Category: राजनीति

  • राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने सात राज्यों के 14 उम्मीदवारों की घोषणा की

    राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने सात राज्यों के 14 उम्मीदवारों की घोषणा की

    नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए सात राज्यों के 14 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।

    इसमें बिहार से धर्मशिला गुप्ता और भीम सिंह, छत्तीसगढ़ से राजा देवेंद्र प्रताप सिंह, हरियाणा से सुभाष बराला, कर्नाटक से नारायण कृष्णासा भांडगे, उत्तर प्रदेश से आरपीएन सिंह, सुधांशु चौधरी, तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, नवीन जैन, उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट और पश्चिम बंगाल से सामिक भट्टाचार्य का नाम शामिल है।

  • बिहार की छह राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन शुरु, कांग्रेस की बढ़ेगी मुश्किल

    बिहार की छह राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन शुरु, कांग्रेस की बढ़ेगी मुश्किल

    पटना। बिहार से रिक्त हो रही राज्य सभा की छह सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार को शुरू हो गई। राजद के मनोज कुमार झा और अहमद अशफाक करीम, जदयू के अनिल प्रसाद हेगड़े और वशिष्ठ नारायण सिंह, भाजपा के सुशील कुमार मोदी और कांग्रेस सदस्य अखिलेश प्रसाद सिंह का कार्यकाल पूरा हो रहा है। अंक गणित के हिसाब से देखे तो कांग्रेस से अखिलेश प्रसाद सिंह का गणित इसमें बिगाड़ता नजर आ रहा है।

    इन सांसदों की रिक्त हो रही इन्हीं छह सीटों के लिए चुनाव होंगे। नामांकन की अंतिम तारीख 15 फरवरी है। नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी और नाम वापसी की तारीख 20 फरवरी तक है।27 फरवरी को चुनाव होगा और उसी दिन शाम में 5:00 बजे काउंटिंग भी होगी।

    राज्यसभा का चुनाव जीतने के लिए कम से कम 37 विधायकों के समर्थन की जरूरत होती है। ऐसे में विधान सभा में दलीय स्थिति देखें तो कुल 243 सीटें हैं। इसमें राजद के सर्वाधिक 79 विधायक हैं। वहीं भाजपा के 78, जदयू के 45, कांग्रेस के 19, वामदलों के 16 (भाकपा माले 12, भाकपा 2 और माकपा 2 ) हम के 4 जबकि एक निर्दलीय विधायक हैं। एक विधायक एआईएमआईएम का है। विधायकों का आंकड़ा देखें तो राजग के पास सबसे ज्यादा विधायक हैं। इससे भाजपा को इस बार 2 सीटों पर जीत मिलनी तय है। वहीं 45 विधायक होने के नाते जदयू को एक सीट का नुकसान होना तय है।

    दूसरी ओर राजद के 78 विधायक हैं जिस कारण पार्टी के दो राज्य सभा सांसद फिर से जीत जाएंगे।. कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी दुविधा वाली स्थिति है। कांग्रेस के अपने विधायकों की संख्या 19 है। वहीं राजद के दो सांसद जीतते हैं तो 74 विधायकों का समर्थन उनको जाएग, जबकि 4 विधायकों के वोट शेष रहेंगे। इससे कांग्रेस के उम्मीदवार को 23 विधायकों का समर्थन मिल जाएगा लेकिन जीत के लिए 37 के समर्थन से यह 14 कम है। इस स्थिति में पूरा खेल वामदलों पर निर्भर करता है जिसके 16 विधायक हैं। लेकिन यही कांग्रेस की परेशानी है। अपने बलबूते चुनाव जीतना कांग्रेस के लिए संभव नहीं है। इसलिए पार्टी को राजद और वामदलों के समर्थन की जरूरत है।

