Category: राजनीति

  • पंजाब के मुख्यमंत्री ने केंद्र से वैकल्पिक फसलों पर भी न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी मांगी

    पंजाब के मुख्यमंत्री ने केंद्र से वैकल्पिक फसलों पर भी न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी मांगी

    चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह ने किसानों की मांगों का समर्थन किया है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि किसानों को वैकल्पिक फसलों पर भी न्यूतनम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी दी जाए। भगवंत बीती रात केंद्रीय मंत्रियों व किसान संगठनों के साथ हुई बैठक के बाद सोमवार सुबह चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

    इस बैठक में केंद्रीय मंत्रियों पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा और नित्यानन्द राय के अलावा किसान यूनियनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने मोजाम्बिक और कोलम्बिया से दालों के आयात का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह आयात दो अरब डालर से अधिक है और अगर इस फसल के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जाए तो पंजाब दालों के उत्पादन में देश में अग्रणी हो सकता है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के किसान कपास और मक्के को तभी अपना सकते हैं, अगर उनको इन फसलों का एमएसपी मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे देश के विदेशी भंडार की बचत होने के साथ-साथ किसानों को धान के चक्र से बाहर निकालने में मदद मिलेगी। साथ ही पानी की भी बचत होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पांच जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दीं गई हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।

  • मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने मल्लिकार्जुन खड़गे से की मुलाकात, सीट सेयरिंग पर हुई बात

    मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने मल्लिकार्जुन खड़गे से की मुलाकात, सीट सेयरिंग पर हुई बात

    रांची। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनके निवास पर झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने रविवार को दिल्ली में मुलाकात की। खड़गे ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन और झारखंड के नेताओं के साथ मिलकर हमने तानाशाही सरकार से लड़ने का संकल्प लिया। हम झारखंड में प्रगतिशील जनकल्याणकारी पर सामाजिक न्याय की यात्रा जारी रखेंगे।

    मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि झारखंड राज्य में चल रहे जनकल्याणकारी योजनाओं, आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के तहत अबुआ आवास योजना, बिरसा सिंचाई कूप ,संवर्धन योजना, फुलो- झानो आशीर्वाद योजना, साइकिल के लिए डीबीटी, सामुदायिक और व्यक्तिगत वन पट्टा, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, केसीसी योजना, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना की जानकारी दी।

    इस दौरान कांग्रेस के झारखंड के प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और झामुमो के विनोद पांडे, सुप्रिया भट्टाचार्य और सुदीव्य सोनू ने भी शिष्टाचार मुलाकात की।

    सीट शेयरिंग पर हुई सकारात्मक बातचीत

    आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सीट शेयरिंग को लेकर एलायंस कमेटी के बीच काफी सकारात्मक बातचीत हुई। बैठक में सभी सीट पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई। आने वाले दिनों में सीट शेयरिंग की घोषणा जल्द होगी। एलायंस कमेटी आने वाले लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और गठबंधन के सभी नेता कार्यकर्ता एकजुट का परिचय देते हुए सभी 14 के 14 सीट पर जीत दर्ज करेंगे।

    बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुकुल वासनिक, सलमान खुर्शीद, झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और झामुमो के सुदीव्य सोनू सुप्रियो भट्टाचार्य, विनोद पांडे सहित अन्य शामिल थे।

  • पांच साल बाद पहली बार एक ही दिन अमेठी में मौजूद होंगे स्मृति ईरानी और राहुल गांधी

    पांच साल बाद पहली बार एक ही दिन अमेठी में मौजूद होंगे स्मृति ईरानी और राहुल गांधी

    अमेठी। पांच वर्षों के बाद सोमवार को अमेठी के पूर्व सांसद राहुल गांधी और मौजूदा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एक साथ जिले में मौजूद रहेंगे। देश के दो दिग्गजों के प्रवास से अमेठी का सियासी पारा गरम है।

    दरअसल भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर राहुल गांधी सोमवार को अमेठी पहुंच रहे हैं। अमेठी में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का स्वागत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे। वहीं अमेठी की वर्तमान सांसद स्मृति ईरानी अपने चार दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचेंगी।

    कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार दोपहर बाद अमेठी पहुंच रही है, जिसका जिले के 23 स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। इसी के साथ गांधीनगर के ऐंधी टोल प्लाजा के पास शाम 4 बजे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी के साथ मलिक मोहम्मद जायसी खेल मैदान में राहुल गांधी रात्रि विश्राम करेंगे। वहीं से अगले दिन 20 फरवरी को वह फुरसतगंज नहर कोठी होते हुए रायबरेली के लिए प्रस्थान करेंगे।

