपा के शीर्ष नेतृत्व ने आपस में दूरियां बना ली है। राहुल गांधी की यात्रा के बीच यूपी में गठबंधन टूटना भाजपा के लिए बड़ा टर्निंग प्वाइंट माना जा रहा है।

  • उत्तर प्रदेश में व्यापार, विकास और विश्वास का माहौल बना है: प्रधानमंत्री मोदी

    उत्तर प्रदेश में व्यापार, विकास और विश्वास का माहौल बना है: प्रधानमंत्री मोदी

    लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में व्यापार, विकास और विश्वास का माहौल बना है। डबल इंजन की सरकार ने दिखाया है कि अगर बदलाव की नियत है तो उसे कोई रोक नहीं सकता है। बीते कुछ वर्षों में यूपी से होने वाला एक्सपोर्ट दो गुना हो चुका है।

    प्रधानमंत्री माेदी सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) के उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। (जीबीसी) का उद्घाटन किया। इसके माध्यम से 10 लाख करोड़ रुपये की 14 हजार निवेश परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश वह राज्य है, जहां देश के सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे, जहां देश में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं। आज उत्तर प्रदेश वह राज्य है, जहां देश की पहली रैपिड रेल चल रही है। नदियों के विशाल नेटवर्क के माध्यम से मालवाहक का कार्य किया जा रहा है। ट्रांसपोर्टेशन सस्ता हुआ है। आज के कार्यक्रम का आकलन केवल निवेश को देखते हुए नहीं कर रहा हूं। यहां जो सबको उम्मीद दिख रही है, वह बहुत व्यापक है।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हम यहां विकसित भारत के विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प के लिए एकजुट हुए हैं। मुझे बताया गया कि आज का यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में लोग लाइव देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अपराध, दंगे, छीना झपटी की खबरें आती रहती थीं, उस दौरान अगर कोई कहता कि उत्तर प्रदेश को विकसित राज्य बनाएंगे तो शायद कोई तैयार नहीं होता। विश्वास करने का तो सवाल ही नहीं होता। आज लाखों करोड़ों रुपये का निवेश उत्तर प्रदेश की धरती पर आ रहा है और मैं यहीं से सांसद हूं। मेरे उत्तर प्रदेश में जब निवेश होता है तो मुझे सबसे ज्यादा खुशी होती है।

    उन्होंने कहा कि आज हजारों प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो रहा है। जो फैक्टरियां लग रही हैं, उद्योग स्थापित हो रहे हैं, वे सब उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने वाले हैं। मैं सभी निवेशकों को और विशेष कर उत्तर प्रदेश के सभी युवाओं को बधाई देता हूं। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बने 7 वर्ष हो रहे हैं। बीते 7 वर्ष में प्रदेश का पुराना कल्चर बदल गया है। क्राइम कल्चर बहुत कम हुआ और बिजनेस कल्चर का विस्तार हुआ है।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले हमें मूलभूत सुविधाओं के लिए भी तरसाया गया। अब देश ही नहीं उत्तर प्रदेश को भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शहरों में रहने में गरीबों के लिए चार करोड़ घर बनाये हैं। शहरों में रहने वाले 25 लाख परिवारों को लोन में छूट मिली है। इनमें डेढ़ लाख परिवार उत्तर प्रदेश के हैं। पहले दो लाख पर ही टैक्स लग जाता था। आज मध्यम वर्ग के परिवारों को सात लाख तक कोई टैक्स नहीं देना पड़ता है। मध्यम वर्गीय परिवारों को लाखों करोड़ों का फायदा हुआ है।

    उन्होंने कहा कि पहले लोगों को लंबी लाइनें लगानी पड़ती थीं, अब हमारी सरकार गरीब के घर खुद आ रही है, ये मोदी की गारंटी है। जब तक हर लाभार्थी को उसका लाभ नही मिलेगा, हमारी सरकार शांत नही बैठेगी।उन्होंने कहा कि आज मोदी उनको भी पूछ रहा है, जिनको पहले कभी किसी ने नहीं पूछा। रेहड़ी, पटरी ठेले वालों के बारे में किसी सरकार ने नहीं सोचा। अब तक इनको दस हजार करोड़ की मदद दी जा चुकी है। पीएम स्वनिधि का लाभ उत्तर प्रदेश के भी 22 लाख लोगों को लाभ मिला है।

  • प्रधानमंत्री मोदी नहीं, उनके पास बैठे 90 लोग चलाते हैं देश: राहुल गांधी

    प्रधानमंत्री मोदी नहीं, उनके पास बैठे 90 लोग चलाते हैं देश: राहुल गांधी

    प्रतापगढ़। कांग्रेस नेता एवं सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को प्रतापगढ़ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बजट के बारे में कुछ नहीं जानते हैं, वह सिर्फ भाषण देते हैं। उनके पास बैठे 90 लोग हिन्दुस्तान की सरकार को चलाते हैं।

