
- Hindi News
- International
- PM Modi LIVE | Narendra Modi Israel Visit Photos Update; Benjamin Netanyahu Drone Missiles Deal
तेल अवीव3 दिन पहले
- कॉपी लिंक
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को इजराइली संसद नेसेट को संबोधित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दो दिन के इजराइल दौरे पर पहुंचे। इस दौरान इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने एयरपोर्ट पर मोदी को रिसीव किया।
इसके बाद पीएम मोदी ने इजराइली संसद नेसेट को संबोधित किया। इस दौरान उन्हें संसद का सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ दिया गया। नेसेट को संबोधित करते हुए मोदी ने इजराइल पर हमास के हमले की निंदा की। उन्होंने कहा,
हम आपके दर्द को समझते हैं, भारत लंबे वक्त से आतंकवाद से पीड़ित है। भारत इजराइल के साथ खड़ा है।
वहीं नेतन्याहू ने कहा, ‘मोदी मेरे भाई जैसे हैं, मेरे दिल में उनके लिए खास जगह है।’ उन्होंने मोदी को एशिया का शेर और दुनिया का सम्मानित नेता बताया।
मोदी नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री है। संसद पहुंचने पर सांसदों ने मोदी का खड़े होकर स्वागत किया और मोदी मोदी के नारे भी लगाए।
PM मोदी के स्पीकर अमीर ओहाना ने इजराइली संसद का सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ दिया।
मोदी के संबोधन की 8 बड़ी बातें…
- इजराइली संसद में बोलना सम्मान- इजराइली संसद के सामने खड़े होकर खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं एक प्राचीन सभ्यता भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दूसरी प्राचीन सभ्यता को संबोधित कर रहा हूं।
- 140 करोड़ भारतीयों का संदेश लेकर आया हूं- 140 करोड़ भारतीयों की ओर से आपके लिए शुभकामनाएं, मित्रता, सम्मान और मजबूत साझेदारी का संदेश लेकर आया हूं।
- भारत में यहूदी हमेशा सुरक्षित रहे- गर्व से कह सकता हूं कि भारत में यहूदी समुदाय बिना किसी डर, भेदभाव या उत्पीड़न के साथ रहा है। उन्होंने अपनी आस्था को सुरक्षित रखा और समाज में पूरी भागीदारी की।
- भारत-इजराइल में 2 हजार साल पुराने रिश्ते- भारत और इजराइल का रिश्ता 2 हजार साल से भी पुराना है। बुक ऑफ एस्तेर में भारत का जिक्र मिलता है और तलमुद में हमारे व्यापारिक संबंधों का उल्लेख है।
- फर्स्ट वर्ल्ड वॉर में भारतीय सैनिकों ने बलिदान दिया- फर्स्ट वर्ल्ड वॉर के दौरान इस क्षेत्र में 4 हजार से ज्यादा भारतीय सैनिकों ने बलिदान दिया था। हमारा रिश्ता खून और त्याग से भी जुड़ा है।
- आतंकवाद कभी सही नहीं- किसी भी कारण से आम नागरिकों की हत्या को सही नहीं ठहराया जा सकता। आतंकवाद कभी भी जायज नहीं है। भारत ने भी आतंकवाद का दर्द झेला है, इसलिए हमारी नीति स्पष्ट और सख्त है।
- गाजा पहल का समर्थन- UNSC समर्थित गाजा शांति पहल का समर्थन करता हूं। मुझे विश्वास है कि यह पहल क्षेत्र में न्यायपूर्ण और स्थायी शांति ला सकती है। भारत बातचीत, शांति और स्थिरता के लिए आपके साथ खड़ा है।
नेतन्याहू के संबोधन की 5 बड़ी बातें…
- भारत में यहूदियों पर कभी अत्याचार नहीं हुआ- भारत एक ऐसी सभ्यता है, जहां यहूदियों को कभी सताया नहीं गया। भारत का धन्यवाद, वहां यहूदी समुदाय का हमेशा स्वागत और सम्मान किया गया।
- भारत-इजरायल रिश्ते बेहद खास और मजबूत- दोनों देशों के संबंध सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि दिल से जुड़े हुए हैं। भारत और इजराइल का गठबंधन दोनों देशों की ताकत को कई गुना बढ़ा देता है।