    भाजपा नेताओं के मुताबिक केंद्रीय महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति ईरानी चार दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंच रही हैं। हालांकि स्मृति ईरानी का यह दौरा पूर्वाह्न 11 बजे से ही शुरू हो जाएगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जनसंवाद विकास यात्रा कार्यक्रम के तहत जगह-जगह अमेठी की जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनेंगी और उसका निस्तारण करेंगी।

    वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट से स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को हराया था। तब से यह पहली बार है जब दोनों नेता एक ही दिन जिले में मौजूद रहेंगे। हालांकि चुनाव हारने के बाद से राहुल चौथी बार अमेठी आ रहे हैं।

  • घोटालों में संलिप्त और काला चिट्ठा रखने वालों को राज्यसभा भेजता रहा राजद: सुशील मोदी

    घोटालों में संलिप्त और काला चिट्ठा रखने वालों को राज्यसभा भेजता रहा राजद: सुशील मोदी

    पटना। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि चारा घोटाला में सजायाफ्ता और रेलवे की नौकरी के बदले जमीन घोटाला में आरोपित लालू प्रसाद की पार्टी राज्यसभा का टिकट देने में उन्हीं लोगों को प्राथमिकता देती है, जो परिवार की अवैध सम्पत्ति बनाने-छिपाने में संलिप्त हों या अवैध खरीद-फरोख्त का कच्चा चिट्ठा रखते हों।

    सुशील मोदी ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि इसी काली परिपाटी के तहत राजद ने तेजस्वी प्रसाद यादव के निजी सहायक संजय यादव को राज्यसभा का टिकट दिया है। वे हरियाणा के रहने वाले हैं और लालू परिवार के घोटालों की जांच के सिलसिले में उनके यहां भी सीबीआई की टीम पहुंची थी।

    उन्होंने कहा कि इससे पहले हरियाणा के ही प्रेमचंद गुप्ता को राजद ने पांच बार राज्यसभा भेजा, संसदीय दल का नेता बनाया और यूपीए सरकार के समय उन्हें कारपोरेट मामलों का मंत्री भी बनाया गया था। मोदी ने कहा कि राजद में जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर धनपशुओं को राज्यसभा भेजने की प्रवृत्ति के चलते कभी एडी सिंह तो कभी निजी मेडिकल कालेज के मालिक-संचालक फैयाज अहमद सांसद बने।

    उन्होंने कहा कि इनमें एडी सिंह को उर्वरक घोटाले में जेल जाना पड़ा। फैयाज अहमद के यहां सीबीआई का छापा पड़ा। जो लोग लोकतंत्र बचाने के बड़बोले दावे करते हैं, वे आर्थिक अपराधों का राजनीतिकरण करने के लिए उच्च सदन को कलंकित करते आ रहे हैं।

  • अगले 10 दिनों में विपक्षी दलों के कई बड़े नेता भाजपा में हो सकते हैं शामिलः अनुराग ठाकुर

    अगले 10 दिनों में विपक्षी दलों के कई बड़े नेता भाजपा में हो सकते हैं शामिलः अनुराग ठाकुर

    नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी के कांग्रेस छोड़ने की अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि कि अगले 10 दिनों में कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों के 70 से अधिक बड़े नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

    भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन के बाद अनुराग ठाकुर ने रविवार को मीडिया से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी नीतियों से प्रभावित हो कर विपक्षी दलों के 70 से अधिक नेता 20 से 29 फरवरी के बीच भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

    उल्लेखनीय है कि कमलनाथ, नकुलनाथ, मनीष तिवारी के भाजपा में शामिल होने की अटकलें हैं। इससे पहले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने भाजपा का दामन थाम लिया। उनके साथ कुछ विधायक भी पाला बदल चुके हैं।

  • अखिलेश पर मुस्लिमों की उपेक्षा का आरोप लगाकर सलीम शेरवानी ने छोड़ी सपा

    अखिलेश पर मुस्लिमों की उपेक्षा का आरोप लगाकर सलीम शेरवानी ने छोड़ी सपा

    लखनऊ। समाजवादी पार्टी के पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) अभियान पर एक और गहरी चोट लगी है। पांच बार के सांसद रहे सपा के राष्ट्रीय महासचिव सलीम शेरवानी ने रविवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। शेरवानी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर मुसलमानों की उपेक्षा का आरोप लगाया है।

