अमेठी। थाना गौरीगंज पुलिस व स्वाट टीम ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान के तहत एटीएम बूथ में चोरी के प्रयास का सफल खुलासा करते हुए 3 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 2 सीसीटीवी कैमरे, एटीएम मशीन का की-बोर्ड समेत घटना में प्रयुक्त सामान भी बरामद किया है।
उल्लेखनीय है कि घटना 24-25 मार्च के रात की है, जब बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा ऐंधी के एटीएम बूथ में अज्ञात चोरों ने मशीन तोड़कर चोरी का प्रयास किया था। इस संबंध में बैंक मैनेजर की तहरीर पर थाना गौरीगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इस संबंध में अमेठी एसपी सरवणन टी. ने गुरुवार को खुलासा करते हुए बताया कि 26 मार्च को बाबूगंज बाजार में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दो मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्धों को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सोनू गुप्ता (20), कपिल गुप्ता (18) निवासी रायबरेली तथा करन पासवान (19) निवासी अमेठी शामिल हैं। आराेपिताें ने बताया कि उन्होंने स्टॉल से चेहरा ढंक कर एटीएम तोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की गश्त के चलते सफल नहीं हो सके और कैमरे व की-बोर्ड तोड़कर ले गए।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर लोहे की पाइप और हथौड़ी भी बरामद की है, जिनका इस्तेमाल वारदात में किया गया था। मामले में सम्बंधित धाराओं में बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सराहनीय कार्य के लिए थाना गौरीगंज पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा 15,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।