- ‘मोदी हग’ सच्ची दोस्ती का प्रतीक- ‘मोदी हग’ दुनिया भर में मशहूर है और यह औपचारिकता नहीं, बल्कि सच्चे रिश्ते की निशानी है।
- साझेदारी से कई गुना बढ़ी ताकत- दोनों देशों ने मिलकर व्यापार दोगुना, सहयोग तीन गुना और आपसी समझ चार गुना बढ़ाई है। यह गठबंधन दोनों देशों की ताकत को कई गुना बढ़ाने वाला है।
- मोदी को दोस्त से बढ़कर भाई बताया- मोदी मेरे ग्रेट फ्रेंड और विश्व मंच के बड़े नेता हैं। मैं मोदी को सिर्फ दोस्त ही नहीं, बल्कि भाई जैसा मानता हूं। पीएम मोदी एशिया के शेर हैं।
एयरपोर्ट पर नेतन्याहू-मोदी ने प्राइवेट बातचीत की
इससे पहले एयरपोर्ट पर ही PM मोदी और नेतन्याहू ने राजधानी तेल अवीव में प्राइवेट बातचीत भी की। इसके बाद वे होटल पहुंचे जहां, प्रवासी भारतीयों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कलाकारों ने परफॉर्मेंस भी दी। मोदी का यह 9 साल बाद दूसरा इजराइल दौरा है। इससे पहले वे जुलाई 2017 में तेल अवीव गए थे।
मोदी के इजराइल दौरे से जुड़े 8 फुटेज…
नेतन्याहू ने हाथ जोड़कर पीएम मोदी को नमस्ते किया। साथ ही दोनों नेताओं ने एक दूसरे को गले भी लगाया।
इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू (दाएं) ने एयरपोर्ट पर PM मोदी का स्वागत किया।
नेतन्याहू से प्राइवेट बातचीत के लिए रवाना हुए मोदी।
बेन गुरियन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ही नेत्नयाहू और मोदी ने प्राइवेट बातचीत की।
प्राइवेट बातचीत के बाद मोदी ने नेत्नयाहू और उनकी पत्नी सारा के साथ भी फोटो खिंचवाई।
मोदी के स्वागत में मणिपुर की दृष्टिबाधित गायिका दीना सेमटे ने परफॉर्मेंस दी।
मोदी के होटल पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने पारंपरिक नृत्य किया।
मोदी के स्वागत में इजराइल में तिरंगे लगाए गए हैं।
भारत-इजराइल में हथियारों की डील पर बातचीत संभव
मोदी के इस दौरे पर भारत और इजराइल के हथियारों से जुड़ी डील पर बातचीत की संभावना है। इनमें ड्रोन और एंटी बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम शामिल हैं।
इजराइली अखबार, द यरूशलम पोस्ट ने PM मोदी के दौरे पर उनके स्वागत के लिए एक खास फ्रंट पेज छापा। फ्रंट पेज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ हिंदी में लिखा ‘नमस्ते’ नजर आ रहा है। वहीं उसके बगल में हिब्रू भाषा में भी ‘शालोम’ लिखा है, जिसका मतलब हेलो या नमस्ते है। इसका दूसरा अर्थ शांति भी होता है।
मोदी के स्वागत में यह फ्रंट पेज छापा गया। इसमें लिखा है- वेलकम मोदी। दो ऐतिहासिक देश एक नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं।
मोदी के इजराइल दौरे से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
04:20 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था
इजराइली संसद को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ सालों से भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था रहा है। जल्द ही हम दुनिया की टॉप 3 इकोनॉमी में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में भारत ने कई देशों के साथ महत्वपूर्ण व्यापार समझौते किए हैं। हमारी टीमें एक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर बातचीत के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।
