Category: राजनीति

  • हर लोकसभा सीट पर कमल हमारा उम्मीदवार : भाजपा

    हर लोकसभा सीट पर कमल हमारा उम्मीदवार : भाजपा

    नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने राष्ट्रीय अधिवेशन में लोकसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने शनिवार को भारत मंडपम में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय अधिवेशन के पहले दिन सभी कार्यकर्ताओं से कहा है कि हर लोकसभा क्षेत्र में कमल का फूल हमारा उम्मीदवार है।

    तावड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि मिशन 370 को लेकर सभी कार्यकर्ता हर बूथ और हर गांव तक जाएं और सरकार की विकास योजनाओं के बारे में जनता को बताएं। प्रधानमंत्री ने हमें चेताया है कि 370 का आंकड़ा हमारे लिए सिर्फ संकल्प नहीं बल्कि यह जीतकर हमें श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को श्रद्धांजलि देना है।

    तावड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि इस चुनाव के दौरान विपक्ष तू-तू, मैं-मैं की राजनीति ज्यादा करेगा, अनावश्यक मुद्दों को ज्यादा उछालेगा लेकिन हम विकास कार्यों और गरीब कल्याण के कार्यों को लेकर जनता के पास जाएंगे और इस चुनाव में जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

    तावड़े ने कहा कि आने वाले समय में स्वयं सहायता समूह व एनजीओ संपर्क अभियान पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से बड़ी संख्या में चलाया जाएगा। इन अभियानों के माध्यम से समाज के बड़े तबके तक मोदी सरकार के विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाई जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा है कि कार्यकर्ता आने वाले 100 दिनों में बूथ स्तर तक जाएं।

  • रायबरेली से प्रियंका की चुनावी ओपनिंग, भावुक पत्र से तैयार होगी पिच!

    रायबरेली से प्रियंका की चुनावी ओपनिंग, भावुक पत्र से तैयार होगी पिच!

    रायबरेली,। सोनिया गांधी की राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन के बाद प्रियंका वाड्रा गांधी की रायबरेली से चुनावी ओपनिंग होने जा रही है। रायबरेली की जनता को सोनिया गांधी के लिखे भावुक पत्र ने इसके लिए बाकायदा पिच भी तैयार कर दी है। बहुत सम्भव है कि 20 फरवरी को रायबरेली में न्याय यात्रा के दौरान रायबरेली की जनता के सामने ही इसकी घोषणा भी हो जाय।

    दरअसल, सोनिया गांधी का रायबरेली से इस बार चुनाव न लड़ना तय था।2019 के बाद से ही सोनिया गांधी की अपने संसदीय क्षेत्र में सक्रियता नाम मात्र की रही है और 2020 के बाद से तो वह यहां आई ही नहीं। इसके अलावा अपनी कई चुनावी सभाओं में उन्होंने ख़ुद इसे अपना अंतिम चुनाव होने के संकेत दिये थे। दिसम्बर महीने में कांग्रेस पार्टी में संगठनात्मक बदलाव किए गए थे, जिसमें प्रियंका वाड्रा गांधी को उत्तर प्रदेश प्रभारी पद से हटाया गया था। उससे साफ़ था कि उनकी आगामी लोकसभा चुनाव में एंट्री होनी है। क्योंकि पार्टी के संविधान के अनुसार प्रभारी चुनाव नहीं लड़ सकता है। अब जब रायबरेली से प्रियंका का चुनाव लड़ना तय है,ऐसे समय में जिस तरह से सोनिया गांधी ने अपने भावुक पत्र में रायबरेली से रिश्ते और परिवार को आगे भी संभाले रहने का जनता से अनुरोध किया। वह प्रियंका के लिए पिच तैयार कर रहा है, जिसपर उनकी ओपेनिंग होनी है।

    सोनिया गांधी के इस पत्र ने रायबरेली में अरसे से सुस्त पड़ी पार्टी और कार्यकर्ताओं में जोश पैदा कर दिया है और एक बार फ़िर से रायबरेली के चौक-चौराहों पर गांधी परिवार की चर्चा शुरू हो गई है। यह अलग बात है कि यहां की जनता प्रियंका वाड्रा गांधी की ओपनिंग पर कैसे रिएक्ट करती है।