    सूत्रों का कहना है कि इसी का फायदा राजद और वामदलों द्वारा उठाया जा सकता है। वामदलों के नेताओ की माने तो पार्टी चाहती है कि उसके किसी उम्मीदवार को राज्य सभा भेजा जाए और इसके लिए कांग्रेस और राजद मदद करे। इसके पीछे एक कारण यह भी बताया जा रहा है कि वामदलों को आगामी लोकसभा चुनाव में सीमित सीटों पर चुनाव लड़ाने की कांग्रेस और राजद की योजना है। इस स्थिति में वामदल फ़िलहाल एक राज्य सभा की सीट चाहते हैं।. इससे कांग्रेस को अपनी एक जीती हुई सीट छोड़ने की मजबूरी होगी।

    कांग्रेस सूत्रों की मानें तो पार्टी हर हालत में बिहार से फिर से राज्य सभा की एक सीट वापस चाहती है। इसके लिए पिछले दिनों राजद सुप्रीमो लालू यादव से भी कांग्रेस को आश्वासन मिला था। पार्टी राज्यसभा में अपनी स्थिति मजबूत बनाए रखना चाहती है। ऐसे में इस बार देश में जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं उसमें 10 राज्य सभा की सीटों पर कांग्रेस जीत हासिल करना चाहती है। इसमें कांग्रेस को हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र से एक, तेलंगाना से दो और कर्नाटक से तीन सीटें मिलेंगी। पार्टी बिहार में अगर वामदलों की ओर से कोई बड़ी शर्त रखी जाती है तो उस स्थिति में लोकसभा चुनाव में एकाध सीटें वामदलों को देकर राज्य सभा की एक सीट पर जीत तय करना चाहेगी।

  • लद्दाख को राज्य का दर्जा देने की मांग, कारगिल रहा बंद, लेह में निकाली रैली

    कारगिल। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और अन्य मांगों को लेकर शनिवार को कारगिल जिले में पूर्ण बंद रहा जबकि लेह जिले में विरोध रैली निकाली गई। इन विरोध-प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लद्दाख के मुद्दे पर चर्चा के लिए 19 फरवरी को नई दिल्ली में उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक आहूत की है।

    लद्दाख में विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक, छात्र संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाले कारगिल डेमोक्रेटिक एलायंस (केडीए) और लेह एपेक्स बॉडी (एलएबी) ने अपनी मांगों को लेकर कारगिल बंद और लेह चलो का आह्वान किया था। उनकी प्रमुख मांगों में लद्दाख के लिए राज्य का दर्जा, छठी अनुसूची के तहत संवैधानिक सुरक्षा उपाय, शीघ्र नौकरी भर्ती प्रक्रिया समेत अन्य मांगें हैं। स्थानीय पुलिस के अनुसार कारगिल जिले में पूर्ण बंद रहा और सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान, अन्य निजी कार्यालय बंद रहे। इसी तरह लेह एपेक्स बॉडी के तहत लेह में एक विरोध रैली निकाली गई जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए।

    केडीए के सदस्य सज्जाद हुसैन कारगिली ने कहा कि चार मांगों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। सरकार को लद्दाख के लोगों की बात सुननी चाहिए और बिना किसी देरी के उनकी मांगों को पूरा करना चाहिए।

  • राहुल गांधी को अभी भी ममता बनर्जी की पार्टी से गठबंधन की उम्मीद

    राहुल गांधी को अभी भी ममता बनर्जी की पार्टी से गठबंधन की उम्मीद

    कोलकाता। पश्चिम बंगाल में लोकसभा का चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा कर चुकीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमलावर हैं। बावजूद इसके राहुल गांधी ने ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन की आस नहीं छोड़ी है। शुक्रवार को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का बंगाल में आखिरी दिन था। इस सफर को लेकर पार्टी की ओर से एक वीडियो शूट कर उसे शेयर किया गया है। राहुल गांधी ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ये वीडियो शेयर किया है जिसमें कई लोग उनसे सवाल पूछ रहे हैं। इसमें से कुछ युवाओं ने उनसे ममता बनर्जी के साथ लोकसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर सवाल पूछा है। इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा है कि ममता बनर्जी ने यह नहीं कहा है कि वह इंडी गठबंधन से अलग हैं। हम भी ये नहीं कह रहे हैं। कुछ ना कुछ समाधान होगा।

    उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को ममता बनर्जी ने केंद्र के खिलाफ कोलकाता में धरना दिया है। इस मंच से भी उन्होंने राहुल गांधी का मजाक बनाया है और साफ किया है कि उनकी पार्टी बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेगी।

  • मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय से की मुलाकात

    मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय से की मुलाकात

    देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड हरिद्वार के स्वामित्व की अनुप्रयुक्त 492 एकड़ भूमि का स्वामित्व उत्तराखंड सरकार को हस्तांतरित करने का अनुरोध किया।

    मुख्यमंत्री धामी ने औद्योगिक विकास के लिए केन्द्र से मिल रहे सहयोग पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य इज ऑफ डूइंग बिजनेस, निवेश प्रोत्साहन तथा स्टार्टअप क्षेत्र में निरंतर विकास कर रहा है। केन्द्र सरकार की ओर से निर्गत की जाने वाली रैंकिंग में लगातार उत्तम श्रेणी प्राप्त कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में स्थापित भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड हरिद्वार के स्वामित्व की 457 एकड़ भूमि, जो कि एकीकृत औद्योगिक आस्थान, हरिद्वार के साथ लगती हुई स्थित है, लगभग 60 वर्षों से अप्रयुक्त होने के कारण रिक्त है। साथ ही भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिनिटेड के स्वामित्व की एक अतिरिक्त 35 एकड़ भूमि रिक्त एवं अप्रयुक्त उपलब्ध है, जोकि हरिद्वार रेलवे लाइन के किनारे स्थित है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उक्त 457 एकड़ भूमि औद्योगिक विस्तार हेतु व 35 एकड़ भूमि मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क (एमएम एलपी) स्थापित के लिए राज्य सरकार को हस्तांतरित की जा सकती है। इससे राज्य में होने वाले निवेश को एक नया आयाम प्राप्त होने के साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकेंगे।

    केन्द्रीय मंत्री ने उत्तराखंड के रूड़की व पंतनगर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के निर्माण के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान की।

  • ममता ने उड़ाया राहुल गांधी का मजाक, कहा- शिशु क्या होता है जानते हो

    ममता ने उड़ाया राहुल गांधी का मजाक, कहा- शिशु क्या होता है जानते हो

    कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार कांग्रेस पर हमलावर हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा की अगुवाई के सिलसिले में बंगाल में मौजूद राहुल गांधी का मजाक ममता बनर्जी ने शुक्रवार को उड़ाया है। गुरुवार को राहुल गांधी ने मुर्शिदाबाद में बीड़ी बना रही महिला के साथ बैठकर बातचीत की थी और बच्चे को दुलारा था। इस पर शुक्रवार को राहुल गांधी का मजाक बनाते हुए ममता ने कहा कि जीवन में कभी उसने बीड़ी बांधा है? शिशु क्या होता है यह भी उसको नहीं पता होगा।

    ममता ने कहा कि जिसने जीवन में कभी गरीबी नहीं देखी वह बीड़ी बनाने वाले मजदूरों के साथ बैठकर फोटोशूट कर रहा है। ममता ने फिर दोहराया कि कांग्रेस को जो करना है करें लेकिन बंगाल में हम अकेले लड़ेंगे और भाजपा को हराएंगे। ममता ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि एक नया फैशन चल पड़ा है। केवल फोटोशूट के लिए कुछ भी कर लो। जीवन में कभी चाय दुकान पर नहीं बैठने वाला श्रमिकों से बात कर रहा है। बच्चों को पुचकार रहा है। उसे तो यह भी नहीं पता होगा कि शिशु क्या होता है।

    ममता शुक्रवार को केंद्र के खिलाफ कोलकाता के बी. आर. अंबेडकर मूर्ति के पास धरने पर बैठी हैं। यहीं से कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि मैंने प्रस्ताव दिया था कि आप लोग पूरे देश में 300 सीटों पर लड़िए, बाकी 243 सीटें क्षेत्रीय दलों को दे दीजिए लेकिन उन्होंने नहीं सुनी।