मोदी ने कहा कि भारत और इजराइल के बीच संबंधों का दायरा और स्तर दोनों बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सहयोग पहले से ज्यादा व्यापक और मजबूत हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इजराइल कई क्षेत्रों में इस रिश्ते को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
04:17 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- यहूदी भारत में बिना डर के रहते हैं
PM मोदी ने कहा कि यहूदी समुदाय भारत में बिना किसी डर, उत्पीड़न या भेदभाव के साथ रहते आए हैं। उन्होंने अपनी आस्था को सुरक्षित रखा है और समाज में पूरी भागीदारी की है।
उन्होंने कहा कि इजराइल की जमीन से भारत का संबंध खून और बलिदान से भी जुड़ा है। फर्स्ट वर्ल्ड वॉर के दौरान इस रीजन में 4 हजार से ज्यादा भारतीय सैनिकों ने बलिदान दिया था।
मोदी ने कहा, “भारत में इजराइल के दृढ़ संकल्प, साहस और उपलब्धियों के प्रति गहरा सम्मान है। आधुनिक राष्ट्र बनने से बहुत पहले भी हमारे संबंध 2 हजार साल से ज्यादा पुराने हैं। बुक ऑफ एस्तेर में भारत को होदू कहा गया है और तलमुद में प्राचीन समय में भारत के साथ व्यापार का उल्लेख मिलता है।”
उन्होंने कहा कि यहूदी व्यापारी समुद्री रास्तों से भूमध्य सागर को हिंद महासागर से जोड़ते हुए भारत आए। वे अवसर और सम्मान की तलाश में आए थे और भारत में आकर हमारे अपने बन गए।
04:08 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी ने गाजा शांति पहल का समर्थन किया
इजराइली संसद में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि UNSC के समर्थन वाली गाजा शांति पहल आगे बढ़ने का एक रास्ता दिखाती है। भारत ने इस पहल का मजबूत समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि हमें भरोसा है कि यह पहल क्षेत्र के सभी लोगों के लिए न्याय और लंबे समय तक रहने वाली शांति ला सकती है, जिसमें फिलिस्तीन का मुद्दा भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि हमारे सभी कदम समझदारी, हिम्मत और इंसानियत के आधार पर होने चाहिए। शांति का रास्ता आसान नहीं होता, लेकिन भारत इस क्षेत्र में बातचीत, शांति और स्थिरता के लिए आपके साथ और दुनिया के साथ खड़ा है।
04:03 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- नागरिकों की हत्या को सही नहीं ठहराया सकते
मोदी ने कहा कि किसी भी कारण से आम लोगों की हत्या को सही नहीं ठहराया जा सकता और आतंकवाद को कभी भी जायज नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने कहा कि भारत ने भी लंबे समय तक आतंकवाद का दर्द झेला है। हमें 26 नवंबर के मुंबई हमले याद हैं, जिनमें इजराइली नागरिकों सहित कई बेगुनाह लोगों की जान गई थी। आपकी तरह भारत की भी आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति है और इसमें कोई दोहरा मापदंड नहीं है।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद समाज को अस्थिर करता है, विकास को रोकता है और लोगों के बीच भरोसा कम करता है। इससे लड़ने के लिए दुनिया को मिलकर लगातार कदम उठाने होंगे, क्योंकि कहीं भी आतंक होगा तो वह हर जगह की शांति के लिए खतरा बनता है। इसलिए भारत उन सभी कोशिशों का समर्थन करता है जो लंबे समय की शांति और क्षेत्र में स्थिरता लाने में मदद करें।
03:57 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- जिस दिन मेरा जन्म हुआ, उसी दिन भारत ने इजराइल को मान्यता दी
