दो बाइकों की सीधी टक्कर में तीन युवकों की मौत, दो घायल

0
4

कानपुर। बिल्हौर थाना क्षेत्र के उत्तरीपुरा कस्बे में देर रात तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवती समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

घटना उत्तरीपुरा कस्बे की जा है, जहां देर रात दो बाइकें तेज रफ्तार में आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार युवक दूर जा गिरे। हादसे में ग्राम खजुरिया नेवादा निवासी रघुवर (21), ग्राम पूरा निवासी जतिन उर्फ बिहारी (20) और ओम (23) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राहुल और कविता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक चालक तेज गति में थे और किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। सड़क पर अंधेरा होने के कारण वे एक-दूसरे को देख नहीं सके, जिससे यह हादसा हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

हादसे में जान गंवाने वाले ओम के परिवार की हालत सबसे ज्यादा दयनीय है। पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है और वह अपनी मां व दो बहनों का सहारा था। मेडिकल स्टोर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वहीं जतिन फास्ट फूड का ठेला लगाकर घर चलाता था। एक साल पहले उसके भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी, ऐसे में दूसरी त्रासदी ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।

रघुवर अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी कर परिवार का हाथ बंटाता था। तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।

Advertisement

उत्तरीपुरा चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घायलों का उपचार कराया जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here