    प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अंशु अवस्थी का कहना है कि रायबरेली का गांधी परिवार से आत्मीय रिश्ता है,जिसका उल्लेख खुद सोनिया गांधी ने किया है।रायबरेली की जनता चाहती है इस बार प्रियंका गांधी उनका प्रतिनिधित्व करें।अंशु अवस्थी के अनुसार प्रियंका के चुनाव लड़ने से पूरे प्रदेश को फ़ायदा होगा और हर कार्यकर्ता चाहता है कि वह सभी का नेतृत्व करें।

    उल्लेखनीय है कि 1952 से ही रायबरेली सीट पर गांधी परिवार की परंपरागत सीट रही है। पहली बार इस सीट पर फिरोज गांधी सांसद बने थे। 1957 में फ़िरोज दुबारा जीते। और 1967, 1971 और 1980 में यहां से इंदिरा गांधी चुनाव जीतीं। 1980 और 1984 में फिर से नेहरू परिवार की अरुण नेहरू ने यहां चुनाव जीता। 1989 और 1991 में शीला कौल यहां से विजयी हुईं।

    इसके बाद गांधी परिवार के करीबी शतीश शर्मा इस सीट पर दो बार सांसद रहे। केवल तीन बार 1977,1996 और 1998 में इस सीट पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। 2004 के बाद से लगातार सोनिया गांधी इस सीट से जीतती रहीं हैं।

  • नीतीश के राजद के साथ आने के लालू के बयान पर सम्राट चौधरी का पलटवार

    पटना। राजद सुप्रीमो लालू यादव और तेजस्वी यादव की ओर से नीतीश के वापसी के बयान पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बयान दिया है। राजधानी दिल्ली में भाजपा केंद्रीय टीम की ओर से बुलाई गई एक बैठक में शामिल होने जा रहे सम्राट चौधरी ने पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि यह नीतीश को तय करना है कि भाजपा के साथ गठबंधन में रहना है या राष्ट्रीय जनता दल के साथ। यह लालू को तय नहीं करना है कि नीतीश कुमार किस गठबंधन के साथ रहेंगे।

    उन्होंने कहा कि नीतीश ने अपनी सारी बातें रख दी है। जनता के बीच साफ संदेश गया है तो फिर इसमें लालू को क्या तय करना है। हकीकत तो यह है कि लालू यह जान चुके हैं कि अब हमारा खाता नहीं खुलने वाला है। इसलिए कुछ भी बोले जा रहे हैं।

    तेजस्वी और राहुल गांधी के एक साथ होने पर उन्होंने कहा कि दो भ्रष्टाचार के प्रतीक एक साथ हैं। एक बिहार की जनता को लूटने वाला है और दूसरा देश को लूटने वाला है। आज दोनों एक साथ है। नीतीश कुमार ने 18 वर्षों में बिहार के विकास के लिए काम किया है और आगे भी करेंगे।

  • भगवान राम को काल्पनिक बताने वाले कांग्रेसी भी अब जय सिया राम बोलने लगे हैं : प्रधानमंत्री मोदी

    भगवान राम को काल्पनिक बताने वाले कांग्रेसी भी अब जय सिया राम बोलने लगे हैं : प्रधानमंत्री मोदी

    – अबकी बार एनडीए सरकार 400 पार

    – विकसित भारत बनाने के लिए हरियाणा का विकसित होना बहुत जरूरी

    रेवाड़ी/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के रेवाड़ी से कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि भगवान राम को काल्पनिक बताने वाले कांग्रेसी भी अब जय सिया राम बोलने लगे हैं।

    प्रधानमंत्री ने रेवाड़ी में स्वास्थ्य, रेल और पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी 10 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश की इच्छा थी कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो, आज पूरा देश भव्य राम मंदिर में विराजे रामलला के दर्शन कर रहा है। कांग्रेस के लोग, जो भगवान राम को काल्पनिक बताते थे, जो कभी नहीं चाहते थे कि राम मंदिर बने, वो भी जय सिया राम करने लगे हैं।

