छेड़छाड़ के विरोध में लकवाग्रस्त वृद्ध की हत्या, तीन गिरफ्तार

0
8

 

कानपुर। ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित खलासी लाइन में बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करना 60 वर्षीय लकवाग्रस्त वृद्ध को भारी पड़ गया, जहां मोहल्ले के युवक और उसके परिजनों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में नामजद आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

परिजनों के बताया कि साहिल लंबे समय से मृतक की नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ करता था। इसको लेकर कई बार पुलिस से शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।

रविवार को जब वृद्ध की पत्नी और बेटी शिकायत करने थाने गई थीं, उसी दौरान आरोपी साहिल अपने भाई करन, मां राधा और बहन कोमल के साथ घर में घुस आया और वृद्ध पर हमला कर दिया। आरोप है कि पहले मारपीट की गई, इसके बाद सिर और चेहरे पर कढ़ाई से वार किए गए।

गंभीर हालत में परिजन वृद्ध को हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में पुलिस ने मामले में मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन मौत के बाद इसे हत्या में परिवर्तित कर दिया गया।

Advertisement

पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर साहिल, उसकी मां राधा, बहन कोमल और भाई करन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सोमवार को मुख्य आरोपित साहिल, राधा और कोमल को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि बीते तीन वर्षों में साहिल के खिलाफ छह बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का कहना है कि आरोपी लगातार उनकी नाबालिग बेटी को धमकी देता था, जिससे परिवार दहशत में था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here