— परिजनों ने नामजद लोगों के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र की कंचौसी चौकी के अंतर्गत कस्बा स्थित डेरा जोगी में मंगलवार दोपहर एक अविवाहित युवती ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने कुछ लोगों पर युवती की शादी न होने देने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार डेरा जोगी निवासी दारोगानाथ पुत्र विरवानाथ ने कंचौसी चौकी पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री अंजली की शादी के लिए वह कई स्थानों पर रिश्ते देख रहे थे। होली के समय एक स्थान पर रिश्ता पक्का भी हो गया था। आरोप है कि उनकी रिश्तेदारी के गांव किशोरी पुरवा थाना अछल्दा निवासी कमलेशनाथ, मदननाथ तथा देवकी पत्नी मदननाथ कुछ माह पहले शादी का रिश्ता लेकर आए थे, लेकिन लड़की ने विवाह करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उक्त लोग अंजली को मानसिक रूप से परेशान करने लगे और प्रताड़ित करते रहे।
परिजनों का आरोप है कि शादी टूटने और लगातार मानसिक दबाव के कारण अंजली काफी परेशान रहने लगी थी। इसी तनाव में आकर उसने मंगलवार दोपहर घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही कंचौसी चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