    उन्होंने कहा कि देश-दुनिया में मोदी की गारंटी योजना की चर्चा है। रेवाड़ी तो मोदी की गारंटी का सबसे पहला गवाह है। यहां प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में मैंने देश को कुछ गारंटियां दी थीं। देश की इच्छा थी कि दुनिया में भारत की साख बढ़े, वो हमने करके दिखाया। देश की इच्छा थी कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो। भव्य मंदिर का निर्माण हुआ। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की बात कही थी, आज ये आर्टिकल इतिहास के पन्नों में कहीं खो गया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने एक और संकल्प लिया है और जनता जनार्दन कह रही है, जिसने 370 हटाया उस भाजपा का टीका 370 सीटों से होगा।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि 2013 में जब मुझे भाजपा ने प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था, तब मेरा पहला कार्यक्रम रेवाड़ी में हुआ था और रेवाड़ी ने मुझे 272 पार का आशीर्वाद दिया था। आपका वो आशीर्वाद सिद्धि बन गया। अब लोग कह रहे हैं कि मैं फिर एक बार रेवाड़ी आया हूं तो आपका आशीर्वाद है- अबकी बार एनडीए सरकार 400 पार। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सीटें महत्वपूर्ण हैं, लेकिन मेरे लिए लोगों का आशीर्वाद बहुत बड़ी संपत्ति है। पूरी दुनिया में भारत आपके आशीर्वाद के कारण नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि अब मुझे अपने तीसरे कार्यकाल में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए आपके आशीर्वाद की जरूरत है।

    कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, “कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड देश की आधे से अधिक आबादी को दशकों तक छोटी-छोटी जरूरतों से दूर रखने, सिर्फ एक ही परिवार के हित को देशवासियों के हित से ऊपर रखने, घोटालों, सेना और सैनिक दोनों को कमजोर करने का है।” प्रधानमंत्री ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि आज भी कांग्रेस की टीम, नेता और नीयत वही है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लिये बिना तंज कसते हुए कहा कि एक परिवार के मोह में फंसी कांग्रेस आज अपने इतिहास के सबसे दयनीय दौर से गुजर रही है। इनके नेता से अपना एक स्टार्टअप नहीं संभल रहा, ये लोग देश संभालने का सपना देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ कर जा रहे हैं। आज स्थिति ये है कि कांग्रेस के पास अपने कार्यकर्ता तक नहीं बचे हैं। जहां सरकार में हैं, वहां इनसे सरकारें तक नहीं संभल रही हैं।

    प्रधानमंत्री ने अपनी यूएई और कतर की हालिया यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि भारत को अब हर कोने से जो सम्मान मिलता है, वह अकेले मोदी का नहीं, बल्कि हर भारतीय का है। उन्होंने कहा कि 10 सालों में भारत 11वें स्थान से ऊपर उठ कर 5वें स्थान की आर्थिक महाशक्ति बना, ये भी आपके आशीर्वाद से हुआ है। अब मुझे अपने तीसरे कार्यकाल में आने वाले सालों में भारत को दुनिया कि तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनाने के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा की डबल इंजन सरकार वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण को लेकर प्रतिबद्ध है। विकसित भारत बनाने के लिए हरियाणा का विकसित होना बहुत जरूरी है। हरियाणा तभी विकसित होगा जब उसके पास आधुनिक सड़कें, रेलवे का आधुनिक नेटवर्क और बड़े अस्पताल होंगे। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व भारत में निवेश के लिए उत्सुक है। और निवेश के लिए हरियाणा एक उत्तम राज्य बनकर उभर रहा है।

  • चाचा शिवपाल यादव पर दांव लगायेंगे अखिलेश, समीकरण वाली सीट की तलाश

    चाचा शिवपाल यादव पर दांव लगायेंगे अखिलेश, समीकरण वाली सीट की तलाश

    लखनऊ, । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव पर दांव लगायेंगे। शिवपाल यादव के कद को देखते हुए समीकरण वाली लोकसभा सीट की तलाश की जा रही है। जिसमें आजमगढ़, इटावा और मैनपुरी की लोकसभा सीटों की चर्चा हो रही है।

    शिवपाल सिंह यादव को लोकसभा चुनाव में उतारने के एक प्रश्न पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मीडिया से कहा कि चाचा और मैं दोनों ही लोकसभा चुनाव के मैदान में उतरेंगे। लोकसभा सीटों का चयन होना बाकी है। समाजवादी पार्टी की सूची जल्द ही जारी होगी।