    अखिलेश को लिखी चिट्ठी में शेरवानी ने कहा कि पीडीए के नाम पर राजनीति हो रही है। मुसलमानों की उपेक्षा के कारण महासचिव पद से इस्तीफा दे रहा हूं। जल्द ही भविष्य का फैसला लूंगा। राज्यसभा के चुनाव में किसी मुसलमान को नहीं भेजा गया। बेशक मेरे नाम पर विचार नहीं होता लेकिन किसी मुसलमान को भी यह सीट मिलनी चाहिए थी। उन्होंने पत्र में लिखा कि मुझे लगता है सपा में रहते हुए मुसलमान की हालत में बहुत परिवर्तन नहीं हो सकता। इसके लिए मेरा इस्तीफा दे देना ही ठीक है। इसके बाद का निर्णय सोच विचार कर करूंगा।

    उल्लेखनीय है कि शेरवानी चार बार सपा और एक बार कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले वह सपा छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे। इसके बाद उनकी घर वापसी हो गई थी।

    इससे पहले वरिष्ठ नेता एवं विधानपरिषद सदस्य स्वामी प्रसाद मौर्य ने सपा महासचिव के पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि मौर्य ने कहा था कि उन्होंने सिर्फ महासचिव पद से इस्तीफा दिया है, पार्टी से नहीं।

  • सत्ता में वापसी पर नरेन्द्र मोदी ने जताया विश्वास, भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया 100 दिनों का लक्ष्य

    सत्ता में वापसी पर नरेन्द्र मोदी ने जताया विश्वास, भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया 100 दिनों का लक्ष्य

    – प्रधानमंत्री मोदी बोले- तीसरे कार्यकाल में भारत को बनाएंगे दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

    नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में केन्द्र सरकार की उपलब्धियों और विपक्ष की नाकामियों को गिनाते हुए आने वाले आम चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं को 100 दिनों तक हर वोटर, लाभार्थी, वर्ग, समाज, पंथ, परंपरा तक पहुंचने का लक्ष्य दिया। साथ ही उन्होंने दोबारा सत्ता में वापसी पर विश्वास जताया और अगले कार्यकाल में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और 2047 तक देश को विकसित बनाने का वादा किया।

    प्रधानमंत्री ने विपक्षी गठबंधन और विशेषकर कांग्रेस पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा से वैचारिक और सैद्धांतिक लड़ाई नहीं लड़ रही है बल्कि वह स्वयं उनसे (मोदी) लड़ रही है। मोदी को गाली देना उनकी आदत हो गई है। इस मुद्दे पर पार्टी के अंदर ही मतभेद है और पार्टी दो धड़ों में बंट गई है।

    भारतीय विदेश नीति से जुड़ी उपलब्धियां गिनाते हुए मोदी ने कहा कि दुनिया को अब समझ में आ रहा है कि भारत का विकास उसकी बेहतरी के लिए है। हाल की कतर और यूएई की यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में अब भारत के रिश्ते मजबूत हो रहे हैं। इन सबका श्रेय भाजपा सरकार को देते हुए प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार की वापसी पर विश्वास जताया और कहा कि दुनिया भी अब मान रही है कि पार्टी दोबारा सत्ता में लौटेगी। इसी कारण से आम चुनाव से पहले ही उन्हें विभिन्न देशों से उनके यहां यात्रा के निमंत्रण प्राप्त हो रहे हैं।

    भाजपा के वरिष्ठ नेता मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भले ही वादे पूरा न करे लेकिन झूठे वादे करने में आगे है। देश की जनता को इसका एहसास हो गया है। जनता को अब भाजपा पर भरोसा है और पार्टी कार्यकर्ताओं को अपनी सरकार की उपलब्धियों के साथ अगले 100 दिनों तक जनता के बीच जाना है और पार्टी के लिए वोट करने की अपील करनी है।