03:53 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- इजराइली संसद में खड़े होना सम्मान की बात
इजराइली संसद को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि इस सदन के समक्ष उपस्थित होना मेरे लिए सौभाग्य और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा
मैं भारत के प्रधानमंत्री के रूप में और एक प्राचीन सभ्यता के प्रतिनिधि के रूप में दूसरी प्राचीन सभ्यता को संबोधित कर रहा हूं। मैं 140 करोड़ भारतीयों की ओर से शुभकामनाएं और मित्रता, सम्मान और साझेदारी का संदेश लेकर आया हूं।
03:41 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू बोले- भारत में कभी यहूदियों पर अत्याचार नहीं हुआ
नेतन्याहू ने भारत की तारीफ करते हुए कहा कि भारत एक ऐसी सभ्यता है, जहां यहूदियों पर कभी अत्याचार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इतिहास में कई देशों में यहूदियों को परेशान किया गया, लेकिन भारत ने हमेशा उन्हें अपनाया और सम्मान दिया।
नेतन्याहू ने कहा- भारत एक ऐसी सभ्यता है जहां यहूदियों का स्वागत किया गया। हम इसे कभी नहीं भूलते। धन्यवाद, भारत।
03:38 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
विपक्षी सांसदों ने नेतन्याहू के भाषण का बायकॉट किया
संसद अध्यक्ष अमीर ओहाना ने पीएम मोदी के भाषण के लिए रखे गए विशेष सत्र में सुप्रीम कोर्ट के अध्यक्ष इसहाक एमिट को आमंत्रित नहीं किया। इस फैसले के विरोध में विपक्षी सांसद सत्र की शुरुआत में ही सदन से बाहर चले गए
जब विपक्षी सांसद बाहर गए तो उनकी खाली सीटों पर सत्तापक्ष के पूर्व सांसद आकर बैठ गए। कई विपक्षी दलों ने बयान जारी कर कहा कि वे प्रधानमंत्री नेतन्याहू के भाषण में शामिल नहीं होंगे और केवल तब सदन में लौटेंगे जब नरेंद्र मोदी बोलना शुरू करेंगे।
03:37 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू बोले- भारत और इजराइल के रिश्ते बेहद खास
नेतन्याहू ने भारत और इजराइल के रिश्तों को बेहद खास और मजबूत” बताया है। उन्होंने कहा कि मेरे और पीएम मोदी के बीच व्यक्तिगत दोस्ती भी बहुत गहरी है।
नेतन्याहू ने बताया कि जब प्रधानमंत्री मोदी इजराइल पहुंचे, तो वे और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने गए थे। उस समय दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। नेतन्याहू ने कहा कि ‘मोदी हग’ दुनिया भर में मशहूर है और यह सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि सच्ची दोस्ती का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि वे यही गर्मजोशी इजराइल की संसद नेसेट के सभी सदस्यों तक पहुंचाना चाहते हैं। यह सिर्फ दो नेताओं की दोस्ती नहीं, बल्कि भारत और इजराइल की जनता के बीच मजबूत रिश्तों को दर्शाता है।
नेतन्याहू ने भारत को लगभग डेढ़ अरब लोगों वाला एक बहुत बड़ा और शक्तिशाली देश बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि इजराइल भले ही आकार में छोटा हो, लेकिन उसकी ताकत और क्षमताएं भी बहुत बड़ी हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत और इजराइल का गठबंधन दोनों देशों की ताकत को कई गुना बढ़ा देता है। यह साझेदारी सिर्फ भावनात्मक ही नहीं, बल्कि काम और क्षमताओं के स्तर पर भी बेहद मजबूत है।
03:32 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू बोले- मेरे प्यारे दोस्त, आपके आने से भावुक हूं
इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि वह उनकी इस यात्रा से बहुत ज्यादा भावुक हैं। उन्होंने कहा- नरेंद्र, मेरे प्यारे दोस्त, आज आपके यहां आने से मैं बहुत ज्यादा भावुक हूं। आप इजराइल के सच्चे दोस्त हैं, भारत और इजराइल के रिश्तों के मजबूत समर्थक हैं और दुनिया के मंच पर एक बड़े नेता हैं। यरुशलम में आपका स्वागत है।
नेतन्याहू ने आगे कहा कि वह मोदी को सिर्फ दोस्त ही नहीं बल्कि भाई जैसा मानते हैं। उन्होंने पिछली मुलाकात को याद करते हुए कहा कि जब मोदी पहले यहां आए थे, तब दोनों भूमध्य सागर के किनारे गए थे।
उन्होंने कहा था कि क्यों न हम जूते उतारकर पानी में चलें। नेतन्याहू ने कहा कि हम पानी पर तो नहीं चले, लेकिन उसके बाद हमने चमत्कार जरूर किए। हमने अपना व्यापार दोगुना किया, सहयोग तीन गुना बढ़ाया और आपसी समझ चार गुना कर दी।
03:21 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू ने मोदी को ग्रेट फ्रेंड और नेता बताया
इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने संसद में अपने भाषण के दौरान मोदी को ग्रेट फ्रेंड और नेता बताया। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी इजराइल के महान दोस्त हैं, उनका इजराइल आना गर्व की बात है। पीएम मोदी का दिल की गहराई से शुक्रिया।”
03:17 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
स्पीकर ने हिंदी में कहा- यरुशलम में आपका स्वागत है
इजराइली संसद ने स्पीकर अमीर ओहाना ने हिंदी में PM मोदी का नेसेट में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यरुशलम में आपका स्वागत है।
उन्होंने कहा,
आज संसद के अध्यक्ष के रूप में मुझे यह सौभाग्य प्राप्त है कि मैं भारत के पहले प्रधानमंत्री के रूप में संसद को संबोधित करते हुए उनका स्वागत कर रहा हूँ और एक बार फिर इतिहास रच रहा हूँ।
03:07 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
इजराइली संसद में मोदी मोदी के नारे
पीएम मोदी इजराइली संसद नेसेट में संबोधन के लिए पहुंच गए हैं। इस दौरान सांसदों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। साथ ही मोदी-मोदी के नारे लगाए।
02:51 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
पीएम ने संसद की विजिटर बुक में अपने विचार लिखे
प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइली संसद नेसेट की विजिटर बुक में विचार लिखे।
02:40 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी इजराइली संसद पहुंचे, थोड़ी देर में संबोधित करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजराइल की संसद नेसेट पहुंचे हैं। वे अब से थोड़ी देर में संसद के विशेष सत्र को संबोधित करेंगे। ऐसा करने वाले मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
02:17 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
राहुल बोले- मोदी अबकी बार किसके कहने पर इजराइल गए
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी की इजराइल यात्रा को लेकर उन पर निशाना साधा है। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री को US ट्रेड डील रद्द करने की चुनौती दिए 24 घंटे से ज्यादा हो गए, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया और इजराइल रवाना हो गए।
राहुल गांधी ने कहा,
एक बार तो आप एपस्टीन के कहने पर इजराइल में ‘डांस एंड सिंग’ कर ही चुके है। अबकी बार वहां किसके कहने पर देश के हितों के खिलाफ सौदा कर के आएंगे?