    उत्तर प्रदेश में लोकप्रिय नेता के रुप में पहचाने जाने वाले शिवपाल सिंह यादव ने जब अपनी राजनीतिक पार्टी बना ली थी। उस वक्त इटावा क्षेत्र में शिवपाल सिंह यादव की सर्वाधिक लोकप्रियता थी, जो आज भी बरकरार है। वैसे आजमगढ़ लोकसभा सीट, जिस पर कभी अखिलेश यादव खुद चुनाव लड़कर जीते थे, उसे भी अपने हाथ में फिर से लाने के लिए समाजवादी पार्टी की कोर कमेटी विचार कर रही है।

  • आईएनडीआईए की सरकार बनी तो किसानों को मिलेगी वाजिब एमएसपी : राहुल गांधी

    आईएनडीआईए की सरकार बनी तो किसानों को मिलेगी वाजिब एमएसपी : राहुल गांधी

    पटना (बिहार)। राज्य के सासाराम में शुक्रवार को राहुल गांधी ने न्याय यात्रा में घोषणा किया कि आईएनडीआई गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों को उनका वाजिब एमएसपी मिलेगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि आपकी जमीन आपसे छीनी जा रही है। सही राशि और सही मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। जब हमारी सरकार थी तब किसानों के जमीन की रक्षा के लिए जमीन अधिग्रहण बिल लाया गया।

    राहुल गांधी ने कहा कि यह कानून हमारी सरकार लेकर आई और वह कानून आपके लिए देश के किसानों के लिए लागू किया गया था लेकिन इस कानून को केंद्र सरकार ने रद्द कर दिया और किसानों के साथ हकमारी कर रहे हैं। याद रखें जब हमारे गठबंधन की सरकार आएगी तो किसानों को वापस से वह सभी सुविधाएं मिलेंगी जो हमारी सरकार में पहले से मिला करती थी। हमारी सरकार बनेगी तो जितने भी सरकारी बहाली हैं वह पूरी कर ली जाएगी। यह हमारी गठबंधन का पूरे देश से लागू होगा।

    उन्होंने कहा कि किसानों को फसल का सही दाम नहीं मिल रहा है। हमारी सरकार में आने के बाद कांग्रेस एमएसपी की लीगल गारंटी देगी। जब भी किसानों ने कांग्रेस से कुछ मांगा है, उन्हें दिया है। चाहे वो कर्ज माफी हो या फिर एमएसपी कांग्रेस ने हमेशा किसानों के हितों की रक्षा की है और हमेशा करेंगे।

  • कांग्रेस के बैंक खातों से हटा प्रतिबंध

    कांग्रेस के बैंक खातों से हटा प्रतिबंध

    नई दिल्ली। कांग्रेस के बैंक खातों पर लगा प्रतिबंध हटा दिया गया है। इस बात की जानकारी देते हुए कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने कहा कि आयकर अपीलीय अधिकरण में सुनवाई लंबित रहने तक कांग्रेस पार्टी के खातों पर लगी रोक को बुधवार तक हटा दिया गया है।

    इससे पहले कांग्रेस नेता अजय माकन ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान आरोप लगाया था कि मोदी सरकार के इशारे से देश की मुख्य विपक्षी पार्टियों के खाते फ्रीज कर दिए गए हैं। माकन ने कहा कि देश में लोकतंत्र पूरी तरह से खत्म हो चुका है। मुख्य विपक्षी पार्टी के सारे अकाउंट्स फ्रीज कर दिए गए हैं। कांग्रेस पार्टी के अकाउंट पर तालाबंदी कर दी गई है।

    माकन ने कहा था कि बैंक खाते तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फ्रीज होने चाहिए, क्योंकि जो असंवैधानिक कॉर्पोरेट बांड उन्होंने अपने खातों में डाल रखे हैं, सुप्रीम कोर्ट के अनुसार असंवैधानिक हैं। हमारे खातों में कार्यकर्ताओं द्वारा ऑनलाइन डोनेशन से जुटाया गया पैसा है। इसे इनकम टैक्स और मोदी सरकार कैसे फ्रीज कर सकती है। इस कदम से स्पष्ट है कि अब हमारे देश में लोकतंत्र नहीं रहा। ऐसा लगता है देश में ‘वन पार्टी सिस्टम’ लाने का प्रयास किया जा रहा है।

    माकन ने कहा कि हमें 31 दिसंबर, 2019 तक अपने अकाउंट्स जमा करने थे, लेकिन हमें कुछ देर हो गई। इस वजह से हमारे खातों को सील कर दिया गया। 2018-19 चुनाव का वक्त था, जिसमें कांग्रेस के 199 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। इसमें हमारे विधायकों और सांसदों ने सिर्फ 14 लाख 40 हजार रुपये कैश में जमा किए थे, जो उनका वेतन था। इस वजह से कांग्रेस पर 210 करोड़ रुपये की पेनाल्टी लगा दी गई।

