वाराणसी: स्वामी विवेकानंद अस्पताल भेलूपुर में भी बनेगा दिव्यांग प्रमाण पत्र

0
9

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी भेलूपुर स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय अस्पताल में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनेगा। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पत्र जारी कर दिया है। शनिवार को यह जानकारी राज्य सलाहकार बोर्ड दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सदस्य डॉ उत्तम ओझा ने दी।

उन्होंने बताया कि जिला दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की संपन्न हुई बैठक में उन्होंने इस अस्पताल में पुन: प्रमाणपत्र जारी करने की मांग रखी थी। सीएमओ ने जारी पत्र में बताया है कि माह के तृतीय और चतुर्थ गुरुवार को पूर्वाह 10 से अपरान्ह 2 बजे तक स्वामी विवेकानंद अस्पताल में यह प्रमाण पत्र बनेगा।

उत्तम ओझा ने बताया कि कोविड काल से पूर्व भी इस अस्पताल में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनता था। लेकिन कोविड काल और इसके बाद यह सुविधा मिलनी बंद हो गई थी। जिससे काशी के दक्षिण भाग में रहने वाले दिव्यांग जनों को या तो पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडलीय चिकित्सालय पांडेयपुर या कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में जाना पड़ता था, जिससे उन्हें बहुत कठिनाई होती थी। इस संदर्भ में उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी से जिला दिव्यांग सलाहकार बोर्ड की बैठक में अनुरोध किया था।

उत्तम ओझा ने इस कार्य के लिए जिले के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं दिव्यांगजन विभाग अधिकारी का आभार जताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here