शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर पांच लाख रुपये की ठगी

0
2

मुरादाबाद। मुरादाबाद महानगर के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित असगर अली ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

थाना सिविल लाइंस के हरथला निवासी असगर अली के अनुसार उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने अपना नाम अंश कुमार बताया और शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच दिया। आरोपित ने उसे एक ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराकर अलग-अलग खातों में रुपये ट्रांसफर कराए। पीड़ित ने 8 अक्टूबर 2025 से 22 दिसम्बर 2025 के बीच किस्तों में करीब पांच लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। शुरुआत में एप पर 10 हजार रुपये निकालने पर रकम मिल गई, जिससे उसे भरोसा हो गया। बाद में उसके खाते में छह लाख से अधिक की रकम दिखाई गई, लेकिन जब उसने पैसा निकालना चाहा तो निकासी रोक दी गई।

आरोप है कि आरोपितों ने उल्टा उससे और पैसे जमा करने को कहा। विरोध करने पर जान से मारने और मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़ित का कहना है कि अंश कुमार, येतेंद्र कुमार देवगन और उनकी सहयोगी कनिका सिंह बघेल ने मिलकर फर्जी कम्पनी बनाकर ठगी की है।

थाना सिविल लाइंस प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि मामले में मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here