  • मऊ एसपी अविनाश पाण्डेय के कार्यकाल मे ही आगामी चुनाव चाहता है विपक्ष

    मऊ एसपी अविनाश पाण्डेय के कार्यकाल मे ही आगामी चुनाव चाहता है विपक्ष

    — घोसी विधान सभा के उपचुनाव मे समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह की जीत को एसपी अविनाश पाण्डेय की ईमानदारी मे गिन रहा विपक्ष

    ( ब्रह्मा नन्द पाण्डेय)

    मऊ( खरी दुनिया)। एसपी अविनाश पाण्डेय की कार्य प्रणाली लोगो मे उनकी सराहना का कारण बनती देखी जा रही है। वर्ष २०२३ मे घोसी विधान सभा की सीट पर हुए उपचुनाव और उसके परिणाम को देखते हुए विपक्ष एसपी अविनाश पाण्डेय के ही नेतृत्व मे इस वर्ष लोकसभा का चुनाव देखना चाहता है।


    पुलिस अधीक्षक अविनाश पाण्डेय के द्वारा इस्तेमाल किये जा रहे पदीय अधिकारों और कर्तव्यो को लोगो मे उनकी सराहना का कारण बनते देखा जा रहा है। पब्लिक तो पब्लिक, राजनीतिक हलके मे मौजूद विपक्ष भी इनकी कार्य प्रणाली की चर्चा करते थक नही रहा है।

    राजनितिक हलके से छन कर आ रही चर्चाओ के अनुसार गैर भाजपा दलों मे एसपी अविनाश पाण्डेय की कार्यप्रणाली खूब सराही जा रही है।

    विपक्ष इस बात पर जोर डालता देखा जा रहा है कि आगामी लोकसभा सभा चुनाव भी जिले के ईमानदार कर्तब्यनिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पाण्डेय के ही करकाल मे सम्पन्न हो।

    लोगो मे एसपी की ईमानदारी की चर्चा इतनी है कि पूछिए मत, साहब के कार्यकाल मे ही बीते वर्ष घोसी विधान सभा सीट पर हुए उपचुनाव मे समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सुधाकर सिंह को जीत मिली थी।

    सुधाकर सिंह की ही जीत को, बिपक्ष एसपी की ईमानदारी और कर्तव्य निष्ठा का कारण करार दे रहा है। श्री पाण्डेय जनपद मऊ मे कई साल से टिके हुए है। विपक्ष आगामी लोकसभा चुनाव को उनके ही नेतृत्ब मे सम्पन्न होने को तय मान रहा है।

  • मऊ में अरशद जमाल को बसपा के घोसी लोकसभा उम्मीदवार बनाए जाने के संकेत!

    मऊ में अरशद जमाल को बसपा के घोसी लोकसभा उम्मीदवार बनाए जाने के संकेत!


    — वर्तमान में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष है अरशद जमाल


    ब्रह्मा नन्द पांडेय
    मऊ(खरी दुनिया)। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की राजनीति में एक कौतुहल के संकेत मिल रहे है। समाजवादी पार्टी के बैनर तले जिले की राजनीति में हमेशा आगे रहकर नगर पालिका परिषद के कई बार अध्यक्ष रहे अरशद जमाल को बहुजन पार्टी के द्वारा घोसी से लोकसभा सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किए जाने के संकेत है। हालांकि इसके लिए अभी तक अधिकारित सूचना नही है लेकिन चर्चाओं का बाजार गरम है।


    जिले के राजनीति हलके के अनुसार इस बार घोसी लोकसभा सीट पर बहुजन समाज पार्टी की ओर से नगर पालिका के अध्यक्ष अरशद जमाल को अपना उम्मदवार बनाए जाने के संकेत है। सकेंत के मुताबिक अरशद जमाल को लेकर जिले की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गरम है।

    अरशद जमाल की जिल में जुझारू नेताओं में गिनती होती है। ये कई बार जिले की नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष भी रहे है। इनकी राजनीति की सिढियॉ में समाजवादी पार्टी को अहम माना जाता है। अरशद जमाल के नाम बीते नगर पालिका परिशद के चुनाव में भाजपा उम्मीदवार सहित कई लोगों को रिकार्ड मतो से हराने का इतिहास है।