    उन्होंने कहा कि देश की जनता को पहले लगता था कि सरकारें बदलती हैं लेकिन व्यवस्था नहीं बदलती। उनकी सरकार आने के बाद से यह सोच बदली है। आज सामाजिक न्याय की भावना के साथ सरकार हर व्यवस्था को बदल रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश अब अपने आप विकसित होने की सोच से आगे नहीं बढ़ रहा है। अब वे बड़े लक्ष्य लेकर चल रहा है। पिछले 10 साल साहसिक निर्णयों और भविष्यवादी नीतियों के लिए जाने गए हैं। हमने दशकों से अधूरे कार्यों को पूरा करने का साहस किया है। चाहे वह राम मंदिर का निर्माण हो, करतारपुर गलियारे का उद्घाटन हो, अनुच्छेद 370 को निरस्त करना हो या नई शिक्षा नीति का कार्यान्वयन हो, इन बदलावों का भारत के लोगों को लंबे समय से इंतजार था।

    अपने भाषण में विशेष उल्लेख करते हुए उन्होंने करतारपुर साहिब कोरिडोर के उदघाटन, अफगानिस्तान से सिख शरणार्थियों की वापसी और 25 दिसंबर को वीर बाल दिवस के तौर पर मनाए जाने का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि मुस्लिमों को अब हज यात्रा करने में आसानी हो रही है। महिलाओं को बिना महरम (बिना किसी पुरुष रिश्तेदार) के यात्रा करने की अनुमति मिली है।

  • भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन का आज दूसरा दिन, लोकसभा चुनाव को लेकर राज्यों के साथ होंगी अहम बैठकें

    भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन का आज दूसरा दिन, लोकसभा चुनाव को लेकर राज्यों के साथ होंगी अहम बैठकें

    नई दिल्ली, । भारत मंडपम में चल रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अधिवेशन का आज दूसरा दिन है। अधिवेशन में रविवार को आर्थिक प्रस्ताव पारित करने के साथ कई अहम बैठकें होंगी।

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अध्यक्ष जेपी नड्डा लोकसभा चुनाव की तैयारियों और केंद्र व राज्य सरकार की चल रही योजनाओं को लेकर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री परिषद की बैठक करेंगे। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री इसमें शामिल होंगे। अधिवेशन में शाम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।

    उल्लेखनीय है कि दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के पहले दिन जेपी नड्डा ने देशभर से आए करीब साढ़े ग्यारह हजार प्रतिनिधियों को संबोधित कर लोकसभा चुनाव में हैट्रिक लगाने का आह्वान किया। इसके साथ राजनाथ सिंह की तरफ से प्रस्तुत राजनीतिक को पारित किया गया। इस प्रस्ताव में मोदी कार्यकाल की 10 साल की उपलब्धियां गिनाईं गईं।

  • भाजपा राष्ट्रीय परिषद की दो दिवसीय बैठक भारत मंडपम में आज से

    भाजपा राष्ट्रीय परिषद की दो दिवसीय बैठक भारत मंडपम में आज से

    नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय परिषद की दो दिवसीय बैठक प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आज (शनिवार) शुरू होगी। इसकी पूर्व संध्या (शुक्रवार) पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भारत मंडपम में ‘मोदी सरकार की 10 साल की उपलब्धियों’ को रेखांकित करती प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

    भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीयमंत्री रविशंकर प्रसाद पार्टी मुख्यालय में 15 फरवरी को संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रीय परिषद की बैठक के बारे में विस्तार से जानकारी दे चुके हैं। प्रसाद के अनुसार, इसमें देशभर के लगभग 11,500 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। प्रतिनिधियों में देशभर से पार्टी के पदाधिकारी, वर्तमान और पूर्व सांसद, विधायक और निर्वाचित महापौर शामिल हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उद्घाटन भाषण देंगे। अगले दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन के साथ बैठक का समापन होगा।

    भाजपा नेता प्रसाद के अनुसार, इससे पहले परिषद की बैठकें साल 2014 और 2019 के आम चुनाव से ठीक पहले आयोजित की गई थीं। भाजपा ने 2014 में लोकसभा में बहुमत हासिल किया और पांच साल बाद उससे भी बड़ी जीत हासिल की। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछली दो परिषदों की बैठकों में भी अपने विचार रखे थे और अब उन्होंने पार्टी के लिए 370 लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य तय किया है जबकि सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए 543 में से 400 से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य तय किया है। प्रधानमंत्री के आह्वान को फलीभूत करने के लिए राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया गया है।

  • भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के बीच कमलनाथ ने दिल्ली पहुंच कर तोड़ी चुप्पी

    भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के बीच कमलनाथ ने दिल्ली पहुंच कर तोड़ी चुप्पी

    भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके सांसद पुत्र नकुलनाथ अपने समस्त दौरे रद्द कर शनिवार को राजधानी दिल्ली पहुंचे। इसके बाद सियासी गलियारों में उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, दिल्ली में ने भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं पर कहा कि इनकार करने की बात नहीं है, अगर ऐसी कोई बात होगी तो मैं सबसे पहले खबर करूंगा।

    दरअसल, विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद से कमलनाथ मध्य प्रदेश की राजनीति से दूर होते चले गए। हालांकि, राज्यसभा चुनाव में उनका नाम चला था, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया और राज्यसभा के लिए उम्मीदवार अशोक सिंह को सर्वसम्मति से चुना गया। अब शनिवार को कमलनाथ अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दिल्ली दौरे को उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलों से जोड़ कर देखा जा रहा है।

    अटकलें लगाई जाने लगी हैं कि कमलनाथ अपने बेटे नकुलनाथ के साथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इस बीच पूर्व मंत्री व कमलनाथ के करीबी माने जाने वाले सज्जन सिंह वर्मा ने शनिवार दोपहर अपना एक्स हैंडल प्रोफाइल बदल दिया है। इसमें भी कांग्रेस का चिन्ह नदारद है।

    कमलनाथ के कांग्रेस में शामिल होने की सुगबुगाहट को देखते हुए अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी कमलनाथ ट्रेंड कर रहा है, जिसमें कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, पिछले दिनों जब कमलनाथ से उनके भाजपा में जाने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया था। इधर, छिंदवाड़ा से कांग्रेस सांसद नकुलनाथ ने भी अपने तीनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर अपने बायो से कांग्रेस नाम हटा दिया है और फिलहाल उनके नाम के आगे सिर्फ छिंदवाड़ा सांसद लिखा है।

    सुमित्रा महाजन ने भाजपा से चुनाव लड़ने का दिया ऑफर

    पूर्व लोकसभा स्पीकर और पूर्व इंदौर सांसद सुमित्रा महाजन ने पिछले दिनों कमलनाथ को जय सियाराम के नारे के साथ कमलनाथ को भाजपा में आने का निमंत्रण दिया था। उन्होंने कहा था कि यदि विकास पसंद है तो पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भाजपा में शामिल हो सकते हैं। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कमलनाथ के भाजपा में आने के सवाल पर कहा था कि जो लोग भाजपा की विचारधारा के साथ चलने में विश्वास करते हों, उनका हमारी पार्टी स्वागत करती है। ऐसे लोग जिनके मन में कांग्रेस द्वारा रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में न जाने के निर्णय को लेकर पीड़ा है, उनका स्वागत है।

    भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने शनिवार को अपने एक्स हैंडल पर कमलनाथ और नकुलनाथ की कांग्रेस नेताओं के साथ फोटो शेयर की है, जिसमें उन्होंने कैप्शन में जय श्रीराम लिखा है।

    हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का कहना है कि कमलनाथ छिंदवाड़ा में हैं। मेरी कल रात उनसे बात हुई है। जिस व्यक्ति ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत नेहरू-गांधी परिवार के साथ की थी, वे उस समय उनके साथ खड़े थे, जब पूरी जनता पार्टी और केंद्र की सरकार इंदिरा गांधी को जेल भेज रही थी। आप उनसे उम्मीद भी कैसे कर सकते हैं कि वे सोनिया गांधी के परिवार को छोड़ कर जाएंगे।

    प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने अटकलों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ और नकुलनाथ से फोन पर बात हुई है। वे लगातार संपर्क में हैं। ये खबरें निराधार हैं। क्या आप सपने में भी सोच सकते हैं कि इंदिरा जी का तीसरा बेटा कांग्रेस छोड़ सकता है, जिनके नेतृत्व में दो महीने पहले हमने चुनाव लड़ा। जिन्हें मुख्यमंत्री बनाने के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ता अपना सबकुछ न्योछावर करता रहा, क्या वे कांग्रेस को छोड़ कर जा सकते हैं?

    कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं पर कांग्रेस सांसद राजमणि पटेल ने कहा कि कमलनाथ के काम, उनकी सेवा को देखते हुए तो ऐसा नहीं लगता है। पार्टी से उनकी नाराजगी क्या होगी। पार्टी से दूसरे लोग नाराज हो सकते हैं, लेकिन जहां हाईकमान से भी ज्यादा उनकी चलती हो, ऐसी स्थिति में उपेक्षा का कोई सवाल ही नहीं है।