वाराणसी : 19 मार्च से ललिता घाट पर भी प्रारम्भ होगी गंगा आरती

0
4

—चैत्र नवरात्र और विक्रमी संवत्सर वर्ष के पहले दिन शाम 06 बजे से होगी आरती

वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गंगाद्वार ललिताघाट पर वासंतिक चैत्र नवरात्र और विक्रमी संवत्सर वर्ष 2083 के पहले दिन 19 मार्च से भव्य गंगा आरती शुरू होगी। गंगा आरती प्रतिदिन सायं 6 बजे प्रारंभ होगी। सात आचार्य माँ गंगा की आरती करेंगे। इस गंगा आरती का संचालन श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से किया जाएगा। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ विश्वभूषण मिश्र ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ललिता घाट गंगा आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की अपेक्षा है । इससे काशी के अन्य घाटों पर होने वाले आयोजनों में भीड़ का दबाव भी कम होगा। गंगा आरती में वैदिक मंत्रोच्चार, दीपों की रोशनी और पारंपरिक विधि-विधान के साथ मां गंगा की पूजा-अर्चना की जाएगी।

गौरतलब है कि काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार का निर्माण काशी विश्वनाथ कॉरिडोर परियोजना के तहत कराया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को मंदिर से सीधे गंगा घाट तक पहुंचने की सुविधा मिली है। अब इसी स्थान पर नियमित गंगा आरती शुरू होने से श्रद्धालुओं को एक और दिव्य अनुभव प्राप्त होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here