उरई। उत्तर प्रदेश के उरई में जालौन कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को बंगरा मार्ग स्थित एक होटल के पास सड़क किनारे खेत में एक अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान बृजलाल (57) निवासी मोहल्ला तोपखाना, नगर जालौन के रूप में हुई है।
बंगरा मार्ग से गुजर रहे राहगीरों की नजर आज सुबह सड़क किनारे एक खेत पर पड़ी ताे वहां शव दिखाई दिया। शव की जानकारी पर देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तत्काल जालौन कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की।
बताया जा रहा है कि मृतक के संबंध में पहले जालौन कोतवाली में गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई गई थी, जिसकी पुष्टि भी पुलिस द्वारा की जा रही है।
जालाैन कोतवाल अजीत सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल कर रही है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