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के साथ नगर में पहुंचे हैं। लालगंज के सांगीपुर में कांग्रेस सांसद गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जब पैदा हुए तो वह जनरल कैटेगरी में थे। वर्ष 2000 में उनकी कास्ट को ओबीसी में डाल दिया गया था। यह जो बात आपको बता रहा हूं, वह आपको हिन्दुस्तान के टेलीवीजन पर नहीं दिखेगा। उन्होंने कहा कि सामान्य जाति के कितने गरीब, आदिवासी, दलित और ओबीसी के पास कितना धन है, यह नहीं पता। यह तब पता चलेगा जब इकोनॉमी आर्थिक सर्वे होगा। सच्चाई तब सामने आएगी कि पिछड़ों के पास कितना धन है, अमीर जनरल कास्ट और अऱबपतियों के पास कितना धन है, जिस दिन ऊपर लिख दिया जाएगा, उस दिन सारे के सारे बब्बर शेर जाग जाएंगे।

    प्रधानमंत्री मोदी बजट के बारे में कुछ नहीं जानते

    कांंगेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बजट के बारे में कुछ नहीं जानते। 90 लोग हिन्दुस्तान की सरकार को चलाते हैं। नरेन्द्र मोदी के पास बैठे यही लोग डिसाइड करते हैं कि बजट का पैसा कहां जाना है। आपके प्रधानमंत्री को इसके बारे में समझ नहीं है, वह सिर्फ भाषण करना जानते हैं। अदाणी और अंबानी ने उन्हें वहां बैठाया है। जनरल कास्ट के गरीब व्यक्ति को भी उसका अधिकार नहीं दिया।

    इस दौरान राहुल गांधी ने कई युवाओं और मीडियाकर्मियों से उनके नाम पूछे। राहुल ने कहा कि राम मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम में अदाणी का चेहरा दिखा, ऐश्वर्या और अमिताभ को देखा। किसी किसान, मजदूर को देखा। देश की राष्ट्रपति आदिवासी हैं, उनका आपने राम मंदिर में चेहरा देखा, क्यूं नहीं देखा। मीडिया वाले कुछ भी कर लें, इस तूफान को अब नहीं रोका जा सकता। युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज नहीं तो कल, 73 फीसदी जग जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि देश में 50 फीसदी ओबीसी और 15 फीसदी दलित रहते हैं। वहीं आदिवासियो की संख्या 8 फीसद है। मोदी सरकार इन सभी लोगों को शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि मेरा काम 73 फीसदी को सोने की चिड़िया में से धन दिलवाने का है, आपको आपका अधिकार दिलाकर रहूंगा।

    इससे पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का प्रतापगढ़ की सीमा में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उनकी यात्रा जिला मुख्यालय से होकर लीलापुर, सगरा, लालगंज से होकर घुईसरनाथ और सांगीपुर होकर निकली। लालगंज के सांगीपुर में लोगों को संबोधित करने के बाद राहुल गांधी अपनी यात्रा के साथ अमेठी के लिए रवाना हो गए। इस यात्रा में उनके साथ वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी, इमरान प्रतापगढ़ी, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस विधान मण्डल दल नेता आराधना मिश्रा मोना आदि मौजूद रहे।

  • केंद्र ने आंदोलनकारी पंजाब के किसान संगठनों को तीन फसलों को एमएसपी पर खरीदने का प्रस्ताव दिया

    केंद्र ने आंदोलनकारी पंजाब के किसान संगठनों को तीन फसलों को एमएसपी पर खरीदने का प्रस्ताव दिया

    चंडीगढ़, । पंजाब के आंदोलनकारी किसान संगठनों तथा केंद्र सरकार के बीच एमएसपी के मुद्दे पर खींचतान अभी भी जारी है। चंडीगढ़ में रविवार रात दो बजे तक इस पर बैठक में माथपच्ची हुई। इस दौरान केंद्र सरकार ने किसानों को तीन फसलों पर एमएसपी पर खरीदने का प्रस्ताव दिया। संगठनों ने कहा है कि वह इस प्रस्ताव पर दो दिन तक विचार करके सरकार को अपना फैसला बता देंगे।

    किसान संगठनों ने साफ कर दिया है कि सरकार के प्रस्ताव पर अगर सहमति नहीं बनती है तो 21 फरवरी को दिल्ली कूच किया जाएगा। बैठक में सरकार की तरफ से केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा, नित्यानंद रॉय, किसानों की तरफ से स्वर्ण सिंह पंधेर, जगजीत सिंह डल्लेवाल और पंजाब सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री भगवंत मान व कृषि मंत्री जगजीत सिंह खुड्डियां शामिल हुए।

    करीब सात घंटे चली बैठक के बाद केंद्रीयमंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि चर्चा सकारात्मक रही। हमने किसानों को दाल, कपास और मक्का पर पांच साल के लिए एमएसपी पर खरीदने का प्रस्ताव दिया है। इस पर किसानों ने कहा कि वह सोमवार को इस पर चर्चा करके बताएंगे।

    बैठक के बाद पंजाब किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि सरकार ने जो प्रस्ताव दिया है उस पर चर्चा की जाएगी। इस पर सोमवार शाम तक या मंगलवार तक फैसला लिया जाएगा। मंत्रियों ने आश्वासन दिया है कि अन्य मांगों पर भी बातचीत करके हल निकाला जाएगा। सभी मांगों पर सरकार से चर्चा नहीं हो पाई है। हम दो दिन सरकार के प्रस्ताव पर विचार करेंगे। विशेषज्ञों से राय लेंगे।