फिरोजाबाद। थाना नारखी पुलिस टीम ने मंगलवार रात मोटरसाइकिल लूट करने वाले अभियुक्त को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि थानाध्यक्ष नारखी राकेश कुमार गिरी मंगलवार रात पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि मोटरसाइकिल लूट करने वाला संदिग्ध बैंदी की पुलिया की तरफ बाइक से आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो संदिग्ध ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जबाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सौरभ सिंह पुत्र उदल सिंह निवासी नागऊ थाना टूण्डला बताया। पुलिस ने इसके कब्जे से लूटी हुई मोटरसाइकिल, तमंचा, कारतूस बरामद किया है।
एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।




