विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

0
3

बांदा। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा थाना पैलानी क्षेत्र के निवाईच गांव में गुरुवार दोपहर एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार निवाईच गांव निवासी 22 वर्षीय रजनी पत्नी नीरज प्रजापति ने गुरुवार दोपहर करीब 3.30 बजे सूने घर में खिड़की के पास लगे हुक में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। बताया जाता है कि उस समय घर में कोई नहीं था। जब खेत से वापस लौटी सास चुनूबादी ने घर में बहू को फंदे से लटका देखा तो परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर देवर धीरू ने पैलानी पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। बताया गया कि घटना के समय घर का दरवाजा खुला हुआ था।

पुलिस के अनुसार फंदे के दौरान विवाहिता घुटनों के बल बैठी अवस्था में मिली। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।

मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि रजनी की हत्या कर उसे फांसी पर लटका दिया गया है। मृतका के भाई प्रदीप कुमार निवासी मढिया नाका, बांदा तथा रिश्तेदार हरिशंकर निवासी गुगौली (थाना चिल्ला) ने बताया कि रजनी की शादी करीब एक वर्ष पहले ही नीरज प्रजापति से हुई थी। उनका आरोप है कि पति नीरज, सास चुनूबादी और ससुर मुन्नीलाल ने मिलकर रजनी की हत्या कर दी।

परिजनों का यह भी कहना है कि रजनी के पीठ, घुटने और गले पर चोट के निशान हैं तथा उसके गले में केवल मंगलसूत्र की माला थी, जबकि मंगलसूत्र की थपिया नहीं थी।

Advertisement

घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार जसपुरा वेद प्रकाश भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी पैलानी राजेश वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here