गोरखपुर। जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की कार्यकारी निकाय की बैठक बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय के प्रेरणा श्री सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता सीएमओ डॉ राजेश झा ने की। इस अवसर पर उन्होंने डीएचएस की शासी निकाय की पिछली बैठक में दिये गये दिशा-निर्देशों के अनुपालन के बारे में चर्चा की। सीएमओ ने कहा कि सभी अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी रात में अस्पतालों पर ही निवास करें। साथ ही ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अपने क्षेत्र के अस्पतालों की ओटी की निरंतर जांच करते रहें।
बैठक में सीएमओ ने मातृ शिशु स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, आयुष्मान भारत योजना और अन्य राष्ट्रीयकृत योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासी निकाय की अगली बैठक से पहले सभी ब्लॉक अपने यहां के गैप को दूर कर लें। जिन ब्लॉकों के संकेतांक अच्छे नहीं हैं, वहां विशेष ध्यान दिये जाने की जरूरत है। डॉ झा ने कहा कि शीघ्र ही एचपीवी का निःशुल्क टीकाकरण शुरू होने जा रहे है। इसके लिए सटीक माइक्रोप्लानिंग की आवश्यकता है। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों को यह टीका अवश्य लग जाए।
चिकित्सा अधिकारी अपने स्वास्थ्य इकाई पर उपलब्ध एम्बुलेंस की भी नियमित जांच करते रहें। सम्बन्धित अधिकारी टीकाकरण सत्र की भी नियमित मॉनीटरिंग और समीक्षा करते रहें। साथ ही सभी पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाए। अस्पतालों के प्रसव कक्ष और ओटी की नियमित निगरानी की जानी चाहिए। बैठक में आरबीएसके टीम के भ्रमण की आगामी सूचना दिवालों पर अंकित किये जाने के दिशा-निर्देश के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की गयी। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डिप्टी सीएमओ और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।




