तृणमूल विधायक के खिलाफ पोस्टरबाजी से बुदबुद में राजनीतिक हलचल

0
3

 

बर्दवान। विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बर्दवान जिले के बुदबुद इलाके में तृणमूल कांग्रेस के विधायक नेपाल घोरुई के खिलाफ लगे पोस्टरों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। गलसी विधानसभा क्षेत्र से दो बार के तृणमूल विधायक नेपाल घोरुई को पोस्टरों में ‘भ्रष्ट’ और ‘तोलाबाज’ बताते हुए उन्हें हटाने की मांग की गई है।

शुक्रवार सुबह बुदबुद इलाके के चाकतेतुल पेट्रोल पंप के पास ये पोस्टर लगे हुए देखे गए। पोस्टर में लिखा है, “नेपाल घोरुई भ्रष्ट और तोलाबाज हैं। विधायक नेपाल घोरुई को हटाओ, गलसी विधानसभा को बचाओ। गलसी विधानसभा में साफ-सुथरी छवि वाले व्यक्ति को तृणमूल कांग्रेस का उम्मीदवार बनाया जाए।” पोस्टर के नीचे “तृणमूल कांग्रेस जिंदाबाद” भी लिखा गया है।

दो बार के विधायक के खिलाफ चुनाव से पहले इस तरह के पोस्टर सामने आने से इलाके में चर्चा और अटकलें तेज हो गई हैं।

नेपाल घोरुई 2016 में रायना विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे, जबकि 2021 में वे गलसी से विधायक बने। पार्टी सूत्रों के मुताबिक रायना और गलसी दोनों जगहों पर उनके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें सामने आई थीं।

Advertisement

पोस्टर को लेकर विधायक नेपाल घोरुई से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

इस मुद्दे पर भाजपा के पूर्व बर्दवान जिला सह-अध्यक्ष रमन शर्मा ने कहा कि भ्रष्ट विधायक के खिलाफ लगे पोस्टर में जो लिखा गया है वह सही है और तृणमूल के ही कार्यकर्ताओं ने नाराजगी के चलते यह पोस्टर लगाए हैं।

वहीं, गलसी-(एक) के तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष जनार्दन चट्टोपाध्याय ने आरोप लगाया कि ये पोस्टर रात के अंधेरे में लगाए गए हैं और इसके पीछे भाजपा का हाथ हो सकता है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज देखकर पोस्टर लगाने वालों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here