हिट एंड रन केस में मृतक उमेश के परिजनों को मिले एक करोड़ का मुआवजा व सरकारी नौकरी : अजय राय

0
4

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मंगलवार काे गोरखपुर दौरे पर पहुंचे। उन्होंने फॉर्च्यूनर कार से हुई हिट एंड रन घटना में अपनी जान गंवाने वाले उमेश शर्मा के परिवार से मुलाकात की। अजय राय गोरखपुर एयरपोर्ट से सीधे शाहपुर स्थित मृतक उमेश शर्मा के घर पहुंचे और वहां उनके परिजनों से मिले। इसके बाद वे हिट एंड रन केस में जान गंवाने वाले एमबीबीएस छात्र आकाश पांडे के परिजनों से मिलने के लिए संतकबीर नगर रवाना हुए।

परिवार से मुलाकात के बाद अजय राय ने कहा कि “आज मैं उमेश शर्मा के परिवार से मिला। उनकी धर्मपत्नी, बेटी और बेटे से बात की। उमेश शर्मा अपने परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभालते थे। बच्चों के अनुसार, निषाद पार्टी के नेता द्वारा चलाई गई फॉर्च्यूनर गाड़ी ने उन्हें कुचल दिया। वे हेलमेट पहने हुए थे, फिर भी उनके कंधे और पैर टूट गए, चेहरा कुचल गया और गाड़ी उन्हें ऊपर चढ़ाई गई। इससे स्पष्ट लगता है कि यह घटना जानबूझकर की गई है। यह महज हिट एंड रन नहीं, बल्कि सुनियोजित अपराध प्रतीत होता है। सबसे गंभीर बात यह है कि मुख्यमंत्री के घर के आसपास इस तरह की गुंडागर्दी हो रही है। लोगों के अनुसार, आरोपी ने कुछ लड़कियों के साथ भी गाली-गलौज की थी।”

उन्होंने आगे कहा कि “हमारी मांग है कि उमेश शर्मा के परिवार को कम से कम एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। मैंने यहां के कांग्रेस नेताओं को निर्देश दिया है कि वे बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरतों का पूरा ध्यान रखें।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here