मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन करने आयी महिला की सोने की चेन गायब

0
4

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर के मां विंध्यवासिनी धाम में मंगलवार को दर्शन-पूजन के दौरान एक महिला की सोने की चेन कटने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने विंध्याचल थाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

चील्ह थाना क्षेत्र के पुरजागिर चेकसारी गांव निवासी सुनैना सिंह पत्नी रामश्रय सिंह मंगलवार की सुबह मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने मंदिर पहुंची थीं। दर्शन करने के बाद जब वह मंदिर के नंबर-1 निकास द्वार से बाहर निकलकर पंडोहा पर मां का नीर ले रही थीं, तभी भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से करीब डेढ़ भर की सोने की चेन काट ली।

कुछ देर बाद जब महिला को अपने गले से चेन गायब होने का अहसास हुआ तो वह घबरा गईं और आसपास तलाश करने लगीं, लेकिन तब तक चेन काटने वाला शातिर भीड़ में ओझल हो चुका था। इसके बाद पीड़िता ने विंध्याचल थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।

इस संबंध में थाना विंध्याचल के प्रभारी निरीक्षक अविनाश राय ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here