  • चम्पाई सोरेन ने झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ

    चम्पाई सोरेन ने झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ

    आलमगीर आलम और सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद की ली शपथ

    रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक दल के नेता चम्पाई सोरेन ने शुक्रवार दोपहर 12:21 बजे राज्य के 12वें मुख्यमंत्री के तौर पर पद की शपथ ली। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में राजभवन के दरबार हॉल में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री के साथ कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और राजद के विधायक सत्यानंद भोक्ता ने भी मंत्री पद की शपथ ली। अब नव मनोनीत मुख्यमंत्री को दस दिनों के अंदर बहुमत साबित करना होगा।

    राजभवन के दरबार हॉल में बैठे सभी लोगों ने पहले राष्ट्रगान गाया। इसके बाद राज्यपाल की अनुमति से शपथ समारोह शुरू हुआ। इसके पूर्व चम्पाई आज सुबह शिबू सोरेन से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह शपथ लेने से पहले गुरुजी और माताजी का आशीर्वाद लेने गए थे। उन्होंने शिबू सोरेन और रूपी सोरेन दोनों को अपना आदर्श बताया। साथ ही कहा कि वे शिबू सोरेन के साथ झारखंड आंदोलन में शामिल हुए थे। वे उनके गुरु हैं। इसलिए आशीर्वाद लेने गए थे।

    राज्यपाल ने 10 दिनों के अंदर बहुमत साबित करने को कहा है। इसके लिए पांच और छह फरवरी को विशेष सत्र बुलाया गया है। फ्लोर टेस्ट के बाद राज्य में दो उप मुख्यमंत्री भी शपथ ले सकते हैं। इनमें कांग्रेस से आलमगीर आलम और झामुमो से बसंत सोरेन के नाम की चर्चा है।

    दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जमीन घोटाले मामले में बुधवार को ईडी की पूछताछ के बाद राजभवन जाकर राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिर महागठबंधन के विधायकों ने चम्पाई सोरेन को अपना नेता चुन लिया। गुरुवार रात 11:00 महागठबंधन और झामुमो के नेता चम्पाई सोरेन, कांग्रेस के आलमगीर आलम, राजद के सत्यानंद भोक्ता, वाम दल के विनोद सिंह और प्रदीप यादव राजभवन पहुंचे और राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया। साथ ही 43 विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपा। देर रात राजभवन ने महागठबंधन के नेता चम्पाई सोरेन को राज्य का कार्यवाहक मुख्यमंत्री मनोनीत किया और शपथ ग्रहण करने का आमंत्रण दिया।

  • प्रत्येक जिले में सम्मेलन कर एनजीओ प्रमुखों से सम्पर्क साधेगी भाजपा

    प्रत्येक जिले में सम्मेलन कर एनजीओ प्रमुखों से सम्पर्क साधेगी भाजपा

    लखनऊ,। भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी का जनधार बढ़ाने व मोदी सरकार की योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए एनजीओ की मद्द लेगी। इसके लिए 12 से 21 फरवरी तक प्रदेश के सभी मण्डलों में सक्रिय स्वयं सहायता समूह व एनजीओ से जुड़ी बहनों से व्यक्तिगत सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद भाजपा 25 व 26 फरवरी को प्रत्येक जिले में एनजीओ के प्रमुखों का सम्मेलन आयोजित करेगी।

    भाजपा द्वारा शक्ति वंदन अभियान के अंर्तगत स्वयं सहायता समूह एवं एनजीओ सम्पर्क अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला शुक्रवार को इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में सम्पन्न हुई। भाजपा की पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री विजया रहाटकर ने कार्यशाला में उपस्थित प्रतिनिधियोें के समक्ष विस्तार पूर्वक पूरे अभियान की चर्चा की।

    विजया रहाटकर ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि महिला कल्याण और उनके सशक्तिकरण के लक्ष्यों को पूरा करने में महिला स्वयं सहायता समूहों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हैं उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सांसद से लेकर पार्षद को सक्रिय रहकर सफल बनाना है। शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों एवं एनजीओ सम्पर्क अभियान सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए महिलाओं को पार्टी से जोड़ने वाला महाअभियान है।

    पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप आत्मनिर्भर बनाने का पवित्र काम हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पास होना महिला सशक्तिकरण का एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से हमें पार्टी संगठन की योेजनानुसार बड़ी संख्या में महिलाओं को पार्टी संगठन से जोड़ते हुए उन्हें सक्रिय करने का काम करना है।