  • रास चुनाव: भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित चार उम्मीदवारों ने गुजरात से दाखिल किया नामांकन

    रास चुनाव: भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित चार उम्मीदवारों ने गुजरात से दाखिल किया नामांकन

    गांधीनगर/अहमदाबाद,। गुजरात से राज्यसभा की चार सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन भाजपा के चार उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इनमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मयंक नायक, गोविंद ढोलकिया, जसवंत सिंह परमार शामिल हैं।

    भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा गुजरात से राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के लिए आज सुबह अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने उनका स्वागत किया।

    फिलहाल गुजरात से राज्यसभा की 11 सीटों में से दो सीटें गैर-गुजराती के पास चली गई। इसमें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और विदेश मंत्री एस जयशंकर शामिल हैं। गुजरात से कांग्रेस के प्रतिनिधित्व की बात करें तो साल 2026 के बाद एक भी कांग्रेसी राज्यसभा में नहीं रहेगा। वर्तमान में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र सांसद शक्ति सिंह गोहिल भी जून 2026 में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।

    भाजपा ने राज्यसभा में सौराष्ट्र, उत्तर और मध्य गुजरात का संतुलन बनाने की कोशिश की है। एक लेउवा पटेल और उत्तर और मध्य गुजरात से दो ओबीसी को मौका दिया गया है। गुजरात की चारों राज्यसभा सीटें भाजपा के खाते में जा रही हैं। अब तक दो सीटें भाजपा और दो सीटें कांग्रेस के पास थीं। हालांकि संख्याबल की कमी के चलते कांग्रेस ने फॉर्म नहीं भरने का ऐलान किया है। अब विधायकों की संख्या 156 होने के कारण इन चारों सीटों पर भाजपा के दावेदार आसानी से जीत जाएंगे। नतीजतन ये चारों सीटें निर्विरोध रहेंगी।

    जेपी नड्डा मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। जेपी नड्डा ने छात्र जीवन के दौरान ही राजनीति में प्रवेश कर लिया था। उन्होंने जयप्रकाश नारायण के विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय रूप से भाग लिया। वर्ष 1993 में वह पहली बार हिमाचल प्रदेश की बिलासपुर सदर विधानसभा सीट से विधायक चुने गये और विधानसभा में विपक्ष के नेता भी चुने गये। 1998 में वह एक बार फिर विधायक बने। वर्ष 2010 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया। जेपी नड्डा 2012 में राज्यसभा सांसद चुने गए। 2014 में जब देश में भाजपा की सरकार आई तो जेपी नड्डा को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया। 2019 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया और 2020 में उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुना गया।

    मयंक नायक मेहसाणा से भाजपा में प्रमुख ओबीसी चेहरा हैं और भाजपा ओबीसी सेल के अध्यक्ष भी हैं। वे मेरी मिट्टी मेरा देश अभियान के प्रभारी रहे हैं। वह मंडल स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्होंने एक बार परिवार की जीविका के लिए रिक्शा भी चलाया था।

    गोविंद ढोलकिया प्रमुख पाटीदार उद्योगपति के रूप में जाने जाते हैं। वे सूरत के मशहूर हीरा व्यापारी हैं। वह मूल रूप से सौराष्ट्र के अमरेली जिले के दुधाला के रहने वाले हैं। उन्होंने सौराष्ट्र में जल संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण काम किया है। ढोलकिया को नरेन्द्र मोदी का करीबी माना जाता है। उन्होंने राममंदिर निर्माण में 11 करोड़ का योगदान दिया, वह रामकृष्ण एक्सपोर्ट ग्रुप के मालिक हैं, जिसका सालाना राजस्व 15000 करोड़ है।

    जशवंत सिंह परमार गोधरा शहर के जाने-माने डॉक्टर और पंचमहल के बख्शी पंच मोर्चा के कार्यकारी सदस्य हैं। वह बैरिया बख्शीपंच समाज से आते हैं। गोधरा में 60 हजार से ज्यादा बैरिया बख्शीपंच समाज के वोटर हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें टिकट नहीं मिला लेकिन उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरा और जीतने वाले उम्मीदवार से तीसरे स्थान पर रहे थे।