मुरादाबाद सड़क हादसे में चार दोस्तों की माैत, एक गंभीर

0
4

 

 

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के मुंढापांडे थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दिल्ली-लखनऊ राजमार्ग पर सड़क हादसे में चार दाेस्ताें की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हाे गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह छह बजे मनकरा मोड़ के पास यह हादसा उस समय हुआ जब रामपुर से दिल्ली जा रही एक कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग फंस गए। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि हादसे में जिन युवकाें की माैत हुई हैं, उनकी पहचान उत्तराखंड राज्य के नैनीताल निवासी दयाल सिंह रावत (58), हल्द्वानी के सुंदर सिंह (35), अल्माेड़ा के भुवन भंडारी (38) और हल्द्वानी के अनिल नेगी के रूप में हुई है। इस हादसे में कार चालक यशदीप पांडे घायल है, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद ट्रैक्टर ट्राॅली का चालक भाग निकला। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार पांचों युवक दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में काम करते थे और हल्द्वानी में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस दिल्ली जा रहे थे।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here