01:53 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी होटल पहुंचे, प्रवासी भारतीयों से मिले
01:31 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
भारत-इजराइल के बीच ड्रोन डील संभव
PM मोदी कल इजराइली प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान भारत और इजराइल के बीच ड्रोन की खरीद और जॉइंट मैन्युफैक्चरिंग समेत कई बड़े रक्षा समझौतों पर सहमति बन सकती है।
फोर्ब्स इंडिया के मुताबिक 2026 में दोनों देशों के बीच 8.6 अरब डॉलर का रक्षा समझौता संभव है। इसमें प्रिसीजन गाइडेड बम और मिसाइल सिस्टम के साथ एडवांस ड्रोन भी शामिल हो सकते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार भारत हैरोन MK-2 MALE ड्रोन खरीदने की योजना बना रहा है। यह ड्रोन 45 घंटे तक लगातार उड़ान भर सकता है, 470 किलोग्राम भार उठा सकता है और 35 हजार फीट की ऊंचाई तक जा सकता है।
इसके अलावा आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, इंडिया-मिडल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC), व्यापार और निवेश, एडवांस टेक्नोलॉजी व इनोवेशन में जैसे मुद्दों पर भी बातचीत संभव हैं। हालांकि संभावित समझौतों को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
01:16 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
प्रवासी भारतीय महिला बोलीं- मोदी से मिलने को उत्साहित
पीएम मोदी की इजराइल यात्रा के दौरान प्रवासी भारतीय यानी इंडो-इजराइली समुदाय में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। तेल अवीव में समुदाय की सदस्य ईवा ने कहा कि वे प्रधानमंत्री से मिलने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा, “हम आज भी भारत में निभाई जाने वाली परंपराओं का पालन करते हैं। हम भारत से बहुत प्यार करते हैं।”
ईवा ने आगे कहा, “मैं पीएम मोदी से कहूंगी कि वे शानदार काम कर रहे हैं। हम उनसे बहुत प्यार करते हैं।”
01:06 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मणिपुर की दृष्टिबाधित गायिका मोदी के सामने परफॉर्मेंस देंगी
तेल अवीव में मणिपुर की दृष्टिबाधित गायिका दीना सेमटे प्रधानमंत्री के सामने परफॉर्मेंस देंगी। उन्होंने इसे अपने जीवन का बेहद खास पल बताया।
दीना ने कहा कि वह छह साल की उम्र में दृष्टिहीन हो गई थीं और करीब 12 साल की उम्र में इजराइल आईं। उन्होंने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि मैं पीएम मोदी के सामने प्रस्तुति दे रही हूं। संगीत सबको जोड़ता है। यह मेरे लिए बहुत विशेष है।”
12:51 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
इजराइल की विशेष दूत बोलीं- अहम समय पर अहम दौरा
इजराइल की विशेष दूत फ्लेर हसन-नाहूम ने पीएम मोदी के दौरे को “अहम समय पर अहम दौरा” बताया है। तेल अवीव में उन्होंने कहा कि हालिया युद्ध के बाद भारत इजराइल का एक प्रमुख रणनीतिक साझेदार बन सकता है।
उन्होंने भारत-इजराइल के बीच प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर खुशी जताई और कहा कि इससे आर्थिक रिश्ते और मजबूत होंगे।
हसन-नाहूम के मुताबिक अगर भारत और इजराइल साथ आते हैं, तो वे AI के भविष्य को सकारात्मक दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश भविष्य की तकनीक को जिम्मेदार साझेदारी में आगे बढ़ा सकते हैं।
12:35 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी से नेतन्याहू बोले- आपके रुमाल और मेरी पत्नी की ड्रेस का रंग एक
एयरपोर्ट पर मोदी से मुलाकात के दौरान नेतन्याहू ने कहा कि पीएम मोदी और उनकी पत्नी का ड्रेस का रंग एक हैं।
12:13 PM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू ने हिंदी में लिखा- आपका स्वागत है
11:47 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी और नेतन्याहू के बीच प्राइवेट बातचीत हुई
11:43 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी बोले- बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं
मोदी ने X पर लिखा ‘प्रधानमंत्री नेतन्याहू और श्रीमती नेतन्याहू द्वारा एयरपोर्ट पर स्वागत किए जाने से मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं।
11:28 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
नेतन्याहू ने लिखा ‘वेलकम माई डियर फ्रेंड’
11:24 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी के 2017 के इजराइली दौरे के हाइलाइट्स
11:05 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहुंचे इजराइल
प्रधानमंत्री मोदी अपने दूसरे दौरे पर इजराइल पहुंच चुके है। जहां इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने उनका स्वागत किया।
11:01 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
कल यहूदियों के नरसंहार से जुड़े स्मारक जाएंगे मोदी
दौरे के दूसरे दिन मोदी 26 फरवरी को इजराइल के ऐतिहासिक होलोकॉस्ट स्मारक ‘यद वाशेम’ जाएंगे। यह स्मारक जर्मनी में हिटलर के नाजी शासन में मारे गए 60 लाख से अधिक यहूदियों की याद में बना है। इनमें करीब 15 लाख बच्चे भी शामिल थे।
स्मारक परिसर में पीड़ितों के नामों, दस्तावेजों और ऐतिहासिक अभिलेखों का विशाल संग्रह है। यहां रखी ‘बुक ऑफ नेम्स’ में लाखों पीड़ितों का विवरण दर्ज है। प्रधानमंत्री इन अभिलेखों का अवलोकन करेंगे और होलोकॉस्ट के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
यद वाशेम के बाद प्रधानमंत्री मोदी इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात करेंगे। बैठक में राजनीतिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। दोनों नेता क्षेत्रीय स्थिरता, पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।
जर्मनी में 1941 से 1945 के बीच हिटलर के शासन को दौरान लाखों यहूदी मारे गए थे। इसे नरसंहार को होलोकॉस्ट कहा जाता है।
इजराइल के ‘यद वाशेम’ के म्यूजियम में होलोकॉस्ट में मारे गए लोगों से जुड़ी यादें मौजूद हैं। यहां उनके नाम और तस्वीरें लगाई गई हैं।
10:54 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
आयरन डोम डिफेंस सिस्टम पर भी बात हो सकती है
इजराइल भारत के साथ अपने एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम आयरन डोम की टेक्नोलॉजी शेयर कर सकता है। यह जानकारी मुंबई में IANS को दिए इंटरव्यू में इजराइल के कॉन्सुल जनरल यानिव रेवाच ने दी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच एजेंडे में आयरन डोम को लेकर बातचीत भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि इजराइल इस टेक्नोलॉजी को भारत के साथ शेयर करने के लिए है। रेवाच ने कहा कि दोनों देशों के बीच पहले से मजबूत रक्षा संबंध है। अब इसे आगे बढ़ाते हुए भारत में सैन्य उपकरणों के निर्माण पर फोकस किया जाएगा।
10:53 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
भारत-इजराइल में FTA पर बातचीत जारी
मोदी का यह दौरा ऐसे वक्त पर हो रहा है जब भारत और इजराइल के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर बातचीत का पहला दौर 23 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में शुरू हुआ है और यह 26 फरवरी 2026 तक चलेगा।
नवंबर 2025 में दोनों देशों ने टर्म्स ऑफ रेफरेंस पर साइन किए थे, जिससे यह तय हुआ कि किन मुद्दों पर बातचीत होगी और कैसे आगे बढ़ा जाएगा। वित्त वर्ष 2024-25 में दोनों देशों के बीच कुल सामान का व्यापार 3.62 अरब अमेरिकी डॉलर यानी करीब 31 हजार करोड़ रुपए रहा।
दोनों देश कई क्षेत्रों में एक-दूसरे के लिए फायदेमंद हैं। यह एफटीए दोनों के बीच व्यापार बढ़ाने में मदद करेगा और कारोबारियों, खासकर छोटे और मध्यम उद्योगों को ज्यादा भरोसा और स्थिरता देगा।
इस बातचीत के दौरान दोनों देशों के एक्सपर्ट्स अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। इनमें गुड्स एंड सर्विसेज का व्यापार, रूल्स ऑफ ओरिजन, हेल्थ और पौधों से जुड़े नियम, व्यापार में आने वाली तकनीकी रुकावटें, कस्टम प्रोसेस, व्यापार को आसान बनाने के उपाय और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स जैसे मुद्दे शामिल हैं।
