उप्र में पांच अप्रैल तक बदलता रहेगा मौसम, पश्चिम से लेकर पूर्व तक छाये रहेंगे बादल

0
5

 

 

तेज हवाओं के साथ बारिश के भी आसार

लखनऊ,। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी उत्त्तर प्रदेश के मौसम के रुख में लगातार परिवर्तन हो रहा है। सोमवार को प्रदेश के 40 से ज्यादा जिलों में कहीं कहीं बौछारें पड़ने के साथ साथ तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। यही नहीं पहले एक अप्रैल तक बूंदाबांदी और गरज चमक का पूर्वानुमान था लेकिन अब पांच अप्रैल तक मौसम में उतार चढ़ाव जारी रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आज पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न संभागों के लगभग 40 जिलों में हल्की बूंदाबांदी और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ ऐसा ही मौसम अगले दिन 31 मार्च को भी रहेगा। 30 और 31 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई संभागों में वर्षा व गरज चमक के साथ बूंदें पड़ने की संभावना है। एक व दो अप्रैल को मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद तीन, चार व पांच अप्रैल को कई संभागों में हल्की बौछारों के साथ गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती हैं।

Advertisement

इसी प्रकार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30, 31 मार्च और एक अप्रैल को संभाग में कहीं कहीं वर्षा, गरज चमक के साथ बूंदाबांदी होने का पूर्वानुमान है। इसके बाद दो व तीन अप्रैल को मौसम शुष्क रहेगा लेकिन चार व पांच अप्रैल को बूंदाबांदी हाेने का पूर्वानुमान है। तापमान में भी अगले 24 घंटे में थोड़ी और कमी आ सकती है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में कई दिनाें तक मौसम में उतार चढ़ाव बने रहने का पूर्वानुमान है। इसकी वजह यह है कि 2 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित भी करने वाला है। अगर यह अधिक प्रभावी हुआ तो मौसम नये अंदाज में दिखायी पड़ सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here