    प्रत्येक जिले में एनजीओ के प्रमुखों का होगा सम्मेलन

    पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि 10 फरवरी को जिला स्तर पर शक्ति संवाद कार्यक्रम आयोजित कर जिले में काम करने वाली स्वयं सहायता समूह और एनजीओ के अध्यक्ष और सचिव सहित अन्य पदाधिकारियों से सम्पर्क संवाद कर चर्चा करना है। 11 व 12 फरवरी को विधानसभा स्तर पर शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किये जायेंगे। 12 से 21 फरवरी तक मण्डल में सक्रिय स्वयं सहायता समूह व एनजीओ से जुड़ी बहनों से व्यक्तिगत सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में 25 व 26 फरवरी को प्रत्येक जिले में एनजीओ के प्रमुखों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

    कार्यशाला का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य ने किया। कार्यशाला में क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय अभियान की टोली व जिला अभियान की टोली के सदस्य सम्मिलित हुए।

  • केंद्र में सरकार बनने पर पूरे देश में कराएंगे जातिगत सर्वेक्षण : राहुल गांधी

    केंद्र में सरकार बनने पर पूरे देश में कराएंगे जातिगत सर्वेक्षण : राहुल गांधी

    कोलकाता। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत दूसरी बार पश्चिम बंगाल में रैली कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बड़ी घोषणा की है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को जोर देकर कहा कि अगर आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी केंद्र की सत्ता में आती है तो देशभर में जातिगत जनगणना कराई जाएगी।

    पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के हिस्से के रूप में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर नफरत और हिंसा फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हम सामाजिक न्याय चाहते हैं। केंद्र की सत्ता में आने के बाद हम दलितों और अन्य पिछड़े समुदायों के लोगों की संख्या का पता लगाने के लिए देशभर में जातिगत जनगणना कराएंगे।

    भाजपा पर नफरत व हिंसा फैलाने का आरोप लगाते हुए राहुल ने यात्रा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यात्रा में न्याय शब्द जोड़ा गया क्योंकि देशभर में अन्याय हो रहा है।

  • राहुल गांधी का भारत जोड़ो यात्रा कटिहार से होते हुए पश्चिम बंगाल रवाना

    राहुल गांधी का भारत जोड़ो यात्रा कटिहार से होते हुए पश्चिम बंगाल रवाना

    कटिहार। कांग्रेस नेता राहुल गांधी। की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बुधवार सुबह कटिहार शहरी क्षेत्र से होते हुए पश्चिम बंगाल के मालदा के लिए रवाना हो गई। न्

    याय यात्रा को लेकर जिले के खेरिया, कोलासी, मिर्चाईबारी, शहीद चौक, डीएस कॉलेज रोड, प्राणपुर के लाभा (कटिहार और पश्चिम बंगाल सीमा) तक सुरक्षा कर्मी चप्पे चप्पे पर मौजूद थी। राहुल गांधी का न्याय यात्रा कटिहार के जिस रूट से गुजरा उनकी सुरक्षा के मद्देनजर अन्य लोगों के आवागमन को डायवर्ट कर दिया गया था।

    यात्रा के क्रम में कटिहार के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कर्मी शाहिद चौक पर समाचार संकलन को लेकर खड़े थे, परंतु राहुल गांधी मीडिया कर्मियों से बात किए बिना बंगाल के लिए रवाना हो गए। भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर कटिहार के कोढ़ा से पूर्व विधायक पूनम पासवान ने बताया कि राहुल गांधी देश और देश की जनता को आर्थिक सामाजिक और राजनीतिक न्याय दिलाने की संकल्प लेकर यह यात्रा कर रहे हैं, उनकी यह यात्रा तब तक जारी रहेगी, जब तक देश को न्याय नहीं मिल जाता।

    उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी सहित उनका काफिला 30 जनवरी को पूर्णियां में रैली के बाद शाम को कटिहार जिले खेरिया गांव में सड़क किनारे पंडाल में भारी सुरक्षा के बीच रात्रि विश्राम किया था।