10:53 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी के इजराइल दौरे की टाइमिंग पर सवाल उठे
मोदी के इजराइल दौरे की टाइमिंग को लेकर विदेश मामलों की स्थायी संसदीय समिति ने सवाल उठाए हैं। यह दौरा ऐसे वक्त हो रहा है जब पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ रहा है। अमेरिका की सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं।
सोमवार को समिति की बैठक में कुछ सांसदों ने सवाल उठाया कि जब भारत ने अपने नागरिकों को संभावित अमेरिकी हमले के खतरे के कारण ईरान छोड़ने की सलाह दी है, तो ऐसे समय में प्रधानमंत्री का इजराइल जाना कितना उचित है। इस पर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि सभी प्रधानमंत्री स्तर की यात्राएं सुरक्षा को ध्यान में रखकर तय की जाती हैं, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि तनाव बढ़ने पर दौरा रद्द होगा या नहीं।
बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष शशि थरूर ने की थी। कुछ सांसदों ने आरोप लगाया कि सरकार विदेश नीति में अमेरिका के प्रभाव को ज्यादा महत्व दे रही है और इससे भारत की रणनीतिक स्वतंत्रता प्रभावित हो सकती है।
10:52 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
मोदी इजराइल जाने वाले एकमात्र भारतीय PM
मोदी इजराइल का दौरा करने वाले अब तक एकमात्र भारतीय प्रधानमंत्री हैं। 70 साल तक किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने इजराइल की यात्रा नहीं की थी। 2017 में मोदी ने यह ऐतिहासिक कदम उठाया और दोनों देशों के रिश्तों में नई शुरुआत की।
भारत ने 1950 में इजराइल को मान्यता दी, 1992 में कूटनीतिक संबंध स्थापित किए, लेकिन प्रधानमंत्री स्तर की यात्रा नहीं हुई। इसकी एक बड़ी वजह भारत की पारंपरिक फिलिस्तीन-समर्थक नीति रही।
जुलाई 2017 में मोदी की पहली यात्रा को ‘पाथ-ब्रेकिंग’ कहा गया। उस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, कृषि, जल प्रबंधन और टेक्नोलॉजी से जुड़े सेक्टर्स में समझौते हुए।
10:52 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
कभी इजराइल बनने के खिलाफ था भारत
भारत और इजराइल के संबंधों में भले ही आज गर्मजोशी देखी जाती है, लेकिन शुरुआत में भारत इजराइल बनने के ही खिलाफ था। भारत नहीं चाहता था कि फिलिस्तीन को बांटकर इजराइल बनाया जाए।
महात्मा गांधी ने 1938 में अपने साप्ताहिक पत्र हरिजन में लिखा कि फिलिस्तीन उतना ही अरबों का है जितना इंग्लैंड अंग्रेजों का और फ्रांस फ्रांसीसियों का। उन्होंने यहूदियों के साथ हो रहे जर्मन अत्याचारों पर सहानुभूति जताई, लेकिन साथ ही कहा कि किसी पीड़ित समुदाय की समस्या का समाधान दूसरे समुदाय की जमीन पर उन्हें बसाकर नहीं किया जा सकता।
1947 में जब संयुक्त राष्ट्र ने फिलिस्तीन को दो हिस्सों यहूदी राज्य (इजराइल) और अरब राज्य (फिलिस्तीन) में बांटने का प्रस्ताव रखा, तब भारत ने इसका विरोध किया। भारत का मानना था कि यह विभाजन बाहरी दबाव में किया जा रहा है और इससे स्थायी शांति नहीं आएगी।
स्वतंत्रता के बाद भी भारत अपने रुख पर कायम रहा। 1949 में जब इजराइल की संयुक्त राष्ट्र सदस्यता पर मतदान हुआ, तो भारत ने उसके खिलाफ वोट दिया।
इस दौर की नीति ने भारत की विदेश नीति की नींव रखी। यही कारण है कि शुरुआती दशकों में भारत ने खुद को फिलिस्तीनी अधिकारों का समर्थक और पश्चिम एशिया की राजनीति में संतुलन बनाने वाले देश के रूप में स्थापित किया।
10:51 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ये खबर भी पढ़ें…
दावा- नॉर्वे के पूर्व PM ने आत्महत्या की कोशिश की:एपस्टीन फाइल में नाम आया था; भ्रष्टाचार केस में 10 साल जेल हो सकती है
नॉर्वे के पूर्व प्रधानमंत्री थोरब्योर्न जगलैंड को कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना पिछले हफ्ते हुई। पूरी खबर यहां पढ़ें…








