सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में लम्भुआ थाना क्षेत्र के वंदना ढाबा के पास हुए एक सड़क हादसे जांच के दौरान पुलिस को एक क्षतिग्रस्त कार से 6.5 किलो अवैध गांजा मिला हैं। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को लखनऊ के दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि शनिवार सुलतानपुर-वाराणसी हाईवे पर एक कार (यूपी 32 ईजेड 9200) अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए विपरीत दिशा से आ रही एक इनोवा (यूपी 65 डीएस 7004) से जा टकराई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही लम्भुआ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सीएचसी लम्भुआ भिजवाया। जब पुलिस टीम क्षतिग्रस्त वाहन के पास पहुंची, तो गाड़ी के अंदर से गांजे की तेज गंध आ रही थी। सघन तलाशी लेने पर गाड़ी के अंदर रखे पीले और हरे रंग के बंडलों से कुल 6 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों से जब पुलिस ने पूछताछ की तो वे टालमटोल करने लगे। कड़ाई से पूछताछ और त्रिनेत्र व ‘ यक्ष एप’ के जरिए आपराधिक इतिहास खंगालने पर सच्चाई सामने आई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान लखनऊ के राजाजीपुरम निवासी हर्ष यादव उर्फ ईशू और न्यू पारा कॉलोनी के रहने वाले अभिषेक अग्निहोत्री के रूप में हुई है।
पूछताछ में मुख्य आरोपित हर्ष यादव ने पुलिस को बताया कि कि वे इस गाड़ी का इस्तेमाल लंबे समय से गांजा तस्करी के लिए कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपित हर्ष के खिलाफ पहले भी लखनऊ के तालकटोरा थाना में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त वाहन को ज़ब्त करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।——-








